⚲

Editorial : गहरी पैठ-मैं को मारती सरकार

Editorial.आमतौर पर गांवों और कसबों में मैं की कोई कीमत नहीं होती. मैं का मतलब नहीं होता, हम का होता है, समाज का होता है, धर्म का होता है, बिरादरी का होता है, जाति का होता है. मैं इन में खो जाता है. कोई अपने घर की चारदीवारी में अपने खुद के साथ या अपने से राजी किसी के साथ कुछ करे, यह लोगों की भीड़ को मंजूर नहीं होता.

मैं, मेरी मरजी, मेरा घर, मेरा समय सब समाज और धर्म में बुरी तरह दबा दिए जाते हैं. हर कोई दूसरे की हरकतों पर पूरी तरह नजर रखता है. कोई दरवाजा बंद कर के रखता है तो पासपड़ोस को शिकायत होने लगती है.

किसी के पास कोई अनजान जना बात करने आ जाए तो 24-40 आंखें घूरने लगती हैं.

मैं को खत्म करना धर्म की सब से बड़ी साजिश है. मैं सिर्फ ठाकुरों, पंडितों, बहुत पैसे वालों के लिए है पर उन पर हजार बंधन होते हैं. समाज क्या कहेगा, रिश्तेदार क्या सोचेंगे यही कहकह कर हर किसी को अपनी मरजी का काम अपनी तरह से करने से रोक दिया जाता है चाहे उस से कुछ भी असर किसी को न पड़े.

एक लड़की ने बाल रंग लिए तो पड़ोस की औरतों को फिक्र होने लगती है कि कहीं हमारी लड़की भी ऐसा न करने लगे इसलिए जिस ने बाल रंगे उसे रोको. वे समूह बना कर उसे  बुराभला कहने पहुंच जाएंगी.

भारत सरकार आजकल इसी मैं को मारने के लिए तुली हुई है. 1950 में जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने जब संविधान दिया तो मैं की थोड़ीबहुत चलने लगी पर यह संविधान केवल शहरों तक था. जल्दी ही मैं को कुचलने के लिए गौपूजा, संस्कृति, जाति, राममंदिर, हिंदूमुसलिम के दबे मुरदे खोदखोद कर सामने खड़े कर दिए ताकि यह मैं कहीं नहीं पचा पाए. जलूस निकलने लगे जिन में भीड़ की चलती थी, प्रवचन होने लगे जिन में भीड़ को घंटों बैठना होता है, पूजा उत्सव मनाए जाने लगे जिन में सब एक सा बरताव करने को मजबूर किए जाते.

धर्म के नाम पर हर घर से पैसा जमा किया जाता ताकि हरेक भीड़ का हिस्सा बने, वह सहीगलत काम सब की हिस्सेदारी मैं करे. ऐसा नहीं कि इस से किसी को कोई फायदा होता था. किसी के घर मर जाए तो मातमपुरसी के लिए बीसियों आ जाएंगे पर बाद में सहारा कोई न देगा. किसी को नुकसान हो जाएगा, कोई दर्द बांटने नहीं आएगा.

मैं को कोने मे खड़े करने के बावजूद उस की बीमारी पर कोई पैसा जमा कर के नहीं देगा, कोई उस का टूटा घर ठीक करने के लिए हाथ नहीं बंटाएगा.

आजकल इसी मैं के बारे में एक कानून पर बहस छिड़ी हुई है. कुछ लड़के ऐसे होते हैं, जिनको लगता है कि वे लड़की हैं और वे लड़कियों की तरह बरताव करते हैं. पहले कानून बना था कि उन्हें पुलिस व अदालती छांव मिलेगी. अब सरकार कहती है कि जब तक डाक्टर नहीं कहेगा कि वह लड़का नहीं लड़की है या दोनों के बीच कुछ है, वह लड़का माना जाएगा. यही लड़कियों के साथ है.

कोई खुद नहीं तय करता या कर सकती कि वह लड़का या लड़की नहीं उलट है. सरकार धर्म के इशारे पर चलती है जिस में मैं का कहीं कोेई हक नहीं. सिर्फ हिंदू हो, किसी जाति के हिस्से हो, आदमी हो, औरत हो, यह जन्म तय करेगा, पिछला जन्म तय करेगा जैसे जाति करती है, ट्रांसजैंडर प्रोटैक्शन औफ राइट्स एक्ट 2026 असल में मैं के हकों को छीन कर सरकार के हाथों में दे देने की खुराफात है. Editorial

Gender Transformation: लड़की हो या लड़का कोई फर्क नहीं पड़ता

Gender Transformation: अभी कुछ समय पहले भारतीय क्रिकेट टीम का कभी हिस्सा रहे बल्लेबाज संजय बांगर के बेटे ने लड़के से लड़की बन कर सनसनी मचा दी थी. सनसनी इसलिए कि आज भी हमारे देश में इस तरह जैंडर बदलवाने को हिकारत की नजर से देखा जाता है. ऐसा समझा जाता है कि जब ‘ईश्वर’ ने आप को लड़का बना कर धरती पर भेजा है, तो फिर आप ‘ईश्वर की कृपा’ की अनदेखी कैसे कर सकते हैं.

अब संजय बांगर के बेटे आर्यन उर्फ अनाया के जिस्म के बदलाव को समझते हैं. अपने दिए एक हालिया इंटरव्यू में अनाया बांगर ने बताया कि भले ही उन्होंने लड़के के शरीर में जन्म लिया था, पर 8 साल की उम्र से उन्हें लगने लगा कि उन के अंदर लड़की के गुण हैं.

एक जगह अनाया बांगर लिखती हैं, ‘जब मैं 8 साल की थी, तो लगा कि कुछ है जो समझ नहीं आ रहा. मैं आईने में देखती और लगता कि जिस शरीर में मैं रह रही हूं, वह मेरा नहीं है. अंदर ही अंदर मुझे लगा कि मैं लड़की हूं. मैं चुपचाप मां के कपड़े पहनती और खुद से कहती कि मैं यही बनना चाहती हूं. मैं ऐसे ही जीना चाहती हूं.

‘मैं ने 2023 में हार्मोन थैरेपी शुरू की. मेरा शरीर बदलने लगा और पहली बार मुझे लगा कि मैं खुद के करीब हूं. यह आसान नहीं था. यह दर्दनाक था, महंगा था और अकेला करने वाला था.’

अनाया बांगर क्रिकेट खेलती थीं, पर उन के लिए इस खेल में कैरियर बनाने से पहले खुद को बदलना था. लेकिन यह सब इतना आसान नहीं था. एक समय उन्हें लगा कि वे अपनी जिंदगी खत्म कर लें, पर उन्होंने हार नहीं मानी.

अनाया बांगर को जैंडर बदलवाने में उन के परिवार का सहयोग मिला, पैसा लगा और आज वे सब के सामने एक लड़की के तौर पर पहचानी जाती हैं, पर उन आम बच्चों का क्या जवानी की दहलीज पर इस तरह की दोहरी जिंदगी जीने के लिए मजबूर होते हैं?

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का एक मामला देखते हैं. लड़के से लड़की बनने की चाहत में 17 साल के एक लड़के ने अपना निजी अंग काट दिया. इस से पहले एक डाक्टर की सलाह पर उस ने अपने कमरे पर ही खुद एनैस्थीसिया का इंजैक्शन लगाया और अपना अंग काट दिया, पर एनैस्थीसिया का असर खत्म होने के बाद जब वह दर्द से तड़पने लगा, तो मकान मालिक की मदद से अस्पताल लाया गया.

परिवार वालों और अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, अमेठी का रहने वाला यह छात्र प्रयागराज में यूपीएससी की तैयारी कर रहा था. पर अकसर गूगल और यूट्यूब पर लड़के से लड़की बनने की जानकारी लेता था. इसी दौरान वह प्रयागराज में कटरा के एक डाक्टर से मिला और इस सिलसिले में जानकारी ली. उस ने डाक्टर से लड़की बनने की इच्छा जाहिर की.

इस पर डाक्टर ने उस लड़के से कहा कि तुम्हें इस के लिए सब से पहले अपना निजी अंग काटना होगा. उन्होंने पूरा तरीका भी समझाया कि घर पर ही यह सब कैसे कर सकते हैं.

कटरा के उस डाक्टर से सलाह ले कर वह लड़का एनैस्थीसिया का इंजैक्शन, सर्जिकल ब्लेड, रुई और बाकी सामान खरीद लाया और फिर कमरे में अकेले ही खुद को एनैस्थीसिया का इंजैक्शन लगाया. इस से कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न हो गया. फिर उस ने अपने ही हाथों से अंग काट दिया और मरहमपट्टी कर ली.

तकरीबन 6 घंटे बाद जब एनैस्थीसिया का असर कम हुआ, तो वह लड़का दर्द से तड़प उठा. दर्द की दवा खाने पर भी कुछ आराम नहीं मिला, तो मदद के लिए मकान मालिक को आवाज लगाई.

अस्पताल पहुंचे उस पीडि़त लड़के से जब डाक्टरों ने पूछताछ की, तो उस ने बताया, ‘‘मुझे लड़कियों में कोई इंट्रैस्ट ही नहीं है. मुझे लगता है कि मेरी आवाज भी लड़कियों जैसी ही है. चलने का स्टाइल भी उन के जैसा है, इसलिए मैं जैंडर बदलना चाहता था, पर मुझे पता नहीं था कि इस में मेरी जान जा सकती थी.’’

यहां पर लड़के ने तो बेवकूफी की ही, पर डाक्टर की भी बहुत बड़ी गलती है, जिस ने ऐसी बचकाना सलाह दी. अगर उस लड़के को अपने शरीर में लड़की होने के लक्षण दिख रहे थे, तो उसे इतनी जल्दबाजी बिलकुल भी नहीं करनी थी.

पर सब से बड़ी गलती उस समाज की है, जहां इस तरह के बदलाव को ईश्वर का कहर बता दिया जाता है. ऐसे बच्चों को हिकारत से देखा जाता है, जबकि उन के मन और तन को समझना जरूरी होता है.

मान लो कि अगर कोई लड़का लड़की बन भी गया और इस बात से वह बहुत खुश है और हर काम को लगन से करता है तो इस में परेशानी क्या है?

अब थोड़ा तीसरे जैंडर की बात करते हैं, जिन्हें किन्नर या ट्रांसजैंडर कहा जाता है. बहुत सी जगह ऐसे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सिक्योरिटी गार्ड या ग्रीन मार्शल जैसे काम दिए जाने लगे हैं.

साल 2022 में महाराष्ट्र में पुणे की पिंपरी चिंचवड महानगर पालिका ने 30 ट्रांसजैंडरों को बतौर सिक्योरिटी
गार्ड और ग्रीन मार्शल के तौर पर भरती किया था.

गंगा कुमारी राजस्थान की पहली किन्नर कांस्टेबल हैं, जिन्हें कानूनी लड़ाई जीतने के बाद साल 2017 में राजस्थान पुलिस में पोस्ट मिली थी. ऐसे और भी कई उदाहरण हैं.

कहने का मतलब है कि लड़का हो या लड़की या फिर ट्रांसजैंडर ही सही, नौकरी या कोई और रोजगार देने वाले को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि सामने वाला किस जैंडर का है. अगर वह अपना काम अच्छे से करता है, तो देश की तरक्की में मददगार है और यही तो आखिर में मायने रखता है. Gender Transformation

क्या सोशल मीडिया से लोगों के अंदर आई ‘Gay’ या ‘Lesbian’ होने की फीलिंग्स?

Gay and Lesbian: आज के समय में आप ने ‘Gay’ और ‘Lesbian’ जैसे शब्द अकसर सुने होंगे. सोशल मीडिया, फिल्मों और न्यूज के जरीए अब लोग इन टौपिक्स पर खुल कर बात करने लगे हैं. कई लोग अब अपने दिल की बात कहने और अपने सच्चे रिश्ते को अपनाने की हिम्मत दिखा रहे हैं. कुछ लड़के लड़कों से और लड़कियां लड़कियों से शादी कर रहे हैं और इसे समाज में भी इसे धीरेधीरे अपनाने लगा है. हालांकि, आज भी बहुत से लोग सिर्फ समाज के डर से अपनी फीलिंग्स छिपा कर जीते हैं. वे खुद से लड़ते हैं, पहचान छिपाते हैं और अंदर ही अंदर टूटते रहते हैं.

अगर हम कुछ सालों पहले की बात करें, जब सोशल मीडिया जैसी चीजें नहीं थीं, तो समाज में कुछ टौपिक्स पर खुल कर बात करना मुश्किल था. खासकर जब बात ‘Gay’, ‘Lesbian’, ‘Bisexual’ जैसे रिश्तों की हो तो लोग या तो इन फीलिंग्स को पहचान ही नहीं पाते थे या फिर डर के मारे दबा देते थे. उस समय ज्यादातर लोग वही करते थे जो परिवार और समाज कहता था, जहां शादी तय हुई, वहां कर ली और कोशिश की कि जिंदगी नौर्मल तरीके से चलती रहे.

अब सवाल यह उठता है कि क्या उस समय लोगों के अंदर ऐसी भावनाएं थी ही नहीं या फिर वे बस कभी जाहिर नहीं कर पाए?

दरअसल, इनसान के अंगर फीलिंग्स समय या टैक्नोलौजी से नहीं आती, वे तो हमेशा से होती हैं. फर्क इतना है कि पहले उन के बारे में बोलने, समझने और स्वीकार करने का मंच नहीं था. सोशल मीडिया और इंटरनै ने लोगों को वह स्पेस दिया जहां वे खुद को बेहतर तरीके से समझ पाएं और यह जान पाएं कि वे अकेले नहीं हैं. जब कोई किसी कहानी, ऐक्सपीरियंस या वीडियो में खुद जैसी फीलिंग्स देखता है, तो वह खुद से रिलेट कर पाता है. इसलिए नहीं कि यह सब देख कर अब ऐसी फीलिंग पैदा हुई है, बल्कि इसलिए कि उसे पहली बार यह समझ आता है कि उस की फीलिंग भी सच है और उसे भी समाज की ऐक्सैप्टैंस मिल सकती है.

इसलिए यह कहना कि ‘Gay’ या ‘Lesbian‘ फीलिंग्स सोशल मीडिया से आई हैं, शायद पूरी तरह सही नहीं होगा. सोशल मीडिया ने इन फीलिंग्स को जन्म नहीं दिया, बल्कि उन्हें पहचान दी, आवाज दी और उन्हें छिपे रहने की जगह खुल कर सामने आने का मौका दिया. Gay and Lesbian

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें