Story in Hindi. जीप अपनी तेज रफ्तार से बारामूला की सड़कों पर दौड़ रही थी. रणवीर बीचबीच में मुझ से बातें कर रहा था, लेकिन मेरा उस की तरफ ध्यान ही कहां था. नजरों के सामने आता और फिर ओझल होता. इस खूबसूरत शहर का हर मंजर मेरे जेहन में बसी यादों को ताजा कर देता. आखिर मेरी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा यहीं तो गुजरा था.
ऊपरी तौर पर देखने से तो सबकुछ वैसा ही लगता था. कुदरत के हैरान कर देने वाले नजारे, बर्फ से ढकी पहाडि़यों पर डूबते सूरज की सिंदूरी छटा, देवदार के ऊंचे घने पेड़ों की लाइनें, दूधिया रंगत और गुलाबी चमक वाले चेहरों का जमघट, कुछ भी तो नहीं बदला था, लेकिन गहराई से देखने पर जगहजगह पड़े मलबे के ढेर, मकानों और दुकानों की दीवारों पर गोलियों के सूराख, पूरे शहर में गश्त करती बंदूकों से लैस जवानों की टुकडि़यां, कुछ और ही कहानी बयां कर रही थी. लोगों के चेहरों पर मुसकान के बजाय तनाव व चिंता की लकीरें थीं.
बे्रक लगने के साथ एक झटके से जीप रुकी और मेरा ध्यान टूट गया. सामने वही बड़ा सा बोर्ड था, जिस पर नीले अक्षरों में लिखा था ‘बार्डर सिक्योरिटी फोर्स, बारामूला’. गेट के उस पार की दुनिया मेरे लिए जानीपहचानी थी. जब रणवीर ने जीप उसी परिचित क्वार्टर के सामने रोकी, तो मैं ने हैरानी के साथ उस की तरफ देखा.
‘‘तुम्हारे पापा ने बताया था कि तुम लोग इस क्वार्टर में रहे थे. चांस की बात है कि मुझे भी यही क्वार्टर मिला है. तुम्हें यह सोच कर नहीं बताया कि सरप्राइज दूंगा,’’ वह बोला.
थोड़ी देर के बाद वह मेरा सामान रख कर ड्यूटी पर रिपोर्ट करने चला गया था. मैं खुश थी कि मुझे दोबारा उसी घर में रहने का मौका मिल रहा था, जहां मैं ने अपनी जिंदगी के कुछ बेहद खुशनुमा साल बिताए थे. यह घर हम तीनों दोस्तों की धमाचौकड़ी का मूक गवाह था. तीनों यानी मैं, सोनल और फरहान.
बारामूला आते ही फरहान अचानक बहुत याद आने लगा था. जब आखिरी बार मैं उस से मिली थी, तब मैं ने कसम खाई थी कि अब उस से कोई वास्ता नहीं रखूंगी, लेकिन सच तो यह था कि मुझे हमेशा उस की ही फिक्र लगी रहती. पता नहीं, अब वह कहां था? जिंदा भी था या… अतीत के साए एकएक कर मेरे जेहन में उतरने लगे.
पापा के बीएसएफ में होने की वजह से मेरी स्कूली तालीम कश्मीर के तमाम हिस्सों में हुई थी. जब मैं 13 साल की थी, तब उन की पोस्टिंग बारामूला में हुई थी. स्कूल का नया सत्र शुरू हो चुका था. चूंकि मैं नई थी, इसलिए स्कूल की प्रिंसिपल ने मुझे क्लास के मानिटर के साथ भेज दिया.
‘मेरा नाम फरहान है और आप का?’ प्रिंसिपल के कमरे से निकलते ही उस ने पूछा.
‘संयुक्ता,’ कहते हुए मैं ने उस की ओर देखा. फरहान की शख्सीयत थी ही कुछ ऐसी, जो बरबस ध्यान खींचती थी. निखरी रंगत, मासूम चेहरा और मुसकान ऐसी, जो होंठों से निकल कर आंखों तक पहुंचती थी.
सोनल भी मेरी ही क्लास में थी. कुछ ही समय में उस की, मेरी और फरहान की तिकड़ी बन गई. हम हर काम साथ करते, साथ पढ़ते, साथ ही मौजमस्ती करते. इस तरह कैसे 2 साल बीत गए, पता ही न चला.
फिर फरहान के बरताव में बदलाव आने लगा. वह खोयाखोया, खामोश सा रहने लगा. वजह पूछने पर कोई जवाब न देता. उस के बाद वह काफी दिनों तक स्कूल नहीं आया. मैं सोच ही रही थी कि उस के घर जा कर देखूं, तभी सोनल आती दिखाई दी.
‘अच्छा हुआ तू आ गई, चल फरहान के घर चलते हैं,’ मैं ने बिना किसी लागलपेट के कहा.
‘वहीं से आ रही हूं. जो कुछ पता चला है, उसे सुन कर तेरे पैरों तले जमीन खिसक जाएगी. फरहान आजकल अहमद के भाषण सुनने जाता है. वह उस की बातों से खासा प्रभावित हुआ है,’ सोनल एक ही सांस में कह गई.
मैं सिहर उठी, ‘क्या… दिमाग खराब हो गया है क्या उस का? अहमद जैसे आदमी से उस का क्या काम? उसे तो अपने परिवार के बारे में सोचना चाहिए.
‘पिता उस के हैं नहीं, आंटी किस तरह यहांवहां काम कर के गुजारा करती हैं, क्या उसे मालूम नहीं? अपनी जिम्मेदारियां भूल कर वह अहमद जैसे लोगों के साथ मेलजोल रख रहा है? चल, उसे समझाते हैं.’
‘मैं ने कोशिश की थी, पर उस ने तो मुझे जैसे दुत्कार दिया. मेरी मान तो तू भी अभी मत जा. उस का मिजाज ठंडा हो जाने दे,’ कहते हुए सोनल अपने घर लौट गई.
लेकिन उस के मना करने के बावजूद मैं खुद को रोक नहीं पाई और मेरे कदम फरहान के घर की ओर बढ़ गए. रास्तेभर यही सोचती रही कि फरहान जैसा होनहार लड़का अहमद की बातों में आ कैसे गया? लेकिन अहमद का तो काम ही यही था. वह बार्डर पार से आ कर लश्कर में भरती के लिए कम उम्र के मुसलिम लड़कों को बरगलाता था. जो नहीं मानते थे, उन्हें अगवा कर लिया जाता था.
वैसे भी गरीबी और बेरोजगारी से जूझते यहां के लोगों को अपने परिवार को रोटी मुहैया कराने का यह सब से आसान तरीका लगता था.
‘आओ संयुक्ता बेटी, फरहान को समझाओ. यह अपनी जिंदगी तबाह करने पर आमादा है,’ फरहान की मां की आंखों में बेबसी के भाव थे.
‘फरहान, यह मैं क्या सुन…’
‘मुझे लेक्चर देने की कोशिश मत करो,’ उस ने मेरी बात पूरी होने से पहले ही काट दी, ‘क्या हालत कर दी है हम लोगों की यहां की सरकार ने? इज्जत की जिंदगी भी नसीब नहीं है, लेकिन तुम जैसे लोगों को क्या? तुम्हारा पेट तो भरा हुआ है. भूख क्या होती है, तुम्हें क्या पता?
‘और फिर हम अपना हक ही तो मांग रहे हैं. अगर वे लोग नहीं देंगे, तो हम छीन लेंगे. जेहाद की इस लड़ाई में हम खून देंगे और लेंगे भी.’
‘फरहान, यह तुम्हें क्या हो गया है? कैसी बहकीबहकी बातें कर रहे हो? तुम यह बात समझ क्यों नहीं पा रहे हो कि वे लोग महज तुम्हारा इस्तेमाल करना चाहते हैं, और यह क्या, जेहाद की रट लगा रखी है, यह देश, यह सरकार तुम्हारी ही तो है. तुम किस से आजादी पाना चाहते हो?’
‘इस्तेमाल वे कर रहे हैं या तुम कर रही हो?’ फरहान चीखा. उस की आवाज की नरमी न जाने कहां चली
गई थी, ‘उन्होंने तो हमें सचाई से रूबरू कराया है और तुम लोगों ने क्या किया? सच कहने वालों का सिर कुचला है. आज सुबह ही तुम्हारे पापा ने एक मुठभेड़ में अहमद भाई को गोलियों से छलनी कर दिया, लेकिन उन की शहादत बेकार नहीं जाएगी. उन के
अधूरे काम को जरूर पूरा किया जाएगा. अब चली जाओ यहां से. मैं एक कातिल की बेटी से कोई वास्ता नहीं रखना चाहता.’
उस की बातों से दुखी हो कर मैं घर लौट आई.
फरहान ने स्कूल आना छोड़ दिया था. फिर कुछ दिन बाद पापा से पता चला कि उस ने शहर का एक पुल तोड़ा था, और एक दिन अखबार की खबर
ने मुझे चौंका दिया था. फरहान ने बीएसएफ के 2 बड़े अफसरों की हत्या कर दी थी. मेरा मासूम दोस्त अब एक आतंकवादी था. 15 साल की कच्ची उम्र में वह एक हत्यारा बन चुका था.
इस बीच मेरे पापा का तबादला आजमगढ़ में हो गया और बारामूला पीछे छूट गया.
लेकिन रणवीर से शादी के बाद मैं फिर इतने सालों बाद आज बारामूला लौटी थी, मेरा अतीत वर्तमान बन कर फिर मेरे सामने था.
एक दिन मैं रणवीर के साथ बाजार में थी कि पीछे से दौड़ते हुए कदमों की आवाज सुनाई दी.
कुछ समझ पाती, इस के पहले ही खुद को एक मजबूत हाथ की पकड़ में जकड़ा पाया. तब तक बंदूक हाथ में थामे कुछ जवान भी आ पहुंचे थे.
‘‘अगर कोई आगे आया, तो इसे मार दूंगा,’’ मेरी कनपटी पर बंदूक रखते हुए वह टूटी सी आवाज में बोला.
सबकुछ इतनी जल्दी हुआ कि रणवीर को अपनी बंदूक निकालने का भी मौका नहीं मिला. वह उसे समझाता हुआ कहने लगा, ‘‘देखो, तुम जख्मी हो, अच्छा यही होगा…’’
लेकिन मेरा ध्यान रणवीर की तरफ बिलकुल नहीं था. मेरा ध्यान तो अपने पीछे खड़े शख्स की तरफ था. वह आवाज मुझे कुछ जानीपहचानी सी लगी थी. मैं ने तिरछी निगाह से उस की ओर देखा, वही तो था.
इतने सालों में फरहान में बदलाव तो बहुत आ गया था, लेकिन फिर भी मुझ से गलती होने की कोई गुंजाइश नहीं थी.
‘‘फरहान,’’ मैं धीमे से बुदबुदाई.
उस ने मेरी ओर देखा. निगाहों में पहचान के भाव आते ही वह कुछ पलों के लिए हैरान रह गया. रणवीर के लिए इतना मौका काफी था.
‘‘धायं.’’ गोली चलने की आवाज हुई. मेरी चीख निकल गई.
गोली उस की कनपटी में जा धंसी और वह नीचे गिरने से पहले ही मर चुका था.
जेहाद के नाम पर आज एक और मासूम आतंकवाद की बलि चढ़ चुका था. रात घिरने लगी थी और घाटी में सन्नाटा पसरने लगा था. Story in Hindi




