कालेज के गेट पर राजेश को हांफता हुआ देख कर केसी दादा बिना पूछे ही समझ गया कि कयूम फिर महल्ले में आ गया है.
फिर भी केसी दादा ने पूछा, ‘‘क्या हुआ राजेश?’’ ‘‘कमरे से तुम्हारा सब सामान फेंक दिया है?’’
‘‘किस ने?’’ ‘‘महल्ले वालों ने.’’
‘‘क्यों? उन की इतनी हिम्मत? वंदना और उस के पापा?’’ ‘‘वे भी उन के साथ हो गए हैं.’’
राजेश की बात सुन कर केसी दादा जैसे आसमान से गिरा. अब तक तो पूरा महल्ला उसे जीजान से चाहता था. पर अब?
केसी दादा ने मोटरसाइकिल में किक मारी और राजेश को साथ ले कर चल पड़ा. इस समय उस के गुस्से की हद नहीं थी. कमरे से सामान फेंके जाने से बड़ा अपमान और क्या होगा. वह भी उन आदमियों द्वारा, जो अब तक उस की हर बात मानते थे.
वह जयपुर में ‘राजस्थान स्कूल आफ आर्ट्स’ का छात्र था. पूरे कालेज में वह केसी दादा के नाम से मशहूर था. वह नाइंसाफी सहन नहीं करता था और खुद भी किसी के साथ नाइंसाफी नहीं करता था. वह चंबल के बगल के गांव का रहने वाला था. उस का पूरा नाम कालीचरन था. पर सब उसे केसी दादा कहते थे.
पहले साल में रैगिंग लेते समय जब सीनियर छात्रों ने उस पर दादागीरी दिखाई, तो वह टस से मस नहीं हुआ. उन की कोई बात नहीं मानी. जब नौबत लड़ाई तक आ गई, तो अकेले सभी की अच्छीखासी धुनाई कर दी. सब गीदड़ों की तरह मार खा कर भाग खड़े हुए.
सीनियर छात्रों में आपस में कानाफूसी होने लगी. जाने कैसे उन को पता लग गया कि यह लड़का चंबल घाटी का है. फिर तो सभी सीनियर छात्र उस से माफी मांगने लगे.
अब तो कालेज के सभी छात्र उसे केसी दादा पुकारने लगे. कालेज के दूसरे छात्र, जो जूनियर छात्रों पर अपना रोब झाड़ते, अब सब उस के आगेपीछे घूमते.
कालेज में जहां उस की धाक जम गई थी, वहीं चंबल घाटी का होने के चलते जयपुर में काफी घूमनेफिरने के बावजूद भी उसे कहीं किराए पर कमरा नहीं मिल रहा था. मकान मालिक जब पूछता कि आप कहां के हैं, तो जवाब में चंबल घाटी का नाम सुनते ही मना कर देता.
कमरे के चक्कर में वह 10-20 दिन जयपुर में घूमा, पर कहीं भी कमरा नहीं मिला. कालेज में दादागीरी तो उस ने दूसरे दिन ही दिखा दी थी, इसलिए सब उसे जान गए थे. आखिर में कालेज के कैंटीन वाले ने उसे अपने महल्ले में एक कमरा किराए पर दिलवा दिया.
मकान मालिक को कैंटीन वाले ने केसी की दादागीरी की सारी बातें बता दीं, इसलिए मकान मालिक उस से बातें करने में भी डरता था. जल्दी ही पूरे महल्ले में उस का रुतबा हो गया. उस से किसी ने यह पूछने की हिम्मत भी नहीं की कि उस का पूरा नाम क्या है या उस की जाति क्या है.
जिस दिन से उस ने सीनियर छात्रों की पिटाई की थी, उस दिन से पूरा कालेज उसे सलाम करता. छात्रों में लड़ाई हो जाती, तो समझौता केसी दादा के हाथों ही होता.
कालेज में कोई घटना घटती, तो केसी दादा वाले महल्ले में वह बात फौरन पहुंच जाती. इस घटना को सुन कर पूरा महल्ला केसी दादा की वाहवाह कर उठता, ‘आदमी हो तो ऐसा.’
चंबल घाटी की वजह से वह नाम का दादा नहीं था, बल्कि ताकतवर भी था. वह रोजाना कसरत करता था और इसीलिए उस का बदन पहलवानों जैसा लगता था.
खानेपीने के मामले में तो वह बड़ी सावधानी से काम लेता था. वह अपने गांव से इकट्ठा 10-15 किलो देशी घी लाता था.
केसी दादा के कमरे पर रोजाना 2-4 चमचे तो जमे ही रहते थे. उसी के साथ खातेपीते थे. वे अपनेआप को किसी डकैत से कम नहीं समझते थे. वे अब केसी दादा को ‘धौलपुरिया दादा’ कहने लगे थे, क्योंकि केसी का गांव राजस्थान के धौलपुर जिले में आता था.
धौलपुरिया दादा का कमरा दूसरी मंजिल पर था. उस के ठीक सामने ठाकुर प्रताप सिंह का मकान था, जिस की लड़की वंदना अकसर अपने कमरे की खिड़की से झांक कर धौलपुरिया दादा को देखती रहती और उस की तमाम सूचनाएं पासपड़ोसियों और अपनी हमउम्र लड़कियों से इकट्ठा करती रहती थी.
एक दिन वह किवाड़ बंद कर अपने कमरे में लेटा हुआ था कि ‘भड़ाक’ की आवाज सुन कर उस की आंखें खुल गईं. देखा तो सामने वंदना खड़ी थी.
केसी दादा अचानक उसे देख कर कुछ समझा नहीं. वह उस से पूछना ही चाह रहा था कि अंदर से किवाड़ की सांकल लगा कर वंदना हाथ जोड़ते हुए बोली, ‘‘मुझे बचा लो.’’
‘‘किस से?’’ पूछते हुए केसी दादा पलंग पर बैठ गया. ‘‘कयूम के गुंडे मुझे पकड़ कर ले जा रहे हैं. मुझे बचा लो धौलपुरिया,’’ यह कहते हुए वंदना उस के पैरों में गिर पड़ी.
‘‘कौन है कयूम?’’ केसी दादा ने पूछा. ‘‘हमारे महल्ले से हफ्ता लेता है. जो हफ्ता नहीं देता, उस के घर से एक औरत को एक रात के लिए उठा ले जाता है. पापा ने 2 हफ्ते से रुपए नहीं दिए हैं, इसलिए वह मुझे उठा कर ले जा रहा है.’’
‘‘इतनी गुंडागर्दी…’’ केसी दादा का चेहरा गुस्से से लाल हो गया. वह खड़ा हो कर किवाड़ की तरफ आया ही था कि तब तक कयूम के गुंडे आ गए और किवाड़ पर लात मारते हुए बोले, ‘खोल इसे.’
केसी दादा ने दरवाजा खोल दिया. वंदना किवाड़ की ओट में हो गई. केसी दादा को देख कर वे गुंडे एकदम चौंक गए, ‘‘तू कौन है बे?’’
‘‘तेरा बाप,’’ केसी ने दरवाजे से पैर अड़ा कर कहा.
‘‘वह लड़की कहां है? चुपचाप बाहर निकाल उसे, नहीं तो.’’ ‘‘नहीं तो क्या कर लेगा?’’
धौलपुरिया दादा ने इतना कहा ही था कि वे गुंडे उस पर टूट पड़े. पर धौलपुरिया ही लातघूंसों से सब की मरम्मत करने लगा. वे 3 गुंडे थे. धौलपुरिया ने उन की ऐसी पिटाई की कि तीनों अपने सूजे हुए मुंह ले कर सिर पर पैर रख कर भाग गए.
धौलपुरिया दादा के पास सारा महल्ला इकट्ठा हो गया. सभी उस के इस कारनामे से हैरान रह गए थे.
धौलपुरिया दादा ने महल्ले वालों से पूछा, ‘‘तुम इन लोगों की पुलिस से शिकायत क्यों नहीं करते?’’
‘‘सब जगह उस के आदमी हैं. पुलिस तो उस के आगेपीछे घूमती है. वह पुलिस को भी हिस्सा देता है,’’ किसी ने बताया.
‘‘चलो, मैं थाने चलता हूं. देखें, कैसे काररवाई नहीं होती है?’’
धौलपुरिया के साथ महल्ले के लोग थाने गए और कयूम की शिकायत की.
थानेदार बोला, ‘‘आप अर्जी दे जाओ. हम जल्दी ही काररवाई करेंगे.’’
लेकिन कोई काररवाई नहीं हुई. उलटे थानेदार ने कयूम को फोन किया कि धौलपुरिया महल्ले वालों को ले कर उस के खिलाफ रिपोर्ट कराने आया था.
अपने 3 चमचों की पिटाई से कयूम पहले से ही लालपीला हो रहा था. यह बात सुन कर वह और दहक उठा. दूसरे दिन वह महल्ले में अपनी जीप ले कर आ धमका और अनापशनाप गालियां बकने लगा.
धौलपुरिया दादा से अब कैसे रुका जाता. पूरा महल्ला तो उस के साथ था ही. वह कयूम पर टूट पड़ा. कहां पूरा महल्ला और कहां 10-12 गुंडे. धौलपुरिया दादा का साथ पा कर आज महल्ले वालों ने पहली बार नाइंसाफी के खिलाफ हाथ उठाया था. कयूम समेत सब की अच्छीखासी मरम्मत कर दी गई.
केसी दादा ने उन को जीप में पटकते हुए कहा, ‘‘फिर कभी इस महल्ले की तरफ आंख उठा कर देखा, तो आंखें निकाल दूंगा.’’
कुछ दिनों बाद कयूम के इशारे पर थानेदार भी धौलपुरिया को धमकाने आया था. पर पूरा महल्ला उस के साथ था, इसलिए थानेदार भी अपना सा मुंह ले कर लौट गया.
हार कर एक दिन खुद कयूम धौलपुरिया से मिला और उस से कहा, ‘‘यह जंग कब तक चलती रहेगी?’’
‘‘जब तक तुम गुंडागर्दी बंद नहीं कर देते.’’ ‘‘लेकिन कयूम ऐसा नहीं करेगा.’’
‘‘तो केसी दादा अपनी आंखों के आगे नाइंसाफी सहन नहीं करता.’’ ‘‘एक बात मानोगे.’’
‘‘बताओ.’’ ‘‘हम दोनों लड़ते हैं. तुम जीत गए, तो मैं इस महल्ले में कभी नहीं आऊंगा और मैं जीत गया, तो तुम्हें इस महल्ले से चले जाना पड़ेगा.’’
‘‘मंजूर है.’’ कयूम कद में केसी से 2 इंच लंबा था. घनी काली दाढ़ी और चेहरे पर चाकुओं के निशान. देखने में वह बड़ा ही भयानक लगता था.
महल्ले के चौराहे पर दोनों में लड़ाई शुरू हुई. वहां भीड़ जमा हो गई.
जब केसी उर्फ धौलपुरिया दादा का घूंसा कयूम के चेहरे पर पड़ता, तो महल्ले वाले झूम उठते, लेकिन जब कयूम का घूंसा केसी के चेहरे पर पड़ता, तो पूरी भीड़ का खून जम जाता. वंदना के तो दिल की धड़कनें बढ़ जातीं.
केसी दादा बहुत ताकतवर था. दानव से लगने वाले कयूम की कुछ मिनटों में ही उस ने हालत पस्त कर दी. आखिर में कयूम गिर पड़ा और उस ने अपनी हार मान ली.
अब तो उस महल्ले में केसी दादा की धाक जम चुकी थी. सारा महल्ला उस की इज्जत करने लगा. अब केसी को खाना नहीं बनाना पड़ता. किसी न किसी के यहां से उस का न्योता आता ही रहता. ठाकुर प्रताप सिंह ने तो वंदना से कह दिया था कि वह केसी के लिए खाना बना आया करे.
ठाकुर प्रताप सिंह तो मन ही मन केसी को अपना दामाद मान चुके थे. उस से वैसे उन्होंने अभी कोई जिक्र तो नहीं किया था, पर उन्हें पूरा यकीन था कि केसी वंदना को चाहता है और वह इस शादी से मना नहीं करेगा.
केसी दादा काफी समय बाद अपने गांव गया. वहां उस ने अपने साथियों को सारी बातें बताईं कि किस तरह उस ने जयपुर के एक मशहूर दादा को हरा कर महल्ले में अपनी धाक जमा ली.
बेरोजगारी से बुरी तरह टूट चुके बीए पास एक नौजवान राजेश ने जब यह सुना कि कालीचरन जयपुर में दादागीरी करता है और उस की धाक जम चुकी है, तो वह उस के पास आया और पूछा, ‘‘भैया, क्या जयपुर में मेरे लायक कोई काम मिल सकता है?’’
‘‘क्या काम कर लेगा?’’ ‘‘कुछ भी.’’
‘‘चल मेरे साथ. वैसे तो मेरा कोई जुगाड़ नहीं है, पर अच्छेअच्छे लोगों से जानकारी हो गई है. तेरे लायक कोई न कोई काम मिल ही जाएगा.’’
जब केसी जयपुर आया, तो राजेश भी उस के साथ आ गया. केसी ने एक प्राइवेट कंपनी में उसे लगवा दिया. धीरेधीरे राजेश भी महल्ले के लोगों से घुलमिल गया. राजेश स्वभाव से सीधासादा था, इसलिए सब उस से बेहिचक बात करते थे.
एक दिन ठाकुर प्रताप सिंह ने उसे अपने घर बुलवा लिया. केसी उस दिन कालेज गया हुआ था.
प्रताप सिंह ने उसे पलंग पर बिठा लिया और वंदना को चाय बनाने के लिए कह दिया.
चाय पीते हुए ठाकुर प्रताप सिंह ने उस से पूछा, ‘‘आप तो परमार होंगे?’’
‘‘जी नहीं.’’ ‘‘तो कौन हैं… चौहान?’’
‘‘जी नहीं.’’ ‘‘तो?’’
‘‘हम ठाकुर नहीं हैं.’’ ‘‘ठाकुर नहीं हैं तो कौन हैं?’’ ठाकुर प्रताप सिंह ने चौंकते हुए पूछा.
‘‘एससी.’’ ‘‘एससी?’’ ‘‘हां.’’ ‘‘क्या केसी भी एससी है?’’
‘‘जी हां, केसी भी एसएसी है,’’ राजेश ने सरलता से कहा और चाय पीने लगा.
ठाकुर प्रताप सिंह की आंखें फटी की फटी रह गईं.
‘‘केसी एससी है. इस में चौंकने की क्या बात है?’’ थोड़ी देर बाद राजेश ने कहा और कप जमीन पर रख दिया. उस ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया.
ठाकुर प्रताप सिंह ने उस से एक शब्द भी नहीं कहा. लेकिन कुछ देर बाद ठाकुर प्रताप सिंह घर से निकला और फिर पूरे महल्ले में खुसुरफुसुर होने लगी.
कुछ ही देर में पूरा महल्ला इकट्ठा हो गया और राजेश को कमरे से बाहर निकाल दिया. फिर केसी के कमरे का सारा सामान गली में फेंक दिया.
राजेश केसी के पास यह खबर देने चल दिया था.
हार्न बजाते हुए भीड़ के पास आ कर केसी ने मोटरसाइकिल रोक दी. उस का सामान नीचे पड़ा हुआ था और सारा महल्ला वहां खड़ा था.
‘‘मेरे सामान को फेंकने की हिम्मत किस ने की?’’ मोटरसाइकिल से उतरते हुए केसी दादा चीखा.
उस की बात सुन कर सारे महल्ले के लोग एकसाथ चिल्लाए, ‘हम ने.’ ‘‘क्यों?’’ केसी की भौंहें तन गईं.
‘निचली जाति का होने के बावजूद ठाकुरों के महल्ले में रहने की हिम्मत कैसे की तुम ने?’ सभी ने कहा.
केसी ने देखा कि यह बात उन लोगों ने कही थी, जो कयूम को डर से हफ्ता देते थे और अपनी औरतों को उस के पास भेज देते थे. जिन लोगों की खातिर वह एक मशहूर गुंडे से भिड़ पड़ा था.
केसी का खून खौल गया. उस ने ऊपर खड़ी वंदना समेत वहां खड़े सभी लोगों पर निगाह डाली. सब उस की ओर ऐसे देख रहे थे, जैसे उस से उन की पुरानी दुश्मनी हो.




