Reels vs Reality. आजकल मोबाइल खोलते ही रील्स में एक ही नजारा दिखता है कि कोई चालू गाना बजा, कैमरा औन हुआ और ठुमके शुरू. शायद यही वजह है कि लाखों लड़कियां सोशल मीडिया पर रील बना कर फेमस हो रही हैं. धीरेधीरे उन के फौलोअर्स बढ़ते हैं, लाइक्स आते हैं, ब्रांड से पैसे भी मिलने लगते हैं.
देखने में यह जिंदगी बड़ी आसान और चमकदार लगती है, लेकिन एक कड़वा सच भी है, जिसे कोई बताता नहीं.
कहानी रीना की
19 साल की रीना उत्तर प्रदेश के एक छोटे से कसबे की लड़की थी. उस का पढ़ाई में मन कम, मोबाइल में ज्यादा लगता था. एक दिन उस ने शौकशौक में एक फूहड़ गाने पर सैक्सी कपड़ों में अपने डांस की रील बनाई और अपलोड कर दी. रातोंरात वह रील वायरल हो गई.
फिर रीना का मन बढ़ा और मस्ती भरे डांस बनने लगे. किसी में वह अपने कुल्हे हिलाती, तो किसी में कैमरे को चुम्मी देते पोज बनाती. नतीजतन, उस के 10,000 से 10 लाख फौलोअर्स होने में 6 महीने भी नहीं लगे.
अब रीना के पास महंगे कपड़े थे, नए फोन थे, ब्रांड के प्रोडक्ट प्रमोशन से हर महीने 40-50 हजार रुपए आ जाते थे. घर वालों को भी लगा कि बेटी ने तो सब की जिंदगी बदल दी.
इस का नतीजा रीना ने पढ़ाई छोड़ दी. उस ने सोचा, ‘जब रील से ही इतना पैसा आ रहा है, तो आगे पढ़ कर क्या करूंगी?’
लेकिन 2 साल बाद खेल बदल गया. रीना के डांस में रोचकता कम होने लगी. लटकेझटके पुराने पड़ने लगे. इसी बीच सोशल मीडिया के बाजार
में नए चेहरे आ गए. नतीजतन, रीना के रील की रीच गिरने लगी. जो वीडियो पहले 10 लाख लोग देखते थे, अब 10 हजार भी नहीं देखते थे. ब्रांड ने काम देना बंद कर दिया.
और एक दिन ऐसा आया, जब रीना के महीने की कमाई जीरो हो गई. उस के पास न डिगरी थी, न कोई हुनर और न ही कोई नौकरी. जो लोग कल तक ‘मैडममैडम’ कहते थे, वे आज उसे पहचानते भी नहीं थे.
रील की उम्र बहुत छोटी होती है
रीना अकेली नहीं है, बल्कि ऐसी हजारों रीना हर शहर में हैं, जिन की कहानी एकजैसी है. आज जो चेहरा ट्रेंडिंग में है, कल कोई नया चेहरा उस की जगह ले लेता है. सोशल मीडिया का एल्गोरिदम हर हफ्ते बदलता है. आज आप की रील लाखों लोग देख रहे हैं, कल हो सकता है सौ लोग भी न देखें. फेम यहां परमानैंट नहीं है. यह किराए का मकान है, अपना घर नहीं.
लोग देखते क्यों हैं
सच यह है कि लोग इन को इज्जत से नहीं, मजे लेने के लिए देखते हैं. कमैंट में तारीफ नहीं, गंदी बातें होती हैं. शेयर इज्जत के लिए नहीं, मजाक उड़ाने के लिए होता है.
लड़की को लगता है वह फेमस हो रही है, पर असल में वह लोगों के लिए टाइमपास बन रही है. दिक्कत यह है कि फिल्मी दुनिया में भी ऐसी लड़कियों को काम नहीं मिलता. कोई बड़ा ब्रांड, कोई अच्छी कंपनी ऐसी रील्स बनाने वाली लड़की को अपना चेहरा नहीं बनाती, क्योंकि ब्रांड को इज्जतदार चेहरा चाहिए, लफड़े वाला नहीं.
इंटरनैट पर डाली हुई एक रील कभी डिलीट नहीं होती. आज डिलीट कर भी दो, तो कल किसी और के फोन में वह पड़ी मिलेगी. शादी के बाद, नौकरी के समय, बच्चों के सामने… ऐसे वीडियो पूरी जिंदगी पीछा करते हैं.
सिर्फ ठुमके काफी नहीं हैं
नाचनागाना कोई बुरी बात नहीं है. यह भी एक कला है, लेकिन सिर्फ रील पर 15 सैकंड नाचना कला नहीं, दिखावा है. अगर नाचने का ही शौक है, तो उसे सही से सीखो. क्लासिकल डांस सीखो, कोरियोग्राफी सीखो, डांस टीचर बनो. तब यह शौक नहीं, जिंदगीभर का रोजगार बन जाएगा.
समय का सही इस्तेमाल समझदारी
जब आप के पास फौलोअर्स हैं, पैसा आ रहा है, नाम हो रहा है, जबकि वही सब से सही समय है कुछ सीखने का.
रीना ने अगर उस 2 साल में वीडियो एडिटिंग या ब्यूटी पार्लर का कोर्स कर लिया होता, तो आज वह बेरोजगार नहीं होती. आज उसके पास अपनी दुकान होती, अपना काम होता.
इतना ही नहीं, सिलाईकढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, मेकअप आर्टिस्ट का कोर्स कम पैसे में किया जा सकता है. इस में ज्यादा पढ़ाई की भी जरूरत नहीं पड़ती है.
अगर किसी लड़की ने ग्रेजुएशन की हुई है तो वह वीडियो एडिटिंग, कंटैंट राइटिंग, डिजिटल मार्केटिंग जैसे काम सीख सकती है, जिन से नौकरी मिलना आसान हो सकता है.
इस तरह के हुनर कभी पुराने नहीं होते. रील भले ही भूल जाए, हुनर कभी साथ नहीं छोड़ता. याद रहे कि रील बनाना गलत नहीं है, पर रील को ही पूरी जिंदगी समझ लेना गलत है.
रील्स की चमकदमक कुछ साल की है, हुनर पूरी जिंदगी का है, इसलिए जब तक समय है, ठुमकों के साथसाथ कोई एक हुनर भी सीख लो, ताकि कल जब कैमरा बंद हो जाए, तब भी आप की जिंदगी चलती रहे. Reels vs Reality




