IPL 2026. इस बार के इंडियन प्रीमियर लीग में ‘न्यू बोर्न बेबी’ वैभव सूर्यवंशी ने अपनी धाकड़ बल्लेबाजी से पूरी लाइमलाइट बटोर ली थी, पर विराट कोहली को ऐसे ही ‘किंग’ नहीं कहते हैं. ‘बड़े मुकाबलों में ‘किंग कोहली’ का बल्ला बोलता है’ ऐसे ही नहीं कहा जाता, तभी तो उन की 75 रनों की नाबाद पारी से इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के फाइनल मुकाबले में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हरा कर दूसरी बार खिताब जीत लिया.

गुजरात टाइटन्स की पहले बल्लेबाजी

इस मैच में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टौस जीत कर गुजरात टाइटन्स को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था, लेकिन उस की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ‘क्वालिफायर टू’ में राजस्थान रौयल्स के खिलाफ गुजरात टाइटन्स को जिताने वाले कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस बार अपनी बल्लेबाजी से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए.

विपक्षी टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने तीसरे ओवर में शुभमन गिल का विकेट लिया, जबकि चौथे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने साई सुदर्शन को आउट कर दिया. शुभमन गिल ने 10 और साई सुदर्शन ने महज 12 रन बनाए थे.

फाइनल मुकाबले में 2 विकेट जल्दी गिरने का असर गुजरात टाइटन्स की शुरुआत पर साफ दिखाई दिया, क्योंकि यह टीम पावरप्ले में 2 विकेट गंवा कर 45 रन ही बना पाई थी.

इस के बाद बल्लेबाज जोस बटलर ने निशांत संधू के साथ मिल कर गुजरात टाइटन्स को संभालने की कोशिश की, पर 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर रसिख सलाम ने निशांत संधू को आउट कर दिया. उन्होंने 18 गेंद में 20 रन ही बनाए.

3 विकेटों के जल्दी गिरने के दबाव में जोस बटलर भी 13वें ओवर में स्पिन गेंदबाज क्रुणाल पंड्या का शिकार बने. तब गुजरात टाइटन्स का स्कोर महज 73 रन था. जोस बटलर 23 गेंद में 19 रन ही बना पाए थे.

इस फाइनल मुकाबले में रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटन्स पर लगातार दबाव बनाए रखा. नतीजतन, गुजरात टाइटन्स ने अपने पहले 5 विकेट 99 रन पर ही गंवा दिए.

हालांकि, बल्लेबाज वाशिंगटन सुंदर ने 37 गेंद में 50 रन की अच्छी पारी खेली और 20 ओवर में गुजरात टाइटन्स के स्कोर को 155 रन तक पहुंचाया.

रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की ओर से गेंदबाज रसिख सलाम डार ने 3 विकेट लिए. वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के हिस्से में 2-2 विकेट आए.

विराट कोहली का जलवा

156 रन के टारगेट का पीछा करते हुए रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु की शुरुआत जोरदार रही. गुजरात टाइटन्स के गेंदबाज कगिसो रबाडा के पहले ओवर में बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने 18 रन बटोरे. इस तरह पहले 2 ओवर बाद ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर बिना किसी नुकसान के 23 रन हो गया था.

पारी के तीसरे ओवर में विराट कोहली ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ 2 चौके मारे, जबकि चौथे ओवर में उन्होंने कगिसो रबाडा को 3 चौके और एक छक्का जड़ा. इस से पहले 4 ओवर में ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर 50 के पार पहुंच गया था.

इस के बाद मोहम्मद सिराज ने 5वें ओवर में वेंकटेश अय्यर का विकेट लिया. लेकिन तब तक उन्होंने 16 गेंद में 32 रन की तेज पारी खेल कर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिला दी थी.

इस के बाद कसिगो रबाडा ने जल्दी ही बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को पवेलियन वापस भेज दिया था. उन्होंने महज एक रन ही बनाया था.

इस बीच पावरप्ले में ही रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु का स्कोर 70 रन पहुंच गया था. लेकिन इस के बाद 9 ओवर की दूसरी गेंद पर स्पिनर राशिद खान ने रजत पाटीदार को आउट कर दिया. उन्होंने 15 रन ही बनाए थे. उसी ओवर में राशिद खान ने क्रुणाल पंड्या का विकेट भी ले लिया था.

इस सब के बावजूद विराट कोहली और टिम डेविड के बीच 5वें विकेट के लिए 41 रन की पार्टनरशिप हुई. हालांकि, 132 के स्कोर पर टिम डेविड आउट हो गए. उन्होंने 17 गेंद में 24 रन की छोटी, पर अच्छी पारी खेली थी.

पर विराट कोहली आखिर तक टिके रहे और उन्होंने नाबाद 75 रन बनाए और अपनी टीम को चैंपियनशिप ट्रॉफी भी दिलाई.

याद रहे कि रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु ने पिछले साल भी आईपीएल का खिताब जीता था, जबकि गुजरात टाइटन्स ने साल 2022 में यानी आईपीएल के अपने पहले ही सीजन में ट्रॉफी अपने नाम की थी.

इस बार की विजेता टीम रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु को 20 करोड़ रुपए इनाम के तौर पर मिले, जबकि उपविजेता रही गुजरात टाइटन्स के हिस्से में साढ़े 12 करोड़ रुपए आए. तीसरे नंबर की टीम राजस्थान रौयल्स को 7 करोड़ रुपए मिले और चौथे नंबर की टीम सनराइजर्स हैदराबाद को साढ़े 6 करोड़ रुपए मिले. इस तरह जो टीम जितने नंबर पर रही, उसे उसी हिसाब से तय रकम मिली.

—–

सूरज की तरह चमका वैभव सूर्यवंशी

बिहार से ताल्लुक रखने वाले महज 15 साल के ‘बबलू’ (कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों द्वारा प्यार से दिया गया नाम) यानी वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से तमाम क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया. नएपुराने क्रिकेट खिलाड़ियों ने भी इस बच्चे की जम कर तारीफ की. हो भी क्यों न, वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से यह आईपीएल जो अपने नाम कर लिया था. उन्होंने मौजूदा आईपीएल में अपनी टीम राजस्थान रौयल्स के लिए कुलमिला कर 776 रन बनाए और वह भी 237 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ.

इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान 72 छक्के लगाए और वैस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के एक आईपीएल सीजन में सब से ज्यादा छक्के लगाने का रिकौर्ड अपने नाम किया. क्रिस गेल ने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे.

यही वजह है कि भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे सचिन तेंदुलकर ने छोटे फौर्मैट वाले क्रिकेट की सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी को ‘वाकई बेहद खास’ बताया और कहा कि किसी को भी उस के (वैभव) स्वाभाविक खेल स्टाइल के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए.

इस आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी को जो 5 खिताब मिले, वे इस तरह हैं :

‘इलैक्ट्रिक सुपर स्ट्राइकर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सब से अच्छी स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए यह अवार्ड अपने नाम किया. इस अवार्ड के लिए उन्हीं बल्लेबाजों को शौर्ट लिस्ट किया गया था, जिन्होंने कम से कम 7 मैच खेले और 100 गेंदों का सामना किया. वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में 237.30 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. उन के बाद फिन एलन (214.11), प्रियांश आर्य (211.62) और अभिषेक शर्मा (204.72) का नंबर रहा. वैभव को इनाम के तौर पर टाटा सियारा कार दी गई.

‘सब से ज्यादा छक्कों के लिए अवार्ड’. वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में 72 छक्के जड़े और आईपीएल के एक सीजन में सब से ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बने. इस सीजन में सब से ज्यादा छक्के लगाने के लिए उन्हें 10 लाख रुपए की प्राइज मनी मिली. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने 43 छक्के लगाए. वहीं रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने 41 छक्के लगाए.

‘इमर्जिंग प्लेयर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी को ‘इमर्जिंग प्लेयर औफ द सीजन’ भी चुना गया. इस अवार्ड के लिए उन्हीं खिलाड़ियों को शौर्ट लिस्ट किया गया था, जिन का जन्म 1 अप्रैल, 2000 के बाद हुआ हो, जिन्होंने इस सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मैच खेले हों और जिन्होंने अब तक इंटरनैशनल क्रिकेट नहीं खेला हो. प्रियांश आर्य और प्रिंस यादव जैसे नौजवान खिलाड़ी भी इस रेस में थे, लेकिन वैभव सब से आगे निकले.

‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 का सब से बड़ा व्यक्तिगत सम्मान भी मिला. उन्होंने ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर औफ द सीजन’ अवार्ड जीता. वैभव के कुल 436.5 पौइंट्स रहे. वहीं गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा दूसरे नंबर पर रहे. इस अवार्ड के तहत वैभव को 15 लाख रुपए मिले.

‘औरेंज कैप’. वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बना कर आईपीएल 2026 में औरेंज कैप भी अपने नाम की. उन के बाद गुजरात टाइटन्स के स्टार खिलाड़ियों शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) रहे. औरेंज कैप के साथसाथ वैभव को सब से ज्यादा रन बनाने के लिए 10 लाख रुपए की प्राइज मनी भी मिली.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...