Short Story. शबनम की गदराई जवानी कमल के लिए कयामत बन गई थी. वह हाथ धो कर शबनम के पीछे पड़ गया था.

एक दिन शबनम ने देखा कि कमल उसे भद्दे इशारे कर रहा था. वह बुदबुदाई, ‘‘गरीब की जोरू को हर कोई अपनी जोरू समझता है. फिर इन अमीरों के लौंडों को कोई कामधाम तो रहता नहीं, बस दिनरात नैनमटक्का करना है.’’

कमल की इशारेबाजी तेजी पकड़ती गई. वह देख कर अनदेखा कर देती. इस से कमल का हौसला और बढ़ता गया. अब वह जबतब उस पर फिकरे भी कसने लगा.

एक बार सुबहसवेरे जब वह गोबर फेंकने खेत में गई, तो अचानक चौंक सी पड़ी. गन्ने के खेत में छिपा कमल कूद कर उस के सामने आ गया. वह टोकरी फेंक कर उलटे पैर घर की ओर भागी. कमल भी दौड़ा, पर तब तक वह बहुत दूर जा चुकी थी.

शबनम घर पहुंच कर अकेले में खूब रोई. फिर देर तक कमल की हरकतों के बारे में सोचती रही.

एकबारगी तो शबनम के मन में आया कि वह अपने पति शकूर को सबकुछ साफसाफ बता दे, पर शकूर के शक्की स्वभाव के बारे में सोच कर उस ने उसे कुछ न बताना ही ठीक समझा.

उस ने सोचा, ‘शकूर बड़े बाप के बेटे कमल का भले ही कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा, पर उलटे मुझ पर तोहमत मढ़ कर मेरा जीना मुश्किल कर देगा.’

शबनम को अच्छी तरह याद था, जब उस ने एक बार शकूर को अपने मायके के एक ऐसे ही मजनूं की दास्तान सुनाई थी, तो उस ने महीनों तक उस का खानापानी हराम कर रखा था. यही नहीं, कई बार शकूर ने उस मजनूं का नाम ले कर शबनम को पीटा भी था.

शबनम ने फैसला किया कि बिगड़े अमीरजादे कमल को वह खुद सबक सिखाएगी.

एक दिन अकेली पा कर कमल ने शबनम का हाथ पकड़ लिया. शबनम मुसकराते हुए बोली, ‘‘कमल बाबू, मैं बदनाम नहीं होना चाहती. काम ऐसा करो कि किसी को कानोंकान न पता चले. कहीं अकेले में मिलो, तो तुम्हारे मन की मुराद पूरी कर दूं.’’

कमल तड़पते हुए बोला, ‘‘तो बोलो, कहां आ जाऊं? मैं भी यही चाहता हूं. कसम से, मैं इस बात की भनक किसी को न लगने दूंगा.’’

‘‘आज रात 12 बजे मेरे घर के पिछवाड़े आ जाओ. पीछे वाला कमरा खाली रहता है. फिर हम दोनों मिल कर मौज करेंगे,’’ शबनम ने शरारती लहजे में कहा.

कमल खुशी से झूम उठा. उस का अंगअंग थिरकने लगा. वह बोला, ‘‘ठीक है शबनम.’’

रात 12 बजे के करीब शबनम ने घर के पिछवाड़े किसी के खंखारने की आवाज सुनी. वह गहरी नींद में सोए शकूर के बगल से धीरे से उठी, फिर पीछे वाला दरवाजा खोल दिया. कमल लपक कर भीतर आ गया.

कमल ने शबनम को बांहों में भर लिया. शबनम फुसफुसाते हुए बोली, ‘‘मैं देख कर आती हूं कि शकूर कहीं जाग तो नहीं गया है. तुम चुपचाप यहीं बैठे रहना, कुछ खटरपटर मत करना.’’

शबनम धीरे से आंगन में आई, फिर सीढि़यों से हो कर छत पर जा पहुंची. उस ने ईंट का एक टुकड़ा अपने पिछवाड़े के मनोरथ की टिन वाली छत पर फेंका. फिर वह तेजी से छत से उतर कर शकूर के बगल में लेट गई.

मनोरथ के घर में सुगबुगाहट शुरू हो गई. कुछ ही देर में ‘चोरचोर’ का शोर मच गया. कुछ लोग टार्च ले कर शबनम के पिछवाड़े वाली जमीन में कूद पड़े.

शबनम ने शकूर को कुहनी मार कर जगाया. वह बोली, ‘‘सुनो, पीछे वाले घर में कुछ खटरपटर हुई है. कहीं चोर हमारे ही घर में तो नहीं है. बाहर ‘चोरचोर’ का शोर मचा है. कहीं घर के पिछवाड़े का दरवाजा खुला तो नहीं रह गया था.’’

शकूर ने तमक कर लाठी उठाई, फिर उधर ही जा लपका. कमल हड़बड़ा कर पिछवाड़े में कूद पड़ा. वहां खड़े लोग उस पर पिल पड़े.

लाठी पड़ते ही कमल जमीन सूंघने लगा. चिल्लाया, ‘‘अब न पीटो भैया, मैं कमल हूं, कमल.’’

लोग हक्केबक्के रह गए. शकूर ने आगे बढ़ कर पूछा, ‘‘यहां क्या करने आया था?’’

उस ने शकूर के पैर पकड़ लिए. बोला, ‘‘अब कुछ न पूछो चाचा. बस यह समझो कि मेरी नीयत खराब हो गई थी. मुझे अपने करनी की सजा मिल गई.’’

शबनम वहीं थोड़ी दूर खड़ी मुसकरा रही थी.      Short Story

-सुशील कुमार यादव

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...