⚲

Politics : आईना – ‘दिमागी नक्सल’ का सवाल और लोकतंत्र की आजादी

Politics. ‘नक्सल’ शब्द सुनते ही आज हमारे सामने बंदूक, जंगल और हिंसा की तसवीर आ जाती है, लेकिन ‘नक्सल’ शब्द की शुरुआत बंदूक से नहीं हुई थी. इस की शुरुआत जमीन, किसान और अधिकार के सवाल से हुई थी.

1967 में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिग जिले के नक्सलबाड़ी इलाके में किसानों का आंदोलन खड़ा हुआ. जमीन पर अधिकार, बंटाईदार किसानों के हक और जमींदारों के शोषण के खिलाफ किसानों में गुस्सा था. इन लोगों को कम्युनिस्टों ने सही रास्ता बताया पर वह रास्ता पुराणों से हो कर मंदिरों के बीच से नहीं गुजरना था. इसी आंदोलन के नाम पर आगे चल कर ‘नक्सल’ शब्द प्रचलित हुआ.

उस समय किसान का सवाल सीधा था कि जिस जमीन पर हम मेहनत करते हैं, उस पर हमारा हक क्यों नहीं? गरीब किसान और खेत मजदूर शोषण क्यों सहें? हमारी शिकायत कौन सुनेगा?

इन सवालों को समझना जरूरी है, क्योंकि किसी आंदोलन के पैदा होने की सामाजिक वजह समझना और बाद में उस के नाम पर हुई हिंसा का समर्थन करना एक बात नहीं है.

नक्सलबाड़ी आंदोलन के बाद नक्सल आंदोलन का एक हिस्सा धीरेधीरे हथियारबंद माओवादी राजनीति की ओर चला गया.  ठीक वैसे ही जैसे ब्राह्मण द्रोणाचार्य ने शूद्र एकलव्य से हथियार छीना था, कांग्रेस की तब की पौराणिकवादी सरकार ने पाखंड को हथियार बनाया पर वह कामयाब नहीं हुआ.

किसान मजदूर ने बंदूक, हत्या, विस्फोट और हिंसा को संघर्ष का रास्ता बनाया. यहां से मामला बदल गया. लोकतांत्रिक समाज में किसी की हत्या करना, अपहरण करना, विस्फोट करना या बंदूक के बल पर व्यवस्था बदलने की कोशिश करना स्वीकार नहीं किया जा सकता पर तब की सरकार जमींदारों को खुश करने में लगी थी क्योंकि वही लगान वसूल करते थे और गांवों को गरीब रखते थे ताकि कलकत्ता (अब कोलकाता) की फैक्टरियों को सस्ते मजदूर मिलते रहें.

लेकिन सवाल फिर भी बचता है, आखिर लोग नक्सल क्यों बनते हैं?

हर किसी के नक्सल बनने की वजह एकजैसी नहीं होती. कहीं जमीन का विवाद है, कहीं आदिवासियों का विस्थापन, कहीं जंगल और प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार का सवाल, कहीं गरीबी और बेरोजगारी, कहीं प्रशासन की अनदेखी और कहीं स्थानीय शोषण.

जब किसी आदमी को लगातार यह महसूस होने लगे कि उस की बात कोई नहीं सुन रहा, इंसाफ मिलने का रास्ता बंद है और व्यवस्था ताकतवर लोगों के पक्ष में खड़ी है, तो उस के भीतर व्यवस्था के खिलाफ गुस्सा पैदा होता है. अगर उस गुस्से को लोकतांत्रिक रास्ता नहीं मिलता और हिंसक संगठन उसे अपने पक्ष में मोड़ लेते हैं, तो कुछ लोग हथियारबंद राजनीति की ओर चले जाते हैं.

इस का मतलब यह बिलकुल नहीं है कि हिंसा जायज हो जाती है. अन्याय का कारण सम?ाना और हिंसा का समर्थन करना 2 अलग बातें हैं.

किसी किसान की जमीन का सवाल है तो उस की बात सुनी जानी चाहिए. किसी आदिवासी के विस्थापन का सवाल है तो उस के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए. किसी गरीब को न्याय नहीं मिल रहा है तो उसे न्याय मिलना चाहिए. गांव में स्कूल, अस्पताल, सड़क और रोजगार नहीं है तो सरकार से सवाल होना चाहिए. लेकिन बंदूक उठाना इस का लोकतांत्रिक समाधान नहीं हो सकता.

यहीं से आज के ‘दिमागी नक्सल’ वाले सवाल को सम?ाना जरूरी है.

अगर कोई शख्स जमींदार के जुल्म के खिलाफ खड़ा हुआ था, तो क्या वह देश का दुश्मन था? अगर कोई किसान अपनी जमीन और मेहनत का हक मांगता है तो क्या वह देश का दुश्मन है? अगर कोई मजदूर शोषण के खिलाफ आवाज उठाता है तो क्या वह देश का दुश्मन है? और अगर आज कोई नागरिक सरकार की किसी नीति पर सवाल उठाता है तो क्या वह भी ‘दिमागी नक्सल’ हो गया?

यहीं असली बहस है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से ‘दिमागी नक्सल’ जैसा शब्द इस्तेमाल किया. लालकिले से कही गई बात को सामान्य राजनीतिक बयान मान कर छोड़ देना आसान नहीं है. प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च राजनीतिक पद पर हैं, इसलिए यह पूछना जरूरी है कि आखिर ‘दिमागी नक्सल’ से उन का मतलब किन लोगों से है?

अगर इस का मतलब उन लोगों से है जो हिंसक माओवादी गतिविधियों का समर्थन करते हैं, युवाओं को हथियार उठाने के लिए उकसाते हैं या हिंसा के जरीए लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं, तो उन के खिलाफ कानून मौजूद है. कार्रवाई होनी चाहिए.

लेकिन अगर इस शब्द का दायरा इतना बड़ा है कि इस में सरकार की आलोचना करने वाले, आंदोलन करने वाले, पत्रकार, लेखक, विद्यार्थी, शिक्षक या सरकार की नीतियों से असहमत नागरिक भी शामिल हो जाएं, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता की बात होगी, क्योंकि सरकार से सवाल पूछना नागरिक का अपराध नहीं, उस का अधिकार है.

प्रधानमंत्री देश के हैं, लेकिन सरकार देश नहीं है. सरकार आतीजाती है. राजनीतिक दल सत्ता में आते हैं और बाहर जाते हैं. नेता बदलते हैं, लेकिन देश और संविधान किसी एक सरकार या नेता से बहुत बड़े हैं, इसलिए सरकार की आलोचना को देश की आलोचना सम?ाना लोकतंत्र की बुनियादी भावना के खिलाफ है.

आजादी का मतलब केवल इतना नहीं है कि भारत पर किसी विदेशी सत्ता का शासन नहीं है. आजादी का मतलब यह भी है कि भारत का नागरिक अपने मन की बात कह सके, सरकार से सवाल कर सके, किसी नीति का विरोध कर सके, गलत फैसले के खिलाफ आवाज उठा सके और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी असहमति दर्ज करा सके.

अगर नागरिक को यह डर रहने लगे कि सरकार की आलोचना करने पर उसे किसी खतरनाक राजनीतिक विशेषण से पुकार दिया जाएगा, तो फिर आजादी का असली मतलब कमजोर पड़ जाएगा.

हमारे स्वतंत्रता आंदोलन की पूरी कहानी असहमति की कहानी भी है. अंगरेजी शासन के खिलाफ आवाज उठाने वालों को उस समय सत्ता की नजर में विद्रोही कहा जाता था. गांधी ने अंग्रेजी सत्ता का विरोध किया. भगत सिंह ने औपनिवेशिक शासन को चुनौती दी. डाक्टर अंबेडकर ने सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए. ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने सदियों पुरानी सामाजिक रूढि़यों को चुनौती दी.

अगर हर सवाल पूछने वाले को उस समय देश का दुश्मन कह दिया जाता तो क्या भारत आजाद हो पाता?

सवाल यह नहीं है कि हर आंदोलन सही होता है या हर विरोध जायज होता है. सवाल यह है कि गलत आंदोलन को गलत साबित करने का लोकतांत्रिक तरीका क्या है?

अगर हिंसा हुई है तो मुकदमा चलाइए. अगर अपराध हुआ है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई कीजिए. अगर कोई हिंसा के लिए उकसा रहा है तो उस के खिलाफ कार्रवाई कीजिए. अगर किसी ने ?ाठ फैलाया है तो तथ्य सामने रखिए.

लेकिन कोई केवल सरकार से असहमत है, इसलिए उस के माथे पर ‘नक्सल’ का ठप्पा लगा देना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं हो सकता.

आज ‘अर्बन नक्सल’ जैसे शब्द भी सुनने को मिलते हैं. अब ‘दिमागी नक्सल’ सामने आया है. सवाल यह है कि इस की सीमा क्या है? कौन तय करेगा कि कौन ‘दिमागी नक्सल’ है?सरकार? पुलिस? कोई अफसर? कोई राजनीतिक दल? कोई पंडापुजारी या भगवा गमछा पहनने वाला? ‘हिंदू खतरे में है’ का नारा लगाने वाला या फिर कानून और अदालत?

ये सवाल इसलिए जरूरी हैं क्योंकि राजनीतिक विशेषण बहुत जल्दी हथियार बन जाते हैं. आज किसी एक विचार वाले शख्स को एक नाम दिया जाएगा, कल किसी दूसरी सरकार के समय दूसरे विचार वाले लोगों को दूसरा नाम दिया जा सकता है.

सत्ता बदलती रहती है, लेकिन बनाए गए राजनीतिक हथियार रह जाते हैं, इसलिए ऐसी भाषा से सावधान रहना चाहिए. लोकतंत्र में सरकार को आलोचना से डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए. सरकार को जवाब देना चाहिए.

कोई पूछे कि नौकरी कहां है? तो जवाब नौकरी से दीजिए. कोई पूछे कि महंगाई क्यों बढ़ी? तो जवाब आंकड़ों और नीतियों से दीजिए. कोई पूछे कि परीक्षा में गड़बड़ी क्यों हुई?

तो जवाब पारदर्शी जांच से दीजिए. कोई पूछे कि गांव में अस्पताल क्यों नहीं है? तो जवाब अस्पताल बना कर दीजिए. कोई पूछे कि किसान को फसल का उचित मूल्य क्यों नहीं मिल रहा? तो जवाब नीति बना कर दीजिए. कोई पूछे कि गांव में मंदिर बन सकता है तो स्कूल क्यों नहीं? तो जवाब स्कूल बना कर दीजिए. कोई पूछे कि धर्मशाला बन सकती है तो लाइब्रेरी क्यों नहीं? तो जवाब लाइब्रेरी बना कर दीजिए.

सवाल पूछने वाले को ‘दिमागी नक्सल’ कह देने से सवाल खत्म नहीं होगा, बल्कि सवाल पूछने वाला और ज्यादा सवाल करेगा. और करना भी चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में सवाल पूछना नागरिक का अधिकार है.

अब जरा उस शब्द पर लौटिए, ‘दिमागी’. दिमाग से सोचने वाला आदमी अगर सत्ता से सवाल करता है तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? अगर कोई विद्यार्थी पूछता है कि परीक्षा में धांधली क्यों हुई, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई बेरोजगार युवा पूछता है कि नौकरी कहां है, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई किसान अपनी फसल का उचित मूल्य मांगता है, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई पत्रकार सरकारी आंकड़ों पर सवाल उठाता है, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई लेखक सत्ता की नीतियों की आलोचना करता है, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की कमियों पर बोलता है, तो क्या वह ‘दिमागी नक्सल’ है? कोई नागरिक पूछता है कि उस के गांव में सड़क क्यों नहीं बनी, अस्पताल में डाक्टर क्यों नहीं है और स्कूल में शिक्षक क्यों नहीं है, तो क्या वह भी देश के खिलाफ खड़ा माना जाएगा?

अगर इन सवालों का जवाब ‘नहीं’ है तो फिर ‘दिमागी नक्सल’ की साफ सीमा और परिभाषा सामने आनी चाहिए.

दिमागी होना गलत नहीं है. दिमाग बंद कर देना जरूर खतरनाक है. लोकतंत्र को ऐसे नागरिक चाहिए जो सोचें, सवाल करें और गलत को गलत कह सकें.

विचार गलत है तो विचार से जवाब दीजिए. तर्क गलत है तो तर्क से जवाब दीजिए. आरोप गलत है तो तथ्य सामने रखिए. अपराध हुआ है तो कानून कार्रवाई करे. हिंसा हुई है तो कानून कार्रवाई करे. लेकिन असहमति का जवाब ‘दिमागी नक्सल’ का ठप्पा नहीं हो सकता.

नक्सलवाद की समस्या का स्थायी समाधान केवल बंदूक से भी नहीं हो सकता. जहां दशकों तक गरीबी, विस्थापन, शिक्षा की कमी, स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, बेरोजगारी और न्याय तक पहुंच की कठिनाई रहती है, वहां असंतोष पैदा होना स्वाभाविक है.

Politics

हिंसा का विरोध जरूरी है, लेकिन उन हालाल को समझना भी जरूरी है जिन से असंतोष पैदा होता है.

अगर सरकार सचमुच नक्सलवाद को खत्म करना चाहती है तो सुरक्षा अभियान के साथसाथ स्कूल, अस्पताल, सड़क, रोजगार, न्याय और सम्मान भी देना होगा. जायज शिकायतों को सुनना होगा, क्योंकि जिस आदमी को लगता है कि उस की बात सुनने वाला कोई नहीं है, वह किसी ऐसे शख्स की बात सुन सकता है जो उसे व्यवस्था बदलने का सपना दिखा रहा हो.

लोकतंत्र की खूबी यही है कि वह असंतोष को हिंसा में बदलने से पहले आवाज देता है. आंदोलन का अधिकार देता है. संगठन बनाने का अधिकार देता है. चुनाव का रास्ता देता है. अदालत का रास्ता देता है. प्रैस और साहित्य का रास्ता देता है, इसलिए असहमति को जगह देना लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, उस की ताकत है.

आजादी की असली रक्षा केवल सीमा पर खड़ा सैनिक नहीं करता, वह नागरिक भी आजादी की रक्षा करता है जो अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है. वह पत्रकार भी आजादी की रक्षा करता है जो सत्ता से सवाल पूछता है. वह लेखक भी आजादी की रक्षा करता है जो समाज की कमियों पर लिखता है. वह किसान भी आजादी की रक्षा करता है जो अपने हक की मांग करता है. वह विद्यार्थी भी आजादी की रक्षा करता है जो गलत व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाता है, इसलिए हमें तय करना होगा कि हमें कैसा भारत चाहिए.

ऐसा भारत जहां नागरिक केवल सरकार की तारीफ करें या ऐसा भारत जहां नागरिक सरकार से यह भी पूछ सके कि आपने जो वादा किया था, वह पूरा क्यों नहीं हुआ?

मेरे लिए आजादी का मतलब साफ है कि दिमाग को किसी सत्ता के सामने गिरवी न रखना, सवाल पूछने की आजादी, असहमति की आजादी, गलत को गलत कहने की आजादी, नाइंसाफी के खिलाफ खड़े होने की आजादी और सत्ता से जवाब मांगने की आजादी.

अगर कोई बंदूक उठाता है तो कानून अपना काम करे. अगर कोई हिंसा करता है तो कानून अपना काम करे. लेकिन अगर कोई कलम उठाता है, सवाल उठाता है या शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कहता है तो उस के दिमाग को ‘नक्सल’ कह कर खारिज करना लोकतंत्र के हित में नहीं है.

हिंसा का विरोध कीजिए, लेकिन हर असहमति को नक्सल मत बनाइए, क्योंकि सवाल पूछने वाला नागरिक लोकतंत्र का दुश्मन नहीं होता. वह लोकतंत्र का प्रहरी होता है.

देश सरकार से बड़ा है. संविधान किसी एक दल से बड़ा है. लोकतंत्र किसी एक नेता से बड़ा है और भारत किसी एक राजनीतिक विचारधारा से बहुत बड़ा है, इसलिए आज जरूरत ‘दिमागी नक्सल’ खोजने की नहीं, दिमागी आजादी बचाने की है, क्योंकि जिस दिन नागरिक सवाल पूछना छोड़ देगा, उस दिन लोकतंत्र के लिए सब से बड़ा खतरा किसी जंगल में छिपा नक्सली नहीं होगा, बल्कि हमारे भीतर बैठा वह डर होगा जो हमें अपनी ही बात कहने से रोक देगा.

याद रहे कि आजादी का असली मतलब यही है कि दिमाग आजाद रहे और सवाल जिंदा रहें. Politics

News Story: एसआईआर चेतावनी और जानकारी

News Story: देशभर में चल रहा एसआईआर यानी स्पैशल इंटैसिव रिविजन अभियान हर नागरिक के लोकतांत्रिक वजूद से जुड़ा सवाल बन चुका है. इस प्रोसैस को हलके में लेना या ‘देखा जाएगा’ सोच कर टाल देना आने वाले सालों में भारी पड़ सकता है.
 इस कदम का असली इरादा तो सिर्फ सरकार समर्थक लोगों का नाम लिस्ट में रखने का था, पर विरोधी दलों और खासकर राहुल गांधी ने जोरदार बहस छेड़ दी, जिस से चुनाव आयोग भारतीय जनता पार्टी की मनचाही लिस्टें नहीं बनवा पाया. अब लगता है कि भाजपा ने लिस्टों के जरीए चुनाव जीतने का इरादा छोड़ दिया है, क्योंकि बिहार में वोटर लिस्टों में बड़ी गड़बड़ी नहीं कर पाने के बावजूद वह भारी बहुमत से जीत गई.
देश के दूसरे राज्यों में एसआईआर में किस का नाम बना रहे या नहीं रहे, इस से भारतीय जनता पार्टी को फर्क नहीं पड़ता. सब से पहले यह साफ सम?ा लें कि वोटर लिस्ट से नाम कटने का मतलब क्या है?
अगर आप का नाम वोटर लिस्ट से कट गया, तो इस का मतलब सिर्फ यह नहीं है कि आप वोट नहीं डाल पाएंगे, बल्कि इस के असर बहुत दूरगामी होंगे.
नाम कटने के बाद
होने वाली मुश्किलें
* आप किसी भी चुनाव में वोटिंग नहीं कर पाएंगे.
* दोबारा नाम जुड़वाने का प्रोसैस लंबा और थकाऊ होगा.
* कई बार महीनों या 1-2 साल तक नाम नहीं जुड़ता.
* सरकारी योजनाओं में पहचान कमजोर पड़ती है.
* राजनीतिक या प्रशासनिक लैवल पर आप की ‘आवाज’ जीरो हो जाती है.
* कई जगह वोटर आइडैंटिटी कार्ड पहचान दस्तावेज के रूप में मांगा जाता है.
* स्थानीय निकाय चुनाव, पंचायत चुनाव सब से बाहर हो सकते हैं.
* यही नहीं, यह भी मुमकिन है कि कल को नौकरी, जमीन खरीदने, किसी चीज का लाइसैंस लेने, बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए लिस्ट की कौपी सरकार मांगने लगे.
* सरकारी अफसर रिश्वत लेने का इसे बढि़या तरीका बना सकते हैं.
* भाजपा लिस्ट से बाहर कट्टर हिंदुओं के अलावा सब को विदेशी मान ले. आधारकार्ड के मामले में सरकार ऐसा कर चुकी है.


एसआईआर में सब से खतरनाक गलतफहमी बहुत से लोग यह मान रहे हैं कि मेरा आधारकार्ड है, कुछ नहीं होगा. यह सब से बड़ी भूल है, क्योंकि आधारकार्ड नागरिकता या वोटर होने का सुबूत नहीं है. एसआईआर में आधारकार्ड केवल सहायक दस्तावेज है, निर्णायक नहीं. अगर बीएलओ या सत्यापन अधिकारी पूछे, तो आप को क्या बताना है :
* सब से पहले यह कहें (साफ और शांत शब्दों में), ‘‘मैं इस पते पर नियमित रूप से रह रहा हूं या रह रही
हूं और मेरा नाम वोटिंग लिस्ट में बना रहना चाहिए.’’
अगर पूछा जाए कि क्या आप का नाम साल 2003 की लिस्ट में शामिल है? तो घबराएं नहीं, यह जवाब दें, ‘‘मुझे जानकारी नहीं है, लेकिन मैं एसआईआर फार्म भर रहा हूं या भर रही हूं और जरूरी दस्तावेज दे रहा हूं या दे रही हूं.’’ याद रखें कि साल 2003 की लिस्ट में नाम होना या न होना अकेला आधार नहीं है, लेकिन फार्म न भरना सब से बड़ा जोखिम है.


आप को क्याक्या करना जरूरी है
* एसआईआर फार्म भरना ही सब से जरूरी कदम है, चाहे :
* आप का नाम पहले से वोटर लिस्ट में हो.
* आप सालों से वोट डालते आ रहे हों.
* आप के मातापिता वोटर रहे हों.
* अगर फार्म नहीं भरा, तो नाम कटने का खतरा बना रहता है.
दस्तावेज के बारे में साफ सम?ा
अगर अधिकारी दस्तावेज मांगे, तो इन में से जो उपलब्ध है, दें :
* जन्म प्रमाणपत्र.
* स्कूल/शैक्षिक प्रमाणपत्र.
* परिवार रजिस्टर की नकल.
* निवास प्रमाणपत्र.
* पासपोर्ट (अगर हो).
* जाति प्रमाणपत्र
* पुराना वोटर आईडी
एकसाथ सब जरूरी नहीं, लेकिन कम से कम एक मजबूत दस्तावेज
जरूर दें.
अगर अधिकारी आप से सवाल करे, तो कैसे बात करें :
* बहस न करें.
* ऊंची आवाज में बात न करें.
‘आप मेरा नाम काट रहे हो’ जैसे आरोप न लगाएं.
* शांत, तथ्य से भरपूर और लिखित प्रोसैस पर जोर दें.
याद रखें कि आप का बरताव आप की फाइल पर असर डाल सकता है.
सब से खतरनाक गलती जो लोग कर रहे हैं कि अभी नहीं मिला बीएलओ, बाद में देखेंगे. यह ‘बाद में’ ही नाम कटने की वजह बनता है.
अगर घर बंद मिला, आप बाहर थे, फार्म वापस नहीं दिया तो रिकौर्ड में लिखा जा सकता है कि नौट ट्रेसेबल (पता नहीं चल रहा) या फिर इनएक्टिव वोटर (निष्क्रिय मतदाता). और यही शब्द नाम कटने का आधार बन जाता है.


अगर नाम कट गया है तो क्या तुरंत ठीक हो जाएगा? नहीं. वजह :
* दावा या एतराज का प्रोसैस लंबा होता है.
* कई बार अधिकारी उपलब्ध नहीं होते.
* बारबार दफ्तर के चक्कर लग सकते हैं.
* अगला चुनाव निकल सकता है, इसलिए इलाज से बेहतर बचाव ही सम?ादारी है.
एक सीधा और कड़वा सच


लोकतंत्र में आप का वजूद तब तक है जब तक आप का नाम वोटिंग लिस्ट में है. अगर नाम कटा तो आप नागरिक तो रहेंगे, लेकिन फैसला लेने के प्रोसैस से बाहर हो जाएंगे. यह सिर्फ फार्म नहीं, बल्कि आप का अधिकार है.
एसआईआर अभियान को हलके में लेना आत्मघाती है, लोकतांत्रिक माने में. सरकार, आयोग, प्रशासन सब अपनी जगह हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में आप का नाम होने की जिम्मेदारी आखिरकार आप की है.
आज फार्म भरना, दस्तावेज देना और सही जानकारी देना कल की लंबी लड़ाई से आप को बचा सकता है.
वोटर लिस्ट में आप का नाम होना जरूरी है. 

Editorial: मोदी सरकार का मैसेज – वोट का हक भी छीना जा सकता है

Editorial: बिहार में स्पैशल इंटैंसिव रिवीजन (एसआईआर) का मतलब चुनाव सूचियों से विदेशियों को निकालना नहीं है, बल्कि यह जताने के लिए है कि बिहार के या देश के दूसरे राज्यों के मतदाताओं को मालूम रहे कि वोट का हक तो मोदी सरकार का दिया हुआ है, कभी भी वापस लिया जा सकता है.

भारतीय जनता पार्टी आम जनता को यह अहसास कराना चाहती है कि वोट का हक कोई संवैधानिक नहीं है, यह राशन की तरह, मुफ्त बस सेवा की तरह, सरकारी नौकरी की तरह, शौचालय के लिए अनुदान की तरह, सरकारी स्कूल में पढ़ाई की तरह, सरकारी अस्पताल में इलाज की तरह का हक है जो 2014 के बाद दिया गया है और मोदी सरकार चुनाव आयोग के जरीए जब चाहे वापस ले सकती है.

चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अगस्त में हुई प्रैस कौंफ्रैंस में यही कई बार दोहराया और सुप्रीम कोर्ट में बारबार कहा कि कानून से यह हक मिला है और यह कानून मोदी सरकार जब चाहे जैसे चाहे बदल सकती है.

सदियों से देश का गरीब, शूद्र, अछूत, सवर्णों की औरतें उस सामाजिक कानून के कड़े पहरे में रहे जो पंडितों ने अपने लाभ के लिए बनाए और थोपे. इस से पुजारियों, सरकारी आदमियों और सेठोंको तो जम कर फायदा हुआ, पर आम आदमी हमेशा भूखानंगा रहा. बिहार में तो हाल ज्यादा ही बुरा रहा क्योंकि वहां जाति के सहारे धर्म का जहर गंगा में बुरी तरह घुला हुआ है जिस का पानी हर नदीनाले और कुएं में पहुंचा हुआ है.

वोट के हक ने इस जहरीले पानी को फिल्टर करना शुरू किया था पर बिहार सब से अलग अपवाद रहा जहां वोट का हक आम लोगों को जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर के बावजूद पूरी तरह मिल नहीं पाया. इस की एक वजह शायद यह भी थी कि 1757 से 1857 तक ईस्ट इंडिया कंपनी ने बड़ी गिनती में बिहार के ब्राह्मणों को सेना में भरती किया था और उन्हें अपने ही लोगों को बंदूकों से मारने की ट्रेनिंग दी थी. उस से पहले ब्राह्मण खुद हथियार न उठा कर क्षत्रियों या ऊंचे शूद्रों को इस्तेमाल किया करते थे.

अंगरेजों की फौजों से रिटायर हो कर आए लोगों ने गांवों में अंगरेजी रोबदार वाला राज बिना सरकार के थोप दिया जिसे 1950 के संविधान ने छीना था. उस के बाद जो जमीन संघर्ष चला और आज चल रहा है उस में गरीबों के पास बिहार छोड़ कर भागने के लायक कुछ उपाय नहीं बचा था.

चुनाव आयोग अब इस भगौड़ेपन को फिर से तेज करना चाह रहा है और वोट का हक आम अनपढ़ व अछूतों, शूद्रों, सवर्ण व गैर सवर्ण औरतों से छीनने में मंदिर सरकार को सौंपने का काम कर रहा है. जहां एक बार टीएन शेषन ने हरेक को, चाहे कहीं रह रहा हो, वोट का हक दिया था. ज्ञानेश कुमार इसे छीन कर अपनी ‘महान कृपा’ पर ‘प्रसाद’ की तरह बांट रहे हैं. अफसोस यह है कि सुप्रीम कोर्ट इस चोरी पर फिक्र नहीं करता दिख रहा और सिवा राहुल गांधी के कांग्रेस या इंडिया ब्लौक वाले भी इस डर को नहीं समझ रहे.

॥॥॥

यह ठीक है कि हमारे गांवों और कसबों में ही नहीं छोटेबड़े शहरों में किसी भी तरह की गाडि़यां चलाने के नियम कोई मानता नहीं और जो जितना गांव से नया ड्राइवर हो वह उतनी मनमानी करता है पर इस का मतलब यह नहीं है कि पुलिस चालान पर चालान करती रहे. इस समय इलैक्ट्रोनिक चालान ही देश में 34,000 करोड़ रुपए के बकाया हैं जो ज्यादातर सीसीटीवी की फुटेज से किए गए थे.

गांवों की जिंदगी आज भी सीधी है. लोग अभी भी बैलगाड़ी के युग से उबरे नहीं हैं जिस में टक्कर लगे तो कुछ खरोंचें ही आती थीं. जब से पैट्रोलडीजल से चलने वाली गाडि़यां, ट्रक, बसें, ट्रैक्टर और भारी मशीनरी आई है, बैलगाड़ी के नियम नहीं चलते. यह समझाना गांवों के अधपढ़ों को मुश्किल है.

गांव की गली में बीच में कहीं भी बैलगाड़ी खड़ी कर दो कोई कुछ नहीं कहेगा, चलती सड़क पर जहां हर मिनट में 10-20 गाडि़यां गुजर रही हैं, किनारे खड़ी गाडि़यां भी आफत हैं. हर साल छोटी पड़ रही सड़कों पर 2-4 मिनट के लिए गाड़ी किनारे खड़ी करना ट्रैफिक जाम कर सकता है.

इसी तरह बैलगाड़ी की स्पीड बढ़ाना चलाने वाले के हाथ में नहीं, बैल के पैरों में है. लेकिन यही चलाने वाला लाइसैंस को किसी तरह हासिल कर के शहर में गाड़ी चलाने लगता है तो स्पीड का मजा आने लगता है. स्पीड अच्छी बात है क्योंकि तभी तो गाड़ी में ताकत है. पर क्या सड़क उस लायक है? जहां कोई साइकिल वाला या राहगीर बिना देखे सड़क पार करना पैदाइशी हक मानता हो वहां बैलगाड़ी से कोई नुकसान चाहे नहीं हो पर गाड़ी से वह जानलेवा हो सकता है.

34,000 करोड़ के चालान असल में गाडि़यों के लिए आफत हैं क्योंकि बहुत से मामलों में इन का भुगतान तब करना पड़ता है जब गाड़ी बेचनी हो. आज चालानों के तार जुड़े हैं और गाड़ी बेचते समय हजारों रुपए का बिल थमा दिया जाता है. गाड़ी मालिक को पता चलता है कि 10-10 साल पुराने चालान बकाया हैं जो देने पड़ेंगे. बहुत सी पुरानी गाडि़यों की कीमत से ज्यादा चालान ही होते हैं.

कमी उस सरकार में है जो न ड्राइवरों को ट्रेनिंग दे पाती है, न सड़कों को मैनेज कर सकती है. सड़कों के रखरखाव में चूक होने पर पुलिस और कौर्पोरेशनों पर भी उसी तरह चालान ठोंके जाने चाहिए जैसे ड्राइवरों और वाहनों पर थोपे जाते हैं. सड़क के किनारे दुकानों को छूट देने, सड़क में गड्ढे होने पर, सड़कों

पर सही निशान न होने के चालान पुलिस और सड़क अफसरों पर होने चाहिए.

अगर पुलिस और सड़क अफसरों के चालान भी चालानों में शामिल कर लिए जाएं तो लाखोंकरोड़ के हो जाएंगे क्योंकि देश की कोई 5 मील की सड़क ठीक नहीं है. ड्राइवर गलत हैं, माना, पर पुलिस और सड़कों के अफसर कौन से दूध के धुले हैं. Editorial

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें