Heart Touching Story. घुंघरुओं की झनकार बारबार मेरी नींद तोड़ रही थी, आंखें खुल नहीं पा रही थीं, पर  ‘हमारे घर में आज कौन घुंघरू बजा रहा है और क्यों?’ यह सवाल दिमाग में कुलबुलाया.

चिड़चिड़े मन से मैं मम्मी को पुकारने लगी.

कोई जवाब न आने पर मैं बिस्तर से नीचे उतरी. मेरे पैर जमीन पर टिकते ही वह खिसकती महसूस हुई, पलभर में मेरी नजर पूरे कमरे में घूम गई. मेरी आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा और मेरे होश उड़ते गए, जैसे सोचनेसमझने की ताकत खत्म हो गई थी.

मैं बिस्तर के एक कोने पर बैठ गई. आंखों से आंसू झरने लगे. मेरी आंखें इधरउधर दौड़ रही थीं, मन का दुख मुंह से फूटा, ‘मैं कहां हूं? रात कब बीती? राजीव कहां गए? अब मैं क्या करूं?’

बड़ी मुश्किल से मैं खड़ी होने की हिम्मत जुटा पाई. मैं ने उस कमरे से बाहर झांका, तो हैरान रह गई.

मैं ने पहले कभी ऐसा न देखा था. औरतें मुंह में पान चबा रही थीं और यों ही हंसे जा रही थीं. एक ओर कुछ डरीसहमी लड़कियां एकदूजे के बाल संवार रही थीं.

मैं बाहर निकल कर ‘राजीवराजीव’ चिल्लाई, तो वे औरतें मुझ पर हंसीं.

मैं ने गुस्सा होते हुए उन से राजीव के बारे में पूछा, तो एक लंबीचौड़ी औरत ने जोरदार थप्पड़ मेरे गाल पर जड़ दिया. मैं फटी आंखों से उसे देखती रह गई.

उस ने मेरे बाल पकड़ मुझे एक कुरसी पर पटक दिया और बोली, ‘‘क्या नाम है तेरा?’’

मैं बोली, ‘‘गरिमा.’’ ‘‘तो सुन गरिमा, राजीव नहीं वह रंजन है. और कल रात वह तुझे यहां बेच गया. अब तू हमारी खरीदी हुई ‘चीज’ है. और ‘चीज’ का काम चुपचाप पड़े रहना होता है. हलचल इनसान करते हैं, चीज नहीं.’’

उस औरत ने मेरे ‘बचेखुचे’ होश भी छीन लिए. मैं उठ कर अपने कमरे में चली गई और ‘राजीव’ नामक इनसान के फरेब में डूब गई.

राजीव ने धोखा क्या दिया, मेरा खुद पर से भरोसा उठ गया था. चंद पलों ने सपनों का महल गिरा दिया. बीती सुबह में और इस सुबह में बहुत फर्क हो गया. एक रात में ही मेरी जिंदगी बदल गई.

घुंघरुओं की झनकार मेरे कानों में चुभने लगी और मैं खुद को कोसने लगी. मेरा मन बीते समय में डूबा. मैं बनसंवर कर कालेज जाया करती थी. दादी रोज मेरे बाल संवारती थीं और मां खाना खिलाती थीं. दादू रोज मुझे पैसे देते थे. कितनी अच्छी थी मेरी जिंदगी? अब क्या होगा? मेरी एक भूल ने सबकुछ खत्म कर दिया.

‘राजीव और मैं ने प्यार किया और शादी भी, फिर राजीव ने मुझे बेचा क्यों?’ यही सवाल मुझे फिर उस औरत के पास ले गया, ‘‘आंटी, राजीव ने मुझे कितने रुपयों में बेचा?’’ ‘‘क्यों?’’

‘‘मुझे यहां से जाना है. मुझे घर फोन करने दो. मैं आप के पैसे मंगवा दूंगी. मेरे दादू मुझे यहां से ले जाएंगे.’’

‘‘ऐसा नहीं होगा.’’ ‘‘क्यों आंटी? प्लीज, मुझे घर जाने दो, मेरी मम्मी मुझे याद कर के रो रही होंगी.’’

‘‘यही तो मैं चाहती हूं.’’ ‘‘मतलब,’’ मैं हैरान होते हुए बोली, ‘‘आप ऐसा क्यों चाहती हैं?’’

नफरत से भरी वह औरत बड़े ही रूखेपन से बोली, ‘‘आज से 20 साल पहले तेरे पिता प्रताप सिंह मुझे इसी तरह ‘प्रेम विवाह’ रचा कर यहां बेच गए थे. आज तक मैं इस नरक को इसी दिन के इंतजार में भोगती रही और अब तेरी जवानी भी यहीं बीतेगी.’’

पहले राजीव के धोखे ने मेरी हिम्मत तोड़ी. अब  इस औरत ने तो मेरी पहचान का आईना ही तोड़ डाला.

मैं फिर अपने कमरे में जा बैठी. तभी दादाजी की एक कहावत याद कर के मेरे होंठों पर मुसकान उतरी. वह कहा करते थे कि हालात इनसान को नहीं बनाते, बल्कि इनसान खुद हालात को बनाता है.

इस एक लाइन ने मुझे इस चक्रव्यूह से निकलने की हिम्मत दी. मैं हिम्मत जुटा कर फिर उस औरत के सामने गई और बोली, ‘‘क्या इस ‘चीज’ को खाना मिलेगा?’’ ‘‘क्यों नहीं, वह तो देना ही पड़ेगा.’’

‘‘क्यों…? वरना आप का नुकसान हो जाएगा.’’ ‘‘वह कैसे?’’ ‘‘आप की कीमती ‘चीज’ मर जाएगी.’’

गुस्से से भरी वह औरत मुझे नफरत से देखती हुई अपने समूह में चली गई.

कुछ देर बाद एक लड़की खाना ले आई. वह बोली, ‘‘लो, खाना खा लो.’’ ‘‘क्या नाम है तुम्हारा?’’

‘‘रानी बाई,’’ उस ने भी पूछा, ‘‘और तुम्हारा?’’ ‘‘गरिमा सिंह.’’

‘‘यह नाम आज के सूरज के साथ ही डूब जाएगा और आज रात से सब तुम्हें गरिमा बाई पुकारा करेंगे.’’

‘‘ऐसा नहीं होगा.’’ उस लड़की ने तीखी आवाज में कहा, ‘‘एक रात ने इतना कुछ बदल दिया, फिर नाम बदलना कौन सी बड़ी बात है?’’

धीरेधीरे सूरज डूबता गया और चांद निकलता गया. वह लंबीचौड़ी औरत मेरे लिए हुक्म ले कर आई थी कि गरिमा सिंह आज की महफिल में तुम नाचोगी.

‘‘यह सब तो ठीक है, पर एक बात पूछनी है?’’ ‘‘क्या?’’ ‘‘आप का नाम?’’

‘‘मेरा नाम मणि बाई है.’’ ‘‘और यहां आने से पहले?’’ ‘‘मतलब?’’ ‘‘मतलब, यहां आने से पहले क्या नाम था आप का?

‘‘मणि राय.’’ ‘‘आप कुछ भूल रही हैं? ‘‘क्या?’’

‘‘मणि सिंह? कुछ पलों के लिए ही सही, पर मणि सिंह भी तो बनी थीं आप. उन्हीं चंद पलों की मणि सिंह से रहम की भीख मांगती हूं मैं.’’

‘‘गरिमा सिंह, ऐसा न होगा.’’ ‘‘क्या तो ‘सिंह’ शब्द का आप की जिंदगी में कभी कोई मतलब न था?’’

मणि बाई ने मेरे सवाल का कोई जवान न दिया, उलटा मुझ से ही सवाल किया, ‘‘राजीव राय का क्या मतलब रखोगी अपनी जिंदगी में?’’

‘‘राजीव राय पर ज्यादा भरोसा करना मेरी ‘एक भूल’ थी और उस का दिया ‘धोखा’ एक सजा.

‘‘यह ‘सजा’ उस अपराध की थी, जो मैं ने अपने परिवार को ‘धोखा’ दे कर किया. किसी का क्या कुसूर, भूल तो मेरी थी, जिस की सजा मैं भोगने को तैयार हूं.’’

मणि बाई की आंखों में नमी उतर आई थी, पर हालात अभी पूरी तरह से बदले नहीं थे.

20 साल का यह नरक झेला था मणि बाई ने. मेरी कुछ बातें काफी न थीं उन की ईर्ष्या को बदलने के लिए. रात का वह पहर भी शुरू हो गया था, जिस में एक खरीदी हुई चीज को नाचना था.

मणि बाई ने बहुत कोशिश की थी मुझे यहां इस हालात में देखने के लिए, पर उस ने कभी यह सोचा भी न होगा कि मैं इतनी कठोर हो सकती हूं. वैसे मैं ‘नाचनागाना’ जानती न थी, पर मणि बाई ने ‘चंद घंटों’ में अपनी 20 साल की घोर यातनाएं मुझ पर उड़ेल दी थीं.

मणि बाई ने अपनी महफिल में बेहद बेशर्म और जिस्मफरोश लोगों को न्योता भिजवाया था. वह मेरी आंखों में दर्द और डर देखना चाहती थी.

तेज कदमों से वह मेरे पास आ कर बोली, ‘‘चलो जल्दी. सब इंतजार कर रहे हैं. पार्टी शुरू हो गई है.’’

‘‘नाराज क्यों होती हो मणि सिंह?’’ ‘‘मणि सिंह न पुकारो मुझे. मैं मणि बाई हूं.’’

‘‘क्यों न पुकारूं? मेरे लिए तो आप मणि सिंह ही हैं. अगर चंद लमहों के लिए आप मणि सिंह न बनी होतीं, तो आज मुझे यह दिन न देखना पड़ता.’’

जो दर्द मणि बाई मेरी आंखों में देखना चाहती थी, वह दर्द उस की आंखों से आंसू बन कर टपकने लगा.

तभी रानी बाई ने बाहर से ‘गरिमा बाई’ पुकारा.

माहौल अपने पक्ष में आता देख मैं पार्टी में गई. ऐसा लग रहा था, मानो सारी गंदगी यहीं सिमट आई हो.

मणि बाई मेरे सामने ही आ बैठी थी. मणि बाई को देखते ही मुझ में हिम्मत आ गई थी और मैं ने कुछ शब्दों को अपने डांस का जरीया कुछ इस तरह बनाया:

‘दुनिया में सब से अनोखा

मुहब्बत की हवा का   झोंका.

किसी के गले का हार ‘ये’

किसी की नजर का धोखा.’

अभी यह शेर अर्ज किया ही था कि मणि बाई की आंखें भर आईं. हम दोनों के साथ फरेब तो एक ही हुआ था. बस, फर्क 20 साल का बीता हुआ समय था.

मैं ने अपनी नजर एक बार फिर मणि बाई पर डाली और उस के दर्द को अपने शब्दों में कुछ इस तरह उतारा:

‘ये कैसा साथ तुम ने निभाया

सोए थे हम तो तुम्हारे आगोश में

खुद को यहां कहां पाया

छलनी हो गया मन…

बोझा ढो रही है काया.

यह कैसा राग तुम ने सुनाया?

हर आहट पर पलटी मैं

पर तुम नहीं आए

डराता है मुझे मेरा ही साया.

कैसे लुट गई वह वादों की माया?

हर तरफ दर्द ही दर्द छाया,

हर पल पैरों को सिक्कों पर पाया.

कैसे रंगों से तुम ने सजाया?

हर रात दुलहन खुद को

हर दिन खुद को विधवा पाया.

यह कैसा साथ तुम ने निभाया?

बीते इतने मौसम कि…

‘जोबन’ भी मुरझाया.’

इन्हीं चंद शब्दों के साथ घुंघरुओं की झनकार बंद हो गई. तभी एक अधेड़ उम्र का शराबी बोला, ‘‘क्या बात है मणि बाई, आज कोई मर गया है क्या?’’

बड़ी मुश्किल से मणि बाई बोल पाई थी, ‘‘नहीं अमन बाबू.’’ ‘‘फिर यह मातम क्यों?’’

‘‘आप कल आना अमन बाबू.’’

बहुत ही गंदेगंदे शब्द बोलते हुए वे सभी वहां से खिसके थे.

मणि बाई पत्थर हो गई थी.

अगली सुबह घुंघरुओं की झनकार ने फिर से मेरी नींद तोड़ी. मैं उठ बैठी और मणि बाई को अपने बिस्तर पर सोया देख हैरान रह गई.

मैं ने कहा, ‘‘मणि सिंह उठो, दिन निकल आया है.’’

मणि बाई ने उठने की कोशिश की, पर वह उठ नहीं पा रही थी. मैं कमरे से बाहर आई और रानी बाई को पुकारा.

रानी बाई से चाय मांग कर मणि बाई के पास गई और बोली, ‘‘चाय पी लीजिए.’’ ‘‘तुम अपने लिए नहीं लाई गरिमा?’’

‘‘गरिमा बाई कहो मां,’’ यह सुन कर उस औरत की आंखों से मोटेमोटे आंसू गिरने लगे और बोली, ‘‘मणि सिंह में इतनी हिम्मत नहीं है बेटी.’’ ‘‘और मणि बाई में?’’

‘‘हां, उस में हिम्मत थी, पर कल रात उस की मौत हो गई.’’

मैं भी कमजोर पड़ने लगी थी, ‘‘चाय ठंडी हो रही है मणि सिंह.’’

‘‘तुम घर लौट जाओ गरिमा.’’ ‘‘किस के घर? कौन से घर?’’

‘‘अपने घर गरिमा.’’ ‘‘नहीं मणि सिंह, वह रिश्ता तो 20 साल पहले मर चुका. बस, फर्क इतना सा है कि खबर 20 साल बाद मिली.’’

‘‘ऐसा न कहो गरिमा.’’ ‘‘नहीं मणि सिंह, ऐसा रिश्ता गरिमा के लिए कोई मतलब नहीं रखता, जो ऐसे माहौल को जन्म दे कि गरिमा को गरिमा बाई पुकारा जाए. मेरे पिता की एक भूल का इतना घातक नतीजा देखने के बाद अब घर लौटना मुमकिन नहीं है.’’

‘‘पर तुम्हारे लिए यहां कोई जगह नहीं है.’’ ‘‘मैं नहीं जाऊंगी. अगर भेज रही हो, तो तुम भी साथ चलो मणि सिंह.’’

‘‘नहीं, यह मुमकिन नहीं.’’ ‘‘क्यों नहीं, जब 20 सालों का जहर एक रात में अमृत बन सकता है, तो यह क्यों मुमकिन नहीं? या फिर भरोसा नहीं गरिमा बाई पर?’’

‘‘खुद को इस नाम से न पुकारो.’’ ‘‘मजबूरी है.’’

‘‘क्या मजबूरी है? हम ने तो तुम्हें आजाद कर दिया है.’’

‘‘‘सिंह और राय’ तो अपने हो कर भी अपने न हुए और मणि बाई ने पराया होते हुए भी अपनों से बढ़ कर साथ निभा दिया.’’

‘‘मणि बाई, ‘सिंह और राय’ मेरे लिए पाप थे, अधर्म थे. मेरी जिंदगी में उन के लिए कोई जगह नहीं. मणि बाई प्यार और ममता का सागर है. मेरी जिंदगी में हमेशा आप ऊंची रहेंगी. मणि बाई, निडर हो कर तुम मेरे साथ चलो.’’

मणि बाई मजबूर हो गई मेरे साथ चलने के लिए. उसी समय हम दोनों हरिद्वार के लिए चले गए.

35 साल बाद अपनी बेटी से, मणि बाई के निधन पर ये सब बातें बतातेबताते मैं ने मणि बाई के लिए प्रार्थना की.  Heart Touching Story

– अनीता चौधरी

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...