Honor killing. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र में 15 साल की एक किशोरी की औनर किलिंग का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, यह घटना 17 अक्तूबर, 2026 की दोपहर तकरीबन 3 बजे गांव नादऊ की है.

आरोप है कि भुवनेश उर्फ सीटू ने अपनी 15 साल की बेटी पलक को घर के अंदर गोली मार दी. इस के बाद भुवनेश उर्फ सीटू के परिवार ने गांव के कुछ लोगों की मदद से उसी दिन शाम को पलक की लाश को श्मशान घाट ले जा कर जला दिया. वैसे, उन्होंने गांव के लोगों को बताया था कि पलक घर की सफाई करते समय टांड़ से गिर कर घायल हो गई थी.

पुलिस की जांच के दौरान गाड़ी से घायल पलक को सैफई ले जाने वाले ड्राइवर राहुल ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उसे पलक के टांड़ से गिर कर घायल होने की बात कहते हुए अस्पताल ले चलने को कहा गया.

जब राहुल भुवनेश उर्फ सीटू के घर पहुंचा तो वहां कई लोग मौजूद थे. पलक जमीन पर पड़ी थी और आसपास काफी खून फैला हुआ था.

राहुल के मुताबिक, वे लोग सैफई की ओर जा रहे थे कि करहल से आगे पहुंचने पर भुवनेश उर्फ सीटू ने फोन पर किसी से बात की और पूछा कि गोली लगी होने पर सैफई में भरती कराने में कोई दिक्कत तो नहीं होगी?

दूसरी ओर से फोन पर पुलिस को सूचना दिए जाने की बात बताई गई. इस के बाद भुवनेश उर्फ सीटू ने गाड़ी वापस मोड़ने को कहा. इस के बाद वे सभी वापस गांव लौट आए.

यह भी आरोप है कि भुवनेश उर्फ सीटू ने पहले ही गांव में फोन कर पलक की लाश के अंतिम संस्कार का इंतजाम करने को कह दिया था. गांव पहुंचते ही लाश को सीधे श्मशान घाट ले जा कर जला दिया गया.

पुलिस की गांव वालों से पूछताछ में पलक के किसी लड़के से बातचीत करने को ले कर पिता की नाराजगी की बात भी सामने आई.

हत्या और लाश जलाने के बाद आरोपी भुवनेश उर्फ सीटू का पूरा परिवार मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी पिता का घर सील कर दिया. Honor killing

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...