Kahani. रूपा ने ही अपनी खूबसूरती के बल पर सीधेसादे अजय को लुभाया था. अपनी मुसकान, पैनी निगाहों व अदाओं से रूपा ने ठान लिया था कि वह अजय को फांस कर रहेगी.

अजय एक इंजीनियरिंग फैक्टरी में पक्की नौकरी पा गया था. वह स्वभाव का अच्छा व खूबसूरत था. वह कभीकभार रूपा के पिता से मिलने आता.

रूपा के पिता रामपाल उसी के गांव के बाशिंदे थे. वह विधायक बनने की कोशिश में थे. वह सत्तारूढ़ दल के जिलाध्यक्ष थे.

रूपा में ऐसा आकर्षण भी था कि अजय उस के घर खिंचा चला आता. उस से घंटों बैठे बातें करता.

एक दिन रूपा ने अजय के जूठे चाय के प्याले को होंठों से लगाते हुए कहा, ‘‘अज्जू, मैं तुम से प्यार करती हूं. तुम मुझे चाय से भी मीठे, कड़क और गरम लगते हो. जैसे ठंड में चाय की तलब होती है, मुझे भी लगता है कि मेरे दिल को तुम्हारी तलब है.’’

अजय उस के हाथ का प्याला अपने होंठों से लगाते हुए बोला, ‘‘रूपा, तुम्हें पा कर मैं अपने को तकदीर वाला समझूंगा.’’

‘‘तो प्याला क्यों?’’ रूपा खुशी से लिपट पड़ी, ‘‘मेरे होंठ हाजिर हैं. इन्हें ही प्याला समझो.’’

अजय ने पूछा, ‘‘रूपा, क्या तुम्हारे पिता हमारा मिलन होने देंगे?’’

यह बात रामपाल से छिपी नहीं रही. वह तोड़फोड़ की नीति में लग गए. रूपा में भेदभाव के बीज बोने लगे, ‘‘बेटी, क्या तुम जानबूझ कर अपनी और मेरी इज्जत पर कीचड़ उछालना चाहती हो? मानमर्यादा, जाति, संस्कार भी भूल बैठी? अपनी हद को समझो…’’

रामपाल ने अजय की जाति के गलत संस्कारों, पिछड़ेपन का बखान किया. रूपा नफरत से भर उठी. उस का प्यार बुलबुले सा फट पड़ा. अजय मिलने आया, तो वह बेरुखी आवाज में बोली, ‘‘मैं ने तुम्हारे बारे में गहराई तक नहीं जाना. पिताजी ने बताया कि तुम पिछड़ों में आते हो, इसलिए अब हम एक नहीं हो सकते.’’

अजय के हाथ का गिलास गिर कर टूट गया. वह गुस्से में बोला, ‘‘रूपा, तुम ने मानो मेरे दिल पर गरम चाय उड़ेल दी. तुम ने ही मुझे उकसाया और अब तुम ही दूर हटने लगी.

‘‘तुम अपना फैसला ले सकती हो. मैं अपनी तनख्वाह से तुम्हें सुख और इज्जत की जिंदगी दे सकता हूं. तुम ने मेरी काबिलीयत को देखा और प्यार किया. तुम ने मुझे पक्की नौकरी में देखा और अपना बनाने की कसमें खाईं. तुम ने मुझे अपने होंठों को चूमने का मौका दिया. रूपा, वह सब क्या था, तुम्हारा प्यार या मतलब?

‘‘रूपा, तुम ने तो दिल को भी राजनीतिक दल बना दिया और प्यार को राजनीति का मैदान. मेरी हार निश्चित है, क्योंकि तुम ने भी नेताओं की तरह जाति को आधार बना लिया है. इसी जाति के बल पर कई दल जीततेहारते हैं. तुम ने और तुम्हारे पिता ने भी मौका खो दिया. तुम्हारे पिता चाहते, तो हमारी शादी करा के राजनीतिक फायदा ले सकते थे.’’

‘‘चले जाओ अजय, मैं नेता की बेटी हूं. मुझे ऊंचे पद वाला अफसर पति के मिल जाएगा.’’

इस बात को 10 साल बीत गए. एक दिन कालेज के सामने रूपा अचानक अजय के सामने पड़ गई. अजय कार में बैठा किसी का इंतजार कर रहा था.

प्राध्यापिका बनी रूपा ने पूरे 10 साल बाद अजय को देखा था. वह पहले से भी गोरा, लाल, खूबसूरत हो गया था.

रूपा सिर झुका कर एक ओर जाने लगी. उस की हिम्मत अजय के सामने खड़ा होने की नहीं हुई.

‘‘रूपा…’’ अजय की आवाज आई. रूपा के पैर रुक गए. ‘‘क्या मुझ से नहीं मिलोगी?’’

रूपा का चेहरा सफेद पड़ गया.

‘‘क्या हाल बना लिया है तुम ने अपना? सूख कर कांटा हो गई हो. चेहरे का तेज खत्म हो गया है. शरीर भी ढलने जैसा हो गया है. क्या किसी संकट में पड़ गई हो तुम? मैं ने ऐसा नहीं सोचा था. तुम्हारे बारे में पता भी नहीं लगाया. क्या तुम्हारा पति खयाल नहीं रखता?’’

रूपा की आंखें भर आईं. आंचल से आंसू पोंछते हुए वह बोली, ‘‘समय ने मुझे पछाड़ दिया है.’’

‘‘मैं कुछ समझा नहीं रूपा.’’

‘‘मेरे पिता ने मेरी शादी यूनियन के एक नेता से कर दी. वह मतलबी, शराबी, मनमौजी निकला. उस के अंदर नेताओं सा फायदा उठाने की भावना थी. यूनियन के बल पर वह मैनेजमेंट से रुपए ऐंठता और मौजमस्ती में डूबा रहता. जैसे नेता दल बदला करते हैं, उसे औरतें बदलने की आदत है. उस ने मुझ से रिश्ता तोड़ लिया. मैं पढ़ाने का काम कर के जिंदगी गुजार रही हूं.’’

‘‘और तुम्हारे पिता?’’

‘‘कहते हुए शर्म आती है. नेता होने के मद में वह भी लूटपाट और बलात्कार में पड़ गए. दल के पैसे का गलत इस्तेमाल किया. सहयोगी नेता विरोध में खड़े हो गए. बहिष्कार किया. पार्टी से निलंबित कर दिए गए. अपनी जाति वालों ने थूकना शुरू किया. अब राजनीति से संन्यास ले कर किसी तरह जिंदगी गुजार रहे हैं.’’

‘‘बड़े दुख की बात है रूपा. मेरी याद तो नहीं आती होगी?’’

‘‘क्या फायदा? जाति के फेर में पड़ कर मैं ने तुम्हें उसी दिन खो दिया था.’’

‘‘तुम्हें यह जान कर हैरानी होगी कि एक ऊंची जाति की पढ़ीलिखी लड़की ने मुझ से शादी कर ली. उस से 2 बच्चे भी हैं. उस ने कभी मुझे जाति का एहसास नहीं कराया. मौके से फायदा उठा कर अपने को आगे बढ़ाया और आज वह इस महिला महाविद्यालय की प्रधानाचार्य हैं.’’

‘‘क्या सच? सुमिता विद्यालंकार आप की पत्नी हैं?’’

‘‘हां, और मैं मैनेजर के पद पर हूं,’’ अजय बोला, ‘‘वक्त ने यह खेल दिखाया है रूपा. तुम ने हिम्मत दिखा कर मुझे स्वीकारा होता, तो आज तुम्हारे चेहरे पर चमक फूटती रहती.’’

‘‘बस… बस… चले जाओ… मुझे बेइज्जत न करो. मैं अब किसी गमले में भी रखने लायक नहीं हूं,’’ इतना कह कर वह चल पड़ी.    Kahani

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...