Bhojpuri Cinema में अपनी अलग पहचान बनाने की ख्वाहिश ले कर आगे बढ़ रहीं सृष्टि पाठक ने अपनी एक्टिंग और खूबसूरती से दर्शकों का ध्यान खींचा है. ग्लैमर की दुनिया में कदम रखने से ले कर भोजपुरी म्यूजिक और फिल्मों तक का उन का सफर दिलचस्प रहा है. अयोध्या में भोजपुरी फिल्म ‘सफेद साड़ी का दर्द’ के सैट पर सृष्टि पाठक से हुई खास मुलाकात में उन्होंने अपने फिल्मी सफर, संघर्ष, भोजपुरी इंडस्ट्री के अनुभव, ग्लैमर की दुनिया की चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं पर खुल कर बात की. पेश हैं, उसी के खास अंश:
आखिर एक्ट्रेस बनने का सपना कैसे और कब पैदा हुआ?
बचपन से ही मु झे एक्टिंग, डांस और परफौर्मिंग आर्ट्स में बहुत दिलचस्पी रही है. धीरेधीरे मु झे महसूस हुआ कि मैं इस दुनिया में अपना कैरियर बनाना चाहती हूं. शुरुआत में यह सिर्फ एक सपना था, लेकिन समय के साथ मैं ने इसे अपना लक्ष्य बना लिया.
खेसारीलाल यादव और पवन सिंह जैसे सुपरस्टार्स के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
इतने बड़े कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए बहुत अच्छा और सीखने वाला अनुभव रहा है. जब आप किसी अनुभवी कलाकार के साथ सैट पर होते हैं, तो सिर्फ कैमरे के सामने की परफौर्मैंस ही नहीं, बल्कि उन का काम करने का तरीका, टाइमिंग, अनुशासन और सैट पर उन की ऊर्जा भी बहुतकुछ सिखाती है.
आप के लिए परदे पर रोमांस करना आसान है या असल जिंदगी में प्यार का इजहार करना?
मेरे हिसाब से परदे पर रोमांस करना ज्यादा आसान है, क्योंकि वहां एक किरदार होता है, एक सिचुएशन होती है और आप को पटकथा के हिसाब से अपनी भावनाएं जाहिर करनी होती हैं.
लेकिन असल जिंदगी में एहसास बिलकुल सच्चे होते हैं, इसलिए वहां अपने दिल की बात कहना ज्यादा मुश्किल हो सकता है. कैमरे के सामने भावनाओं को एक्टिंग के जरीए दिखाया जाता है, लेकिन असल जिंदगी में उन्हें दिल से महसूस करना पड़ता है.
भोजपुरी इंडस्ट्री में खूबसूरती और ग्लैमर को अकसर कामयाबी का पैमाना माना जाता है. क्या एक एक्ट्रेस को अपनी पहचान बनाने के लिए खूबसूरत दिखने से ज्यादा एक्टिंग का हुनर साबित करना पड़ता है?
ग्लैमर आप को पहचान दिला सकता है, लेकिन लंबे समय तक टिके रहने के लिए आप का काम और आप की एक्टिंग ही मायने रखती है. खूबसूरती हर इनसान में अलग होती है, लेकिन एक कलाकार की असली पहचान उस के टैलेंट, मेहनत और काम करने की क्षमता से बनती है.
कैमरे के सामने आप जितनी ग्लैमरस और आत्मविश्वासी नजर आती हैं, असल जिंदगी में भी उतनी ही बेबाक हैं या बिलकुल अलग?
असल जिंदगी में मैं काफी साधारण और जमीन से जुड़ी हुई हूं. कैमरे के सामने मैं अपने किरदार और कहानी के हिसाब से खुद को बदल लेती हूं, इसलिए वहां मेरा एक अलग पक्ष दिखाई देता है. लेकिन पर्सनल लाइफ में मैं परिवार, अपने करीबी लोगों और अपनी छोटीछोटी खुशियों को बहुत महत्व देती हूं.
भोजपुरी सिनेमा में महिलाओं को सिर्फ ग्लैमर तक सीमित रखने के बजाय मजबूत और दमदार किरदार मिलने चाहिए. आप क्या सोचती हैं?
मेरा मानना है कि भोजपुरी सिनेमा में भी महिलाओं को ऐसे किरदार मिलने चाहिए, जिन में उन की असली पहचान, सोच, संघर्ष और ताकत देखने को मिले. एक महिला कलाकार सिर्फ खूबसूरती और ग्लैमर दिखाने के लिए नहीं होती. वह मां, बेटी, पत्नी, प्रेमिका से ले कर पुलिस औफिसर, डाक्टर या बिजनैसवुमन तक का किरदार निभा सकती है.
अगर आप को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के किसी बड़े डायरैक्टर की फिल्म में काम करने का मौका मिले, तो आप किस तरह का किरदार निभाना चाहेंगी?
मैं खुद को किसी एक तरह के किरदार तक सीमित नहीं रखना चाहती. अगर मौका मिला तो मैं ऐसा रोल करना चाहूंगी, जो सिर्फ खूबसूरत दिखने के लिए न हो, बल्कि पूरी कहानी में उस की भी अहम भूमिका हो. चाहे वह एक मजबूत महिला का किरदार हो, एक्शन रोल हो, नैगेटिव किरदार हो या फिर भावनाओं से भरा कोई रोल.
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग आप को कितना प्रभावित करती है?
हर किसी की बात को दिल से लगाना ठीक नहीं है. हां, अगर कोई सही बात कहता है और उस से मु झे अपने काम में सुधार करने का मौका मिलता है, तो मैं उसे जरूर सुनती हूं. लेकिन सिर्फ किसी के कहने पर मैं खुद को बदलना नहीं चाहती.
आप की जिंदगी में ऐसा कौन सा मोड़ आया, जब लगा कि अब पीछे मुड़ कर नहीं देखना है?
मेरे लिए ऐसा कोई एक दिन नहीं था, बल्कि जिंदगी के कई छोटेछोटे अनुभवों ने मु झे मजबूत बनाया. जब मैं ने देखा कि मुश्किलें आने के बाद भी मैं लगातार काम कर रही हूं, आडिशन दे रही हूं और हर नए प्रोजैक्ट से कुछ न कुछ सीख रही हूं, तब लगा कि अब पीछे मुड़ कर नहीं देखना है.
क्या आप के कैरियर में कभी ऐसा संघर्ष रहा, जब मन में सवाल उठा कि जिस मुकाम का सपना देखा था, वहां पहुंचना इतना मुश्किल क्यों है?
बिलकुल, हर कलाकार की जिंदगी में संघर्ष आता है. कभी काम मिलता है तो कभी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है.कई बार पूरी मेहनत करने के बाद भी मन के मुताबिक नतीजे नहीं मिलते. ऐसे में मन में सवाल जरूर उठता है कि आखिर इतना मुश्किल क्यों है?
लेकिन फिर खुद को सम झाती हूं कि जब सपना बड़ा है तो उसे पूरा करने का रास्ता भी आसान नहीं होगा. मैं ने अब मुश्किलों से घबराने के बजाय उन से सीखना और खुद को मजबूत बनाना सीख लिया है.
आप का अगला धमाका क्या होने वाला है?
आने वाले समय में दर्शकों को मेरा कुछ नया अंदाज देखने को मिलेगा. मैं ऐसे किरदार करना चाहती हूं, जिन से मु झे एक कलाकार के तौर पर कुछ नया करने और खुद को साबित करने का मौका मिले.




