Hindi Story. जैसे ही पुष्पा बिहारी की दुकान के करीब आई, तो अपने पिताजी कुंवर पाल को देख कर एक पल को उस की आंखों में डर और चौंकने का भाव जागा, फिर उस ने नजरें झुका लीं.

कुंवर पाल ने पूछा, ‘‘आज इतनी देर कैसे लगा दी?’’

पुष्पा ने सहमते हुए कहा, ‘‘आज कंप्यूटर क्लास के सर ने ज्यादा देर तक बिठा लिया था.’’

‘‘तेरे साथ मैं ने एक लड़का देखा था, जो तिराहे पर से अलग हो गया. वह कौन था?’’ कुंवर पाल ने शक की नजरों से घूर कर पूछा.

पुष्पा ने सकपकाते हुए कहा, ‘‘वह भी मेरे साथ ही कंप्यूटर का कोर्स कर रहा है. यहीं पास में ही रहता है. उस के पिता भी मेकैनिक हैं. उस लड़के का नाम गोविंद है. वह तो रोज ही मेरे साथ आता है.’’

‘‘कितने दिन से?’’ ‘‘एक साल से.’’

कुंवर पाल चक्कर में पड़ गया, ‘‘तू ने कभी बताया नहीं?’’

‘‘इस में बताने की क्या बात है पिताजी? आप कहो तो उसे कल घर ले आऊं?’’

अभी तक वे दोनों दुकान के पास ही खड़े हो कर बातें कर रहे थे. जब पुष्पा ने गोविंद को घर लाने की बात कही, तो कुंवर पाल ने डांट कर कहा, ‘‘पहले चुपचाप घर जा, फिर बताता हूं.’’

सुन कर पुष्पा घबराई हुई सी घर चल दी. कुंवर पाल थोड़ी देर तक उस की दुकान पर खड़े हो कर सोचता रहा कि उस ने आखिर पुष्पा को डांटा तो क्यों डांटा? वह बेचारी किसी के साथ ही तो आ रही थी. फिर वह उसे अपना साथी बताती है, तो इस में गलत क्या है?

इन्हीं सब विचारों में खोया हुआ कुंवर पाल घर की ओर चल पड़ा. उस ने घर पहुंच कर दोबारा पूछने के लिए मुंह खोला ही था कि बाहर से आवाज आई, ‘‘पुष्पा…’’

कुंवर पाल ने चौंक कर देखा, बाहर वही तिराहे वाला लड़का खड़ा हुआ था. उस ने हाथ जोड़ कर कहा, ‘‘मुझे नहीं पहचाना? मैं दीनदयालजी का बेटा गोविंद हूं. याद है, आप दोनों साथसाथ काम करते थे? मेरे बाबाजी ने आजकल मेकैनिक की दुकान खोल रखी है.’’

कुंवर पाल जैसे आसमान से गिरा, ‘अरे, यह तो अपना गोविंद है. दीनू उस्ताद जौनपुर वाले का बेटा.’

तभी पुष्पा ने बाहर आ कर डरतेडरते अपने पिता को देखा, तो कुंवर पाल ने हंसते हुए कहा. ‘‘अरे, बाहर क्यों खड़े हो बेटा, अंदर आओ न.’’

घरवाली सीता को चाय बनाने की कह कर पहले कुंवर पाल ने गोविंद से दुनियाजहान की बातें कीं, दीनू उस्ताद के सुखदुख की पूछी, फिर बोला, ‘‘मैं बहुत दिनों से इस झुग्गी को बेच देने के मूड में हूं. मगर कोई ठीक सा ग्राहक नहीं मिल रहा. जो मिल रहा है, वह कीमत इतनी कम दे रहा है कि यूनियन के नेता की पत्ती देने से पल्ले कुछ बचेगा.’’

गोविंद ने हंस कर कहा, ‘‘यूनियन के नेता को पत्ती देना जरूरी है क्या?’’

‘‘वह झुग्गी बिकने ही नहीं देगा,’’ कुंवर पाल बोला, ‘‘अपनी टांग अड़ा देगा. वैसे भी यह झुग्गी निगम में पास नहीं है.’’

‘‘यही तो मुश्किल है. आप लोग सोचते हैं कि यूनियन के नेता ने आप को फोकट में जमीन दिलवा दी है और आप उस पर मजे से रह रहे हैं. पर यह क्यों नहीं सोचते कि वह हर दूसरेतीसरे महीने आप से जो चंदा लेता है या झुग्गी की खरीदबिक्री में पत्ती मांगता है, सो क्या सरकारी टैक्स जैसा नहीं है? टैक्स तो आप को तब भी देना पड़ता, सो अब भी देना पड़ रहा है. फोकट में कहां रहे?’’

‘‘अरे बेटा…’’ कुंवर पाल बोला, ‘‘दरअसल, 14 साल पहले हमारे पूरे टोले ने इस सरकारी जमीन पर अपनी झुग्गियां बनाई थीं. मैं उस समय बेलदारी करता था और सीता कालोनी में माई का काम. उस समय कुल 4 सौ रुपए में हम ने ठेकेदार से इस झुग्गी की जमीन ले ली थी. धीरेधीरे वक्त बदला. मेरे साथ संगीसाथी इधरउधर जाते रहे. नेता भी बदलते रहे और झुग्गी कालोनी का नाम भी.’’

तब तक चाय आ गई. पुष्पा भी पास ही बैठ गई. उस ने पूछा, ‘‘पिताजी, पहले तो उस का नाम ‘झुग्गीझोंपड़ी गंदे नाले वाली’ था न?’’

‘‘हां,’’ कुंवर पाल ने हंस कर कहा, ‘‘पहले इस का यही नाम था, क्योंकि पीछे बहुत बड़ा गंदा नाला बहता था. फिर एक नेताजी ने उस का नाम ‘इंदिरा गांधी नगर’ और बाद में ‘राजीव गांधी नगर’ कर दिया. आजकल इस कालोनी के दोनों ही नाम हैं.

‘‘कुछ झुग्गियों में हाथ के पंजे वाली छोटी सी झंडी लगी रहती है, तो कुछ में कमल के फूल वाली. किसीकिसी में हंसियाहथौड़े वाला निशान भी होता है,’’ कह कर कुंवर पाल ने ठहाका लगाया, तो पुष्पा और गोविंद ने भी साथ दिया.

अचानक गोविंद संजीदा हो गया. बोला, ‘‘तब मेरे पिताजी भी यहां रहते थे. वह बताते हैं कि गंदे नाले वाली कालोनी से ‘इंदिरा गांधी नगर’ बन जाने की भी एक बड़ी मजेदार कहानी है. पता नहीं सच है कि झूठ, पर वह कहते हैं कि एक बार कालोनी में बड़ी तेज आग लगी. 8 सौ में से 7 सौ झुग्गियां जल कर राख हो गईं. 8-10 बकरियां और कुछ मुरगियां भी जल गई थीं. शायद एक छोटा बच्चा भी झुलस कर मर गया था.’’

गोविंद ने आगे की कहानी सुनाते हुए कहा, ‘‘इस के बाद एक नेताजी लाल रंग का झंडा ले कर सारे झुग्गी वालों को साथ ले कर पता नहीं किस मिनिस्टर से मिलने गए. फिर मिनिस्टर ने सभी झुग्गी वालों को 5-5 सौ रुपए दिए और झुग्गीझोंपड़ी को दोबारा वहीं बनाने की इजाजत दे दी.’’

तभी सीता, जो इन तीनों की गपबाजी को सुन रही थी, बीच में ही बोल पड़ी, ‘‘इस के बाद की कहानी मुझे मालूम है, क्योंकि कालोनी का नाम ‘इंदिरा गांधी नगर’ और ‘श्रमिक नगर’ रखने के लिए 2 नेताओं में लड़ाई हुई.

‘‘मुझे इसलिए मालूम है, क्योंकि आप दोनों के पीछे ये नेता लोग वोट मांगने तो हमारे ही पास आते थे न. लाल झंडे वाला ‘श्रमिक नगर’ रखवाना चाहता था और उस बेचारे ने बड़ी मेहनत भी की थी. पर पता नहीं, कहां से ‘इंदिरा गांधी नगर’ वाला आ टपका.

‘‘मजे की बात यह रही कि ‘इंदिरा गांधी नगर’ वाला जीत गया. वैसे जब लड़ाई हुई थी, तब गोलियां भी चली थीं. फिर कुछ लोगों ने 2 लंबेचौड़े जुलूस भी निकाले थे. अब भी कोई चंदा मांगने आता है, तो कभी कोई कहता है नल लगवा देंगे, तो कोई कहता है बिजली. पर करताधरता कोई कुछ नहीं है.’’

कुंवर पाल विचारों में खो गया कि किस तरह इन्हीं सब हंगामों के बीच में वह पहले बेलदार से मिस्त्री और मिस्त्री से फिटर बन गया. पुष्पा और उस के बाद हुए 3 बच्चे भी पढ़नेलिखने लगे. अब पुष्पा 17 साल की हो गई है और इंटर कर रही है. अब तो झुग्गियां भी बाकायदा बिकती हैं.

वैसे इन नेता लोगों ने इतना सुधार जरूर करवा दिया है कि नल न सही, हैंडपंप लगवा दिए हैं. पानी खारा है, पर ठीक है. बिजली पता नहीं किन खंभों से लाई गई है. हां, राशनकार्ड सभी के बन गए हैं.

गोविंद उठते हुए बोला, ‘‘चाचा, अब मैं चलता हूं. मैं तो सिर्फ यह कहने के लिए आया था कि कल मैं बाहर जा रहा हूं, इसलिए शाम को पुष्पा के साथ नहीं आ पाऊंगा. पुष्पा अब अपनेआप अकेली आना सीखे.’’

तभी बाहर बिजली सी कड़की, तो कुंवर पाल गोविंद का हाथ पकड़ते हुए बोला, ‘‘बैठो बेटा. लगता है, बारिश आने वाली है. तुम कह रहे हो कि पुष्पा अकेली आना सीखे. क्या यह अच्छी बात है? जमाना कितना खराब है. अभी कुछ दिन पहले…’’

‘‘अरे चाचाजी…जमाना खराब है कहने से काम नहीं चलेगा. जमाने को बदलना पड़ेगा. फिर आप यह क्यों नहीं देखते कि जमाना बदल भी कितना गया है,’’ गोविंद ने कहा. ‘‘बुरा जमाना आ गया है बेटा.’’

‘‘नहीं, जमाना बुरा नहीं आया है. जमाना तो इस से पहले और भी बुरा था. हां, अब जमाना बदल गया है. अब देखो न, हम झुग्गी वालों को पुलिस वाले भी आएदिन तंग करने से बाज नहीं आते. रमली कहार नुक्कड़ पर ही चनेमुरमुरे की ठेली लगाता है. पुलिस वाले उस से मुफ्त में मुरमुरे खा जाते हैं.

‘‘कालोनी में शराब का ठेका है और सट्टेलाटरी का धंधा होता है, तो पुलिस वालों को हराम की मुंह लगेगी ही.

‘‘अब इस के लिए दोषी कौन है? क्या हम सब जिम्मेदार नहीं? हम क्यों लाटरीसट्टे के चक्कर में पड़ते हैं? क्यों शराब पीते हैं? अगर ये सब बुराइयां हम में नहीं, तो फिर क्यों पुलिस आए और क्यों हम उसे रिश्वत के पैसे दें?’’

बाहर जोरों से बारिश होने लगी. गोविंद फिर से बोला, ‘‘हम झुग्गीझोंपड़ी वालों को भी अब जमाने के साथ बदलना पड़ेगा. जब गंदे नाले वाली कालोनी से उठ कर ‘इंदिरा गांधी’ और ‘राजीव गांधी नगर’ तक आ चुके हैं, तो फिर और आगे बढ़ना चाहिए.

‘‘इस के लिए हमें सब से लड़ना पड़ेगा. सरकार से भी और अपने गलतसलत तौरतरीकों से भी.’’ कुंवर पाल को गोविंद के जोश पर हंसी आ गई. बोला, ‘‘वाह बेटे, तुम तो नेतागीरी करने लगे हो.’’

गोविंद शरमा गया. बोला, ‘‘नहीं चाचाजी, मैं तो कंप्यूटर की नौकरी करूंगा. अभी घर गया तो एक कंपनी का खत मिला. कल ही जाना है. पुष्पा को बताना जरूरी था, सो चला आया. इस बहाने आप से भी मुलाकात हो गई.

‘‘वैसे काफी दिनों से मैं मिलने की सोच रहा था. अच्छा, अब मैं चलता हूं. पुष्पा, कल से तुम शाम को घर पर अकेली लौटना सीखो. अच्छा नमस्ते.’’

गोविंद चलने लगा, तो पुष्पा ने कहा, ‘‘अरे, अभी तो हलकीहलकी बूंदें पड़ रही हैं. थोड़ी देर और रुक जाओ न.’’

गोविंद ने पलट कर मुसकरा कर कहा, ‘‘मैं मिट्टी का तो हूं नहीं, जो इन बूंदों से गल जाऊंगा. फिर कल इंटरव्यू की तैयारी भी तो करनी है.’’

पुष्पा मुसकराती हुई गोविंद को जाते हुए देखती रही. Hindi Story

– ब्रजगोपाल राय ‘चंचल’

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...