⚲

Story : धूप छांव

Story. शाम के 5 बज रहे थे. पार्वती छत से सूखे कपड़े ले कर नीचे उतर रही थी, तभी फोन की घंटी बजने लगी. कपड़े सोफे पर रख उस ने फोन उठा लिया, ‘‘हैलो…’’

‘‘हैलो पार्वती, मैं कंचन बोल रही हूं,’’ उधर से आवाज आई.    ‘‘हां दीदी, बोलो…’’

‘‘रात को मैं जरा देर से आऊंगी. खाने पर मेरा इंतजार मत करना.’’ ‘‘ठीक है दीदी,’’ कह कर पार्वती ने फोन रख दिया.

पार्वती समझ गई कि जरूर दीदी का अपने प्रेमी के साथ फिल्म देखने का प्रोग्राम है.

कंचन के प्रेमी के बारे में पार्वती को बस इतना ही पता था कि उस का नाम सुरेश है और वह भी उसी स्कूल में टीचर है, जहां कंचन दीदी पढ़ाती हैं.

कंचन पार्वती की सगी दीदी नहीं थीं, पर वह उन्हें सगी से ज्यादा मानती थी. अगर ऐन मौके पर कंचन न मिली होतीं, तो वह इस दुनिया में शायद ही होती.

पार्वती एक गरीब परिवार से थी. उस के मांबाप ईंटभट्ठे पर काम करते थे. 16 साल की उम्र में पार्वती की शादी नारायण से हो गई थी.

नारायण पेशे से बढ़ई था. साधारण शक्लसूरत के नारायण को पार्वती दिल से स्वीकार नहीं कर पा रही थी.

उन्हीं दिनों नारायण के घर के पास रामखिलावन के खाली मकान में एक खूबसूरत नौजवान किराए पर रहने आया. उस पर नजर पड़ते ही पार्वती के दिल की धड़कनें तेज हो गईं.

एक दिन पार्वती हैंडपंप से पानी भर रही थी, तभी वह लड़का वहां पानी भरने आया.

‘तुम्हारी शादी नहीं हुई है क्या? घर का सारा काम तुम्हीं करते हो?’ पार्वती ने उस लड़के से पूछा. ‘मुझ जैसे को भला कौन अपनी लड़की देगा भाभी?’

‘तुम तो इतने खूबसूरत हो. तुम से तो कोई भी लड़की शादी कर लेगी.’ ‘महज खूबसूरती काम नहीं आती भाभी, कामधंधे में भी दम होना चाहिए. कपड़े की दुकान में 12 सौ रुपए महीने कमाने वाले को भला कौन पसंद करेगा? अब मैं नारायण भैया की तरह काम वाला आदमी तो हूं नहीं कि आप जैसी खूबसूरत बीवी मिल जाती.’

यह सुन कर पार्वती तड़प कर रह गई, ‘काश, मैं इस की बीवी होती.’ उस लड़के का नाम गिरधर था. समय का पहिया यों ही चलता रहा. अब दोनों में अच्छीखासी जानपहचान हो चुकी थी. गिरधर का ज्यादातर समय पार्वती के घर बीतता था.

एक दिन गिरधर काम पर नहीं गया. वह जब पार्वती के घर पहुंचा, तो पार्वती नहा रही थी. गिरधर पर नजर पड़ते ही वह शर्म से लाल हो गई और गीले कपड़ों में ही घर के अंदर चली गई.

पार्वती की यह अदा गिरधर को दीवाना कर गई. वह सीधे पार्वती के कमरे में पहुंच गया. पार्वती कपड़े पहन रही थी. गिरधर पर नजर पड़ते ही घबराहट में उस के हाथ से कपड़ा छूट गया. पार्वती की खिली जवानी देख वह मदहोश हो उठा और पार्वती को बांहों में भर कर प्यार करने लगा.

पार्वती ने कोई एतराज नहीं किया. शायद उसे भी इस घड़ी का इंतजार था. अब तो यह सिलसिला आएदिन का खेल हो गया.

एक दिन दुकान से नारायण जल्दी घर आ गया. पार्वती को गिरधर की बांहों में देख वह गुस्से से तिलमिला गया और पार्वती को तब तक पीटता रहा, जब तक वह थक न गया.

पार्वती ने अपनी गलती की माफी मांग ली और कसम खाई कि वह फिर कभी गिरधर से नहीं मिलेगी. भोलाभाला नारायण उस की बातों में आ गया, पर मामला शांत होते ही पार्वती फिर गिरधर से मिलने लगी.

‘गिरधर, मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकती. चलो, कहीं भाग चलते हैं. मैं अपने गहने भी साथ ले चलूंगी. काम आएंगे.’

गिरधर पार्वती की बात टाल न सका. वे दोनों शहर में किराए के एक मकान में मियांबीवी की तरह रहने लगे. समय गुजरता गया. गिरधर काम पर जाता नहीं था. गहने बेच कर जो रुपए मिले थे, अब खत्म होने वाले थे.

उस दिन पार्वती बाजार से सब्जी ले कर जल्दी आ गई. घर पहुंची तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था. जैसे ही दरवाजा खोलने के लिए हाथ बढ़ाया, वह वहीं ठिठक गई. अंदर से किसी लड़की के खिलखिलाने की आवाज आ रही थी.

‘अब छोड़ो भी… तुम्हारी बीवी आ गई, तो हमारी पोल खुल जाएगी,’ वह लड़की कह रही थी.

‘वह बाजार गई है, इतनी जल्दी नहीं आएगी. मुझे एक बार और प्यार कर लेने दो.’

यह सुन कर पार्वती दंग रह गई. किवाड़ की दरार से झांक कर देखा, तो जैसे धड़कनें रुक सी गईं.

पार्वती ने किसी तरह खुद को संभाला और दरवाजा खटखटाया.

‘आज सब्जी ले कर बड़ी जल्दी आ गई. बाजार नहीं गई थी क्या?’ गिरधर ने दरवाजा खोलते ही पूछा.

‘बाजार नहीं गई, इसलिए तो तुम्हारी असलियत सामने आ गई,’ कह कर पार्वती ने गिरधर का गरीबान पकड़ लिया, ‘धोखेबाज, तुम ने मेरे साथ प्यार का नाटक किया. दूसरी लड़कियों के साथ रंगरलियां मनाते तुझे शर्म नहीं आई.’

गिरधर गरीबान छुड़ाते हुए बोला, ‘तेरा दिमाग तो ठीक है न.’ ‘हां, मेरा दिमाग ठीक है. बता, कहां है वह लड़की, जिस के साथ तू अभी रंगरलियां मना रहा था?’

यह सुन कर गिरधर के चेहरे का रंग उड़ गया. अगले ही पल उस ने गिरगिट की तरह रंग बदलते हुए कहा, ‘अब तुम्हें पता चल ही गया है तो सुन, अब मेरे साथ तुम नहीं गीता रहेगी,’ कह कर उस ने गीता को आवाज दी.

अगले ही पल एक खूबसूरत लड़की पार्वती के सामने हाजिर हो गई.

‘धोखा, इतना बड़ा धोखा. तुम पर भरोसा कर के मैं अपना सबकुछ छोड़ आई और तुम इस चुड़ैल के साथ…’ वह गीता पर झपटी, पर गिरधर ढाल बन कर सामने खड़ा हो गया.

‘तुम इसे हाथ नहीं लगा सकती. तेरामेरा रिश्ता ही क्या है? तुझे मेरे बदन की जरूरत थी और मुझे तेरे बदन की, हिसाब बराबर. अब मुझे तुम्हारी जरूरत नहीं है, तुम जा सकती हो.’

यह सुन कर पार्वती रोने लगी. वह बोली, ‘मुझ पर इतना बड़ा जुल्म मत करो. अब तो मैं अपने पति के पास भी नहीं जा सकती. तुम्हीं बताओ कि अब मैं कहां जाऊंगी?’

‘यह तुम जानो, तुम्हारा काम…’ कह कर वह उस लड़की से बोला, ‘चलो गीता,’ और दोनों कमरे में बंद हो गए.

गिरधर ने पार्वती को कहीं का नहीं छोड़ा था. प्यार में धोखा खाने के बाद उसे जिंदगी बोझ लगने लगी थी. उस ने फैसला कर लिया कि अब वह नहीं जिएगी.

पार्वती सड़क पर यों ही चली जा  रही थी. जैसे ही वह एक ट्रक के सामने  आने के लिए बढ़ी कि किसी ने उस का हाथ पकड़ कर खींच लिया. वह गुलाबी साड़ी पहने 20-22 साल की एक लड़की थी.

‘पागल हो क्या? मर जाती तो…’ ‘मरने के लिए ही तो ट्रक के सामने आई थी,’ पार्वती रोने लगी, ‘मुझे क्यों बचा लिया? अब मैं कहां जाऊंगी?’

‘आखिर तुम मरना क्यों चाहती हो?’ पार्वती ने आपबीती सुना दी.

यह सुन कर वह लड़की बोली, ‘मेरा नाम कंचन है. मैं एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हूं. अगर तुम चाहो, तो मेरी छोटी बहिन बन कर मेरे साथ रह सकती हो.’

उस दिन से कंचन उस की दीदी हो गई. दोनों मिल कर घर का काम करतीं. खाना बनातीं. पार्वती अब अपना गम भूल चुकी थी.

यादों से बाहर आ कर पार्वती ने सारे सूखे कपड़े तह कर के अलमारी में रख दिए. फिर दीवान पर बिछी चादर झाड़ने के लिए जैसे ही उस ने तकिया उठाया, किसी फोटो स्टूडियो का एक रंगीन लिफाफा नजर आया. उस से खोले बगैर रहा नहीं गया और जैसे ही उस ने लिफाफा खोला, उस का दिमाग चकरा गया.

उस लिफाफे में गिरधर और कंचन की फोटो थी. पार्वती की समझ में नहीं आ रहा था कि कंचन गिरधर के साथ कैसे? गिरधर के साथ उस का क्या रिश्ता हो सकता है? गिरधर ही नाम बदल कर कहीं कंचन से तो नहीं खेल रहा है.

पार्वती ने फैसला कर लिया कि वह गिरधर को अपने मकसद में कामयाब नहीं होने देगी. वह उस की असलियत को खोल कर रख देगी.

रात के 9 बज रहे थे. कंचन दीदी अभी तक नहीं आई थीं. पार्वती को इंतजार का एकएक पल एक युग की तरह लग रहा था. समय काटे नहीं कट रहा था. रहरह कर नजरें दरवाजे की तरफ चली जाती थीं.

10 बजे जब दरवाजे की घंटी बजी, तो वह दरवाजे की तरफ दौड़ पड़ी. दरवाजा खोला तो देखा कि कंचन दीदी बड़ी खुश नजर आ रही थीं.

कंचन दीदी अंदर आते ही सोफे पर पसर गईं. वे बोलीं, ‘‘पार्वती, आज तो सुरेश के साथ घूमनेफिरने में मजा आ गया. तुम्हें यह जान कर खुशी होगी कि हम दोनों जल्दी ही शादी करने वाले हैं.’’

पार्वती कुछ नहीं बोली. पूरी रात पार्वती की आंखों से नींद कोसों दूर थी. वह चाह कर भी गिरधर की हकीकत बता न सकी थी. रात आंखों में कटी. सुबह कंचन दीदी नहाधो कर स्कूल जाने के लिए तैयार हो गईं. पार्वती के चेहरे की बेचैनी कंचन ने पढ़ ली थी.

‘‘क्या बात है पार्वती, कल रात से मैं तुम्हें परेशान देख रही हूं?’’ ‘‘दीदी, मैं… आप से एक बात कहना चाहती हूं?’’ ‘‘क्या…’’

इस पर पार्वती कमरे में गई और वह लिफाफा ले कर आ गई.

‘‘अरे, तुम्हारी नजर लिफाफे पर पड़ ही गई. खोल कर भी देख लिया होगा?’’ ‘‘देख लिया, इसीलिए परेशान हूं.’’ ‘‘क्या मतलब?’’

‘‘मतलब यह दीदी, मैं यह जानना चाहती हूं कि तुम ने जिस लड़के के साथ फोटो खिंचवाई है, वह कौन है?’’ ‘‘यही तो हैं तुम्हारे होने वाले जीजाजी. जब तुम सुरेश से मिलोगी, तो खुश हो जाओगी.’’

‘‘दीदी, इस का नाम सुरेश नहीं, बल्कि गिरधर है.’’ ‘‘गिरधर…’’ यह सुन कर कंचन चौंक गईं.

‘‘हां दीदी, वही गिरधर, जिस ने मुझे धोखा दिया था. अब तुम्हें धोखा दे रहा है.’’ ‘‘पार्वती, तुम यह क्या कह रही हो?’’

‘‘हां दीदी, मैं सच कह रही हूं.’’ यह सुन कर कंचन दीदी कटे पेड़ की तरह सोफे पर बैठ गईं.

‘‘क्या हुआ दीदी?’’ ‘‘अगर तुम्हारी बात सच है, तो बहुत देर हो चुकी है.’’ ‘‘क्या मतलब?’’

‘‘मतलब यह कि मैं भी उस की बातों में आ कर अपना सबकुछ सौंप चुकी हूं.’’

‘‘क्या…’’ पार्वती परकटे पंछी की तरह कराह उठी. वह चाह कर भी अपनी दीदी को बचा नहीं पाई थी.

‘‘पर मैं धोखा खा कर चुप रहने वाली लड़कियों में से नहीं हूं. मैं उसे ऐसा सबक सिखाऊंगी कि वह किसी को मुंह दिखाने लायक भी नहीं रहेगा. बस, तुम्हें मेरा साथ देना होगा.’’

‘‘दीदी, मैं हमेशा आप के साथ हूं. बोलो, मुझे क्या करना होगा?’’ कंचन कुछ सोचने लगीं, फिर जेहन में एक उपाय आते ही पार्वती को बता दिया.

स्कूल की छुट्टी होने के बाद कंचन सुरेश से बोली, ‘‘मैं तुम्हें अपनी छोटी बहिन से मिलवाना चाहती हूं.’’

‘‘छोटी बहिन?’’ सुरेश को यह सुन कर हैरानी हुई. वह बोला, ‘‘तुम तो कहती थीं कि तुम्हारा कोई नहीं है.’’

‘‘गांव से मेरी एक सहेली आई है. मैं उसे अपनी छोटी बहिन की तरह मानती हूं. मैं उस से कुछ नहीं छिपाती. वह तुम से मिलना चाहती है.’’

‘‘तब तो मैं उस से जरूर मिलूंगा,’’ सुरेश चहका. ‘‘तो फिर चलें.’’ ‘‘अभी?’’ ‘‘हां, क्योंकि कल सुबह वह चली जाएगी.’’

कंचन सुरेश को ले कर अपने घर पहुंची. दस्तक देते ही दरवाजा खुला. सामने पार्वती को देखा, तो गिरधर की आंखें हैरत से फैल गईं.

‘‘तुम… यहां?’’ ‘‘हां, मैं…’’ ‘‘तुम पार्वती को पहले से जानते हो?’’ कंचन अनजान बनते हुए बोली. हां… हां… न, न…’’ वह हकलाया.

‘‘पार्वती ने तुम्हारे बारे में मुझे सबकुछ सच बता दिया है,’’ अचानक कंचन दहाड़ी. वह तो मेरी किस्मत अच्छी थी कि तुम्हारी फोटो पर उस की नजर पड़ गई और मैं सचेत हो गई, वरना तुम भी मुझे पार्वती की तरह बरबाद कर देते.

‘‘धोखेबाज, मैं दूसरी लड़कियों की तरह चुप नहीं रहने वाली,’’ कह कर कंचन ने गिरधर के अंग पर जोर से लात मारी. वह लंगड़ातेकराहते भागा.

कंचन उसे नफरत से देखते हुए बोली, ‘‘अब वह किसी लड़की के लायक नहीं. मैं ने उस की जिंदगी नरक बना दी है.

‘‘पार्वती, मैं बीते हुए बुरे दिनों को एक सपना समझ कर भूल जाना पसंद करती हूं,’’ कंचन सोफे पर बैठते हुए बोली, ‘‘वैसे पार्वती, तुम्हारे लिए एक खुशखबरी है.’’

‘‘खुशखबरी… कैसी खुशखबरी?’’ ‘‘जानती हो, आज सुबह मुझ से मिलने स्कूल में कौन आया था?’’

‘‘कौन?’’ ‘‘नारायण… तुम्हारा पति. वह तुम्हें अपने घर ले जाना चाहता है.’’

‘‘पर दीदी, मैं अब उस के लायक नहीं…’’ ‘‘वह सबकुछ जान कर भी तुम्हें अपनाने को तैयार है. नारायण बहुत अच्छा आदमी है पार्वती.’’

‘‘जानती हूं दीदी. मैं ही गिरधर के बहकावे में आ कर उसे छोड़ आई थी.’’ ‘‘अब तुम भी उस बात को मेरी तरह एक बुरा सपना समझ कर भूल जाओ और बाकी जिंदगी पति के साथ हंसीखुशी से बिताओ.’’

‘‘लेकिन दीदी…’’ ‘‘मैं कुछ सुनना नहीं चाहती. वह कल सुबह तुम्हें लेने आ रहा है.’’ ‘‘मैं आप को छोड़ कर…’’

‘‘अरे पगली, तेरे घर से मेरा घर है कितनी दूर. आनाजाना तो लगा ही रहेगा. आखिर तुम मेरी छोटी बहिन हो, कोई गैर नहीं.’’

‘‘दीदी…’’ इतना कह कर पार्वती खुशी से कंचन से लिपट गई.Story

Story : पछतावा

Story. दिव्या जैसे ही रात के 3 बजे घर लौटी, तो वह मां को दरवाजे पर खड़ी देख कर चौंक गई और बोली, ‘‘क्या मम्मी, आप अभी तक जाग रही हैं? घर में नौकर तो है, वह दरवाजा खोल देता.’’

‘‘जवान बेटी रातभर घर से बाहर रहे और मां सुकून की चादर ओढ़ कर सोए, यह कैसे हो सकता है? कभी कुछ उलटासीधा हो गया, तो लोगों को मुंह दिखाना मुश्किल हो जाएगा,’’ चेतना गुस्सा होते हुए बोलीं.

यह सुन कर दिव्या का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया. वह बोली, ‘‘मम्मी, आप ऐसी बातें कर रही हैं? आप खुद इतनी एडवांस हैं. आप हम भाईबहिन से छिपछिप कर अपनी लाइफ को भरपूर एंजौय करती हैं, अपनी सारी हदें लांघ कर प्रदीप अंकल की बांहों में पड़ी मजा लूटती हैं और हमें ऊंचनीच सिखा रही हैं.’’

यह सुन कर चेतना हैरान खड़ी रह गईं. वे अजीब निगाहों से दिव्या का चेहरा देखने लगीं. जिस राज को वे सालों से छिपाए हुए थीं, आखिरकार उन की बेटी जान ही गई.

‘‘इस तरह हैरान होने की जरूरत नहीं है. हमें सब पता है. जब आप अपनी जिंदगी अपने तरीके से जी रही हैं, तो हमारे किसी मामले में दखल देने की कोई जरूरत नहीं है,’’ विवेक भी अपने कमरे से बाहर निकला और अपनी मां चेतना पर बरस पड़ा.

‘‘क्या जरूरत थी आप को प्रदीप अंकल से छिपछिप कर नाजायज संबंध रखने की? शादी भी तो कर सकती थीं आप? तलाक के बाद पापा ने भी तो दूसरी शादी कर ली थी न.

‘‘आप की इस ओछी हरकत की वजह से हमें अपने दोस्तों के सामने कितनी शर्मिंदगी उठानी पड़ रही है, पता भी है आप को? अपनी ही कालोनी में हम शर्म के मारे बाहर नहीं निकल सकते हैं,’’ कह कर विवेक ने अपने कमरे में जा कर दरवाजा तेजी से बंद कर लिया.

दिव्या भी चेतना को चुभती हुई नजरों से देख कर चली गई. चेतना का मन बेहद अशांत हो उठा. नींद उन की आंखों से कोसों दूर थी. उन्होंने भरसक कोशिश की थी कि उन के और प्रदीप के संबंधों का पता बच्चों को न चले, लेकिन सब बेकार गया.

दरअसल, बिंदास और खुली जिंदगी जीने वाली चेतना को घरेलू जिंदगी कभी रास नहीं आई थी. चूल्हाचौका करना, समझौता करना, माहौल के मुताबिक ढाल लेना, यह सब चेतना के बस का काम नहीं था.

उन्हें जिस्मानी सुख तो चाहिए था, पर घर की जिम्मेदारियां उठाने की कीमत पर नहीं. अडि़यल और जिद्दी चेतना झुकने को तैयार नहीं हुईं.

शादी के बाद भी पति दीपक ने कितना समझाने की कोशिश की, ‘चेतना प्लीज, रिश्तों को समझो. ये बहुत नाजुक होते हैं. तोड़ने से ज्यादा जोड़ने और बनाए रखने में समय लगता है. अब तुम 2 बच्चों की मां हो,’ पर चेतना कुछ सुनने को तैयार नहीं थी.

रोजरोज के झगड़े से दीपक भी परेशान हो गए. 5 सालों तक किसी तरह यह शादीशुदा जिंदगी चली और उस के बाद दोनों का तलाक हो गया.

चेतना पढ़ीलिखी तो थीं ही, उन्हें नौकरी भी मिल गई. बच्चों को पालने का हक भी उन्हें मिल गया. बच्चों को बोर्डिंग स्कूल में डाल दिया.

जमाने की ऊंचनीच की परवाह न करने की आदत चेतना में शुरू से ही थी. अपने दफ्तर के बड़े अफसर प्रदीप से उन्हें काफी अपनापन मिला. उन की पत्नी की मौत हो चुकी थी. लिहाजा, उन्हें चेतना का साथ अच्छा लगा. धीरेधीरे उन का संबंध दोस्ती से बहुत आगे निकल चुका था.

बिस्तर पर लेटी चेतना आज बेहद परेशान और तनाव में थीं. उन्हें पछतावा हो रहा था कि वे इस तरह बच्चों को अंधेरे में रख कर अपने बौस के साथ मौजमस्ती करती रहीं.

बौस प्रदीप ने भी कितनी बार कहा था कि दोनों को शादी कर लेनी चाहिए, पर वे न मानीं. जब शादी किए बगैर ही सबकुछ मिल रहा है, तो क्या जरूरत है? फिर से घर की किचकिच, फिर से वही जिम्मेदारियां. 2 बच्चे उन के, 3 प्रदीप के. 5 बच्चों की मां कहलाना उन्हें कभी नहीं भाएगा. और तो और प्रदीप के बूढ़े मांबाप की सेवा वगैरह… पूरी तरह से आजादी छिन जाएगी.

‘मैं शादी नहीं कर सकती.’ ‘पर क्यों?’ ‘तुम्हारे घर वाले मुझे स्वीकार नहीं करेंगे.’ ‘तुम इतनी फिक्र क्यों करती हो? तुम चाहोगी, तो सबकुछ तुम्हारे हिसाब से ही चलेगा. मेरे बच्चे और मांबाप तुम्हें अपना लेंगे.’

चेतना को अपनी आजादी छिनती नजर आई. उन्होंने सोचा, ‘क्यों प्रदीप मुझे फिर से घर के झंझट में डाल रहे हैं. फिर से कई सारे बंधन… पति की हुकूमत सहो, समझौता करो, बलिदान करो.

‘नहींनहीं, मैं अकेले ही अपने बच्चों को मांबाप का प्यार दे रही हूं, तो प्रदीप क्यों नहीं ऐसा कर पा रहे हैं. शादी से तो मेरी पहचान मिट जाएगी.’

वे प्रदीप पर नाराज हो कर बोलीं, ‘प्लीज, अब दोबारा शादीवादी की बात मुझ से मत करना. हम ऐसे ही अच्छे से रह रहे हैं न?’

‘जैसी तुम्हारी मरजी. मैं तो सोच रहा था कि हमारे रिश्ते को एक नाम मिल जाता.’ ‘काश, मैं ने प्रदीप की बात मान ली होती, तो आज बच्चों के मुंह से ऐसी बातें सुनने को न मिलतीं.’

चेतना ने तय कर लिया कि वे प्रदीप से कल ही शादी की बात करेंगी. शादी का नाम सुनते ही प्रदीप के माथे पर शिकन की लकीरें खिंच गईं.

प्रदीप ने कहा, ‘‘मैं यह शादी नहीं कर सकता?’’ चेतना बरस पड़ीं, ‘‘क्यों? क्यों नहीं कर सकते आप यह शादी? आप ही तो कहते थे कि हमारे संबंध को नाम मिल जाएगा.’’

प्रदीप भी चिल्ला उठे, ‘‘हां, कहा था, पर बहुत समय पहले, जब मेरे बच्चों को मां की और मेरे मांबाप को बहू की जरूरत थी. तब तो तुम ने मना कर दिया था.

‘‘अब मेरे बच्चे बड़े हो चुके हैं. मेरे मांबाप भी अब जिंदा नहीं हैं, तो फिर किसलिए करूं मैं यह शादी? और वैसे भी मेरी दोनों बेटियां शादी की उम्र की हो गई हैं. ‘‘बेटियां विदा करने की उम्र में मैं खुद दूल्हा बनूं? समाज थूकेगा मुझ पर.

‘‘वैसे भी मेरा बेटा यह कभी नहीं चाहेगा कि उस की जायदाद में कोई और हिस्सेदार खड़ा हो, इसलिए यह शादीवादी की बात अपने दिल से निकाल दो,’’ गुस्से में आ कर प्रदीप बोलते ही चले जा रहे थे.

चेतना गुस्से से तिलमिला उठीं. वे बोलीं, ‘‘तुम कब से दुनियासमाज की चिंता करने लगे? मैं शादी के लिए तैयार हूं, तो समाज का डर दिखा रहे हो. कितनी रातें मेरे जिस्म को मसला है तुम ने?’’

‘‘क्यों, मैं ने तुम्हारे साथ कोई जोरजबरदस्ती या बलात्कार किया है क्या? इस में तुम्हारी ही तो मरजी थी. अपने बहकते कदम को तो रोक नहीं पाई. तुम्हीं ने तो उकसाया था मुझे. तुम्हारी मौजमस्ती के लिए ही मैं ने यह कमरा किराए पर लिया था. पर अब बहुत हो गया. हमें यह ऐयाशी बंद करनी होगी. हमारे बच्चे बड़े हो चुके हैं.

‘‘समाज से डरना सीखो. यही डर तो हमारा सुरक्षा कवच होता है. अब मैं तुम से किसी तरह का कोई संबंध नहीं रखना चाहता. तुम्हारी अगर इच्छा हो, तो किसी और मर्द के पास जा सकती हो.’’

चेतना हैरान होते हुए प्रदीप से बोलीं, ‘‘इतनी बड़ी बात कैसे कह दी आप ने? कितने सालों से मैं आप से जुड़ी हूं. मेरा प्यार भुला दिया आप ने?’’ ‘‘तुम ने मुझ से प्यार किया ही कब था चेतना? तुम्हें तो केवल जिस्मानी सुख चाहिए था. तुम्हारा प्यार तो भावनाओं से ज्यादा सैक्स को अहमियत देता है.

‘‘तुम्हीं तो कहती थीं कि तुम 21वीं सदी की औरत हो. वैसे भी इतने सालों से बिंदास जिंदगी जीने की आदत पड़ गई है तुम्हें. तो अब घर संभालने की उम्मीद कैसे की जा सकती है. प्यार हो या शादी, तुम्हारे अंदर समर्पण की भावना है ही नहीं,’’ यह कह कर प्रदीप तेजी से कमरे से बाहर निकल गए.

चेतना गहरी पीड़ा और सदमे की हालत में आ गईं. उन्हें लगा, जैसे सबकुछ लुट गया हो उन का. ‘कहीं मेरे बच्चे भी मुझे न छोड़ दें. नहींनहीं, मैं अपने बच्चों को नहीं खो सकती. वे मेरे अपने हैं. गलती तो बड़ों से भी होती है. मेरी गलती सुधारने का मौका वे जरूर देंगे. मैं उन का भरोसा जीतूंगी. अपनी जिम्मेदारियों को पूरी सचाई के साथ निभाऊंगी. उन्हें ढेर सारा प्यार दूंगी. नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू करूंगी.’’

चेतना ने अपने आंसू पोंछे और चल दीं अपने बच्चों से माफी मांगने. उन्हें वाकई अपनी हरकतों पर पछतावा हो रहा था. Story

-नम्रता सिंह

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें