Story: होली का दिन था, लेकिन मेहुल को नम्रता के चेहरे पर कोई खुशी नजर नहीं आ रही थी, जबकि ससुराल में यह उस की पहली होली थी.

‘एक तो वैसे ही इस होली पर मेरा अजीज दोस्त शरत संग नहीं होगा, ऊपर से नम्रता का यह बुझाबुझा सा चेहरा. शरत से तो अब खैर मैं कभी कोई वास्ता नहीं रखूंगा, लेकिन नम्रता…’

पूछने पर नम्रता बात को टालने की कोशिश करती रही, लेकिन मेहुल ने तो ठान लिया था कि आज नम्रता से सच उगलवा कर ही रहेगा.

‘‘तुम्हें बताना ही होगा कि आखिर क्यों तुम कभीकभी इतनी उदास हो जाती हो? कुछ खास त्योहारों पर किसी की यादों में खो जाती हो. कौन है वह? क्या मुझ से भी ज्यादा चाहता है वह तुम्हें?’’

‘‘नहींनहीं, आप गलत समझ रहे हैं,’’ नम्रता का पूरा जिस्म कांप उठा, ‘‘दरअसल, मेरी एक बहिन जैसी सहेली थी शबाना…’’

‘‘क्या अब वह इस दुनिया…’’

‘‘नहींनहीं, आप फिर गलत समझ रहे हैं. उसे मेरी भी उम्र लग जाए… स्कूल से कालेज तक हम में दांतकाटी दोस्ती थी. होली, दीवाली, दशहरा, राखी हर त्योहार वह हमारे घर ही मनाती थी. गुझिया व दूसरे पकवान बनाने, पटाके जलाने, रंगगुलाल मलने, हर काम में वह सब से आगे रहती थी.

‘‘उस की अम्मी तो कई बार हंसते हुए कहती थीं कि शबाना तो बस नाम की मुसलिम रह गई है, बाकी उस का रहनसहन और खानपान तो सब हिंदुओं जैसा हो गया है.’’

‘‘तुम भी ईद वगैरह मनाने उस के घर जाती होगी?’’ मेहुल की आवाज में हलकी सी तल्खी आ गई थी, पर नम्रता को इस बात का एहसास नहीं हुआ.

‘‘नहीं. हमारा परिवार ठहरा शुद्ध शाकाहारी ब्राह्मण परिवार. दादी को तो शबाना फूटी आंख नहीं भाती थी. वह तो पापामम्मी का उदार रवैया था, जो वह उसे घर में सहन करती थीं. पर मुझे उस के घर जाने की बिलकुल मनाही थी.

‘‘मम्मी ने यह बात उस की अम्मी को समझा दी थी और उन की भी उदारता देखो कि उन्होंने कभी इसे अहम का मुद्दा बना कर शबाना को हमारे यहां आने से नहीं रोका.’’

मेहुल किसी गंभीर सोच में डूब गया था. उस के भीतर चल रही उथलपुथल से अनजान नम्रता अपनी ही धुन में बोले जा रही थी, ‘‘हमारी शादी में भी पूरे

4 दिन वह हमारे घर ही रुकी रही. मेहंदी से ले कर उबटन, जयमाल तक शादी की हर एक रस्म में वह मेरे आगेपीछे डोलती रही. शादी में आया हर मेहमान हमें दो जिस्म एक जान कह कर तारीफ के पुल बांध रहा था.’’

‘‘फिर कहां गई वह? मैं ने तो इतने महीनों में तुम्हारी जबान पर उस का नाम तक नहीं सुना,’’ मेहुल सबकुछ जानने के लिए बेचैन हो उठा था.

‘‘जबान डरती है उस का नाम लेते. पर दिल की हर धड़कन उस का नाम ले कर ही धड़कती है. शायद हमारे प्यार को जमाने की नजर लग गई थी… शादी में किसी ने शबाना के बारे में पूछा, तो दादी ने उसे सुनाते हुए कह डाला कि आधे से ज्यादा समय तो यहीं घुसी रहती है. अब नम्रता की शादी के बाद तो शायद इस से पीछा छूटे…

‘‘बस, यही शब्द उसे बींध गए. मेरी शादी के बाद उस ने न मेरी ओर रुख किया और न कभी उस घर की ओर. मैं फोन करतेकरते थक गई, पर उस की ओर से कोई जवाब नहीं आया,’’ कहतेकहते नम्रता सुबकने लगी थी.

‘‘नम्रता, तैयार हो जाओ. ससुराल में यह तुम्हारी पहली होली है. इस मौके पर मैं तुम्हें एक नायाब तोहफा दे रहा हूं,’’ मेहुल बहुत उत्साहित हो रहा था.

‘‘नहीं, मुझे कुछ नहीं चाहिए, सबकुछ तो है मेरे पास,’’ नम्रता ने जबरन फीकी मुसकान बिखेरनी चाही. पर सच तो यह था कि आज उसे शबाना बहुत याद आ रही थी. लेकिन मेहुल उसे जबरन संग ले जा कर ही माना.

एक घर के बाहर जा कर मेहुल ने घंटी बजा दी. दरवाजा शरत ने खोला. एक पल को उन्हें देख वह अचकचाया और फिर मेहुल के गले लग गया.

‘‘मेरे यार, तू ने मुझे माफ कर दिया. मैं आज कितना खुश हूं,’’ नम्रता कुछ समझने की कोशिश करती, इस से पहले ही अंदर से शबाना आती दिखी.

नम्रता बांहें फैला कर उस की ओर लपकी. एक पल को तो शबाना भी सबकुछ भूल गई और दोनों सहेलियां गले मिल कर फफक उठीं.

‘‘यह है तुम्हारा तोहफा… पसंद आया?’’ मेहुल ने पूछा.

‘‘हां, पर?’’ नम्रता कुछकुछ समझ रही थी, पर बहुतकुछ अब भी उस की समझ से परे था.

‘‘यह मेरा दोस्त शरत है. हमारी शादी में मैं ने तुम्हें इस से मिलवाया था. बाद में इस ने शबाना से शादी कर ली. मैं भी तुम्हारी दादी की तरह थोड़ा रूढि़वादी हूं. एक तो अजीज दोस्त को बिना कुछ बताए सीधे शादी की खबर और वह भी एक मुसलिम लड़की से.

‘‘मैं ने एक झटके से उस से सब संबंध तोड़ लिए. फोन, चिट्ठी किसी का जवाब नहीं दिया. अब जब तुम्हारी कहानी सुनी, तो मुझे शरत की हालत और उस के दुख का एहसास हुआ.

‘‘घटनाओं की कड़ी से कड़ी मिलाई, तो अपनी गलती साफ नजर आई. हमारी शादी में मेरा दोस्त शरत और तुम्हारी सहेली शबाना करीब आए होंगे. तुम्हारी ओर से टूटे दिल को शरत ने सहारा दिया होगा. फिर दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली.

‘‘घरपरिवार से ठुकराए दोस्त को सहारा और हौसला देने के बजाय मैं ने भी उसे ठुकरा कर कितनी बड़ी गलती की, यह अब समझ आया. तुम्हारे चेहरे पर मुसकराहट लाने और अपनी गलती सुधारने का यह रंगों भरा त्योहार मुझे सब से अच्छा मौका लगा,’’ कहते हुए मेहुल ने पास रखी तश्तरी से गुलाल उठा कर नम्रता के गालों पर मल दिया.

शबाना भाग कर अंदर से ढेर सारे पकवान, मिठाई वगैरह ले आई.

नम्रता की ओर गुझिया की प्लेट बढ़ाते हुए शबाना भावुक हो उठी, ‘‘मुझे माफ कर दो नम्रता. मैं कुछ ज्यादा ही कठोर हो गई थी.’’

‘‘हां, बिलकुल इस गुझिया की तरह,’’ गुझिया तोड़ते हुए नम्रता मुसकरा उठी, ‘‘बाहर से सख्त, अंदर से नरम.’’

दिलों के मिलन के संग होली के रंग भी खिल उठे थे. Story

-संगीता

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...