Story: गांव की पंचायत की जगह लोगों से खचाखच भरी हुई थी. कोई और बात होती, तो शायद कम आदमी आते, पर मामला गांव के दबंग जगन पर निचली जाति की लड़की द्वारा लगाए गए बलात्कार के आरोप का था.
गांव में निचली जाति वालों के 10-15 घर थे और ऊंची जाति वालों के तकरीबन ढाई सौ. बलात्कार जैसे मामले पर इस से पहले कभी पंचायत नहीं हुई. फिर निचली जाति की लड़की से बलात्कार की क्या पंचायत? ऐसा तो गांव में होता ही रहता है.
ऊंची जाति वालों में से एक ने लड़की के भाई झम्मन से कहा, ‘‘क्या हो गया? तू कोई ठाकुरपंडित तो है नहीं, जो तेरी इतनी इज्जत हो कि नाक कट जाए. अब मामले को छोड़ और अपनी बहिन को समझा. जवान लड़कों के सामने क्यों सीना तान कर चलती है? गलती लड़की की है और कुसूर लड़कों पर रख रहा है.
‘‘जल्दी शादी क्यों नहीं कर देता उस की? पका आम दिखाई देगा, तो कौन उसे छोड़ देगा. चल घर बैठ. बेकार में बदनामी मत कर.’’
पर झम्मन नहीं माना. अपनी बहिन के साथ बलात्कार भला कौन सहन कर लेगा? गांव के कुछ लोग जगन के बुरे कामों से कुढ़ रहे थे, इसलिए उन्होंने झम्मन को पंचायत बिठाने की सलाह दी.
जगन का जुए और दारू का कारोबार था. लाख शिकायत करने के बावजूद पुलिस उस के इस गैरकानूनी धंधे को बंद नहीं कर पाई थी. पुलिस आती, तो उस के आदमी पुलिस पर टूट पड़ते.
थाना गांव से काफी दूर था, इसलिए आज तक गांव के किसी भी शख्स ने उस की शिकायत नहीं की थी. वह गांव की निचली जाति के लोगों को जरूरत पड़ने पर रुपया उधार देता, फिर उलटासीधा ब्याज लगा कर वसूली करता. जब वह शख्स रुपया नहीं दे पाता, तो उसे जुआ खेलने के लिए उकसाता. खुद उधार रुपया दे कर जुआ खिलवाता.
फिर उस शख्स के घर चक्कर लगा कर उस की जवान बेटी या बहू को अपने जाल में फंसा कर बलात्कार करता. उसी के कर्ज में फंसा दलित उस पर रिपोर्ट करने में डरता था.
एक दिन झम्मन के बेटे को हैजा हो गया, तो जगन ने उसे इलाज के लिए रुपया दे दिया. अपने ट्रैक्टर में बिठा कर उस के लड़के को शहर ले गया. झम्मन उस का बहुत एहसानमंद हो गया था.
एक दिन जगन झम्मन से उधार दिए रुपए मांगने आ गया. वह बोला, ‘‘मुझे कल रुपया चाहिए झम्मन.’’
‘‘मगर जगन भैया, कल रुपया कहां से दे दूं?’’
‘‘मुझे कुछ नहीं पता. कल तू ने रुपए नहीं दिए, तो अपनी मां और बहिन को ले कर मेरे घर आ जाना. मेरे घर बहुत काम है. जब रुपया पट जाएगा, तब छोड़ दूंगा.’’
झम्मन उस की बात सुन कर अपमानित तो बहुत हुआ, पर कुछ कह नहीं सका.
जगन फिर बोला, ‘‘देख झम्मन, चुप रहने से काम नहीं चलेगा. मैं समय पर अपने पैसे लेता हूं. कल सुबह आ रहा हूं. और सुन, आज शाम को मेरे घर आ जाना. एक जरूरी काम है.’’
झम्मन के दिमाग में यह बात एकदम कौंधी, ‘ऐसा कौन सा काम है?’
मां बोलीं, ‘‘झम्मन, चले जाना. जगन हमारे लिए कोई न कोई अच्छी बात ही सोचेगा.’’
‘‘वह फिर जुआ खिलवाएगा. इस बार हम दोनों को दावं पर रख देना. अच्छा है, तुझ से पिंड तो छूट जाएगा,’’ मंजू ने गुस्से में कहा.
झम्मन ने कहा तो कुछ नहीं, पर गुस्साई आंखों से बहिन को बुरी तरह घूरा और घर के अंदर चला गया.
झम्मन जगन के लिए नया मुरगा था. उस पर अभी कम कर्ज हो पाया था. इस तरह वह तगादा कर के झम्मन की मां और बहिन को डरा रहा था, ताकि समय आने पर मंजू अपनेआप को उस के हवाले कर दे.
शाम को झम्मन जगन के पास पहुंच गया. जगन उसे अंदर हवेली में ले गया और एक कमरे में ले जा कर कहा, ‘‘झम्मन, अच्छे धंधे का एक जुगाड़ है. पहाड़ी के ऊपर माता के मंदिर में 3-4 मन पीतल के घंटे हैं. एकएक कर सब को चुरा लेते हैं. दोनों का आधाआधा हिस्सा होगा.’’
‘‘कहीं पकड़े गए तो?’’ झम्मन ने शक जाहिर किया. ‘‘मैं हूं न.’’
‘‘फिर ठीक है. इस काम को तो मैं आसानी से कर लूंगा.’’
दोनों रात में गए और माता के मंदिर से 2-3 बार में सभी घंटों को चुरा लाए.
सुबह सारे गांव को पता चल गया कि मंदिर के सभी घंटे चोरी हो गए हैं. गांव वालों ने काफी खोजबीन की, पर न तो चोरों का पता चला और न ही घंटों का.
जगन ने घंटों को रात में ही शहर ले जा कर बेच दिया और कुछ रुपए झम्मन को दे दिए.
एक दिन जगन ने झम्मन से पूछा, ‘‘भैंस के लिए चारा कहां से लाता है?’’
‘‘मां और मंजू लाती हैं कहीं से,’’ झम्मन ने बताया.
जगन अपनेपन से कहने लगा, ‘‘कहीं से क्यों? हमारे खेतों में से ले आया करो.’’
फिर झम्मन के कंधे को थपथपाते हुए वह बोला, ‘‘अब तो तू अपना दोस्त हो गया है न. कोई डर नहीं.’’
अब झम्मन की मां और मंजू दोनों जगन के खेत से हरा चारा लातीं.
एक दिन झम्मन की मां से जगन ने कहा, ‘‘चाची, तेरी बहू से आलू नहीं कटते. वह आलू के चिप्स बनाना चाहती है. तू चिप्स कटवा दे. चारा मंजू ले आएगी. वहां कोई डर नहीं है. चारों तरफ अपने ही आदमी हैं.’’
जगन के कहने पर झम्मन की मां उस के घर ही रह गई. वह जगन की बीवी के साथ आलू के चिप्स कटवाने लगी.
जगन मौका देख खेत पर पहुंच गया. वहां मंजू अकेली थी. वह खेत में सरसों के हरे पत्ते तोड़ रही थी. जगन ने उसे दबोच लिया.
‘‘यह क्या करते हो जगन भैया,’’ मंजू अपनेआप को उस की पकड़ से छुड़ाने की कोशिश करते हुए बोली.
‘‘चुपचाप नीचे लेट जा.’’ ‘‘नहीं भैया, ऐसा मत करो.’’
‘‘चुप,’’ जगन ने मंजू में एक थाप दी और उसे जमीन पर पटक लिया. मंजू ने हाथपैर चलाए, तो उस में 2-4 थप्पड़ और जड़ दिए.
अब मंजू शांत हो गई. जगन उस के जिस्म पर हावी हो गया. काफी देर तक वह उस के जिस्म से खेलता रहा. मंजू डर के चलते कुछ भी नहीं बोल सकी, लेकिन घर आ कर उस ने मां और भाई को पूरी बात बता दी.
मंजू की बात सुन कर झम्मन आगबबूला हो गया, लेकिन जगन जैसे ऊंची जाति वाले आदमी से वह लड़ कर तो नहीं जीत सकता. जगन के साथ पूरा गांव है और उस के साथ अपनी जाति वाले आदमी भी नहीं होंगे. ऊंची जाति वालों से सब को डर लगता है.
फिर भी झम्मन कुछ हिम्मत बटोर कर जगन के पास गया और पूछा कि उस ने मंजू के साथ ऐसा गलत काम क्यों किया? इस पर जगन बोला, ‘‘क्यों मुझ पर झूठा इलजाम लगा रहा है? क्या है तेरे मन में? मैं तो तेरी बहिन के पास गया तक नहीं. वह न जाने किस के साथ मुंह काला कर के आई है और मुझे फंसा रही है.’’
‘‘मगर वह झूठ क्यों बोलेगी?’’ झम्मन ने गुस्से से कहा. जगन बोला, ‘‘झम्मन, मैं ने तुझे आदमी समझा, पर तू जिस थाली में खाता है, उसी में छेद करता है. क्यों अपनी बहिन की बदनामी कर रहा है? अरे कोई सुन लेगा, तो उस की कहीं शादी भी नहीं होगी.’’
पर झम्मन डरने वाला नहीं था. उस ने पंचायत बुला ली. पंचायत में झम्मन ने साफ कह दिया, ‘‘जगन ने मेरी बहिन के साथ बुरा काम किया है.’’
जगन ने अपना पक्ष रखा, ‘‘मैं ने किसी के साथ कोई बुरा काम नहीं किया है. फिर भी कोई गवाह यह साबित कर दे कि मैं ने झम्मन की बहिन से बुरा काम किया है, तो पंचायत जो कहे, वह फैसला मुझे मंजूर है.’’
पंच बोला, ‘‘झम्मन, तेरे पास कोई गवाह है क्या?’’ झम्मन के पास कोई गवाह नहीं था, इसलिए वह चुप हो गया.
पंच ने कहा, ‘‘झम्मन के पास कोई गवाह नहीं है. यह जगन की झूठी बदनामी कर रहा है. अब सारे पंच जगन के साथ हैं.’’
‘‘लेकिन झम्मन थाने में रिपोर्ट करने गया तो?’’ एक पंच बोला. दूसरा पंच बोला, ‘‘जाने दो, पुलिस पंच से बढ़ कर नहीं है.’’
फिर वह पंच झम्मन से बोला, ‘‘झम्मन, अगर तू पुलिस के पास गया, तो समझ लेना कि हम सब जगन के साथ हैं.’’
झम्मन बेचारा सिर झुका कर सुनता रहा. अब वह क्या कर सकता था. अचानक जगन बोला, ‘‘पंचो, आज पंचायत में मैं तुम्हें माता के मंदिर के घंटों के चोर को पकड़ा सकता हूं.’’
मंदिर के घंटों की बात सुन कर सभी पंच एकसाथ बोले, ‘हां, बताओ.’
‘‘लेकिन तुम्हें एक चोर माफ करना होगा.’’
‘‘हांहां, एक चोर माफ कर देंगे,’’ पंच सोच रहे थे कि किसी तरह चोरी तो खुले. एक चोर बचेगा, उस से सब चोरी वसूल लेंगे.
जगन ने कहा, ‘‘माता के घंटे झम्मन और मैं ने चुराए हैं.’’
जगन की बात सुन कर झम्मन को काटो तो खून नहीं. जगन ने यह अच्छा फंसाया उसे.
‘‘लेकिन पंच मुझे माफ कर दें. एक चोर को माफ करने का वादा पंच पहले ही कर चुके हैं,’’ जगन ने हाथ जोड़ कर कहा.
वहां सभी जातियों के पंच थे. निचली जाति वाले लोगों ने तो कहा कि चोर को माफी किसलिए? पर ऊंची जाति वालों का कहना था कि जगन को माफ करना पड़ेगा, क्योंकि वे इस बात का पक्का वचन दे चुके हैं.
‘‘दंड के भागीदार दोनों बराबर होने चाहिए,’’ नीची जाति के एक बुजुर्ग ने अपनी बात रखी.
‘‘बराबर क्यों होने चाहिए? जगन को माफी मिलेगी. पंच कह चुके हैं. तू क्या पंचों में शामिल नहीं है?’’
‘‘यह तो झम्मन को गांव से भगाने की चाल है.’’ ‘‘तो वह क्यों करता है ऐसे काम?’’
‘‘हमारी भैंस चोरी हो गई थी, वह भी इसी से वसूली जाएगी.’’
‘‘मेरा इंजन भी अब यही देगा.’’ ‘‘मेरा पाइप भी अब यही देगा.’’
गांव की सारी चोरियों का आरोप अब झम्मन पर ही लगा दिया. निचली जाति वालों ने कुछ विरोध किया, तो उन को चुप करा दिया.
पंचों ने जगन को माफी दे दी और झम्मन पर सारी चोरियां थोप दीं. सब रुपए 3 दिन में देने के लिए कह दिया.
मरता क्या न करता. झम्मन को लगा कि अगर पंचों की बात नहीं मानी, तो जीना दूभर हो जाएगा. जगन ही उसे पीट दे, तो कोई सुनवाई भी न हो.
झम्मन ने अपना खेतघर बेचा, पंचों के लिए रुपए दिए और अपनी मांबहिन को ले कर शहर चला गया. Story




