Rape Survivor Story. एमबीए करने के बाद अकरम की नौकरी एक बड़ी कंपनी में लग गई. नौकरी लगने के बाद उस के लिए एक अच्छे घर की पढ़ीलिखी लड़की की तलाश की जाने लगी थी. अकरम को बहुत सी लड़कियों के फोटो दिखाए गए, लेकिन उसे कोई भी लड़की पसंद नहीं आ रही थी. उस के घर वाले लड़की देखदेख कर थक चुके थे.

एक दिन अकरम के अब्बू असगर साहब के दोस्त हबीब ने एक रिश्ते के बारे में बताया, ‘‘लड़की एमए पास है. उस का नाम सालेहा है. देखने में खूबसूरत है. अच्छे परिवार की है. अकरम की जोड़ी उस के साथ खूब जमेगी. मेरी मानो तो यह रिश्ता हाथ से न जाने दो,’’ हबीब ने लड़की की फोटो दिखाते हुए कहा.

‘‘ठीक है. ऐसी बात है, तो हम सभी कल लड़की देखने चलेंगे,’’ असगर साहब ने सहमति जताई.

दूसरे दिन असगर साहब अपनी बीवी और दोनों बेटियों के साथ लड़की देखने पहुंचे.

असगर साहब को लड़की और उस के घर का माहौल बहुत पसंद आया. उन्होंने घर वालों से सलाहमशवरा कर झट से रिश्ता पक्का कर लिया.

रिश्ता पक्का होते ही मंगनी हो गई. साथ ही, शादी की तारीख भी तय कर दी गई, जो 3 महीने बाद थी.

सालेहा शादी के खयालों में खोईखोई सी रहने लगी. उस ने शादी के कई सपने देख रखे थे. उस का होने वाला शौहर एक बड़ी कंपनी में मैनेजर है, यह सोच कर उस का दिल खुशी से भर जाता. उस के मन में नएनए अरमान करवट लेने लगे थे.

ज्यादातर घर पर ही रहने वाली सालेहा की बहुत कम सहेलियां थीं. कभीकभी वह अपनी सहेलियों से मिलने जाती थी. यों ही घूमनाफिरना उसे अच्छा नहीं लगता था. वह अपना ज्यादातर समय घर के कामों और पढ़नेलिखने में बिताती थी.

सालेहा को गजल लिखने का शौक था. अकसर काम से फुरसत पा कर वह गजल लिखने बैठ जाया करती थी. उस की गजलें अखबारों व पत्रपत्रिकाओं में बराबर छपती रहती थीं.

सालेहा की एक खासमखास सहेली रुखसाना थी. वह उसे हर बात बताती थी. दोनों बचपन से साथसाथ पढ़ी थीं. एमए भी साथ ही किया. अभी दोनों कंप्यूटर क्लास कर रही थीं. दोनों कंप्यूटर क्लास करने साथसाथ जाती थीं.

उस दिन सोमवार था. बारिश हो रही थी. सालेहा कंप्यूटर क्लास करने के इरादे से घर से निकली. रोज की तरह वह आज भी रुखसाना को लेने उस के घर पहुंची.

रुखसाना को बिस्तर पर लेटा देख सालेहा बोल पड़ी, ‘‘यह क्या? अभी तक सोई हो? कंप्यूटर क्लास में नहीं चलना क्या?’’

‘‘मेरी तबीयत ठीक नहीं है,’’ रुखसाना कराह उठी. ‘‘अरे, तुझे तो तेज बुखार है.

डाक्टर को दिखाया या नहीं?’’ सालेहा ने रुखसाना के माथे पर हाथ रखते हुए कहा.

‘‘हां, अब्बू रिकशा लेने गए हैं,’’ रुखसाना ने बताया. ‘‘मैं भी तेरे साथ चलती हूं,’’ सालेहा ने साथ चलने की जिद की.

‘‘पागल हो रही है क्या? आज कंप्यूटर की स्पेशल क्लास है,’’ रुखसाना ने उसे डांटते हुए कहा, ‘‘मेरी चिंता मत कर. मैं अब्बू के साथ डाक्टर के यहां चली जाऊंगी.’’

‘‘ठीक है, तू इतनी जिद कर रही है, तो मैं स्पेशल क्लास करने चली जाती हूं. लेकिन क्लास कर के लौटते समय तुझे देखने जरूर आऊंगी,’’ सालेहा ने रुखसाना की बात मानते हुए कहा.

रुखसाना से शाम को मिलने की कह कर सालेहा अकेले ही कंप्यूटर क्लास करने चली गई. स्पेशल क्लास होने की वजह से उसे काफी देर हो गई थी. कोचिंग सेंटर से उस का घर काफी दूर था. इस वजह से वह हमेशा रिकशा से आतीजाती थी.

रिकशा न मिलने के चलते सालेहा पैदल ही घर के लिए चल पड़ी.

तभी अचानक उस के पास एक कार आ कर रुकी. उस में बैठे 2 लड़कों ने सालेहा को खींच कर कार में बिठा लिया. थोड़ी ही देर में कार हवा से बातें करने लगी.

सालेहा कुछ समझ पाती, एक लड़का उस के साथ छेड़खानी करने लगा. सालेहा उन लोगों के इरादे समझ चुकी थी.

सालेहा ने खुद को उस की पकड़ से छुड़ाने की बहुत कोशिश की. सालेहा को चीखतेचिल्लाते देख एक लड़के ने उस के गाल पर जोरदार थप्पड़ जड़ दिया.

‘‘जो करता हूं, चुपचाप करने दे, वरना… तुझे मालूम नहीं कि हम लोग कितने खतरनाक हैं.’’

दोनों ने उस के साथ मुंह काला किया, फिर सुनसान जगह पर उसे फेंक कर भाग गए.

सालेहा बेहोश हो गई थी. होश में आने पर खुद को अस्पताल में पाया.

उस के घर वाले उसे घेरे हुए थे. पहले तो अपने घर वालों को देख कर खुश हुई, फिर वह अपने साथ हुए हादसे को याद कर फूटफूट कर रो पड़ी. सब उसे दिलासा दे रहे थे. बाद में अस्पताल से छुट्टी करवा कर उसे घर लाया गया.

सालेहा के घर वाले डरे हुए थे कि अगर ससुराल में इस हादसे की खबर लग गई, तो वे लोग यह रिश्ता खत्म कर देंगे.

और वही हुआ, जिस का डर था. अकरम के यहां इस हादसे के बारे में सब को पता चल गया.

आखिर में अकरम ने सालेहा से शादी न करने का फैसला कर लिया. उस ने घर में अपना फैसला सब को सुना दिया. अकरम के अब्बू ने सालेहा के यहां फोन कर के यह रिश्ता तोड़ दिया.

सालेहा के घर वाले इस मनहूस हादसे से पहले ही टूट चुके थे. अकरम ने जब सालेहा को अपनाने से मना कर दिया, तो सालेहा पतझड़ के पत्तों की तरह बिखर कर रह गई.

सालेहा के मांबाप को बस एक चिंता खाए जा रही थी कि अब कौन उस से शादी करना चाहेगा?

इधर अकरम का फिर से रिश्ता ढूंढ़ा जाने लगा. आखिर में अकरम का रिश्ता एक अमीर घराने में तय कर दिया गया.

नए जमाने की आजाद खयालों वाली तानिया से रिश्ता होने पर अकरम और उस का पूरा परिवार बहुत खुश था.

तानिया के पिता ने उसे पूरी छूट दे रखी थी. एक तो तानिया को दी गई छूट, ऊपर से उस का आजाद खयाल होना, ऐसे में तानिया में कुछ भी करने की हिम्मत बढ़ गई थी.

तानिया के कई ब्वायफें्रड थे. लड़कियों से ज्यादा वह लड़कों के साथ घूमती थी.

तानिया शादी से पहले जिस्मानी संबंध बनाने को बुरा नहीं समझती थी. वह इसे नए जमाने के साथ चलना कहती थी. वह कई बार पेट तक गिरवा चुकी थी.

तानिया के कदम ज्यादा बहकते देख उस के मांबाप ने उस की शादी जल्दी से जल्दी कर देना मुनासिब समझा. जब अकरम का रिश्ता तानिया के लिए आया, तो उस के मांबाप फौरन तैयार हो गए.

बड़ी धूमधाम से अकरम और तानिया की शादी हो गई.

अकरम अमीर और माडर्न लड़की से शादी कर के बहुत खुश था. शादी के बाद हनीमून मनाने दोनों लंदन चले गए. एक महीने तक जिंदगी का मजा लेते रहे और फिर घर वापस लौटे.

अकरम इस एक महीने में तानिया के मिजाज को बहुत हद तक समझ चुका था. तानिया के हद से ज्यादा एडवांस होने की उसे उम्मीद नहीं थी. उसे तानिया आम लड़कियों से हट कर लगी.

अकरम को तानिया का इतना एडवांस होना खलने लगा था. उस में और लड़कियों की तरह शर्मोहया बिलकुल भी नहीं थी. वह लड़कियों से ज्यादा मर्दों में दिलचस्पी लेती थी.

शादी के बाद भी तानिया में कोई बदलाव नहीं आया था. अकसर वह घर में बिना किसी को बताए घूमनेफिरने या अपने दोस्तों से मिलने निकल जाया करती थी.

तानिया की ऐसी बेजा हरकतों से अकरम परेशान रहने लगा था. उसे यह एहसास होने लगा था कि वह किसी गलत लड़की के चक्कर में पड़ गया है.

अकरम ने तानिया को समझाने की कोशिश की, ‘‘तुम्हारा इस तरह घर से बाहर जाना मुझे बिलकुल पसंद नहीं है. तुम्हें यहां किस चीज की कमी है? तुम घर के काम में हाथ बंटाना भी पसंद नहीं करती हो. तुम्हारा ज्यादातर समय ब्यूटी पार्लर और पार्टी में बीतता है. तुम अब किसी की बीवी बन गई हो, तुम्हें इस बात का एहसास है?’’

‘‘मैं उन लड़कियों में से नहीं हूं, जो पति को ही सबकुछ समझती हैं. मुझे किसी का गुलाम बन कर नहीं जीना है,’’ तानिया अकरम पर भड़क उठी.

तानिया की बातों ने अकरम को हिला कर रख दिया.

अकरम ने तानिया की पिछली जिंदगी के बारे में जानने की सोची. एक दिन उस की मुलाकात एक ऐसे आदमी से हो गई, जो तानिया को बहुत करीब से जानता था. अकरम ने उसे फोन कर एक रेस्टोरेंट में बुलाया.

‘‘मैं तानिया के बारे कुछ बातें जानना चाहता हूं. वह शादी से पहले कैसे रहा करती थी? उस का कितने लड़कों से मेलमिलाप था? सबकुछ,’’ अकरम ने चाय का प्याला बढ़ाते हुए कहा.

उस शख्स ने चाय का घूंट पीते हुए कहना शुरू किया, ‘‘तानिया एडवांस लड़की है. उस के मांबाप ने उसे खुली छूट दे रखी है. वह कहां जाती है, किस से मिलती है, इस से उस के मांबाप को कोई मतलब नहीं है.’’

‘‘तानिया के शादी से पहले भी किसी पराए मर्द से संबंध रहा है क्या?’’ अकरम ने अपना शक जाहिर किया.

‘‘अरे छोडि़ए अकरम साहब, अब वह आप की बीवी है. जैसी भी है, अब वह आप की है. अब यह सब जानने से क्या फायदा?’’ उस ने अकरम की बात को टालते हुए कहा.

‘‘हां, अब तो वह मेरी बीवी है. अब चाहे जैसी भी हो, मुझे तो उसे कबूल करना ही होगा. फिर भी उस की घटिया हरकतों से मैं परेशान रहने लगा हूं. प्लीज, आप मेरा शक दूर कर दें,’’ अकरम ने गुजारिश की.

‘‘जब आप इतनी जिद कर ही रहे हैं, तो मुझे बताना होगा,’’ कुछ देर चुप रहने के बाद उस ने कहना शुरू किया, ‘‘शादी से पहले उस के कई मर्दों से जिस्मानी संबंध थे.

‘‘शादी से पहले संबंध बनाने को वह बुरा नहीं समझती थी. उस ने तो कई बार पेट तक गिरवाया है. मांबाप की एकलौती औलाद होने से उसे पूरी छूट दी गई थी,’’ उस ने तानिया के बारे में सबकुछ सचसच बता दिया.

यह सच सुन कर अकरम के पैरों तले जमीन खिसक गई.

‘‘मैं ने उस लड़की को अपनी बीवी बनाया, जो शादी के पहले से ही अपना जिस्म पराए मर्दों को सौंपती रही थी,’’ अकरम की आवाज में झल्लाहट और अफसोस था. उस शख्स से विदा ले कर अकरम घर आ गया.

अकरम को आज सालेहा याद आ रही थी, जो मासूम हो कर भी मुजरिम समझी गई.

‘मैं ने सालेहा से महज इसलिए शादी करने से मना कर दिया, क्योंकि उस के साथ बलात्कार हुआ था, जबकि इस में उस मासूम की कोई गलती नहीं थी. उस के साथ जबरदस्ती संबंध बनाया गया था, लेकिन तानिया अपनी मरजी से पराए मर्दों को अपना जिस्म सौंपती रही और उसे इस का दुख भी नहीं है. क्या इसे ही तरक्की कहते हैं?

‘सालेहा की समाज में इसलिए इज्जत नहीं रही, क्योंकि उस के साथ बलात्कार हुआ था. लोग उसे हिकारत की नजरों से देखते हैं, क्योंकि उस का कुंआरापन भंग हो गया. मगर शादी से पहले कई मर्दों से संबंध बनाने वाली तानिया समाज में इज्जत से जी रही है.

‘समाज का यह कैसा नजरिया है? आखिर समाज सालेहा जैसी हादसे की शिकार मासूम लड़की को क्यों नहीं स्वीकारता?’

अकरम को सालेहा से शादी न करने का अफसोस हो रहा था. वह आज खुद को ठगा सा महसूस कर रहा था.    Rape Survivor Story

-मो. अफजल

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...