Brave Girl Story. सूरज अभी पूरी तरह डूबा नहीं था, लेकिन हरिद्वार के राजाजी राष्ट्रीय अभयारण्य के आसपास देहरादूनहरिद्वार रेलमार्ग के किनारे बने घरों के चारों ओर अंधेरा छाने लगा था. वैसे भी सर्दी के दिनों में जंगली इलाके के आसपास शाम जल्दी ही घिर आती है.

ऐसे में अमर सिंह दिनभर काम करने के बाद अपने घर लौटा. आजकल वह शहर में बन रही एक बहुमंजिला इमारत में मिस्त्री का काम कर रहा था. उस ने अपने कंधे से सामान से भरा थैला उतार कर एक कोने में रखा और हाथपांव धोने के लिए नल की ओर चल पड़ा.

इसी बीच अमर सिंह ने देखा कि उस की सब से बड़ी बेटी कंवारा अपने भाईबहिनों के साथ अपनी मां को घेरे हुए बड़ी मायूस सी बैठी थी.

अपने बच्चों के लटके हुए चेहरे देख कर अमर सिंह को बड़ी हैरानी हुई. वह कंवारा के पास पहुंचा और प्यार से उस के सिर पर हाथ फेरते हुए पूछा, ‘‘क्या बात है बिटिया, आज तुम सब के चेहरे क्यों लटके हुए हैं?’’

‘‘कुछ नहीं पिताजी. मां ने एक राक्षस की कहानी सुनाई थी, जो राजकुमारी को उठा ले जाता है और उसे खा जाता है, इसीलिए हमें डर लग रहा है,’’ कंवारा ने भोलेपन से जवाब दिया.

यह सुन कर अमर सिंह को बहुत गुस्सा आ गया. उसे बिलकुल भी पसंद नहीं था कि बच्चों को भूतप्रेतों और राक्षसों की कहानियां सुना कर उन के मन में अंधविश्वास और डर पैदा किया जाए, इसलिए उस ने अपनी पत्नी को डांटते हुए कहा, ‘‘क्यों बेकार की कहानियां सुना कर इन्हें डराती हो?’’

‘‘तो फिर आप ही सुना दीजिए इन्हें ढंग की कहानियां,’’ अमर सिंह की पत्नी बोली, ‘‘बच्चे कहानी सुनने की जिद कर रहे थे, तो मुझे जो कहानी आती थी, मैं ने इन्हें सुना दी.’’

‘पिताजी, आप ही सुनाइए कोई अच्छी सी कहानी,’ सभी बच्चे एकसाथ बोल उठे.

‘‘ठीक है, ठीक है. मैं ही सुनाऊंगा. आज मैं तुम सब को वीर सेनानी हमीद सिंह के कारनामे सुनाऊंगा कि कैसे उस ने दुश्मनों के छक्के छड़ा दिए थे,’’ यह कहते हुए अमर सिंह हाथपांव धोने चला गया.

रात के भोजन के बाद जब अमर सिंह ने हमीद सिंह की बहादुरी की कहानी सुनानी शुरू की, तो पता ही नहीं चला कि रात कितनी बीत चुकी थी. जब देहरादून से आने वाली आखिरी रेलगाड़ी मसूरी एक्सप्रेस धड़धड़ाती हुई पास की रेलवे लाइन से गुजरी, तब अमर सिंह को भी थकान के कारण नींद आने लगी थी और बच्चे भी झपकी लेने लगे थे. अमर सिंह ने कंवारा से कहा कि वह अपनी बहिनों सीमा, निर्मला, मंगला और भाई रघुबीर को ले कर पास में बनी दूसरी झोंपड़ी में सोने चली जाए.

कंवारा के जाने के बाद अमर सिंह ने वहां रह गए बाकी 3 बच्चों को बिस्तर पर लिटा दिया और खुद भी सोने की कोशिश करने लगा.

रात के तकरीबन ढाई बजे होंगे. जंगलात महकमे के चौकीदार बाहर की ठंड से परेशान हो कर अपनी चौकी में लौट आए और लकडि़यां जला कर ठंड दूर करने का उपाय करने लगे.

उस रात जंगली हाथियों का एक झुंड राजाजी अभयारण्य की सीमा पार कर के बाहर निकला और जहांतहां पानी की खोज करने लगा. एक बिगड़ैल हाथी अपने झुंड से अलग हो कर रास्ते से भटक गया और उस रिहायशी इलाके में घुस गया, जहां अमर सिंह रहता था.

अचानक उस बिगड़ैल हाथी को पता नहीं क्या शरारत सूझी कि वह अमर सिंह की झोंपडि़यों के बाहर बने बगीचे में घुस आया और वहां लगे पेड़पौधों को तहसनहस करने लगा. उस ने बगीचे में रखे पानी के एक बड़े ड्रम को भी अपने पैरों तले रौंद डाला.

हाथी की भयंकर चिंघाड़ और उस के द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की आवाजें सुन कर अमर सिंह और उस की पत्नी की नींद टूट गई. वे दोनों घबरा कर बाहर आए, तो उन्होंने एक जंगली हाथी को उस झोंपड़ी पर अपने पैरों से हमला करते देखा, जिस में कंवारा समेत उन के 5 बच्चे सो रहे थे.

हाथी को देख कर अमर सिंह के होश फाख्ता हो गए. उस ने अपने एक दुधमुंहे बच्चे को गोद में उठाया और पत्नी से चिल्ला कर कहा, ‘‘जल्दी भागो यहां से. यहां एक पल भी रुकना खतरे से खाली नहीं है.’’

उन्होंने वहां से करीब सौ गज दूर बने अपने एक रिश्तेदार के पक्के मकान की ओर दौड़ लगा दी, जहां जंगली हाथी के हमले से महफूज रहा जा सकता था. लेकिन अपनी जान बचाने के चक्कर में उन्हें यह ध्यान ही नहीं रहा कि उन के 5 बच्चे अलग झोंपड़ी में इस हाथी के हमले से बेखबर सो रहे थे. पर अब वहां लौटना भी अपनी मौत को दावत देना था.

इस बीच जंगली हाथी द्वारा झोंपड़ी को हिलाए जाने की आवाज सुन कर कंवारा जाग चुकी थी. उस ने धीरे से उठ कर जब झोंपड़ी की एक दरार से बाहर का नजारा देखा, तो उस के हाथपांव फूल गए. उस ने देखा कि उस समय वह हाथी झोंपड़ी के बाहर बंधे गाय के एक बछड़े को कुचल रहा था. यह एक दिल दहला देने वाला नजारा था.

हाथी को जब लगा कि वह बछड़ा अब मर चुका है, तो वह एक बार फिर झोंपड़ी की ओर दौड़ा. इस बार उस ने अपने पैरों से झोंपड़ी पर इतनी जोर से वार किया कि आगेपीछे की दीवारों और पिछले हिस्से का छप्पर एक ही झटके में नीचे आ गिरा.

इस हमले से घबरा कर कंवारा और उस के भाईबहिनों की चीख निकल गई. उन्होंने जब एक हाथी को एकदम सामने देखा, तो डर के मारे थरथर कांपने लगे.

एक पल को तो कंवारा की समझ में नहीं आया कि हाथी से बचने के लिए वह क्या करे, लेकिन उस संकट की घड़ी में उस ने बड़ी हिम्मत से काम लिया. वह तुरंत झोंपड़ी के पीछे की ओर दौड़ी, जहां पर झोंपड़ी का छप्पर टूटीफूटी हालत में पड़ा था.

कंवारा ने उस छप्पर को किसी तरह एक कोने से उठाया और घसीट कर हाथी के सामने ला पाने में कामयाब हो गई. फिर उस ने एक पल भी गंवाए बिना छप्पर को एक ओर से उठा कर हाथी के सामने इस तरह खड़ा कर दिया कि वह बच्चों और हाथी के बीच एक दीवार का काम देने लगा.

हालांकि इस छप्पर रूपी दीवार को हाथी अपनी सूंड़ से ही हटा सकता था, लेकिन वह दीवार चूंकि उस के सामने अचानक खड़ी हो गई थी, इसलिए उसे देख कर वह भी कुछ पलों के लिए घबरा गया.

कंवारा के लिए यही मौका काफी था. उस ने फौरन झोंपड़ी के एक कोने में दुबके अपने भाई रघुबीर को अपने साथ लिया और झोंपड़ी के पीछे की तरफ से वहां उगी कंटीली झाडि़यों की परवाह किए बिना दौड़ लगा दी. झाडि़यां पार कर के वह उसी मकान में पहुंची, जहां उस के मातापिता हाथी से बचने के लिए पहले से ही शरण लिए हुए थे.

रघुबीर को उन के पास छोड़ कर जब कंवारा झोंपड़ी की ओर लौटने लगी, तो अमर सिंह चिल्लाया, ‘‘बेटी, वहां मत जाओ. वहां खतरा है.’’

लेकिन अपने पिता की बात सुनने से पहले ही कंवारा झोंपड़ी की ओर दौड़ चुकी थी. उस के लिए एकएक पल बहुत कीमती था. वह झपट कर झोंपड़ी में घुसी और इस बार अपनी बहिन मंगला को उठा कर ले आई, जो वहां खड़ी थरथर कांप रही थी.

कंवारा एक बार फिर उसी झोंपड़ी की ओर लौटी, जहां वह जंगली हाथी चिंघाड़ रहा था. अब की बार कंवारा अपनी बहिन निर्मला को मौत के मुंह से बचा कर लाने में भी कामयाब हो गई.

अमर सिंह यह सब देख कर हैरान था. उस ने जब अपनी बेटी की दिलेरी देखी, तो उस में भी कुछ हिम्मत जागी. वह चुपके से उस झोंपड़ी में घुसा, जहां कुछ देर पहले वह अपने 2 बच्चों को सोता छोड़ गया था. उस ने दोनों बच्चों को गोदी में उठाया और उन्हें बचा कर ले आया.

इस बीच कंवारा अपनी 3 साल की बहिन सीमा को बचाने के लिए एक बार फिर झोंपड़ी की ओर बढ़ी, लेकिन अब तक वह जंगली हाथी छप्पर रूपी दीवार को अपने सामने से हटाने में कामयाब हो चुका था. उस वहशी हाथी ने कंवारा के सामने ही उस की बहिन सीमा के सिर पर अपना भारीभरकम पैर रख दिया और उसे रौंदने लगा. अगले ही झटके में सीमा की चीख उस रात के सन्नाटे में दूरदूर तक गूंज उठी. कुछ ही पलों में जीतीजागती सीमा एक लाश में तबदील हो चुकी थी.

कंवारा ने जब अपनी बहिन का यह भयानक हश्र देखा, तो वह फफक कर रोने लगी. उस की हिम्मत भी अब जवाब दे गई थी. अब किसी भी पल वह हाथी कंवारा को भी कुचल सकता था, लेकिन कंवारा तो अब अपने होश में ही नहीं थी. यह देख कर उस का पिता दौड़ कर वहां पहुंचा और कंवारा को पकड़ कर हाथी की पहुंच से दूर उसी मकान में ले आया.

शोरगुल सुन कर अब तक आसपड़ोस के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल चुके थे. उन लोगों ने जब यह देखा कि एक हाथी ने अमर सिंह की दोनों झोंपडि़यों को पूरी तरह तहसनहस कर डाला है और नीचे आ गिरे छप्परों को अब रौंदने में लगा हुआ है, तो उन्हें भी खतरा महसूस हुआ, इसलिए वे हाथी को वहां से भगाने का उपाय करने लगे.

सब लोग भाग कर अपनेअपने घरों में गए. जिसे लाठी, डंडा, ढोल वगैरह कुछ भी मिला, उसे ले कर बाहर आ गया.

जब वे सभी ढोल बजाते, हल्ला मचाते हुए हाथी की ओर बढ़े, तो हाथी घबरा कर जंगल की ओर दौड़ने लगा.

सुबह होने तक जंगली हाथी के इस हमले और 11 साल की बालिका कंवारा की अनोखी दिलेरी की खबर सारे शहर मेें फैल चुकी थी. अगले दिन सभी अखबार कंवारा के कारनामे की खबरों से भरे पड़े थे. आखिर उस ने काम ही ऐसा किया था.

15 अगस्त को जब प्रदेश के मुख्यमंत्री उसे राष्ट्रपति पुरस्कार के रूप में ‘जीवन रक्षा पदक’ पहना रहे थे, तो सारा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा था.

केवल यही नहीं, 26 जनवरी को जब कंवारा देशभर के बहादुर बच्चों की टोली के साथ एक सजेधजे हाथी पर सवार हो कर गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा ले रही थी, तो लोगों को यह एहसास हुआ कि उस ने एक बार फिर से किसी हाथी को अपने साहस के सामने झुकने को मजबूर कर दिया है. Brave Girl Story

-संजय वर्मा ‘उदय’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...