⚲

खौफ

Hindi Kahaniyan. रजत के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे और थानेदार बाबूलाल उस की पीठ पर दनादन लाठियां बरसा रहा था. वह दर्द से बुरी तरह चीख रहा था.

‘‘बोल, प्रियंका का बलात्कार तू ने ही किया है, नहीं तो तेरी हड्डीपसली एक कर दूंगा,’’ थानेदार ने उस के सिर के बाल खींचते हुए कहा.

‘‘बलात्कार मैं ने नहीं किया साहब,’’ रजत ने तड़प कर कहा, ‘‘मैं तो उसे केवल घर छोड़ने गया था. यकीन नहीं आता, तो प्रियंका से ही पूछ लो.’’

‘‘ठहर जा, वह भी अभी आने वाली है,’’ थानेदार ने हाथ में डंडा हिला कर कहा और बड़बड़ाते हुए कुरसी पर जा बैठा.

अगले पल प्रियंका अपने मांबाप के साथ थाने पहुंच चुकी थी. उसे देखते ही रजत का चेहरा खिल उठा. उस के दिल में रिहाई की उम्मीद जाग उठी थी.

वह रिरिया कर बोला, ‘‘प्रियंका, ये लोग मुझे तंग कर रहे हैं. प्लीज, इन्हें सचाई बता दो न.’’

‘‘बोलो प्रियंका,’’ थानेदार ने पुलिसिया अंदाज में दबाव दे कर पूछा.

प्रियंका ने एकटक रजत को देखा और फिर थानेदार से बोली, ‘‘बलात्कार इसी ने किया था.’’

यह सुन रजत हैरानी से प्रियंका को देखने लगा. वह प्रियंका के मकसद को भांप नहीं पाया था. वह फिर गिड़गिड़ा कर बोला, ‘‘मैं तुम्हारे सामने हाथ जोड़ता हूं प्रियंका. मुझे मत फंसाओ, वरना मेरी जिंदगी बरबाद हो जाएगी.’’

रजत चिल्लाचिल्ला कर अपनी बेगुनाही की भीख मांगता रहा, लेकिन प्रियंका ने उस की एक न सुनी. वह फौरन मांबाप के साथ थाने से खिसक गई.

‘‘अब ज्यादा नाटक मत कर,’’ थानेदार ने उस के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘‘इश्क की इतनी ही भूख थी, तो किसी धंधेवाली के पास चला जाता. अब पीसना सारी उम्र जेल की चक्की.’’

कुछ देर बाद थानेदार ने चार्जशीट तैयार कर के धारा 376 के जुर्म में उस का चालान कर दिया था.

रजत के जेल जाते ही सारे महल्ले में हंगामा मच गया था. कल तक जो लोग उस के मांबाप की इज्जत करते थे, आज उन पर थूथू करने लगे थे. घर से बाहर निकलते तो गुस्साए लोग उन्हें गालियां तक देने लगे.

रजत के मांबाप का जीना दूभर हो गया था. अब उन्हें भी अपने बेटे से नफरत होने लगी थी, क्योंकि प्रियंका ने रजत के मांबाप को भी उस की करतूत बता दी थी.

अपनी छोटी सी नौकरी से बचत करकर के गिरधर ने एकलौते बेटे को कितनी लगन से पढ़ाया था. मां प्रभा के हाथों में सिलाई करतेकरते छेद हो गए थे. वे दोनों रजत के लिए अच्छी नौकरी के सपने देखते थे.

वह भी उन की उम्मीदों पर खरा उतरा था. इसी साल उस ने बीए का इम्तिहान अव्वल दर्जे में पास किया था. पढ़ना तो वह आगे भी चाहता था, लेकिन घर की हालत देख कर उस ने पढ़ाई छोड़ दी और एक फैक्टरी में नौकरी करने लगा.

रिश्तेदारों और मिलनेजुलने वालों ने भी गिरधर और प्रभा से संबंध तोड़ लिए थे. आखिरकार उन दोनों ने एक दिन गले में रस्सी का फंदा डाल अपनी जीवनलीला खत्म कर ली थी. उन्होंने सुसाइड नोट में लिखा था कि वे अपनेआप को समाज के सामने मुंह दिखाने लायक नहीं समझ रहे थे. उन के नालायक बेटे ने उन की आबरू धो डाली थी.

मांबाप की मौत की खबर सुन कर रजत फड़फड़ा उठा. उसे समझने में देर न लगी कि उस के जेल जाने के सबब से उस के मांबाप ने खुदकुशी की है.

आज रजत के केस का आखिरी फैसला होना था. अदालत सुबह से ही खचाखच भरी थी. सभी रजत की सजा सुनने के लिए बेचैन थे.

रजत नजरें झुकाए कठघरे में खड़ा था. उस को सजा होना तो तय था, क्योंकि विधायक कई झूठे गवाह पहले ही खड़े कर चुका था.

इंसाफ की कुरसी पर बैठे जज साहब पैनी आवाज में बोले, ‘‘तमाम सुबूतों और गवाहों के मद्देनजर अदालत इस नतीजे पर पहुंची है कि रजत ने प्रियंका का बलात्कार किया है. लिहाजा, उसे धारा 376 का मुजरिम करार देते हुए…’’

‘‘ठहर जाइए, जज साहब,’’ किसी की तेज आवाज सुन कर जज साहब एकाएक चुप हो गए थे.

अगले पल प्रियंका दूसरे कठघरे में आ खड़ी हुई थी. उस की आंखों में आंसू थे. एक सुबकी ले कर वह बोली,’’ जज साहब, रजत बेकुसूर है.’’

‘‘क्या…’’ हैरानी से जज साहब के हाथ से कलम तक छूट गई.

अदालत में मौजूद लोग भी एकदूसरे के कानों में फुसफुसाने लगे थे. रजत के वकील का चेहरा भी एकदम खिल उठा. वह बोले, ‘‘बताओ बेटी, रजत कैसे बेकुसूर है?’’

‘‘वो… मुझे…’’ किसी डर ने प्रियंका की जबान पर जैसे ताला लगा दिया था.

‘‘डरो मत बेटी,’’ वकील ने उसे हिम्मत बंधाई, ‘‘अदालत तुम्हारी जान की पूरी हिफाजत कराएगी.’’

जज साहब ने भी उसे अपनी बात कहने की इजाजत दे दी, तो प्रियंका बेखौफ हो कर एकएक सचाई उगलने लगी, ‘‘जज साहब, मैं बीए में पढ़ती थी. कालेज आतेजाते राजू दादा अकसर मेरा पीछा करता था, लेकिन मेरी समझदारी की वजह से वह अपने मकसद में नाकाम रहा.

‘‘मैं उस की हरकतों की शिकायत अपने मांबाप से भी करना चाहती थी, मगर विधायक बाप के बिगड़ैल बेटे ने मेरे भीतर दहशत भर दी थी. ऊपर से मुझे अपनी इज्जतआबरू की चिंता भी सताती थी.

‘‘नतीजतन, मैं सबकुछ सह कर भी खामोश बनी रही. उस से बचने के लिए मैं ने पढ़ाई में मन न लगने का बहाना बना कर कालेज जाना ही छोड़ दिया.

‘‘एक रात तकरीबन 8 बजे मैं अपनी दोस्त की बर्थ डे पार्टी से लौट रही थी. एकाएक मेरे पास आ कर एक मारुति गाड़ी रुकी. इस से पहले मैं कुछ सोचतीसमझती, उन लोगों ने मुंह दबा कर मुझे कार में खींच लिया.

‘‘वे 4 आदमी थे. उन में राजू दादा भी था. उन्होंने फैक्टरी के बगल में कार रोक कर मुझे झाडि़यों में खींच लिया.

‘‘मैं रोईगिड़गिड़ाई… इज्जत के लिए उन के सामने हाथ जोड़े, लेकिन उन दरिंदों को मुझ पर दया नहीं आई थी. फिर बारीबारी से मेरे साथ सभी मुंह काला कर के चले गए.’’

‘‘दर्द से मैं तड़प रही थी. मेरी मदद करने वाला कोई नहीं था. तभी वहां रजत आ पहुंचा. शायद वह फैक्टरी से ओवरटाइम कर के आया था. उस ने मुझे पहचान लिया. मेरे कपड़े संभाल कर बोला, ‘प्रियंका… ये सब…’ ‘‘मैं ने कहा, ‘मैं बरबाद हो गई रजत…’

‘‘मेरे फटे कपड़े और बिखरे बाल देख कर वह समझ गया कि मेरे साथ क्या हुआ है. बस, सहारा देता हुआ वह मुझे घर छोड़ गया.

‘‘मैं ने रोरो कर यह दर्दनाक घटना मांबाप को बताई, तो वे गुस्से से तमतमाते हुए मुझे ले कर थाने पहुंचे और विधायक के बेटे राजू दादा के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट लिखवा दी.

‘‘हम लौट कर घर आए, तो दंग रह गए. विधायक और थानेदार बाबूलाल हमारे दरवाजे पर खड़े थे. विधायक की आंखों में आग बरस रही थी, मानो बलात्कार मेरा नहीं, उसी की बेटी का हुआ था.

‘‘विधायक ने कहा, ‘लड़की होश में तो है. सौदा कर ले. इसी में हम दोनों की भलाई है.’

‘‘मेरे पिताजी ने गुस्से में पूछा, ‘किस का सौदा विधायकजी? अगर आप की बेटी की इज्जत लुट जाए, तो फिर भी आप सौदा करेंगे?’

‘‘इस पर थानेदार ने मेरे पिताजी के गाल पर तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘देख, जो बाबूजी कह रहे हैं, उसे कर वरना…’

‘‘इस पर मेरे पिताजी बोले, ‘मेरा क्या कर लोगे?’

‘‘विधायक ने हमें धमकाते हुए कहा, ‘अगर तुम्हें अपने एकलौते बेटे की जान प्यारी है, तो चुपचाप राजू दादा की जगह रजत का नाम लिखवा दो, नहीं तो मैं क्या करूंगा, यह तुम अच्छी तरह जानते हो. वैसे भी मेरे बेटे की रजत से बहुत पुरानी दुश्मनी है.’

‘‘इस तरह जज साहब मैं ने अपना परिवार बचाने के लिए रजत का परिवार उजाड़ दिया.’’

प्रियंका के बयान ने अंधे कानून की आंखों में रोशनी भर दी थी. अदालत में सन्नाटा पसर गया था. जज साहब हाथ में कलम थाम कर कुछ सोच रहे थे. अदालत की काररवाई बंद हो गई थी.

अगले दिन के अखबारों में प्रियंका के बलात्कार के केस की खबरें छपीं. मामला एकाएक तूल पकड़ता चला गया. पुलिस और न्याय व्यवस्था दोनों की तौहीन हो रही थी. आखिरकार पुलिस अधीक्षक ने अपनी देखरेख में मामले की जांच फिर से शुरू कर दी.

राजू दादा को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना गुनाह कबूल कर के थरथर कंपकंपाने लगा.

8 दिन में ही दूध का दूध और पानी का पानी हो गया. राजू दादा के तीनों साथी भी पुलिस ने धरदबोचे. थानेदार बाबूलाल को भी नौकरी से हाथ धोना पड़ा. विधायक भी जेल जाने से नहीं बच पाया था.

रजत को बाइज्जत रिहा कर के जज साहब ने फैसला सुनाया, ‘‘प्रियंका के बयान और राजू दादा के इकबाले जुर्म के आधार पर अदालत राजू दादा, उस के तीनों साथियों और विधायक ज्वाला प्रसाद को उम्रकैद की सजा सुनाती है.’’

कानून ने रजत को रिहा तो कर दिया, लेकिन उस के मरे मांबाप को कौन लौटाएगा, यह सवाल हर जबान पर था.      Hindi Kahaniyan

-धर्मेंद्र परवाना

Story : औड़मबौड़म का तिकड़म

Story.एक सुबह गांव में हाहाकार मच गया. मंदिर का स्वर्ण कलश किसी ने चुरा लिया. पुजारी ने पड़ोस के मुसलिमों के गांव पर इलजाम लगाया. क्या था असली माजरा?

गांव वाले सन्न रह गए थे. कहां तो सुबहसुबह उन्हें काम पर जाना था और कहां मंदिर के पुजारी की चीख उन्हें यहां आने पर मजबूर कर गई थी. बात भी ठीक ही है. आखिर वे लोग गांव की संपत्ति के बारे में नहीं सोचेंगे, तो फिर कौन सोचेगा.

‘‘अरे, यह क्या हो गया भाई. घोर अनर्थ हो गया है. गांव पर तो अब विपदा आने ही वाली है. हम सब नहीं बचेंगे. कोई भी नहीं बचेगा. पहले से मैं बोलता था कि उन अधर्मियों पर नजर रखा करो. मगर मेरी कौन सुनता है. आज मंदिर का कलशकंगूरा गया, कल देवताठाकुर चले जाएंगे. अपना देश में तो यह कौड़ी का है, मगर विदेश में तो लाखों में बिक जाएगा. अब हम यहां नहीं रहेंगे. चले जाएंगे हरिद्वारहिमालय. क्यों रे भोला, तू तो यहीं रह जाएगा न…’’ मंदिर के पुजारी बाबा ने कहा.

‘‘हम यहां कैसे रह जाएंगे बाबा… जीना आप के साथ है, तो मरना भी तो आप ही के साथ होगा,’’ भोला ने कहा.

‘‘मगर यहां का पूजापाठ कौन देखेगा रे? हे ऊपर वाले, इस गांव की अब तुम ही रक्षा करना. सब गांव वालों की रक्षा करना. मेरे बस का तो कुछ रहा नहीं अब. बहुत कर ली तेरी सेवा. अब तो मुक्ति ही देना…’’

‘‘यह काम कौन कर सकता है बाबा?’’ एक गांव वाला बोला तो बाबा फफक कर रो पड़े, ‘‘मु झे मालूम है कि यह सब काम उस मलेच्छ गांव अहमदपुरवा के लोगों का है. वहीं के लोग इधर आतेजाते उस स्वर्ण कलश को देखते रहते थे. कल मौका मिला, तो हाथ साफ कर गए.’’

‘‘अच्छा तो वह कलशकंगूरा सोने का था?’’ भोला ने जिज्ञासा प्रकट की, ‘‘मु झे तो वह साधारण पीतल का लगता था.’’

‘‘कभी ठीक से सोना देखा हो, तब तो सोने और पीतल के अंतर का पता चले,’’ बाबा नाराज हो कर बोले, ‘‘यहां हमेंतुम्हें पीतल का तो ठिकाना ही नहीं, तो सोने की परख कैसे होगी?’’

पूरे गांव में सनसनी थी. जिसे देखो वही इधर भागता हुआ चला आ रहा था. जितने मुंह उतनी बातें.

‘‘अरे, पुलिस को तो कोई खबर करो. इस की तो रपट दर्ज होनी चाहिए कि नहीं?’’

‘‘एफआईआर कर के क्या होगा. वे सब बड़े चंटचालाक लोग हैं. पहले ही सब को मिला नहीं लिया होगा… हिस्सा पहले ही पहुंचा दिया होगा. यहां की पुलिस को कौन नहीं जानता…’’

गांव में कोई बात तेजी से फैलती है. तिस पर यह तो बड़ी गंभीर बात थी. इसे तो जंगल की आग की तरह फैलना ही था. वैसे भी पौकेट में पड़े मोबाइल का इस खबर के लिए इस्तेमाल नहीं होता, तो किस के लिए होता.

मुखिया सरपंच से ले कर चौकीदार तक तरहतरह की बातें बना रहे थे. आखिर में चौकीदार चैतू ही थाने गया और इस घटना की एफआईआर लिखाई.

थानेदार मोंछू सिंह की तो बांछें खिल गईं. कितने दिनों से शुद्ध घी की पूरियां और दम आलू का स्वाद नहीं मिला था. आते ही पहले तो बाबा की पांवलगी की. सिंदूर का तिलक लगा कर प्रसाद ग्रहण किया. फिर अदालत सजा कर बैठ गए.

‘‘हां तो पंडितजी, बताइए कि क्या हुआ?’’

‘‘होना क्या है सरकार…’’ बाबा बोले, ‘‘हम तो मुंह अंधेरे ही उठ जाते हैं. दिशापानी कर नहाएधोए और पूजा के लिए बगीचे से फूल तोड़े. उसी समय देखा कि मंदिर के बुर्ज का सोने का कलश नहीं है. यह जरूर उसी अहमदपुरवा के लोगों की करतूत है. उन्हीं लोगों की नजर इस पर हमेशा लगी रहती थी.’’

‘‘ठीक है, ठीक है…’’ थानेदार मोंछू सिंह बोले, ‘‘और सरपंचजी, आप क्या कहते हैं. सुबहसुबह यह कारनामा करा दिया कि मु झे बिना खाएपिए यहां दौड़ कर आना पड़ा…’’

‘‘आप चाय पीजिए हजूर…’’ सरपंच हरेराम महतो बोले, ‘‘आप मेरे घर चलिए. वहीं कुछ खाने का इंतजाम हो जाएगा.’’

चाय खत्म कर थानेदार साहब सरपंच के साथ उस के घर चले आए. सरपंच महतो के यहां आधा दर्जन गायें थीं. सो दूधघी की कमी न थी. घर में घुसते ही शुद्ध घी में छनती पूरियों की सुगंध ने थानेदार साहब का मन जुड़ा दिया. वे खापी कर डकार लेते हुए थाने चले गए.

वह नाश्ता था कि भारीभरकम भोजन. दम आलू के साथ गरमागरम पूरियां खाने का अलग ही मजा था. तिस पर खालिस दूध में बनी गमकउआ सोनाचूर चावल की खीर थी, जिसे ग्रहण कर वे एकबारगी ही गदगद हो गए थे.

‘‘हां जी, राम बु झावन,’’ थानेदार साहब अपने साथ आए कांस्टेबल से हंसते हुए बोले, ‘‘खाने में मजा आया या नहीं?’’

‘‘बहुत ज्यादा मजा आया साहब…’’ रामबु झावन बोला, ‘‘आप के साथ रह कर तो हम धन्य हो गए.’’

‘‘बता, दोपहर का भोजन कहां करेगा?’’ ‘‘इतना खा कर दोपहर का खाना कैसे खा सकते हैं?’’

‘‘बुड़बक कहीं का…’’ थानेदार साहब ने उसे घुड़का, ‘‘यह भी कोई खाना है. शौच चले जाना, तो हलका हो जाएगा तुम. दोपहर में अहमदपुरवा गांव जाएंगे. बहुत दिन से मुरगाभात नहीं खाया. वहीं दावत उड़ाएंगे.’’

‘‘जैसा सरकार का हुक्म,’’ राम बु झावन उठते हुए बोला. भारी भोजन कर लेने से साफ दिख रहा था कि उसे उठने में परेशानी हो रही है.

‘‘क्यों भाई राम बुझावन, पेट खाली हुआ कि नहीं?’’ दोपहर को थानेदार मोंछू सिंह पूछ रहे थे, ‘‘अहमदपुरवा गांव चलना है न, वहां के भोजभात में?’’

‘‘अभी तो 12 ही बजा है साहब,’’ राम बु झावन बोला, ‘‘इतना पहले जा कर क्या करेंगे?’’ ‘‘अरे, खाना बनने में भी टाइम लगता है न. चलो, तैयार हो जाओ.’’

‘‘जरा ठहर जाइए, वरदी पहन लेते हैं. वरदी का रोब अलग रहता है.’’ अहमदपुरवा गांव में जब पुलिस की जीप रुकी, तो वहां सनसनी फैल गई. हिंदू बहुल गांवों के बीच अहमदपुरवा मुसलिम गांव था, जहां जरदोजी और कशीदाकारी जैसे काम करने वाले कारीगर बसते थे. सरपंच जुम्मन मियां के दरवाजे पर जब जीप रुकी, तो वे सकते में आ गए कि क्या हुआ?

‘‘और कहिए जनाब, कैसे आना हुआ?’’ सरपंच उन्हें अपने बैठकखाने में बैठाते हुए बोला, ‘‘अभी आप के लिए लस्सी मंगाता हूं.’’

‘‘शुद्ध गाढ़ी दही की लस्सी पी कर मोंछू सिंह ताजा दम हुए तो बोले, ‘‘आप को तो पता ही होगा कि माखनपुर गांव के प्राचीन मंदिर का सोने का कलश चोरी चला गया है. उसी की तहकीकात के लिए निकला हूं. इस भरी धूप में घर से बाहर निकलना कितना मुश्किल है.

‘‘ये चोरबदमाश सब जो न करा दें, कम ही है. अभी प्रदेश की सरकार भी है न, वह कुछ जानतीसम झती तो है नहीं. बस मंदिर के नाम पर दौड़ा देती है. बिना कुछ खाएपिए दौड़धूप करना पड़ रहा है.’’

‘‘खानेपीने की चिंता क्यों करते हैं. अभी हम बनवा देते हैं,’’ फिर घर की ओर मुंह कर के जुम्मन मियां चिल्लाए, ‘‘अरे रहीम बेटा. दड़बे में जो सफेद रंग वाला बड़ा मुरगा है न,  उसे निकाल कर रसोई में पहुंचा दो.

‘‘बहुत दिन बाद साहब घर आए हैं और हम उन्हें बिना खाएपिए जाने कैसे देंगे. बड़े दिन बाद मेहमाननवाजी का मौका हाथ लगा है.’’

आधेक घंटे में ही खाना लग गया था. अच्छी तरह से भुना हुआ मसालेदार मुरगा और भात. वाकई मजा आ गया. मोंछू सिंह ने अपने बड़े पेट पर हाथ फेरा और कस कर डकार ली ही थी कि उन का मोबाइल बज उठा. वाकई मामला सैंसेटिव था.

तभी तो एसपी साहब ने खास हिदायत कर डीएसपी रवि शर्मा को इस केस की तहकीकात के लिए भेजा था. वही थाने में बैठे उन्हीं का इंतजार कर रहे थे.

राम बु झावन ने जल्दी ही जीप को थाने की ओर मोड़ दिया.

वारदात माखनपुरा गांव में हुई…’’ डीएसपी रवि शर्मा ने छूटते ही सवाल दाग दिया, ‘‘फिर अहमदपुरवा में आप क्या करने गए थे?’’

‘‘वह क्या है न सर कि पंडितजी ने बताया कि अहमदपुरवा गांव के लोगों का इस केस में हाथ हो सकता है, इसलिए तहकीकात करने गए थे.’’

‘‘पहले घटना स्थल पर जांच की जाती है. सुबूत ढूंढ़े जाते हैं और आप एकबारगी ही शक की बिना पर अहमदपुरवा गांव चले गए. चलिए, पहले मंदिर की ओर चलते हैं.’’

एक बार फिर गांव के मंदिर के पास भीड़ थी. जैसे कि भीड़ की आदत होती है, तरहतरह की बातें बनाई जा रही थीं. डीएसपी रवि शर्मा के सामने बाबा फिर हाजिर थे. उन के चेले भोला का डर के मारे बुरा हाल था.

‘‘हां, तो तफसील से सारी घटना बताइए…’’ डीएसपी रवि शर्मा बाबा से मुखातिब थे, ‘‘आप तो इसी मंदिर के पिछवाड़े रहते हैं. और आप के रहते यह वारदात हो गई.’’

‘‘मैं तो कल रात को एक भोज में गया था. मेरे पीछे मेरा चेला भोला घर में था. और वह ठहरा बौड़म आदमी. उसे तो कुछ पता ही नहीं चला. वह तो सुबह उठ कर मैं ने देखा कि मंदिर के बुर्ज पर कलश नहीं है, तो मैं ने शोर मचाया.’’

‘‘चलिए, मंदिर की ओर चलते हैं,’’ डीएसपी रवि शर्मा ने कहा.

मंदिर के पास ही एक चांपाकल था. उसी के पास कुछ कदमों के निशान थे. वे कुछ दूर आगे चल कर बगीचे के आगे की  झाडि़यों के अंदर जा रहे थे.

डीएसपी रवि शर्मा की पुलिसिया नजरें कुछ और खोज रही थीं. थोड़ी ही दूर पर एक खुरपी पड़ी थी. एक जगह की नम मिट्टी देख कर वे रुक गए.

‘‘मोंछू सिंहजी, जरा एक कुदाल तो मंगवाइए,’’ डीएसपी रवि शर्मा ने उन्हें लगभग आदेश ही दिया, ‘‘जरा हम भी तहकीकात कर ही लेते हैं.’’

मोंछू सिंह ने राम बु झावन को आदेश दिया, ‘‘कुदाल ले आओ.’’

राम बुझावन भोला से बोला, ‘‘अरे, दौड़ कर जाओ और कुदाल ले आओ.’’

‘‘साहब, अभी फूलपत्ती लगाने का समय है क्या, जो कुदाल मंगवा रहे हैं?’’

‘‘तुम को जैसा कहा जाए वही करो…’’ मोंछू सिंह ने उसे घुड़का, ‘‘जल्दी कुदाल लाओ. साहब के पास समय नहीं है.’’

‘‘पूरा बौड़म बकलोल चेला है सरकार.’’ ‘‘वह तो हम भी देख रहे हैं.’’

‘‘हम तो यहां से चले जाएंगे सरकार. लगता है लक्ष्मी यहां से रूठ गई है…’’ बाबा फफकते हुए बोल रहे थे, ‘‘अब हमारा यहां निबाह नहीं हो सकता.’’

भोला कुदाल ले आया, तो उस से कुदाल ले कर एक सिपाही डीएसपी रवि शर्मा के निर्देश पर एक जगह गड्ढा खोदने लगा. नम मिट्टी थी. लगता था हाल ही में खोद कर उसे भरा गया है.

हाथ भर खुदाई के बाद ही उस में से एक बोरा निकला. उस में एक गमछे में लिपटा स्वर्ण कलश था.

‘‘यह यहां कैसे आ गया रे बाप… घोर कलियुग है भाई…’’ बाबा चिल्ला कर बोले, ‘‘चोर ने चुरा कर इसे यहां गाड़ दिया था. बाद में वह फिर कभी चुपके से ले जाता.’’

‘‘चलो, कलश तो मिल गया बाबा,’’ भोला खुशी से चिल्लाया, ‘‘इसे हम फिर मंदिर के कंगूरे पर लगा देंगे.’’

‘‘तुम तो एकदम बौड़म है रे…’’ बाबा ने उसे फिर घुड़का, ‘‘इसे अपनी जगह पर वापस लगाना इतना आसान है क्या. पहले पूजापाठ कराना होगा. मलेच्छ का हाथ लगा है, सो शुद्धिकरण करना होगा इस का. बड़ा भारी यज्ञ कराएंगे हम. तब जा कर यह कलश स्थापित होगा.’’

‘‘बौड़म वह नहीं आप हैं बाबा. अब सारा केस सामने आ चुका है. और आप का खेल खत्म होने को है. आप यहां से 200 मील दूर के एक गांव सुखपुरा के निवासी हैं.

‘‘20 साल पहले वहां पर आप ने एक आदमी की हत्या कर दी थी और यहां भाग आए थे. यहां आ कर इस मंदिर के बीमार पुजारी की सेवा करते हुए आप यहीं रहने लगे थे. उस की भी आप ने हत्या कर दी या वे अपनी बीमारी से मरे, इस की भी तहकीकात होगी.

‘‘मगर आप ने शायद सुना नहीं कि कानून के हाथ लंबे होते हैं. मैं सालभर से आप ही की फाइल ले कर तहकीकात कर रहा था. मु झे क्या पता था कि आप इस स्वर्ण कलश के लालच में यहां रुके पड़े हैं…’’ डीएसपी रवि शर्मा हंस कर बोले, ‘‘यह चोरी आप ही की करामात है.’’

फिर वे एक सिपाही की ओर इशारा कर बोले, ‘‘इसे हथकड़ी लगाओ भाई. इस औड़मबौड़म का तिकड़म तो अब थाने में खुलेगा.’’

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें