Story
‘‘अरे थोड़ा धीरे, मुझे दर्द होता है,’’ जोया ने फुसफुसा कर कहा. पर फहीम तो अपनी पूरी ताकत से मियांबीवी के बीच रात के अंधेरे में होने वाली मोहब्बत का लुत्फ ले रहा था. और अचानक से उस के मन में न जाने क्या आया कि उस ने जोया को पलट दिया.
जोया हलकी सी घुटी आवाज के साथ पेट के बल हो गई थी. कमरे में तेज सांसों के चलने की आवाज गूंजने लगी थी.
कुछ देर बाद जब फहीम के शरीर का तनाव ढीला पड़ा. तब वह एक ओर लुढ़क गया और जोया को एक बेकार चीज समझ कर अपने से दूर कर दिया.
यही स्वभाव था फहीम का. जिस दिन उसे जोया से रोमांस करना होता उस दिन तो वह बहुत प्यार से बात करता और बाकी के दिनों में वह अपनेआप को बहुत कामकाजी और कम बोलने वाला शख्स दिखाता.
फहीम की उम्र 35 साल थी और वह पुराने लखनऊ के चौक नामक इलाके में एक कपड़े की दुकान का मालिक था. उस की दुकान आसपास की दुकानों से बड़ी थी और आमदनी भी ठीकठाक हो जाती थी.
यों तो फहीम का बरताव कुछ चिड़चिड़ा सा और मतलबी था. वह अपने निजी जीवन में भी थोड़ा सा शक्की और पुराने खयालात वाला आदमी था.
शाम को फहीम घर आते ही जोया के मोबाइल की हर चीज चैक करता मसलन उस की काल रिकौर्डिंग और उस की यूट्यूब की वीडियो हिस्ट्री.
फहीम तलाकशुदा था और उस ने पहले वाली बीवी को सिर्फ इस बात पर तलाक दे दिया था कि वह बहुत ज्यादा टीवी देखती थी और बिस्तर पर ठंडी रहती थी.
22 साल की कमसिन जोया निकाह के 2 साल के अंदर ही फहीम की इन सब बातों से परिचित हो गई थी, इसलिए वह खुद भी फहीम से सावधान रहती थी पर अपने शौहर की खिदमत में कोई कमी नहीं रखती थी.
जोया की आंखों में चमक थी और सुनहरे भविष्य के सपने थे. निकाह से पहले उस ने बीए तक की पढ़ाई कर ली थी और एमए में दाखिला ले लिया था और वह आगे और भी पढ़ना चाहती थी पर जोया की 2 बड़ी बहनें थीं और दोनों तलाकशुदा थीं.
अब वे दोनों अपने मायके में ही रह कर अपना जीवन काट रही थीं. जोया की बड़ी बहनों ने सिर्फ इंटर तक की ही पढ़ाई की थी इसलिए उन्हें कोई नौकरी भी नहीं मिल रही थी.
जोया के अब्बू पर अपनी दोनों तलाकशुदा बेटियों का बोझ आन पड़ा था, इसलिए जब जोया के रिश्तेदारों ने बड़ी उम्र के और तलाकशुदा फहीम से उस के रिश्ते की बात चलाई तो मन मार कर जोया को हां करना ही पड़ गया पर वह जानती थी कि शादी के बाद अगर शौहर तलाक दे दे तो कितना कुछ झेलना पड़ता है.
जोया ने फहीम से निकाह तो कर लिया था मगर अपनी दोनों बहनों का हश्र देख कर वह कई बातें पहले से ही सीख गई थी. जैसे जोया जान चुकी थी कि औरत के लिए भी पढ़ाईलिखाई उतनी ही जरूरी है जितनी कि किसी मर्द के लिए.
औरत को किसी भी हाल में अपनी शर्म छोड़ कर नौकरी करने के लिए तैयार रहना चाहिए और साथ ही साथ जोया यह भी जानती थी कि शौहर की हर सही गलत बात को सिर्फ सिर झुका कर नहीं मान लेना चाहिए.
जोया ने जब निकाह के ठीक बाद अपनी एमए की पढ़ाई को जारी रखना चाहा और इस बारे में फहीम से बात की तो फहीम बिफर उठा और उस ने जोया को आगे की पढ़ाई करने से साफ मना कर दिया.
जोया आगे तालीम जारी रखना चाहती थी और पढ़लिख कर कोई नौकरी करना चाहती थी पर फहीम तो दकियानूसी सोच का आदमी था. उस की नजर में औरत को घर के अंदर ही रहना चाहिए और हर तरीके से शौहर को खुश रखना चाहिए.
फहीम की मरजी के आगे जोया की नहीं चली, पर फिर भी उस ने हार नहीं मानी थी. उस ने पैसे बचा कर अपने लिए एक सस्ता स्मार्ट मोबाइल ले लिया था और घर में रह कर वह इसी मोबाइल से बाहर की दुनिया से जुड़ी रहती थी.
कितना कुछ करने को था इस दुनिया में जो जोया भी कर लेना चाहती थी, पर अब वह ऐसा कोई काम या पढ़ाई नहीं कर पाएगी, क्योंकि फहीम का शक्की और रूखा स्वभाव उस के आड़े आ रहा था.
इसी दौरान एक व्हाट्सऐप ग्रुप के द्वारा जोया को पता चला कि घर से थोड़ी दूर के महल्ले में सैंट सिलाल नाम के स्कूल में एक टीचर की जगह खाली है. जोया को लगा कि खाली समय में वह इस जौब को कर सकती है पर फहीम के शक्की स्वभाव के चलते उसे लग रहा था कि हो न हो उस का शौहर उसे इस बात की इजाजत नहीं देगा.
जब शाम को फहीम घर वापस आया तो उस का मिजाज बिगड़ा हुआ था. उस का किसी पड़ोस के दुकानदार से मोटरसाइकिल की पार्किंग को ले कर झगड़ा हुआ था.
बाहर का गुस्सा घर की औरतों पर उतरना मर्दों के लिए बहुत आसान होता है. फहीम भी यही कर रहा था. पर रात को सब बदल गया. जब अपना सारा काम निबटा कर जोया बिस्तर पर आई तो फहीम उस से प्यार भरी बातें करने लगा.
जोया भी अपनी जौब के बारे में बात करने का मौका तलाश रही थी. उस ने बिस्तर पर फहीम का भरपूर साथ दिया और जब फहीम अलग हुआ तो उस का अच्छा और रोमांटिक मूड देख कर जोया ने बच्चों को पढ़ाने वाली बात कह दी. फहीम ने बिना पूरी बात जाने हां कह दी.
जोया ने सोचा कि फहीम राजी हो गया है इसलिए अगले दिन ही उस ने अपने मोबाइल पर एक बायोडाटा तैयार किया और स्कूल के नंबर पर भेज दिया. स्कूल की तरफ से इंटरव्यू के लिए बुलावा आया और जोया को नौकरी पर रख लिया गया.
अगले दिन से ही जोया स्कूल जाने लगी. स्कूल के बाकी टीचर और वहां का माहौल जोया को भा रहा था और उसे वहां बच्चों को पढ़ना और उन के साथ समय बिताना बहुत अच्छा लगने लगा था.
सुबह फहीम के जाने के बाद जोया स्कूल जाती और दोपहर 3 बजे तक उस की वापसी हो जाती थी. उस के बाद थोड़ा आराम कर के वह घर के काम में लग जाती.
उस दिन भी जोया आराम कर रही थी कि तभी उस के मोबाइल पर स्कूल में उस के साथ पढ़ाने वाले साजिद का फोन आया, ‘‘मैडम, क्या अलमारी की चाभी आप अपने साथ ले कर चली गई हैं?’’
जोया ने अपने हैंडबैग में चैक किया. गलती से वह अलमारी की चाभी अपने साथ ले आई थी.
‘‘हां, मेरे साथ ही आ गई है.’’
इस पर साजिद ने अलमारी में जरूरी कागज होने के कारण चाभी की जरूरत बताई और जोया का पता पूछ कर उस के घर पहुंच गया. जोया ने बाहर आ कर उसे चाभी पकड़ा दी.
जोया साजिद को घर के अंदर बुला कर चाय पिलाना चाहती थी पर फहीम के डर के कारण उस ने ऐसा नहीं किया और साजिद बाहर से ही वापस चला गया था.
जोया को थोड़ा अजीब सा लगा था क्योंकि साजिद उस का हमउम्र तो था ही साथ ही वह बहुत हंसमुख और समझदार भी था. वह स्कूल में टिफिन लाता तो जोया को जरूर उस में से कुछ खिलाता था और जोया के कंप्यूटर से जुड़े व दूसरे कामों में मदद भी करता था.
