Sacchi Salah-
सवाल: मैं 29 साल की लड़की हूं और उत्तर प्रदेश के एक गांव में रहती हूं. मेरी अभी तक शादी नहीं हुई है, पर मेरा एक बौयफ्रैंड है, जो उम्र में मुझ से 6 साल यानी 35 साल का है.
आप को थोड़ा अचरज होगा कि इतनी उम्र हो जाने के बावजूद हम शादी के बंधन में नहीं बंधना चाहते हैं. इस की सब से बड़ी वजह तो यही है कि हम दोनों अपनेअपने परिवार में एकलौते बच्चे हैं और हमारे मांबाप अब हमारे बिना नहीं रह सकते.
मैं ने और मेरे बौयफ्रैंड ने यही फैसला लिया है कि शादी के बिना इस रिश्ते को निभाएंगे, पर समाज हमारे इस फैसले को समझ नहीं पा रहा है और मुझे तो कोई सीधा बोलता नहीं, पर मेरे मांबाप को ताना देता है कि तुम दोनों बूढ़े अपने बुढ़ापे के लिए बेटी की जिंदगी बरबाद कर रहे हो.
ऐसा क्या किया जाए कि मेरी जैसी लड़कियों को समाज की ऐसी शर्मिंदगी का सामना न करना पड़े?
जवाब: आप की जिंदगी आप के बूढ़े मांबाप नहीं बल्कि आप खुद बरबाद कर रही हैं जो खुलेआम लिवइन में तो अपने बौयफ्रैंड के साथ रह रही हैं, लेकिन शादी करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं.
आप ने यह नहीं लिखा कि क्या इस शादी से आप के पेरैंट्स को भी एतराज है? अगर है भी तो उस के कोई माने नहीं क्योंकि उन की जिंदगी अब कहने भर को ही बची है. वे बूढ़े और नाकाम हैं इसलिए क्या और क्यों विरोध करेंगे.
आप बजाय समाज को समझाने के खुद को और अपने बौयफ्रैंड को समझाइए कि शादी कर के बाद आप दोनों मांबाप की सेवा करेंगे तो राह आसान हो जाएगी. वैसे शादी किए बिना रिश्ता निभाना भी कोई गुनाह नहीं, बशर्ते आप दोनों समाज की परवाह करना छोड़ पाएं तो.
***
सवाल: मेरी उम्र 22 साल है. मैं मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में रहता हूं. मेरे पिताजी वैसे तो बहुत अच्छे इनसान हैं, पर पता नहीं क्यों जब उन्हें गुस्सा आता है तो वे अपना आपा खो बैठते हैं और फिर घर में कलह मचा देते हैं.
उन के गुस्से की गाज सब से ज्यादा मेरी मां पर गिरती है. वे बेवजह उन की हिंसा का शिकार होती हैं. जब मैं या मेरी छोटी बहन अपने पिताजी को कुछ समझाते हैं तो वे बड़बड़ाते हुए घर से बाहर चले जाते हैं. हम अपने घर का माहौल खराब होने से कैसे बचाएं?
जवाब: यह कोई ज्यादा चिंता की बात नहीं है. लगता है कि आप के पिता एक तो मिजाज से ही गुस्से वाले हैं, दूसरे उन पर घरपरिवार की जिम्मेदारी का बोझ ज्यादा है इसलिए कभीकभी वे आपा खो बैठते हैं.
ऐसे में आप की और बहन की जिम्मेदारी बनती है कि घर का माहौल खुशनुमा रखें. ऐसा कोई काम न करें जो पिता को नागवार गुजरता हो. सिर्फ मां पर ही गुस्से की गाज गिरती है आप दोनों पर नहीं. इस का मतलब वे आप दोनों को चाहते हैं.
मां को भी समझाइए कि पिताजी को गुस्सा दिलाने वाले काम और बातें न करें और गुस्सा जब उन के सिर पर सवार हो तो उन के मुंह लगने के बजाय खामोश रहें. इस से घर का माहौल पूरी तरह ठीक हो न हो पर बदलेगा जरूर.
***
सवाल: मेरी उम्र 20 साल है और मैं दिल्ली के पटेल नगर इलाके में रहता हूं. चूंकि मैं यहां किराए के घर में रहता हूं और अपनी पढ़ाई कर रहा हूं, तो ज्यादातर घर से बाहर ही रहता हूं. वजह, मेरा समय लाइब्रेरी में ज्यादा बीतता है.
मेरे कई दोस्त बोलते हैं कि जब तुम घर पर रहते ही कम हो तो इतना किराया क्यों भर रहे हो. तुम ऐसी कम किराए वाली जगह पर क्यों नहीं चले जाते कि कुछ पैसा बच सके.
लेकिन यहां से जाना मुझे पता नहीं क्यों अखर रहा है. पटेल नगर दिल्ली में बीच में है और यहां सभी तरह की सुविधाएं मुहैया हैं. लेकिन दोस्तों के बारबार कहने पर मैं कन्फ्यूज हो गया हूं. मुझे क्या करना चाहिए?
जवाब: कल को आप के दोस्त यदि यह कहें कि पैसे बचाने के लिए फुटपाथ पर रहो तो क्या आप रह लेंगे? आप की असल दिक्कत खुद के बजाय दूसरों के फैसले पर तवज्जुह देने की ज्यादा है जो कम आत्मविश्वास को बताती है.
अगर जेब में पैसा है तो सहूलियत वाले मकान में रहिए जिस से पढ़ाई अच्छे से हो. पढ़लिख कर अच्छी नौकरी लग जाएं यह आप की कोशिश होनी चाहिए न कि यह कि दोस्तों की सलाह पर कन्फ्यूज हों. Sacchi Salah




