Hindi Kahani. रमा की खुशी का ठिकाना नहीं था, क्योंकि उन के बेटे अजय की शादी जो तय हो गई थी. शादी की बात चलने पर रमा ने अपने पति दीपक से कहा था, ‘‘देखोजी, मैं अपने अजय के लिए एक खूबसूरत दुलहन लाना चाहती हूं, जो उस की जिंदगी में नई आशाएं जगा दे.’’

‘‘हां, भई… अजय की होने वाली दुलहन बहुत ही खूबसूरत है. उस का तो नाम भी आशा है,’’ दीपक ने मुसकराते हुए बताया.

फिर अजय की शादी हुई और वह धूमधाम से सलोनी दुलहन ब्याह कर घर ले आया.

धीरेधीरे मेहमान जाने लगे. कुछ दिनों बाद आशा घर का थोड़ाबहुत कामकाज भी करने लगी. अजय और दीपक बाबू उस के बरताव से बहुत खुश थे. उधर रमा तो बहू पर जान छिड़कती थीं.

एक दिन सुबह दीपक बाबू फैक्टरी के लिए जा चुके थे. अजय जाने के लिए स्कूटर निकाल ही रहा था कि दरवाजे की घंटी बजी.

‘‘कहिए,’’ दरवाजे पर खड़े एक खूबसूरत नौजवान को देख कर अजय ने पूछा.

‘‘जी, मेरा नाम रमेश है… मुझे आशा से मिलना है,’’ उस नौजवान ने बताया.

‘‘जरूर… आशा, तुम से कोई मिलने आया है,’’ अजय ने आवाज लगाई, फिर वह नौजवान से बोला, ‘‘मैं जरा जल्दी में हूं… फिर मिलेंगे…’’ ‘‘कोई बात नहीं,’’ रमेश ने जवाब दिया.

अजय द्वारा पुकारे जाने पर आशा दरवाजे के पास आ गई थी. उस के साथ रमा भी थीं.

‘‘तुम…’’ आशा रमेश को देख कर चौंक पड़ी. ‘‘हां, मैं… क्यों, मुझे यहां नहीं आना चाहिए था?’’ रमेश ने बड़ी बेअदबी से पूछा.

‘‘कौन हो तुम?’’ रमा ने गुस्से से पूछा. फिर वह आशा से बोलीं, ‘‘बहू, यह कौन हैं? क्या तुम इन्हें जानती हो?’’ ‘‘जी… यह… वो…’’ आशा हड़बड़ा गई थी.

‘‘अजी, यह क्या बताएंगी, मैं बताता हूं. मैं आप की बहू का पुराना आशिक हूं.’’ ‘‘क्या बकते हो?’’ रमा चीखीं, ‘‘तुम्हारा दिमाग तो खराब नहीं है?’’

‘‘जी नहीं, मेरा दिमाग बिलकुल दुरुस्त है. अगर आप को मेरी बात पर यकीन न आता हो, तो यह देखिए,’’ कहते हुए रमेश ने एक लिफाफा रमा की ओर बढ़ाया.

गुस्से से कांपती रमा ने जब लिफाफा खोल कर देखा, तो उन के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई. लिफाफे में कुछ फोटो थे. एक फोटो में रमेश आशा को चूम रहा था, तो दूसरी में उस के गले में बांहें डाले हुए था.

‘‘क्यों, अब तो यकीन आ गया कि मैं गलत नहीं कह रहा था,’’ रमेश बेशर्मी से बोला.

‘‘निकल जाओ… मैं कहती हूं, दफा हो जाओ यहां से…’’ रमा गला फाड़ कर चीखीं.

‘‘जोर से न चीखो, मैं जाता हूं, लेकिन कल फिर आऊंगा… इन फोटो की कीमत भी तो वसूल करनी है. अच्छा, आशा… फिर मिलेंगे.’’

रमेश चला गया, मगर घर में एक तूफान खड़ा कर गया. रमा गुस्से से पागल हुई जा रही थीं. उधर आशा अपने कमरे में फूटफूट कर रो रही थी.

रमा ने दरवाजे की ओर देखा, तो चौंक पड़ीं. वहां दीपक बाबू खड़े थे.

‘‘आप कब आए? आप तो फैक्टरी चले गए थे?’’ रमा हड़बड़ा कर बोलीं. फिर दूसरे ही पल वह फट पड़ीं, ‘‘जानते हैं, बहू की करतूत… उस ने…’’

‘‘मैं सब सुन चुका हूं. रमेश की एकएक बात सुन चुका हूं,’’ दीपक बाबू धीरे से बोले, ‘‘फैक्टरी जाने के बाद पता चला कि मैं एक जरूरी फाइल भूल गया हूं… वही लेने आया था.’’

‘‘तो उस कलमुंही को घर से निकाल बाहर कीजिए. अजय को भी बुलवा लीजिए और बता दीजिए कि उस की घरवाली ने क्या गुल खिलाए हैं?’’

‘‘धीरज रखो अजय की मां, धीरज रखो. आओ, जरा मेरे कमरे में… वहीं बैठ कर सोचते हैं कि हमें आगे क्या करना है.’’

दीपक बाबू अपने कमरे में चले गए. पीछेपीछे रमा भी वहीं पहुंच गईं. कमरे में पहुंच कर दीपक बाबू ने रमा से वे फोटो लिए और कुछ देर तक उन्हें उलटपुलट कर देखते रहे. फिर एक गहरी सांस ले कर फोटो मेज पर रखते हुए वह बोले, ‘‘अब कहो, हमें क्या करना चाहिए?’’

‘‘अजी, करना क्या है… उस कलमुंही को मैं अब एक मिनट भी इस घर में नहीं रहने दूंगी… उस का झोंटा पकड़ घर से बाहर निकाल दूंगी,’’ गुस्से की वजह से रमा के मुंह से झाग निकल रहे थे.

‘‘ठीक है, ऐसा ही करेंगे… लेकिन इस से पहले मैं तुम्हें तसवीर का दूसरा पहलू भी दिखाना चाहता हूं,’’ कह कर दीपक बाबू ने अपना संदूक खोला.

यह वह संदूक था, जिसे रमा ने पिछले 27 सालों से हमेशा बंद ही देखा था. 2-3 बार जब उस ने पति से उस संदूक के बारे में पूछा, तो दीपक बाबू टाल गए, बोले, ‘‘इस संदूक को भूल कर भी खोलने की कोशिश न करना. हां, इस में क्या है, यह मैं अपनी मौत से पहले तुम्हें जरूर बता दूंगा… यह मेरा वादा रहा.’’

अब दीपक बाबू उसी संदूक को खोल चुके थे. उन्होंने एक पुराना सा लिफाफा निकाला और रमा को थमाते हुए कहा, ‘‘लो अजय की मां, जरा इस पर भी एक नजर डालो.’’

‘‘क्या है इस में?’’ रमा का गुस्सा कुछ कम हो गया था.

‘‘तुम खुद ही देख लो,’’ पति की बात सुन कर ज्यों ही रमा ने लिफाफा खोला, उन्हें लगा जैसे किसी ने उन्हें पहाड़ से उठा कर किसी गहरी खाई में धकेल दिया.

‘‘यह… यह सब…’’ रमा हकला गई थीं. ‘‘हां, इस में वे फोटो और प्रेमपत्र हैं, जो तुम्हारे और विनोद के प्रेम की निशानियां हैं,’’ दीपक बाबू शांत बैठे थे.

‘‘मगर, ये आप के पास…’’ ‘‘हमारी सुहागरात से पहले विनोद खुद ये फोटो और पत्र मेरे पास ले कर आया था कि मैं तुम्हें ठुकरा दूं, क्योंकि तुम्हारे उस से ही नहीं, और भी कई लोगों से संबंध हैं. पर मैं ने उस की सलाह नहीं मानी.

‘‘उस ने मुझ से इन फोटो और पत्रों की कीमत भी मांगी, पर मैं ने उसे फूटी कौड़ी भी न दी और उसे ब्लैकमेल की कोशिश करने के जुर्म में पुलिस में दे देने की धमकी दी.

‘‘उस दिन विनोद ये फोटो और पत्र छोड़ कर यहां से ऐसा भागा कि आज तक लौट कर नहीं आया.’’

रमा बुत बनी सुन रही थीं.

‘‘अजय की मां, इनसान गलतियों का पुतला है. हर किसी से गलती हो ही जाती है, यही सोच कर मैं ने आज तक तुम से इस घटना का जिक्र तक नहीं किया. मैं तो इन पत्रों और फोटो को भी फाड़ देना चाहता था, पर न जाने क्या सोच कर इस संदूक में रख दिए. मैं तो भूल ही चुका हूं… तुम भी भूल जाओ.

‘‘अब हमें यह सोचना है कि बहू के साथ क्या सुलूक किया जाए? पर यह सोचने से पहले यह भी जान लो कि ये फोटो नकली हैं.

‘‘हां, यह देखो,’’ दीपक बाबू ने एक फोटो की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘यह फोटो ट्रिक से तैयार किया गया है… इस में किसी और लड़की के चेहरे पर आशा का चेहरा चिपका दिया गया है.’’

रमा भौचक्क सी सुन रही थीं.

‘‘और अब सुनो, एक और हैरानी की बात. मुझे पता था कि एक न एक दिन रमेश यहां आ कर आशा के बारे में यह सब कहेगा.’’

‘‘क्या मतलब? आप रमेश को जानते हैं?’’ रमा हैरान थीं.

‘‘हां, शादी से पहले मुझे आशा के घर वालों ने बताया था कि रमेश नाम का एक लड़का उन की बेटी के पीछे पड़ा है. जानती हो, तब मैं रमेश से मिला था और उसे आशा के रास्ते से हट जाने को कहा था. उस के ऐसा न करने पर उसे पुलिस में दे देने की धमकी भी दी थी. और यही वजह थी कि रमेश मेरे पास नहीं आया. वह तुम्हें बेवकूफ बना कर कुछ पैसा ऐंठना चाहता था.

‘‘अब बोलो, क्या अब भी तुम आशा को घर से निकालना चाहती हो? क्या ऐसा कर के तुम सही काम करोगी?’’

दीपक बाबू की बात सुन कर रमा सिसक उठीं, ‘‘नहीं, मैं गलती पर थी.’’

‘‘तो अब अपनी गलती सुधारो,’’ दीपक बाबू ने रमा का सिर सहलाते हुए कहा, ‘‘आशा तुम्हारी बहू नहीं, बेटी है. उस पर यकीन करना सीखो. अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है… उस से कहो, अगर रमेश दोबारा इस घर में आने की जुर्रत करेगा, तो तुम उसे पुलिस में दे दोगी. वह रमेश की चिंता न करे.’’

‘‘अजय को पता चलेगा, तो वह…’’ दीपक बाबू ठहाका लगा कर हंस पड़े, ‘‘अरे, यह बात तो उसे पहले से ही पता है.’’ ‘‘क्या?’’

‘‘शादी से पहले मैं ने उसे सारी बात बता दी थी. साथ ही, यह भी पूछ लिया था कि अगर कभी रमेश ने इस घर में आ कर जहर उगलने की कोशिश की, तो वह आशा पर शक तो नहीं करेगा? जानती हो, तुम्हारे बेटे ने क्या कहा?

‘‘वह बोला, ‘बिलकुल नहीं. मौका लगा तो रमेश जैसे लोगों को अच्छा सबक सिखाने की कोशिश करूंगा.’

‘‘अब बोलो, क्या कहती हो?’’ ‘‘मैं अभी आशा बेटी के पास जा कर उसे गले लगाती हूं. बेचारी का रोरो कर बुरा हाल हो रहा होगा. उस से कहूंगी कि मैं गलती पर थी. मुझे उस से पूछना तो चाहिए था,’’ रमा बोलीं.

‘‘मगर अजय की मां, गलती पर तो तुम अब भी हो…’’ ‘‘जी…’’

‘‘आशा के पास जाने से पहले इन फोटो और पत्रों को फाड़ कर नहीं फेंकोगी?’’ दीपक बाबू 27 साल पुराना लिफाफा रमा की ओर बढ़ाते हुए कह रहे थे. Hindi Kahani

-गोपालकृष्ण मीना

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...