उस दिन के बाद एक बार जब जोया को स्कूल से वापस आने के लिए रिकशा नहीं मिला तब साजिद जोया के मना करने के बाद भी उसे घर तक छोड़ने आया था.
आसपड़ोस से भला ऐसी बातें कहां छिपती हैं. किसी ने फहीम के कान भर दिए, ‘‘भला तुम्हारे घर मे किस चीज की कमी है जो अपनी बीवी को बाहर कमाने भेजते हो और फिर किसी गैर के साथ आनाजाना भी तो ठीक नहीं.’’
उस दिन फहीम घर वापस आया तो आव देखा न ताव और जोया पर बरस पड़ा और उस की जौब के बारे में पूछताछ करने लगा. जोया उस का रूप देख कर सहम गई और उस ने दबे स्वर में फहीम को बताया कि उस ने तो उसी की रजामंदी से ही नौकरी शुरू की है और उस रात बाकायदा उस ने नौकरी करने की इजाजत ली थी, पर फिर भी जोया की इस बात पर फहीम सहमत नहीं हुआ, उलटा जोया पर बाहर जा कर गुलछर्रे उड़ाने और मजे करने के आरोप लगाने लगा.
जोया भांप गई थी कि फहीम का इस तरह का बरताव कुछ ठीक नहीं है और हो सकता है कि फहीम उसे जल्दी ही तलाक दे दे और फिर किसी दूसरी से शादी भी कर ले और जोया का शक सही साबित हुआ.
एक दिन जब जोया स्कूल में थी कि तभी फहीम ने उस पर तमाम गलत आरोप लगाते हुए फोन पर ही तीन तलाक दे दिया.
जोया का दिल जरूर टूटा पर उस ने तो अपनेआप को इस बात के लिए पहले से ही तैयार कर के रखा हुआ था, इसलिए वह दुखी नहीं हुई, घबराई भी नहीं. उस ने एक लंबी सांस छोड़ी और मुसकरा भर दी.
जोया तो पहले से ही ऐसी किसी चीज के लिए तैयार थी. वह तुरंत ही एक वकील के पास गई और सारी बातें उसे बताईं.
जोया ने मोबाइल की काल रिकौर्डिंग भी वकील को सुनाते हुए बताया और पूछा कि वह इस समय पेट से है और शौहर अगर तलाक दे तो उस के क्याक्या कानूनी अधिकार हैं.
वकील ने जोया को आराम से बहुत सारी बातें समझईं और निश्चिंत रहने को कहा.
शाम को जोया साजिद के साथ बाइक पर बैठ कर ही घर वापस आई. वह अपने साथ फ्रैंच फ्राइज पैक करा कर लाई थी.
आज फहीम भी जल्दी ही घर वापस आ गया था. साजिद के साथ जोया को देख कर उस का खून खौल गया पर उस ने कुछ कहा नहीं क्योंकि इसी बात को ले कर तो उसे तलाक लेना था.
जोया ने आराम से चाय बनाई और फ्रैंच फ्राइज का नाश्ता करने लगी. फहीम को अब और भी गुस्सा आ रहा था.
‘‘तलाक देने के बाद मेरे घर में क्या कर रही हो?’’ ऊंची आवाज में फहीम चीखा था.
जोया को लगने लगा था कि अब फहीम उस पर हाथ उठाएगा और इसलिए फहीम का रुख देख कर जोया ने तुरंत ही अपने मोबाइल से उस का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. उसे वीडियो बनाता देख कर फहीम और गुस्से से भर गया और उस ने गरम चाय का कप उठा कर जोया के चेहरे पर फेंक दिया.
जोया के चेहरे पर तेजी से जलन होने लगी थी पर जोया ने मोबाइल हाथ से नहीं छोड़ा बल्कि अपने चेहरे पर पड़ी चाय का वीडियो भी उस में शूट किया और फहीम की गालीगलौज भी को भी कैमरे में कैद किया.
जोया जल्दी से उठी और पास के महिला थाने में गई और अपनी हालत दिखाते हुए अपने शौहर फहीम के खिलाफ घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना का केस दर्ज कराया.
जोया ने वह वीडियो भी पुलिस को दिखाया और पुलिस ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया.
2 दिन के बाद ही एक नोटिस फहीम को मिला जिस में लिखा था कि तलाक सिर्फ कह भर देने से नहीं हो जाता. तलाक फोन पर बोल देने भर से भी नहीं हो जाता. इस के लिए कानूनी प्रक्रिया है जिस के तहत ही तलाक दिया जा सकता है. जोया के दहेज का सामान फहीम को लौटाना होगा और चूंकि वह फहीम के बच्चे की मां बनने वाली है इसलिए उसे गुजारा भत्ता भी देना होगा.
फहीम को लग रहा था कि बातबात में और शौकिया तलाक देने का उस का शौक कुछ ज्यादा ही महंगा पड़ता जा रहा है. जोया उस के खिलाफ इतना कुछ कर देगी यह तो उस ने सोचा ही नहीं था. अदालत के पचड़े और फिर बीवीबच्चे को खर्चा देना बहुत लफड़े वाला काम था. अपनी कमसिन और कमजोर औरत के द्वारा इस तरह का कदम उठा लिया जाएगा इस का गुमान तो फहीम को दूरदूर तक नहीं था.
मन ही मन में कुछ सोच कर फहीम 3-4 दिन के बाद जोया के पास उस के मायके पहुंच गया और जोया से सुलह करने की बात कहने लगा
‘‘सुलह कर लूं ताकि कल फिर से तुम मुझे मारोपीटो और गालियां दो? मेरे ऊपर शक करो? अगर कोई औरत बाहर निकल कर तालीम लेना चाहती है या काम करती है और किसी मर्द से बात कर ले तो इस का मतलब यह नहीं होता है कि वह खराब औरत है. अपनी सोच को बड़ा करो फहीम,’’ तेजतर्रार आवाज में जोया ने किसी भी तरह का समझौता करने से मना कर दिया.
फहीम ने बहुत कोशिश की पर जोया टस से मस नहीं हुई. जोया के चेहरे पर आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की झलक साफ दिख रही थी.
फहीम अपना सा मुंह ले कर लौट गया था. उसे पता होता कि जोया तलाक देने के बाद कानून का सहारा लेगी तो शायद वह ऐसा नहीं करता पर अब तो उसे दहेज का सामान और जोया और उस के बच्चे का खर्चापानी देना ही होगा.
जोया अब भी मायके में थी और यहां से वह उस स्कूल में पढ़ाने जाती थी. साजिद अकसर फोन करता और कई बार जोया से मिलने उस के मायके में भी आया था और हर तरह से मदद की बात कही.
स्कूल में भी जोया और साजिद बातचीत करते दिखते थे, इसलिए जोया के मायके वालों और स्कूल के लोगों ने सोचा कि तलाक के बाद तो जोया साजिद से शादी कर ही लेगी.
उड़तेउड़ते यह बात जोया के कानों तक पहुंची तो जोया ने इस बात का जवाब देना ही ठीक समझा और स्कूल के स्टाफरूम में सब के सामने बोल दिया, ‘‘कोई औरत किसी आदमी से बात कर ले तो इस का मतलब यह नहीं होता कि वे दोनों शादी कर ही कर लेंगे. मर्द और औरत के रिश्ते से भी बड़ा होता है इनसानियत का रिश्ता.
‘‘साजिद मेरा अच्छा साथी है. मैं इस से मदद लेती आई हूं और आगे भी मदद लेती रहूंगी, पर इस का मतलब यह नहीं कि हम दोनों शादी ही कर लें. एक अच्छे दोस्त की तरह भी रहा जा सकता है.’’
जोया बोले जा रही थी और स्टाफरूम में सब चुपचाप सुन रहे थे. धीरेधीरे स्कूल के स्टाफ के लोगों को जोया का नजरिया अब समझ आ रहा था.
जोया के मायके की कई लड़कियों ने उस से सीख ले कर पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया ताकि उन्हें आगे चल कर अपने शौहर के गलत बरताव का सामना न करना पड़े.
कुछ महीनों बाद जोया ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया और उस का नाम रखा नजरिया. सही तो है कि जोया ने अपने सही नजरिए से अपनी जिंदगी बदली और अब उस की बेटी नजरिया अपनी मां की जिंदगी में ढेर सारी खुशियां ले कर आई है.
फहीम फिर निकाह करने की हिम्मत नहीं कर पाया और अब वह जोया और नजरिया का खर्चा देने को मजबूर है. साजिद और जोया अब भी अच्छे दोस्त हैं.




