Short Story. रजिया की गोद सूनी थी. उस की सहेली चंदा ने एक स्वामीजी का पता बताया. स्वामीजी की लीला से रजिया को बेटी हुई. इस से शौहर रहमान नाराज था. क्यों?
रहमान की बीवी रजिया पक्की धार्मिक थी. वह पांचों वक्त की नमाज अदा करती थी. रमजान के महीने में रोजा रखती थी. उस ने पैसे इकट्ठा कर अपने अब्बू और अम्मी को हज भी करवाया था. इस के बावजूद उस की गोद सूनी थी.
रहमान एक ठेकेदार था. पहली बीवी के साथ 10-12 साल गुजारने के बाद उस के इंतकाल के बाद रजिया से उस का दूसरा निकाह हुआ था, जो उस से तकरीबन 15 साल छोटी थी. पर दोनों बीवियों से उसे कोई औलाद नहीं हुई थी, जिसे वह अल्लाह की मरजी समझ हाथ पर हाथ धर बैठ गया था.
रजिया एक गरीब तांगा चलाने वाले की 8 बेटियों में 7वें नंबर की थी, जिस का निकाह उस ने इस उम्मीद से रहमान से कर दिया था कि बेटी रोटीकपड़े से तकलीफ में नहीं रहेगी. पर शादी के 5 साल गुजर जाने पर भी रजिया की गोद सूनी थी, जबकि उस के सभी रिश्तेदारों के बालबच्चे थे.
रजिया की एक सहेली चंदा थी. उस का घर रजिया के पड़ोस में था. चंदा के 2 बच्चे थे, जो इस स्वामीजी की ही देन थे. रजिया जब भी चंदा के बच्चे को देखती, दिल में एक हूक सी मचती थी. औलाद की भूख ने उसे बेचैन कर दिया. वह स्वामीजी से मिलने को उतावली हो उठी.
चंदा ने टालमटोल किया, तो वह जिद करने लगी और एक दिन स्वामीजी के यहां पहुंच गई.
स्वामीजी तकरीबन 40 साल के थे, पर दिल से मोहमाया का त्याग नहीं कर पाए थे. जब रजिया पर उन की निगाह पड़ी, तो देखते ही रह गए. उस के गोरा रंग और कसे हुए जिस्म ने महात्मा में खोट ला दिया था. अब तो दोनों जल्दी ही एकदूसरे के करीब आ गए. नतीजा, रजिया पेट से हो गई.
जब डाक्टर ने रजिया को पेट से होने की बात बताई, तो रहमान का चौंकना लाजिम था. क्या हुआ? कैसे यह सब हुआ? जब रहमान ने पूछा, तो रजिया ने चहकते हुए सारी कहानी यानी महात्मा की महिमा समझा दी.
अब रहमान दोराहे पर खड़ा था. अगर रजिया को घर से निकालता है या तलाक देता है, तो समाज में बदनामी हो जाएगी और भेद खुल जाएगा. अगर चुप रहा, तो उसे बाहर की हवा लग जाएगी.
‘‘क्यों रजिया, क्या अच्छा लगता है?’’ जब चंदा पूछती, तो वह झेंप जाती थी.
‘‘कुछ भी नहीं, बस यों ही,’’ वह मुश्किल से जवाब दे पाती थी.
रजिया ने सही समय पर एक खूबसूरत बेटी को जन्म दिया था. वह बेटी पा कर बहुत खुश थी.
इधर ठेकेदार साहब तो अंदर ही अंदर घुलने लगे. अब कारोबार में मन नहीं लगता था और महात्माजी का कहीं पता न था.
रजिया बेटी से खूब लाड़प्यार करती थी. उसे नहलातीधुलाती और तैयार करती थी. उस की सब से खराब आदत, जो रहमान को परेशान करती थी, वह थी, उस का दूध पिलाना. वह हर कहीं उसे दूध पिलाती थी, सो उस दिन…
दोपहर के 2 बजे थे और बेटी भी 3 साल की हो गई थी. रहमान साहब थकेहारे आए और यह नजारा देखते ही उन का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
हुआ यह कि बिजली गुल होने के चलते रजिया बाहर बरामदे में बैठी बच्ची को दूध पिला रही थी.
‘‘क्यों, ढक कर दूध नहीं पिला सकती क्या?’’ वह चिढ़ कर बोले.
‘‘गरमी से इस का दम न घुट जाएगा,’’ वह सहज भाव से बोली.
‘‘फिर भी इस तरह…’’ वह गुस्से में अपनी बात पूरी नहीं कर पा रहे थे.
‘‘क्या हुआ? कौन सा ऐसा आदमी या औरत होगी, जिस ने मां का दूध न पीया हो. दूध पिलाना शान की बात है,’’ उस ने शांत आवाज में जवाब दिया.
अब तो गुस्से से उफनते हुए वह कमरे के अंदर चले गए. उन्हें उस फसल को काटना पड़ा, जो उन्होंने बोई ही नहीं थी. वह खेत के मालिक थे, इसलिए जो कुछ भी हुआ, उसे अपनाना उन की मजबूरी थी. महात्मा की इस अद्भुत लीला ने उन्हें बेटी जो दी थी. Short Story




