Hindi Vyangya. बजट पेश होने के बाद यूट्यूबर बंटू विद्रोही आम आदमी की राय जानने के लिए मोबाइल, माइक और मुंह उठा कर निकल पड़े.
चौराहे की चाय दुकान पर बीड़ी सुलगाते हुए एक बुजुर्ग पर उन की नजर पड़ गई. मोबाइल फोन का फ्रंट कैमरा औन कर उन्होंने अपनी यूट्यूबिया दुकान सजा दी.
‘‘नमस्कार, हम ‘बात का बतंगड़’ चैनल से बंटू विद्रोही. आज फरवरी का पहला रविवार है. जब माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा कर वार्षिक बजट की नौका पर सवार हो चुके हैं, कैसा है आम बजट? जनताजनार्दन के विचारों से रूबरू करवाते हैं. हमारे सामने बीड़ी से धुआं उगलते एक सम्मानित शख्स हैं. आइए, जानते हैं बजट पर इन की राय.
‘‘नमस्कार चाचा, हम ‘बात का बतंगड़’ चैनल से.’’
‘‘बाबू, किस पार्टी का चैनल है?’’ चाचा ने बीच में टोका.
‘‘अरे चाचा, हमारा निजी और पुराना चैनल है. एकदम सौ फीसदी आत्मनिर्भर है,’’ बंटू विद्रोही ने साफ किया.
‘‘कितने सब्सक्राइबर हैं बाबू?’’ इस सवाल पर बंटू विद्रोही बगलें झांकते हुए धीरे से बोले, ‘‘अरे चाचा, अभी स्ट्रगलिंग रिपोर्टर हूं. फिलहाल कोई 4-5 सब्सक्राइबर हैं. दरअसल, वायरल नहीं हुए हैं अब तक. खैर, आप हमारा छोडि़ए और बजट के बारे में कुछ बताइए.’’
बंटू विद्रोही के सवाल पर चाचा बिफर पड़े, ‘‘देखो बबुआ, हमारा नाम है बंगाली मंडल. हम खांटी गांधीवादी हैं. गांधी जी कहते थे कि बुरा मत देखो, बुरा मत बोलो, बुरा मत सुनो. सो, हम बुरा बोलने के पक्षधर नहीं हैं.’’
‘‘अरे बंगाली चाचा, मैं बजट के बारे में बोलने के लिए कह रहा हूं, किसी के बारे में बुरा बोलने के लिए नहीं.’’
‘‘हां, मैं भी वहीं कह रहा हूं. बजट के बारे में मेरे मुंह से बुरा मत बुलवाओ. आम बजट, अलुआ बजट. यह बजटगजट सब अमीरों के चोंचले हैं.’’
‘‘ऐसा क्यों कह रहे हैं? बजट में आम आदमी का भी ध्यान रखा गया है. उदाहरण के लिए, आप जो बीड़ी पी रहे हैं, वह तो सस्ती कर दी गई है.’’
‘‘देखो, हमारा भेजा खराब मत करो. पहले मैं सिगरेट पीता था, लेकिन बजट और औकात से बाहर होने की हालत में आज से बीड़ी से काम चलाना पड़ रहा है. वैश्विक उदारीकरण के बाद से अब तक के बजटों में सरकार ने सब से ज्यादा शोषण तंबाकू सेवन करने वालों का ही किया है.
‘‘जब से होश संभाला और हाथ में सिगरेट पकड़ी, तब से ‘वैधानिक चेतावनी’ वाले सामान की कीमतों में उछाल ही देखा है. इतिहास गवाह है कि हर बार तंबाकू की कीमत बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की ओर से कभी कोई विरोध का स्वर नहीं उठा.’’
‘‘ओह, सौरी अंकल. मैं आप के तंबाकू प्रेम को सम झ सकता हूं, लेकिन टीसीएस 2 फीसदी कर दिया गया है.’’
‘‘यह क्या होता है?’’ ‘‘अंकल, विदेशी टूर पैकेज और विदेशी चीजें सस्ती हो गई हैं.’’
‘‘अरे, हम बचपन से अब तक गृह जिला मुंगेर से परबत्ता (ससुराल) के अलावा पटना तक नहीं गए, और तुम विदेश यात्रा की बात कर रहे हो.
‘‘और दूसरी बात, हम ने पहले ही बताया कि हम प्योर गांधीवादी हैं. स्वदेशी छोड़ कर विदेशी सामान क्यों खरीदें? अगर बजट में स्वदेशी चीजें सस्ती होतीं, तो हम भी फायदा उठाते,’’ चाचा तुनकते हुए बोले.
‘‘पर चाचा, हर जिले में लड़कियों के लिए छात्रावास का भी प्रावधान किया गया है.’’
‘‘बकलोल रिपोर्टर हो क्याजी. यहां लैंगिक भेदभाव दिखाई नहीं देता तुम को? लड़कियों के लिए छात्रावास खुलना अच्छी बात है, लेकिन लड़के क्या फुटपाथ पर रहेंगे?’’
‘‘अरे चाचा, भड़क क्यों रहे हैं? हाईस्पीड रेलवे कौरिडोर की घोषणा की गई है. यह तो विकास की निशानी है.’’
‘‘पहले जो ट्रेनें चल रही हैं, उन्हें तो समय पर चलवा लो मुन्ना. बैठने का सही इंतजाम तो कर दो. कभी मुंगेरमहेशखूंट पैसेंजर ट्रेन में सफर किए हो? 40 किलोमीटर की दूरी को 3 घंटे में तय कराते हैं. इंटरसिटी एक्सप्रेस हटा कर चौगुना किराए वाली वंदे भारत ले आए, जैसे ट्रेन उड़ कर मंजिल तक पहुंच रही हो, बड़ा आए विकास की बात करने.’’
‘‘आप भी न, चाचा… विपक्षी दल के नेता की तरह बात कर रहे हैं. पशु चिकित्सा पर भी फोकस किया गया है.’’
‘‘अरे, इन लोगों को पशुओं की चिंता है, लेकिन आम आदमी के जीवन का क्या?’’
‘‘कैसी बात करते हैं चाचा. कैंसर की दवाएं सस्ती करने की बात तो बहुत अच्छी है…’’
‘‘मारेंगे मुक्का, मोबाइल समेत नाचते हुए गिर जाओगे. एकदम झंडू पत्रकार हो. अरे, साजिश समझ नहीं आती क्या? कैंसर कब होता है? शराब और सिगरेट पीने से. शराबसिगरेट की कीमत तो बढ़ा दी, अब लोग कम पीएंगे या पीएंगे ही नहीं. और जब पीएंगे ही नहीं तो कैंसर होने से रहा, तो दवा सस्ती हो या महंगी, क्या फर्क पड़ता है. हटो, मूड खराब कर दिया. अरे, लाओ सिगरेट… नहीं, बीड़ी रे…’’
बजट से आहत बंगाली मंडल का मूड देख कर बंटू विद्रोही मोबाइल, माइक और मुंह समेट कर खिसक गए.
कुछ ख्वाब हकीकत से भी बुरे होते हैं. बंटू विद्रोही की आंख खुली तो उन्हें समझ आया. सपने का बजट भी डरावना था. Hindi Vyangya




