Short Story. प्रभा जैसे ही दालान में आई, उसे उलटी हुई. सास लक्ष्मी देवी ने जब यह देखा, तो खुशी से उस का चेहरा खिल उठा. वे बोलीं, ‘‘बहू, तुम मां बनने वाली हो…’’
प्रभा यह खबर सुन कर भीतर ही भीतर खुश हुई कि वह बांझपन से मुक्त होने जा रही है. शादी के 7 साल बाद तक वह मां नहीं बन सकी थी.
प्रभा जिस परिवार में ब्याह कर आई थी, वहां माली तंगी नहीं थी. उस के पति आशीष बैंक में बाबू के पद पर थे. ससुर लेक्चरर थे.
परिवार में सासससुर के अलावा कोई भी सदस्य नहीं था. दुख उसे बस इतना ही था कि शादी के 7 साल बाद भी वह मां नहीं बन सकी.
डाक्टरी जांच में उसे और उस के पति आशीष को पूरी तरह से सही बताया, मगर उस की सास ने सारा दोष उस पर थोप दिया.
प्रभा की सास चाहती थीं कि वह आशीष से तलाक ले ले, ताकि आशीष दूसरी शादी कर सके. मगर वह तलाक ले कर बाकी जिंदगी कैसे बिताएगी?
एक दिन उस ने आशीष से कहा था, ‘आशीष, तुम मुझ बांझ को कहां तक ढोओगे.’
‘कौन कहता है कि तुम बांझ हो?’ ‘तुम्हारी मां?’
‘मां पुराने खयालों की हैं, इसलिए वे ऐसा ही सोचती हैं?’
‘मगर तुम मुझ से तलाक ले कर दूसरी शादी क्यों नहीं कर लेते?’
‘नहीं प्रभा, तलाक तो मैं तुम से नहीं ले सकता.’
‘ठीक है, तो मेरी एक सौत ही ले आओ. मैं कुछ नहीं कहूंगी.’
‘देखो प्रभा, जो तुम सोच रही हो, उसे अपने मन से निकाल दो.’
‘तो तुम मेरा बांझपन दूर कर दो. मैं एक औलाद चाहती हूं.’
‘देखो, औलाद भी होगी…’ ‘कब? शादी हुए 7 साल बीत गए हैं. ऐसे में तुम्हारे रिश्तेदार, महल्ले वाले मुझे बांझ कहने से नहीं चूक रहे हैं. वे सारा खोट मुझ में देख रहे हैं.’
‘प्रभा, तुम में कोई खोट नहीं है.’ ‘और तुम में भी तो नहीं है.’
‘मगर, क्या यह हमारे बस में है.’ ‘तुम्हारी मां तो यही समझती हैं कि मैं बांझ हूं.’
‘हिम्मत रखो प्रभा, सब ठीक हो जाएगा,’ आशीष बोला.
‘क्या ठीक हो जाएगा? रोजरोज तुम्हारी मां अपमान करें, यह अब मुझ से बरदाश्त नहीं होगा?’ प्रभा ने साफ लफ्जों में कहा. सास लक्ष्मी देवी आड़ में छिप कर ये सारी बातें सुन रही थीं. सामने आ कर वे गुस्से से बोलीं, ‘हांहां, निकल क्यों नहीं जाती है इस घर से. बांझ कहीं की, निकल जा.’
‘हांहां, चली जाऊंगी,’ उस दिन प्रभा का गुस्सा भी उफान पर था. उस दिन इतनी तूतू मैंमैं हुई कि अगर पड़ोस वाले समझाने नहीं आते, तो कुछ भी अनहोनी घट सकती थी.
एक दिन बातों ही बातों में पड़ोसी की भाभी बोलीं, ‘देख प्रभा, मुझे तो आशीष पर शक है.’
‘कैसा शक भाभी?’ उस ने उत्सुकता से पूछा. ‘आशीष में कोई कमी है.’
‘मगर आप कैसे कह सकती हैं भाभी?’ ‘बच्चा नहीं होना इस का सुबूत है,’ भाभी अंदरबाहर से मुसकराती हुई बोलीं, ‘पक्का आशीष में ही कोई खोट होगा.’
‘मगर भाभी, बांझ होने का इलजाम तो मेरे ऊपर लग रहा है.’ ‘औरत बांझ न हो, तब भी इलजाम तो औरत के ऊपर ही लगता है.’
‘क्या करूं भाभी, मैं तो परेशान हो गई हूं यह सब सुनसुन कर?’ ‘इस का एक ही उपाय है अब.’
‘कौन सा भाभी?’ ‘सचमुच बांझ के इलजाम से छुटकारा चाहती है?’
‘हां भाभी, हां.’ ‘तब तो तुझे अपने सतीत्व को मिटाना होगा.’
‘क्या कहना चाहती हैं आप?’ ‘मेरे कहने का मतलब यह है कि किसी पराए मर्द से अपना रिश्ता बना लो. अगर उस से बच्चा हो जाए, तो तू बांझ शब्द से छूट जाएगी.’
‘मगर भाभी, यह तो पाप है.’ ‘अगर औरत इसी तरह पाप और पुण्य के फेर में पड़ी रहेगी, तो आगे नहीं बढ़ सकेगी,’ भाभी समझाते हुए बोलीं, ‘आजकल फैशन के नाम पर मैं ने कई औरतों के नाजायज संबंध बनते देखे हैं.’
‘बसबस भाभी, मैं अपने आशीष को धोखा नहीं दे सकती.’ ‘तो सुन जलीकटी बातें,’ भाभी ने उसे 1-2 कड़वी बातें और कह दीं.
तब से उस ने भाभी से संबंध तोड़ लिया था.
भाभी की कही बातें प्रभा के भीतर एक टीस छोड़ गईं. उस के भीतर जो मां न बन पाने का खालीपन था, वह किस तरह भरे. इसी पर वह सोचने लगी.
उस दिन मनीष नाम का जो नौजवान उसे मिला, वह उस पर फिदा हो गई.
वह बोला, ‘मुझे मनीष कहते हैं भाभी…’ जब मनीष ने ‘भाभी’ शब्द कहा, तब वह पलभर के लिए चौंक गई. मगर बात को संभालते हुए मनीष बोला, ‘चौंकिए नहीं भाभी… आशीष दूर के रिश्ते में मेरे बड़े भाई लगते हैं, इस लिहाज से आप मेरी भाभी हुईं कि नहीं.’
‘मगर आप मुझे भाभी न कहें, तो अच्छा रहेगा,’ उस ने मना करते हुए कहा था. ‘फिर आप को क्या कहूं?’
‘मुझे प्रभा कहिए, सिर्फ प्रभा,’ कह कर वह नजदीक आ गई. मनीष बोला, ‘आशीष कहां गए हैं?’
‘वह और अम्मांजी एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए हैं.’ ‘कब तक लौटेंगे?’
‘2 दिन बाद आएंगे.’ ‘और बाबूजी?’ ‘वह घूमने गए हैं… दोस्तों के साथ.’
‘तो अकेली हैं आप. चलता हूं,’ कह कर मनीष जाने लगा, तो उस का रास्ता रोकते हुए प्रभा बोली, ‘कहां जा रहे हैं?’
‘बस मिलने आया था, फिर आऊंगा.’ ‘आप कहीं नहीं जाएंगे…’ कह कर प्रभा ने दरवाजा बंद कर दिया और मनीष को बेडरूम में ले गई. फिर दो जवां दिल एकदूसरे में समा गए.
उस का प्रयोग कामयाब हुआ. जब आज उल्टी हुई, तब सास लक्ष्मी देवी कितनी खुश हुईं और प्रभा भी खुशी से चहक उठी. अब उसे बांझपन के दंश से मुक्ति जो मिल चुकी थी. Short Story




