Humor. इटली से हमारा संबंध 1968 के आसपास से ज्यादा गहरा हुआ, लेकिन जो लोकप्रियता साल 2026 में मिली वह अब तक न मिली थी. उस से पहले इटली की खूबसूरती हमारे गले नहीं उतरती थी. उस से पहले हमारे यहां के विद्वान लोग इटली की एक महिला को ‘जर्सी गाय’ और ‘बार डांसर’ के नाम से बुलाते थे.
ये वही लोग हैं, जो बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा देते हैं. ये वही लोग हैं, जिन्होंने महिला आरक्षण संसद से पास करवाया, लेकिन जो बहुत बड़ा टर्निंग पौइंट हमारे यहां आया वह मैलोनी और मैलोडी के कारण आया. 40 साल जो मैलोडी चौकलेट की दुनिया से गायब थी, वह अचानक से भारतीय राजनीति में नमूदार हुई. बच्चे तो बच्चे, बूढ़े भी ‘मैलोनीमैलोनी’ करने लगे.
यह भी संयोग है कि मैलोनी की तरह ही मैलोडी भी चौकलेटी है. कहने की जरूरत नहीं है कि मैलोनी ने भारतीय राजनीति में मैलोडी को और मैलोडी ने इटली में मैलोनी को लोकप्रियता के शिखर पर ला खड़ा किया.
यह सब प्रायोजित भी हो सकता है. इटली में भी अचानक से मैलोडी की बिक्री में तेजी आ गई होगी और मैलोडी के शेयर ऊपर चढ़े होंगे. हो सकता है कि मैलोनी और मैलोडी की बढ़ती लोकप्रियता ने चीनी के भाव बढ़ा दिए हों.
आखिर बेचने की कला आनी चाहिए. जो 40 सालों से फर्श पर था, वह अर्श पर चला गया. यह नाम की महिमा और संयोग भी हो सकता है, लेकिन मैलोनी चौकलेटी नहीं हैं, ऐसा नहीं हो सकता है. लेकिन संयोग में भी व्यापार की संभावना तलाशी जा सकती है. इस को ही मास्टरस्ट्रोक कहते हैं.
कुछ खास लोग एक ही समय में राजनीति में आते हैं और एकदूसरे के लिए पनौती साबित होते हैं. हालांकि, मैलोनी की खूबसूरती देख कर उन को पनौती कहने का दिल तो नहीं करता, लेकिन जो वैश्विक घटनाक्रम चल रहा है और जिस हिसाब से अभी इटली में जेनजी प्रदर्शन कर रहे हैं, उस को देखते हुए मैलोनी को पनौती ही कहेंगे या यह भी कह सकते हैं कि भारतीय नजरिए में अगर मैलोनी को मैलोडी न भेंट की जाती, तो हम मैलोनी को ‘मैलोनी भाभी’ न कह रहे होते.
कुछ लोग लंका लगाने के लिए ही हमारे जीवन में आते हैं. उन के आने से हमारे जीवन की बचीखुची शांति भी चली जाती है. उन को मैलोडी क्या दी, हमारे यहां जेनजी आंदोलन चालू हो गया. मैलोनी की सरकार ने देश में राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को चेतावनी दी है. जेनजी वहां भी महंगाई और जरूरी मुद्दों को ले कर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन हमारे यहां के लोग बेगानी शादी में अबदुल्ला दीवाना बने हुए हैं. भाई, किस मुकाबले में हम इटली के आसपास ठहरते हैं. न हमारा जीवन स्तर उन के मुकाबले का है, न उन की तरह हमारे यहां की नागरिक सुविधाएं हैं.
महंगाई और दूसरे मुद्दों को ले कर इटली के जेनजी सड़कों पर हैं. ‘मैलोनी भाभी’ का विरोध हो रहा है. ‘मैलोनी भाभी’ ने प्रदर्शन और राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले नाबालिगों के परिजनों से जुर्माना वसूलने को कहा है. यह तो इटली की बात हुई.
सोशल मीडिया पर इटली में हुए प्रदर्शनों और ऐसे सजा की घोषणाओं पर हमारे यहां के लोग फूले नहीं समा रहें हैं. यहां भी ऐसा ही होना चाहिए. लोग कूदकूद कर इटली और मैलोनी की तरफदारी कर रहे हैं, गोया भारत ही इटली हो गया है, गोया मामला इटली का नहीं बल्कि हमारे यहां का है.
जो लोग कूदकूद कर कह रहे हैं. ऐसी सजाओं का हमारे यहां भी प्रावधान होना चाहिए. भाई, बात तो ठीक है. लेकिन जनता अब विरोध भी न करे. अपने हक के लिए आवाज भी न उठाए. बोलते जिंदा लोग हैं. लोगों का न बोलना, किसी गलत बात का विरोध न करना भी तो गलत है.
लोग अपने हकहकूक के लिए भी न बोलें. ऐसा कभी होता है. लेकिन क्या इटली की तरह हमें भी हमारी सरकार वैसा जीवन स्तर मुहैया करा रही है? क्या हमारी सड़कें इटली की तरह की बनी हुई हैं? हमारे जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकारों ने क्या किया है? स्कूलों की हालत बद से बदतर होती जा रही है. क्या इटली की तरह के हमारे स्कूल हैं? क्या इटली की तरह हमारे यहां स्वास्थ्य सुविधाएं हैं? क्या हमारा स्वास्थ्य बीमा सरकार करवाती है? क्या इटली की तरह हमारे अस्पतालों में पर्याप्त सुविधाएं हैं?
इन बातों को ले कर सरकार से कभी सवाल मत पूछो. अपने हक के लिए मत लड़ो. हमारी खुद की हालत ठीक नहीं है और चले हैं इटली में हर्जाना वसूली पर खुश होने. पहले उस देश की तरह अपने यहां आंदोलन कर के दिखाओ. अपने हक की चीजों को लेने के लिए वहां के लोगों की तरह लड़ो, तब बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना होना.
ट्रेनों के डब्बे में 64 यात्री के बैठने की सीट पर 640 लोग लटक कर यात्रा कर रहे हैं और चले हैं इटली के प्रदर्शन पर बोलने. Humor




