⚲

Readers Problem: मेरा बौयफ्रैंड मुझे चीट कर रहा है

Readers Problem: मैं अपने बौयफ्रैंड से बहुत प्यार करती हूं, लेकिन हाल ही में उस की जिंदगी में एक और लड़की आ गई है. वह उस से ज्यादा बात करने लगा है और  दूरी बनाने लगा है. मैं अंदर से टूट रही हूं. मैं क्या करूं?

आप का टूटना स्वाभाविक है, क्योंकि यह सिर्फ किसी इंसान को खोने का डर नहीं, बल्कि अपनी जगह छिनते जाने का दर्द है. जब हम किसी से सच्चा प्यार करते हैं और अचानक महसूस होता है कि उस की जिंदगी में कोई और अहम होने लगा है तो आत्मसम्मान, सुरक्षा और भविष्य तीनों एकसाथ हिल जाते हैं. इस दर्द में खुद को कमजोर या दोषी ठहराना ठीक नहीं है.

 यह  जरूरी है कि प्यार में तीसरे व्यक्ति का आना संयोग नहीं, बल्कि संकेत होता है. यह संकेत इस बात का कि आप का बौयफ्रैंड या तो भ्रम में है या भावनात्मक रूप से स्पष्ट नहीं या फिर आप के रिश्ते को ले कर उतना गंभीर नहीं रहा. उस की दूरी आप की कमी का प्रमाण नहीं है. किसी और से ज्यादा बात करना और आप से कटते जाना उस के चुनाव हैं, आप की असफलता नहीं.

ऐसे समय में खुद को तोड़ कर, चुपचाप सब सह लेना प्रेम नहीं होता. शांत और स्पष्ट शब्दों में उस से बात करना जरूरी है आरोप नहीं, लेकिन सच्चाई के साथ. यह जानना आप का अधिकार है कि वह क्या चाहता है और आप उस के जीवन में कहां खड़ी हैं. अगर वह टालता है, भ्रम में रखता है या आप को ओवरथिंकिंग कह कर चुप कराना चाहता है तो यह भावनात्मक लापरवाही है.

सब से कठिन, लेकिन सब से जरूरी बात खुद को पकड़ कर रखना. जिस रिश्ते में आप रोज टूट रही हैं, वहां सिर्फ प्यार के नाम पर ठहरना धीरेधीरे आप को खो देगा. प्यार वह नहीं होता जिस में आप को बारबार अपनी अहमियत साबित करनी पड़े. अगर वह सच में आप का है तो वह आप को असुरक्षा में नहीं छोड़ेगा और अगर नहीं तो खुद को बचा कर निकलना हार नहीं, आत्मसम्मान की जीत है.

आप अभी दर्द में हैं, इसलिए साफ सोचना मुश्किल है लेकिन याद रखिए आप किसी की औप्शन बनने के लिए नहीं, बल्कि किसी की चौइस बनने के लायक हैं.

मैं 25 साल की युवती हूं और मेरा बौयफ्रैंड मुझ से शादी का वादा करता है, लेकिन जब भी मैं घरवालों से बात करने की बात करती हूं तो वह टाल देता है. वह कहता है कि अभी सही समय नहीं है. मुझे डर लगता है कि कहीं वह टाइम पास तो नहीं कर रहा. मुझे क्या फैसला लेना चाहिए.

हम आप की परेशानी समझ रहे हैं. भविष्य को ले कर अनिश्चिता होना बहुत चिंता देता है. केवल वादा करना और सच में कदम उठाना-दोनों अलग बातें हैं. आप को उन से साफसाफ पूछना चाहिए कि वे शादी के बारे में कब और कैसे आगे बढ़ना चाहते हैं. उन से एक तय समय पूछें और जानें कि वे क्या तैयारी कर रहे हैं.

अगर वे ईमानदारी से अपनी वजह बताते हैं और सच में कुछ कदम उठाने को तैयार हैं तो थोड़ा इंतजार करना ठीक हो सकता है. लेकिन अगर वे हर बार बहाना बनाते हैँ और कोई साफ जवाब नहीं देते तो आप को अपने आत्मसम्मान और भविष्य के बारे में सोचना चाहिए. किसी भी रिश्ते में साफ बात और सच्ची नीयत बहुत जरूरी होती है.   

कहीं आप भी तो टॉक्सिक रिश्ते में नहीं है, इन 7 संकेतों से करें पहचान

रिश्‍तों में उतार-चढ़ाव आना कौमन बात है, लेकिन जब रिश्‍ते निराशा और दुख देने लगे, तो यह टॉक्सिक रिलेशनशिप बन जाता है. टॉक्सिक रिश्ता आपको भावनात्‍मक रूप से नुकसान पहुंचाता है. ऐसे रिलेशनशिप किसी हादसे के लिए भी जिम्‍मेदार हो सकते है. टॉक्सिक रिलेशनशिप में व्‍यक्ति खुद को डरा हुआ या कमजोर महसूस करता है. उसे हर चीज में नकारात्‍मकता ही नजर आती है. जो व्‍यक्ति ऐसा महसूस करते हैं उन्‍हें कुछ संकेतों पर ध्‍यान देना चाहिए ताकि किसी बड़ी समस्‍या से आप बच सकते हैं. इन संकेतों से आप पता कर पाएंगे कि आपका रिश्ता टॉक्सिक है या नहीं?

हमेशा बुराई करना

आपका पार्टनर लगातार आपको नीचा दिखाता है या आपकी बुराई करता है या आपकी उपस्थिति, क्षमताओं या निर्णयों की आलोचना करता है और आपके आत्मसम्मान को लगातार कम करने की कोशिश करता है. तो आप एक टॉक्सिक रिलेशनशिप में जा रहे हैं.

भरोसा न होना

आपका पार्टनर कम विश्वास करने लगता है. जलन और रोजाना नए आरोप लगता है. बिना बताएं आपका पार्टनर आपका फोन, ईमेल और बाकी सोशल मीडिया हैंडेल चेक करता हो. उसे आपके हर अगले कदम पर एक शक बना रहता है.

इमोशनल एंड फिजिकल एब्यूज

रिलेशनशिप में मार-पिटाई होना यह बिल्कुल साफ करता है कि आप एक टॉक्सिक रिश्ते में है लेकिन, इमोशनल एब्यूज भी यह दिखाता है कि रिश्ता खत्म होने का कगार पर पहुंच चुका है. इसमें पार्टनर को लगातार नीचा दिखाना, अपमान करना, धमकी देना, ऐसे बर्ताव जिससे आपको दुख पहुंचता हो.

पार्टनर पर कंट्रोल करना और चालाकी करना

आपका पार्टनर आपके कामों को कंट्रोल करने की कोशिश करता है, आपको दोस्तों और परिवार से अलग रखता है. आपको क्या पसंद है वह भी वही तय करता है या फिर आप पर हद से ज्यादा हक बनाए रखने के लिए गिल्ट-ट्रिपिंग जैसी चालाकियों को आपके साथ करता है.

दूसरों संग कैसा है बर्ताव

इस बात पर ध्यान दें कि आपका साथी दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करता है, जैसे कि दोस्त, परिवार या उसके साथ काम करने वाले. यदि वे लगातार दूसरों को नीचा दिखाते हैं, उनका अनादर करते हैं या उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं. तो यह संकेत हैं कि उनका बर्ताव टॉक्सिक है.

गलत छवि बनाना

यदि आपका पार्टनर अपने परिवार और दोस्तों के बीच आपकी गलत इमेज बनाता है. साथ ही यह दिखाता है कि आपको न तो रिश्ते की कदर है न उसकी. तो आपको इस बारे में जरूर सोचना चाहिए.

हमेशा ड्रामा करना

अगर आपका पार्टनर हर किसी बात को लेकर लड़ाई करता है. छोटी सी छोटी बात को बहुत बड़ा बना देता. तो इससे यह साबित होता है कि वह न तो खुद खुश रह सकता है और न वो आपको रख सकता है.

जल्द लें फैसला

इन तमाम बिंदुओं में कही बातें अगर आपके और आपके पार्टनर से मिलती-जुलती हैं तो आपको या तो आराम से रिश्ते में सुधार को लेकर बात करनी चाहिए है या फिर सबकुछ भूलकर जिंदगी में आगे बढ़ जाएं.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें