Hindu Muslim Love Story. आज बड़ी भारी पंचायत होने वाली है. सुना है कि शहर से भी लोग आएंगे पंचायत में. गांव में रहने वाला रहीम गांव के ही गोविंद की बेटी सरोज को भगा ले गया और उस से ब्याह कर लिया. दोनों महीने भर बाद कल ही गांव लौटे हैं.
उन के लौटने की खबर जैसे ही गांव वालों को लगी तो सारे गांव वाले रहीम के घर के सामने जमा हो गए. झगड़ा तो रात में ही हो जाता पर सरपंचजी ने साफ कह दिया कि इस का फैसला पंचायत करेगी तो कोई कुछ नहीं बोला.
गोविंद को तो मानो खून जम गया था, ‘‘बनीबनाई सारी इज्जत इस लड़की ने ठिकाने लगा दी,’’ कहतेकहते उस की आंखों से आंसू बह निकलते.
‘‘जब तू ने लड़की का क्रियाकर्म कर दिया तो अब क्यों आंसू बहा रहा है,’’ दीना ने बोला था गुस्से में.
जैसे ही उस सुबह गोविंद को अपनी बेटी के भाग जाने की जानकारी अपनी पत्नी से मिली थी तो वह सन्न रह गया था.
गोविंद तो गुस्से से पागल हो गया था, ‘‘और कोई नहीं मिला था साथ भागने को…’’
गुस्से में गोविंद ने सुबह अपनी बेटी की अर्थी सजा ली, ‘‘मेरी बेटी तो मर गई. चलो गांव वालो, बाकी चिता पर आग और लगवा दो तो टंटा ही खत्म हो जाए…’’
अर्थी में सरोज के 2-4 कपड़े रख दिए और उस की किताबों को भी रख दिया, ऊपर से सफद चादर ओढ़ा दी.
गोविंद खुद धुआं उगलती माटी की काली हंडिया हाथों में ले कर आगेआगे चलने लगा. 4 लोगों ने अर्थी को अपने कांधे पर उठा लिया श्मशान में उसे आग के हवाले कर दिया गया.
गोविंद को लगा था कि अब सरोज की यादें भी चिता में ही जल जाएंगी पर ऐसा हुआ नहीं. एक ही बेटी थी. कहीं बाहर से गोविंद आता तो बेटी को ही आवाज लगाता, ‘‘सरोज… सरोज… कहां चली गई…’’
अंदर से रामबती निकल आती, ‘‘काहे चिल्ला रहे हो. सरोज तो स्कूल गई है.’’ गोविंद को याद आ जाता, ‘‘अरे हां, अभी तो स्कूल को समय है.’’
सरोज छोटी थी तो गोविंद उसे अपने कांधे पर बिठा कर काम पर जाता. जहां काम करता वहीं पास में उसे बैठा देता और खाने को कुछ दे देता.
सरोज बहुत खूबसूरत लगती थी बालपन से ही. बड़े होने पर उस की खूबसूरती और निखर गई थी.
गोविंद और रामबती दोनों उस पर जान छिड़कते. गांव के स्कूल में गोविंद खुद ही उसे ले कर जाता और दिन में कईकई बार देखने आता कि वह रो तो नहीं रही है. उसे कोई चीज की जरूरत तो नहीं है.
मास्टरजी उसे देखते तो हंस पड़ते, ‘‘अरे, अनोखी बेटी तेरे ही घर में पैदा नहीं हुई है.’’
‘‘क्या करूं गुरुजी. बेटी के बिना तो घर सूनासूना लगता है,’’ गोविंद के चेहरे पर दर्द उभर आता.
मास्टरजी कुछ नहीं बोलते.
‘‘बाबूजी, मैं तो शहर पढ़ने जाऊंगी,’’ गांव के स्कूल में पढ़ाई पूरी हो गई तो सरोज ने अपने पिताजी को साफ बोल दिया था.
गांव में 8वीं तक तो स्कूल था ही. ज्यादातर लड़कियां 8वीं तक पढ़ कर घर के काम में लग जाती थीं. उन की पढ़ाई पूरी मान ली जाती. जल्दी ही उन का ब्याह हो जाता.
गांव में तकरीबन यही परंपरा बन चुकी थी. वैसे तो गांव के कुछ लड़के ही शहर पढ़ने जाते थे. ज्यादातर तो वे भी अपनी पढ़ाई बंद कर देते थे. सरोज आगे पढ़ना चाहती थी.
मास्टरजी ने गोविंद बताया था, ‘‘सरोज पढ़ने में बहुत होशियार है. अगर उसे आगे पढ़ा दिया तो वह बड़ी साहब भी बन सकती है.’’
पर गोविंद का मन बिलकुल नहीं था सरोज को आगे पढ़ाने का, जबकि रामबती चाहती थी कि बेटी ज्यादा पढ़े.
सरोज ने जब अपने बाबूजी की जिद सुनी तो उस ने खानापीना बंद कर दिया. वह मुंह फुला कर कमरे में जा कर बैठ गई.
रात को जब रामबती ने गोविंद के सामने खाने की थाली रखी तो उस की नजरें सरोज को ढूंढ़ने लगीं.
‘‘सरोज ने खाया कुछ?’’ गोविंद ने पूछा. ‘‘नहीं. सुबह से मुंह फुलाए बैठी है.’’
गोविंद ने अपनी थाली खिसका दी, ‘‘रहने दो, मुझे भी भूख नहीं है.’’
रामबती बिफर पड़ी, ‘‘तुम दोनों बापबेटी के नखरों से मैं परेशान हो चुकी हूं. मेरी तो कोई सुनता ही नहीं.’’
‘‘अरे, तो मैं क्या करूं. उसे अकेले शहर जा कर पढ़ने दूं क्या?’’ ‘‘हां, भेज दो उसे शहर.’’
‘‘पर तुम तो जानती हो कि आजकल जमाना कितना खराब है,’’ गोविंद ने कहा.
‘‘किसी के साथ भाग नहीं जाएगी. मैं अपनी बेटी को समझाती हूं,’’ रामबती के चेहरे पर सरोज के प्रति विश्वास के भाव आ गए थे.
‘‘ठीक है, पर वह तभी जाएगी, जब कोई और लड़की साथ पढ़ने जाएगी,’’ गोविंद ने अपना फैसला सुनाया.
सरोज खुश हो गई, पर उसे गांव में कोई लड़की नहीं मिली जो आगे पढ़ने को तैयार हो. रहीम जरूर मिल गया था. मिल क्या गया था उस ने उसे तैयार कर लिया था.
रहीम गांव का अच्छा लड़का माना जाता था और उस का परिवार भी गांव वालों से हिलामिला था.
रहीम की मां का दखल गांव के हर परिवार में था. सभी लोग उन की बहुत इज्जत भी करते थे. सभी के सुखदुख में सब से पहले खड़ी होने वाली रहीम की मां ही थीं, जिन्हें ‘खाला’ कह कर पुकारा जाता था.
रहीम के परिवार में और कोई था भी नहीं. खाला गांव में मजदूरी कर के अपने बेटे को पढ़ा रही थीं. रहीम उन की एकलौती औलाद था, तो उन का सारा प्यार उस पर ही उमड़ता था.
रहीम का साथ मिला तो सरोज का नाम शहर में पढ़ने के लिए लिखा दिया गया.
सरोज और रहीम दोनों सुबह निकल जाते और सांझ ढलते लौटते. जब तक सरोज को स्कूल से साइकिल नहीं मिली तब तक वह रहीम की साइकिल पर पीछे बैठ कर जाती. वैसे तो शहर इतना दूर था भी नहीं. होगा कोई 4-5 किलोमीटर, पर रास्ता तो गांव वाला ही था न. खटरपटर और बहुत ज्यादा धमाचौकड़ी वाला भी नहीं था.
रहीम पूरी जिम्मेदारी से सरोज को ले कर भी जाता और वापस भी ले कर आता. उसे घर पर छोड़ कर फिर अपने घर जाता. कई बार दोनों रात को एकसाथ बैठ कर होमवर्क भी करते.
सरोज और रहीम में दोस्ती बढ़ती जा रही थी और गोविंद और रामबती भी उसे परिवार का ही सदस्य मानने लगे थे. हालांकि, कुछ गांव वालों ने इस का खुल कर विरोध किया भी था, पर बाद में उन्होंने भी कहना बंद कर दिया था.
12वीं में जब सरोज ने टौप किया तो न्यूज वाले भी उस का इंटरव्यू लेने गांव आए थे. गोविंद की छाती गर्व से चौड़ी हो गई थी.
सरोज अब कालेज की पढ़ाई करने लगी थी. गोविंद समझ गया था कि सरोज बहुत पढ़ाकू है, एक दिन वह साहब जरूर बनेगी.
इधर, सरोज के लिए रिश्ते आने शुरू हो चुके थे, पर गोविंद अभी सरोज की शादी नहीं करना चाह रहा था. इस मामले में उसे रामबती का भी साथ मिला.
पर पिछले कुछ समय से गांव वालों को रहीम के साथ सरोज का घूमनाफिरना बुरा लगने लगा था. उन्होंने गोविंद को साफसाफ बोल दिया था कि एक मुसलिम लड़के के साथ अपनी जवान बेटी को घूमनेफिरने की इजाजत दे कर वह अच्छा नहीं कर रहा है.
इधर कालेज में सरोज और रहीम को स्कौलरशिप मिली तो दोनों मिल कर एक बाइक ले ली. अब वे दोनों बाइक से कालेज जाते.
कालेज के आखिरी साल के इम्तिहान का आखिरी परचा दे कर सरोज और रहीम एक पार्क में बैठे थे कि तभी कुछ हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने उन्हें घेर लिया.
रहीम के मुसलिम होने पर उस पर ‘हिंदू लड़की को छेड़ रहा था’ के आरोप लगा कर उस के साथ मारपीट करने लगे. सरोज ने उन्हें बहुत समझाया पर किसी ने उस की कोई बात नहीं सुनी.
‘‘तुम को और कोई नहीं मिला,’’ गले में भगवा गमछा डाले किसी ने सरोज को धमकाते हुए कहा.
‘‘यही मिला तो… ऐसी क्या बात हो गई कि आप लोग नाराज हो रहे हैं…’’ सरोज को भी गुस्सा आता जा रहा था.
‘‘हम किसी हिंदू लड़की को किसी मुसलिम के साथ घूमते नहीं देख सकते…’’ एक भगवाधारी चिल्लाया.
‘‘तो मत देखो. हम कोई आप को देखने को बोल रहे हैं क्या…’’ सरोज की आवाज भी बुलंद हो गई थी.
‘‘तुम को शर्म नहीं आती किसी विधर्मी के साथ बगीचे में बैठी हो…’’
‘‘इस में शर्म की क्या बात है. हम बालिग हैं और पढ़ेलिखे भी… अपनी सोच को बदलो और लोगों को चैन से जीने दो. दहशत पैदा कर धमकाने की कोशिश न करो,’’ सरोज बोलती जा रही थी.
‘‘तो इसे अपना खसम बना ले ले. बाद में तेरे कटे शरीर के टुकड़ों को तेरा बाप समेटता मिलेगा,’’ एक भगवाधारी दांत पीस कर आगे बढ़ा और उस ने सरोज के बाल पकड़ लिए.
रहीम अब तिलमिला चुका था. उस ने सरोज के बाल पकड़ने वाले को जोर से धक्का दे दिया. फिर उन के बीच घमासान शुरू हो गया और बात पुलिस थाने तक जा पहुंची.
पुलिस ने उन दोनों को थाने में बिठा लिया और गांव से गोविंद को बुलावा भेज दिया.
गांव के लोग तो गोविंद से खार खाए बैठे थे, पर गोविंद के कहने पर वे उस के साथ हो लिए.
गोविंद के साथ आई भीड़ के दबाव में दोनों को छोड़ दिया गया. पर इस घटना से सरोज, रहीम के साथ ही साथ गोविंद भी दहशत में आ गया था ल. उसे लगने लगा था कि अब सरोज की शादी कर ही देनी चाहिए, नहीं तो कोई लड़का मिलेगा भी नहीं.
गोविंद बहुत कोशिश की पर सरोज का रिश्ता पक्का नहीं हो पा रहा था. सरोज और रहीम के साथ रहने की बात चारों ओर पहुंच चुकी थी. सरोज अब अपनेआप को ही इस सब के लिए जिम्मेदार समझ रही थी.
एक दिन अचानक सरोज कहीं चली गई. उसने एक परची मां के पास छोड़ दी थी, जिस में लिखा था, ‘आप लोग चिंता न करें, मैं जल्दी ही लौट आऊंगी.’ गोविंद और रामबती पर जैसे कहर टूट पड़ा.
सरोज महीनेभर बाद लौटी. रहीम के साथ. उस ने रहीम से सनातनी मंदिर में शादी कर ली थी. लोगों ने उसे लाल साड़ी में मांग में सिंदूर भरे आते देखा था. उस के आते ही गांव में हंगामा मच गया था और बात पंचायत तक जा पहुंची थी.
वैसे तो पंचायत रहीम को ही इस के लिए जिम्मेदार मान रही थी, पर रहीम की मां हाथ जोड़ कर खड़ी हो गईं, ‘‘आप सभी पंचपरमेश्वर कहलाते हैं. आप से इतनी ही गुजारिश कर रही हूं कि हिंदूमुसलिम के चक्कर में अपने बच्चों की जिंदगी खराब न करें. दोनों बच्चे सालों से साथ हैं. एकदूसरे को जानते हैं. आप सभी मुझे और रहीम को जानते हैं. हम में कोई खोट आप ने नहीं देखा है, तो फिर इस रिश्ते में भी कोई खोट न देखें.’’
गोविंद ने भी हाथ जोड़ लिए थे, ‘‘हमें सरोज के रिश्ते से कोई एतराज नहीं है. बच्चों ने शादी कर ली है. आप उन्हें माफ कर दें.’’
‘‘हम इस शादी को गलत मानते हैं. अगर आज हम ने इन्हें माफ कर दिया तो हमारे गांव की हर बच्ची ऐसा ही करने लगेगी. माना कि हमें खाला से कोई शिकयत नहीं है, पर एक शिकायत है कि वे मुसलिम हैं,’’ सरपंच ने कहा.
गांव वाले भी गुस्से से भरे बैठे थे. एक बुजुर्ग ने कहा, ‘‘गोविंद को हम लोग शुरू से ही चेतावनी देते रहे हैं कि अपनी जवान लड़की को किसी लड़के के साथ घूमनेफिरने न दे, पर इस ने हमारी बातों को नहीं माना. देख लो, आज तुम्हारी लड़की ने सारे गांव पर ही धब्बा लगा दिया न…’’ चारों और सन्नाटा छा चुका था. सभी पंचायत के फैसले की राह देख रहे थे.
‘‘सजा तो मिलेगी. ऐसी सजा मिलेगी कि फिर कोई और मुसलिम लड़का किसी हिंदू लड़की की ओर आंख उठा कर न देख सके,’’ सरपंच ने कहा.
इतने में सरोज ने हाथ से इशारा किया, ‘‘मैं कुछ बोल सकती हूं?’’ ‘‘नहीं. तुम अपराधी हो. तुम को बोलने की कोई इजाजत नहीं है, कठोर आवाज में सरपंच ने कहा.
थोड़ी देर रुक कर सरपंच ने कहा, ‘‘यह पंचायत फैसला सुनाती है कि इन दोनों ने बहुत बड़ा अपराध किया है. इस के लिए इन्हें मौत दी जाए. इन्हें तब तक पत्थर मारे जाएं जब तक ये मर न जाएं.’’
किसी को इतने कड़े फैसले की उम्मीद नहीं थी. इतने में कुछ गाडि़यों के आने की आवाज से सभी का ध्यान उस ओर चला गया.
सरकारी गाडि़यों से पुलिस के जवान उतरे थे. पीछेपीछे एक महिला अफसर भी थीं. महिला अफसर सीधे चबूतरे की ओर चली गई थीं, जहां पंचायत के लोग बैठे थे.
जैसे ही पता चला कि सरोज और रहीम को मौत की सजा दी गई है तो वे महिला अफसर चिल्लाईं, ‘‘आप होते कौन हैं ऐसी सजा देने वाले. आप जानते हैं कि आप ने ऐसी सजा की घोषणा कर अपराध किया है. मैं आप सभी को गिरफ्तार कर सकती हूं. ये दोनों बालिग हैं और अपनी मरजी से अपना भविष्य चुन सकते हैं. आप कौन होते हैं इन्हें रोकने वाले.’’
चारों ओर शांति थी. कोई कुछ नहीं बोल रहा था. पंचायत को अपना फैसला वापस लेना पड़ा.
लौटते समय पुलिस की गाड़ी में सरोज और रहीम का परिवार भी बैठ गया था. वे लोग समझ गए थे कि अब यहां रहना मुश्किल होगा. Hindu Muslim Love Story
-कुशलेंद्र श्रीवास्तव



