Pakhi Nirahua: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की पर्सनल लाइफ एक बार फिर चर्चा में आ गई है। रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में इस बार ऐसा खुलासा हुआ, जिसने न सिर्फ दर्शकों को हैरान कर दिया, बल्कि शो में मौजूद आम्रपाली दूबे को भी चौंका दिया।
दरअसल, शो में पत्रकार शुभंकर मिश्रा ने भोजपुरी एक्ट्रेस पाखी हेगड़े से उनके और निरहुआ के पुराने रिश्ते को लेकर सवाल किया। शुभंकर ने पूछा कि क्या निरहुआ के साथ उनका रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल था? इस पर पाखी ने साफ कहा कि उनका रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं था। उन्होंने कहा, “पर्सनल भी था, इट वाज मोर दैन फ्रैंडशिप।”
इसके बाद शुभंकर मिश्रा ने पाखी से पूछा कि क्या कभी निरहुआ ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था? सवाल सुनते ही पाखी हेगड़े भावुक हो गईं। उनकी आंखों में नमी देखकर शुभंकर ने कहा कि “आपकी आंखें बहुत कुछ बोल रही हैं।” इस पर पाखी ने हामी भरते हुए बताया कि हां, निरहुआ ने उन्हें शादी के लिए कहा था।
पाखी का यह जवाब सुनकर वहां बैठीं आम्रपाली दूबे भी हैरान रह गईं और उनके मुंह से निकल पड़ा, “सीरियसली?” तभी निरहुआ भी वहां पहुंच जाते हैं और पाखी हेगड़े को गले लगा लेते हैं।
इसके बाद शुभंकर मिश्रा सीधे निरहुआ से सवाल करते हैं कि पाखी बता रही हैं कि एक जमाने में आप दोनों के बीच प्यार था और आपने उन्हें शादी के लिए भी कहा था। यह सवाल सुनते ही निरहुआ कुछ पल के लिए हैरान नजर आते हैं और बिना कोई सीधा जवाब दिए पानी पीने लगते हैं।
शो का यह पूरा पल अब दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। आखिर निरहुआ और पाखी हेगड़े के रिश्ते की सच्चाई क्या थी? क्या दोनों वाकई शादी करने वाले थे? और इस पूरे खुलासे पर आम्रपाली दूबे का क्या रिएक्शन होगा? इन सवालों के जवाब आने वाले एपिसोड में और दिलचस्प हो सकते हैं।




