Muslim Artisans. कारीगर का कोई धर्म नहीं होता. उस का हुनर उसे पहचान देता है. अगर कोई पंचर बनाता है तो वह भी कारीगर है. यह शर्म की नहीं शान की बात है.

‘अब्दुल पंचर बनाता है.’ मुसलिमों को नीचा दिखाने के लिए दक्षिणपंथी इस लाइन का बखूबी इस्तेमाल करते हैं. 2015 के बाद से राइट विंग मीम पेज और व्हाट्सऐप फौरवर्ड मैसेज में मुसलिमों को अनस्किल्ड और गरीब दिखाने के लिए इस लाइन इस्तेमाल होने लगा. ओपइंडिया ने 2020 में एक आर्टिकल में इस का जवाब देते हुए लिखा था ‘इट्स नौट द पंचर वाला बट द आईआईटीआईआईएम वाला’.

अब सवाल यह है कि एक पूरे समाज को उस के काम को ले कर नीचा दिखाने की सोच कहां से आई? और क्या सच में अब्दुल सिर्फ पंचर बनाता है?

‘अब्दुल पंचर बनाता है’. इस लाइन को मेनस्ट्रीम में लाने का सब से बड़ा मोमैंट 14 अप्रैल, 2025 को हरियाणा के हिसार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण था. वक्फ संशोधन बिल का बचाव करते हुए उन्होंने कहा था, ‘अगर वक्फ की प्रोपर्टी का सही इस्तेमाल होता तो मुसलिम नौजवानों को साइकिल के पंचर ठीक करने की नौबत नहीं आती.’

मेहनतकश समाज के बारे में नफरत फैलाने का काम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ करता है. इस संघ ने अंगरेजों से लड़ने के बजाय मुसलिम को यवन सांप कहा था इसलिए 1943 में ब्रिटिश इंटैलिजैंस रिपोर्ट में संघ को फासिस्ट सोच वाला खतरनाक संगठन कहा गया था.

महात्मा गांधी ने खुद 16 सितंबर, 1947 को संघ की रैली में जा कर कहा था कि ‘अगर हिंदू यह सोचते हैं कि भारत में सिर्फ हिंदुओं की जगह है और मुसलिमों को गुलाम बन कर रहना है तो वे हिंदू धर्म को मार देंगे’.

आज वही सोच नए पैकेट में बिक रही है. आर्थिक बहिष्कार के रूप में. 2016 में संघ के नाम से चलने वाले एक हैंडल ने, जिसे प्रधानमंत्री खुद फौलो करते हैं, खुल कर ट्वीट किया था कि मुसलिमों का आर्थिक बहिष्कार करो.

2022 में दिल्ली में भाजपा के सांसद ने मंच से कहा कि मुसलिमों का संपूर्ण बहिष्कार करो. कोरोना के वक्त तो हद ही हो गई थी. तबलीगी जमात को कोरोना जिहाद कहा गया और सब्जी वाले, हज्जाम, रिकशा वाले तक का बहिष्कार करवाया गया.

संघ की सोच में श्रम का कोई सम्मान नहीं है. वह श्रम को जाति और धर्म के चश्मे से देखता है. ‘मनुस्मृति’ में जो जाति व्यवस्था है, संघ को वही व्यवस्था चाहिए. ब्राह्मण दान, पुण्य और कथा के जरीए बैठ कर खाएगा, क्षत्रिय बंदूक ले कर सीमा पर खड़ा होगा, बनिया व्यापार करेगा और दलित, मुसलिम मजदूरी करेंगे.

मजदूरी करने वाला गाली भी खाएगा और उसे बराबर का इनसान भी नहीं माना जाएगा. यह दोगलापन नहीं तो क्या है? एक तरफ वोकल फौर लोकल का नारा दिया जाता है तो दूसरी तरफ लोकल कारीगर के बहिष्कार करने का ऐलान किया जाता है.

अब्दुल सिर्फ पंचर नहीं बनाता 

इस देश में अब्दुल को सिर्फ पंचर से जोड़ दिया गया है ताकि उस की पूरी हुनरमंद पहचान मिटा दी जाए. पंचर से जोड़ने पर हंसी आएगी लेकिन अगर बुनकर समझ लिया जाए तो इज्जत करनी पड़ेगी. कारीगर कहने पर यह मानना पड़ेगा कि इस देश की संस्कृति में उस का भी खूनपसीना लगा है, इसीलिए जानबू?ा कर मुसलिम को पंचर वाला बताया जाता है, ताकि उस के हाथ की बनी साड़ी पहन कर भी उसे छोटा ही समझा जाए.

सच यह है कि अगर एक दिन के लिए इस देश के सारे मुसलिम और दलित कारीगर काम बंद कर दें तो इस देश का कोई त्योहार नहीं मनेगा. न साड़ी मिलेगी, न लहंगा मिलेगा, न चूड़ी मिलेगी, न जरी मिलेगी, न दरी मिलेगी, न कालीन मिलेगा. बाजार खाली पड़े रहेंगे.

शोरूम में सिर्फ मैनेजर बैठा रहेगा इसलिए अगली बार जब कोई कहे कि मुसलिमों से सामान मत खरीदो तो उस से पूछना चाहिए कि तुम्हारी पत्नी ने जो बनारसी साड़ी पहनी है वह किस ने बनाई है? तुम्हारी बहन ने जो चूड़ी पहनी है वह किस भट्ठी में बनी है? जवाब नहीं मिलेगा क्योंकि नफरत का बिजनैस ?ाठ पर चलता है और त्योहारों का बिजनैस गरीबों की मेहनत से चलता है.

देश की तरक्की तभी होगी जब हर मेहनतकश की इज्जत हो. चाहे वह कलावा पहनता हो या टोपी. और जब तक इस देश में मेहनत करने वाले हाथ को धर्म और जाति से नापा जाएगा, तब तक ये देश न तो तरक्की कर पाएगा और न ही विश्वगुरु हो पाएगा, वह सिर्फ एक नफरत का बाजार बन कर रह जाएगा.

उंगलियों में बसी सदियों की यूनिवर्सिटी

मुसलिमों के हाथ में डिगरी नहीं, हुनर है और वह हुनर किसी सरकारी योजना से नहीं आया. बनारस के एक अंसारी बुनकर को देखिए. वह 8 साल की उम्र से करघे पर बैठता है. उस के पिता ने उसे अक्षर नहीं, धागा गिनना सिखाया है.

एक बनारसी साड़ी में 2,400 से ले कर 5,600 तार होते हैं. हर तार को हाथ से उठाना, हर नक्शे को याद रखना, यह बेहद मुश्किल हुनर है जो कोई किताब नहीं सिखाती. यह कला पीढि़यों से उंगलियों में उतरती है. इसे कदवा कहते हैं, इसे जाल कहते हैं, इसे मीना कहते हैं. एक साड़ी बनने में 15 दिन से ले कर 6 महीने लगते हैं. एक गलती और पूरा थान बेकार.

यही बच्चा बड़ा हो कर जब जरी के तार को सोने की तरह चमकाता है तो उस की कीमत शोरूम में 2 लाख हो जाती है लेकिन इस बनाने वाले लड़के को सिर्फ 5,000 रुपए मिलते हैं.

लखनऊ जाइए और वहां के जरदोजी के काम को बारीकी से देखिए. एक इंच कपड़े में 200 टांके. सूई इतनी बारीक कि आंख में चश्मा और उंगली में छाला दोनों साथ चलते हैं.

इस काम को करने वाला कारीगर टांके को गिनता नहीं बल्कि उसे सांस की तरह लेता है. चिकनकारी में 36 तरह के टांके हैं. बखिया, फंदा, मुर्री, जाली.

ये नाम किसी फैशन कालेज ने नहीं रखे, ये मुसलिम महिलाओं ने अपनी रसोई में बैठ कर ईजाद किए थे. आज वही चिकनकारी गोटा लग कर दुबई के बड़े शोरूम में 50,000 रुपए की बिकती है.

फिरोजाबाद की आग को देखिए. 700 डिगरी की भट्ठी पर कांच को पिघलाया जाता है. मुसलिम और दलित मजदूर एक लोहे की छड़ पर पिघले कांच को घुमा कर चूड़ी बनाते हैं. यह पीढि़यों का हुनर है. एक मिनट में 12 चूडि़यां. दिन में 10,000. हाथ जल जाए तो घाव पर थूक लगा कर फिर काम जुट जाते हैं. यही चूड़ी जब एक दुलहन पहनती है तो उस का सुहाग कहलाती है.

कानपुर और आगरा के चमड़े के कारखाने देख आइए. बदबू ऐसी कि सवर्ण व्यापारी वहां खड़ा भी नहीं हो सकता लेकिन वहीं जावेद अंसारी और संजय पासवान उसी बदबू में लैदर को नमक लगाते हैं, रंगते हैं, काटते हैं. एक बैल्ट, एक जैकेट, एक जूता जो आप शोरूम में ब्रांड कह कर खरीदते हैं, उस का असली ब्रांड उन की हथेली से तैयार होता है.

भदोही में एक कालीन बुनने में एक परिवार को 8 महीने लगते हैं. एक एक गांठ हाथ से बनाई जाती है. एक वर्गमीटर में 1 लाख गांठें. बच्चा स्कूल से आ कर कालीन में गांठ मारता है. यह बाल मजदूरी नहीं, मजबूरी का हुनर है जो उन के लिए स्कूल से बड़ा है.

अब सोचिए, यह स्किल कहां से आई? आईआईटी से नहीं, आईआईएम से भी नहीं. यह स्किल मदरसे से भी नहीं आई. यह स्किल पुरखों से आई है. उस्तादशागिर्द परंपरा से आई है. जब देश में यूनिवर्सिटी नहीं थी, तब भी इन के घर ही यूनिवर्सिटी थे. और आज जब सरकार स्किल इंडिया का नारा देती है तो इन्हीं लोगों को अनस्किल्ड लेबर लिख दिया जाता है.

मुसलिम कारीगरों की मेहनत का सब से बड़ा सुबूत यह है कि इन का काम कभी मशीन नहीं कर पाई. पावरलूम ने बनारसी साड़ी बनाने की कोशिश की, फेल हो गया क्योंकि मशीन जरी को पकड़ नहीं सकती, वह तोड़ देती है.

मशीन चिकनकारी की जाली नहीं बना सकती. मशीन चूड़ी को हाथ से गोल नहीं कर सकती. इन के हाथ का जो रियाज है वह आर्टिफिशियल इंटैलिजैंस से भी नहीं सीखा जा सकता. लेकिन विडंबना देखिए. हुनर मुसलिम का, नाम हिंदू बनिया ब्रांड का. बनारस की साड़ी बनाता है अंसारी, बेचता है बनारसी साड़ी हाउस. मुरादाबाद का पीतल बनाता है सईद, एक्सपोर्ट करता है शर्मा हैंडीक्राफ्ट. भदोही का कालीन बुनता है अब्दुल, दुबई में बिकता है इंडियन हैरिटेज कार्पेट के नाम से.

तो जब अगली बार कोई आप से कहे कि मुसलिमों का बहिष्कार करो तो पूछना कि क्या तुम अपने त्योहार से बनारस निकाल दोगे? लखनऊ निकाल दोगे? फिरोजाबाद निकाल दोगे? भदोही निकाल दोगे? अगर ये 4 शहर निकाल दिए तो त्योहार में बचेगा क्या?

सिर्फ व्हाट्सऐप के मैसेज से देश का अर्थशास्त्र नहीं चलता. सत्ता का धर्म होता है लेकिन हुनर का कोई धर्म नहीं होता. हुनर सिर्फ हाथ मांगता है और इस देश में सब से हुनरमंद हाथ आज भी उसी के हैं जिन्हें संघ के लोग पंचर वाला कहते हैं.

दशहरे से दीवाली के बीच तकरीबन 5 लाख करोड़ का व्यापार होता है. यह आंकड़ा हवा में नहीं है.

कौन्फैडरेशन औफ आल इंडिया ट्रेडर्स के सर्वे के मुताबिक साल 2025 में नवरात्रि से दिवाली के बीच सिर्फ सामान की बिक्री 5.4 लाख करोड़ रुपए थी और इस दौरान सर्विस का टर्नओवर 65,000 करोड़ रुपए था.

कुलमिला कर 6 लाख करोड़ रुपए. 2026 के लिए अनुमान है कि यह आंकड़ा 7 लाख करोड़ रुपए को पार कर जाएगा. इस में सब से ज्यादा हिस्सा साड़ी, लहंगा, सूट और बाकी के सिंगार के सामान का है.

ये सामान गलीनुक्कड़ की मामूली दुकान से ले कर बड़े बड़े शोरूम तक में बिकते हैं. सवाल यह नहीं है कि यह बाजार कितना बड़ा है बल्कि असली सवाल ये है कि यह सामान बनाता कौन है?

इस देश का असली निर्माता कौन

भारत का हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट सैक्टर खेती के बाद सब से ज्यादा रोजगार देने वाला सैक्टर है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 35 लाख एक्टिव लूम हैं और 45 लाख से ज्यादा लोग सीधे इस काम में लगे हैं. एक स्टडी कहती है कि इस सैक्टर में 50 फीसदी से ज्यादा महिलाएं हैं.

एनसीएईआर के सर्वे के मुताबिक हैंडीक्राफ्ट में लगे 47 फीसदी मजदूर महिलाएं हैं और उन में से 37 फीसदी एससी और एसटी समुदाय से हैं. यह सैक्टर पूरी तरह से मैन्युअल है. सारा काम मशीन से नहीं, हाथ से होता है.

उत्तर प्रदेश के बनारस, मऊ, आजमगढ़, लखनऊ, बरेली, बिहार के भागलपुर और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का इतिहास उठा लीजिए. ब्रिटिश काल की 1902 की रिपोर्ट कहती है कि यूपी में हैंडलूम लेबर फोर्स में तकरीबन 90 फीसदी मुसलिम जुलाहा थे.

आज भी बनारसी साड़ी का पूरा जरी का काम, नक्शा बनाने से लेकर करघा चलाने तक का पूरा हुनर मुसलिम अंसारी समाज के पास है. लखनऊ की जरदोजी में 5 लाख लोग लगे हैं और उन में ज्यादातर मुसलिम हैं. फिरोजाबाद की चूड़ी, जो हर सुहागन के हाथ में होती है, उस का

80 फीसदी काम मुसलिम और दलित मजदूर करते हैं. कांचिपुरम की साड़ी, भागलपुरी सिल्क, लखनवी चिकनकारी, जयपुरी बंधेज, ये सब बनाने वाले हाथ ज्यादातर मुसलि और दलित समाज के हैं.

‘द मूकनायक’ की रिपोर्ट के मुताबिक आज भी 67 फीसदी बुनकर 5,000 रुपए महीना से कम कमाते हैं और वे सब ओबीसी, एससी, एसटी और माइनौरिटी से आते हैं.

मतलब साफ है. डिजाइन हिंदू व्यापारी का हो सकता है, शोरूम हिंदू सेठ का हो सकता है लेकिन कपड़ा बुनने वाला हाथ, जरी टांकने वाली आंख, चूड़ी को आग में गोल करने वाला हाथ अब्दुल का होता है क्योंकि अब्दुल सिर्फ पंचर नहीं बनाता वह लहंगा भी बनाता है. लैदर की जैकेट, लैदर की बैल्ट और लैदर के शूज पहनने वाले ज्यादातर अपर कास्ट हिंदुओं को मालूम भी नहीं है कि इसी अब्दुल अंसारी और रमेश मोची की मेहनत पर हजारोंकरोड़ का लैदर बिजनैस चलता है. तब कोई क्यों नहीं पूछता कि यह किस के हाथ का बना है?

यही इस देश का सब से बड़ा पाखंड है. जब नवरात्रि में एक सवर्ण महिला बनारसी साड़ी पहन कर पूजा करती है तो वह कभी नहीं पूछती कि यह साड़ी किस ने बुनी है? जब करवा चौथ पर कोई सुहागन चूड़ी पहनती है तो वह नहीं पूछती कि इसे किस ने बनाया है? जब दुलहन का लहंगा बनता है जिस पर महीनों तक जरदोजी होती है तो दूल्हे का परिवार यह नहीं कहता कि हम मुसलिम के हाथ का बना लहंगा नहीं लेंगे. दूल्हे, दूल्हे के भाई और दूल्हे के बाप के लिए महंगे लैदर के शूज गिफ्ट किए जाते हैं तब सब चलता है. तब शुद्धता याद नहीं आती. तब छुआछूत याद नहीं रहता. तब धर्म खतरे में नहीं आता लेकिन व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी का नोटिफिकेशन हमेशा खतरे की घंटी बजाता है कि अब्दुल पंचर वाला है. पंचर वालों और आरक्षण वालों का बहिष्कार करो. असल में यह नारा देने वाला वही वैचारिक जमात है जिस ने कभी एक मीटर कपड़ा नहीं बुना, एक चूड़ी नहीं बनाई, एक सूई में धागा नहीं पिरोया.

नफरत की कीमत कौन चुकाता है

जब एक समुदाय का बहिष्कार किया जाता है तो नुकसान उस का नहीं, पूरे देश का होता है. इस बात को अर्थशास्त्र से समझाइए. भारत का हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट 2025 में 32,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का था. अमेरिका, यूरोप, दुबई में बनारसी साड़ी, चिकनकारी, मुरादाबाद का पीतल ब्रास के नाम से बिकता है. खरीदने वाला नहीं पूछता कि इसे हिंदू ने बनाया या मुसलिम ने. वह क्राफ्ट देखता है.

जब सोशल मीडिया पर मुसलिम कारीगर के बहिष्कार का ट्रैंड चलाया जाता है तो दुनिया भी इस नफरत को देखती है. खरीदार सोचता है कि जिस देश में कारीगर ही सुरक्षित नहीं, वहां से माल लेना रिस्क है. और्डर कैंसिल होता है और यही और्डर बंगलादेश चला जाता है. नुकसान सिर्फ अब्दुल का ही नहीं, शर्मा का भी होता है जो एक्सपोर्ट हाउस चलाते हैं.

इस धंधे में अकेला मुसलिम पुरुष नहीं है. चिकनकारी में धागा खींचने का काम, बखिया मारने का काम, चूड़ी में मोती चिपकाने का काम 70 फीसदी दलित और पिछड़ी हिंदू महिलाएं करती हैं.

जब हिन्दू संगठन के नेता चिल्लाते हैं कि मुसलिम से सामान मत लो तो कई जगह ठेका ही बंद हो जाता है और जब ठेका बंद होता है तो काम दलित महिला से भी छिन जाता है. फिरोजाबाद में 2022 के बहिष्कार वाले बयानों के बाद 2 महीने तक भट्ठियां ठंडी रही थीं. स्थानीय अखबारों में खबर थी कि इस बहिष्कार के बाद 40,000 मजदूरों को पलायन करना पड़ा. इन में आधे से ज्यादा हिंदू थे.

नफरत की इकोनौमी ऐसी ही होती है. वह आग की तरह होती है. पहले वह दूसरों का घर जलाती है, फिर इस में अपना भी घर जलता है. गरबा में मुसलिमों की एंट्री पर रोक लगी. गरबा ड्रैस कौन बनाता है? अहमदाबाद के घेवार के मुसलिम टेलर. एक गरबा चनिया चोली में 9 मीटर घेर होता है, 300 मीटर लेस लगती है. उसे एक कारीगर 12 घंटे में सिलता है. नवरात्रि के 9 दिन में एक कारीगर 9 ड्रैस सिल कर देता है तब जा कर 9 हिंदू लड़कियां गरबा कर पाती हैं.

दुनिया के किसी भी सैकुलर राष्ट्र ने तरक्की समाज के एक तबके के बहिष्कार से नहीं की. तुर्की ने कालीन बेच कर, ईरान ने जरदोजी बेच कर और जापान ने हैंडलूम बेच कर अपनी इकोनौमी खड़ी की.

भारत में भी यही मौडल है. मुसलिम बुनकरों की वजह से बनारस को यूनैस्को ने सिटी औफ क्त्राफ्ट घोषित किया है और इन्हीं मुसलिम बुनकरों की वजह से ही लखनऊ की चिकनकारी को जीआई टैग मिला है.

यह अंतर्राष्ट्रीय टैग ही हिंदूमुसलिम दोनों का पेट भरता है, इसलिए अगला नारा बहिष्कार का नहीं, हिस्सेदारी का होना चाहिए. बात इस पर होनी चाहिए कि अगर 6 लाख करोड़ का त्योहारी बाजार है तो उस में से 67 फीसदी कारीगर को सिर्फ 5,000 क्यों मिलते हैं? उस की मजदूरी 15,000 कैसे हो?

इस पर बहस होनी चाहिए कि अगर एक साड़ी 2 लाख की बिकती है तो बुनकर को 5,000 क्यों मिलता है? बीच का 1 लाख, 95,000 कौन खा जाता है? सवाल यह नहीं है कि मुसलिम से लेना है या नहीं? सवाल यह है कि कारीगर किसी भी धर्म का हो उस का हक मिल रहा है या नहीं? क्योंकि जब तक बनाने वाले का पेट खाली है तब तक पहनने वाले का त्योहार कभी पूरा नहीं होगा. Muslim Artisans

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...