Smriti Pawan: भोजपुरी सिनेमा की अभिनेत्री स्मृति सिन्हा ने हाल ही में ‘अभय के पॉडकास्ट’ में दिए अपने एक इंटरव्यू से इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है।
इस पॉडकास्ट में उन्होंने बिना किसी का नाम लिए भोजपुरी के कलाकारों की शराब की लत और महिलाओं के प्रति उनके रवैये पर ऐसी बात बोल दी, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। इंटरव्यू के दौरान जब एंकर अभय ने स्मृति सिन्हा से सवाल किया कि “ नार्थ इंडिया के कलाकार या बाहरी एक्टर्स की पहली पसंद भोजपुरी इंडस्ट्री क्यों नहीं बनती?”
इस सवाल का जवाब देते हुए स्मृति सिन्हा ने कहा कि “यहां के एक्टर्स खुद को ‘फलाना स्टार‘, ‘ढिमकाना स्टार‘ कहते हैं। ये महीने के 25 दिन दारू पीकर टुल रहते हैं। इनको अपनी मां के अलावा हर लड़की बिना कपड़ों की दिखती है। आए दिन इनके वीडियोज वायरल होते है, जो लोग आज इस इंडस्ट्री को रिप्रेजेंट कर रहे हैं, उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां समझी ही नहीं। जब अंदर इतनी गंदगी होगी, तो बाहर से देखने वालों को यही गंदगी दिखेगी।”
स्मृति का यह बयान उन बड़े कलाकारों पर निशाना साधता है जो खुद को भोजपुरी सिनेमा का चेहरा मानते हैं, लेकिन उनके आचरण ने इंडस्ट्री की साख को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि स्मृति सिन्हा ने अपने पूरे बयान में किसी भी स्टार का नाम नहीं लिया, लेकिन पॉडकास्ट का यह क्लिप वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कयासों का दौर शुरू हो गया।
स्मृति के इस बयान के बाद पावरस्टार पवन सिंह के फैंस सोशल मीडिया पर काफी आक्रामक हो गए हैं और स्मृति सिन्हा को ट्रोल कर रहे हैं। स्मृति सिन्हा और पवन सिंह के बीच कई प्रोजेक्ट्स को लेकर मतभेदों की खबरें मीडिया में रही हैं। इसके अलावा, पवन सिंह की निजी जिंदगी, शादियों और विवादों को लेकर अक्सर मीडिया में खबरें आती रही हैं। इसी के कारण फैंस को लगा कि यह इशारा पवन सिंह की ओर है।
स्मृति का इशारा भोजपुरी सिनेमा के समूचे ‘सुपरस्टार कल्चर‘ और ‘मेल डॉमिनेंस‘ पर था, जहां कुछ कलाकार अपनी जिम्मेदारियों से भटक चुके हैं और सेट का माहौल खराब करते हैं। स्मृति सिन्हा का यह बयान किसी एक स्टार के खिलाफ व्यक्तिगत भड़ास से ज्यादा भोजपुरी सिनेमा की अंदरूनी कमियों पर एक ‘वेक-अप कॉल’ है। सोशल मीडिया पर फैंस इसे अपने पसंदीदा स्टार पवन सिंह से जोड़कर देख रहे हैं.




