Vidya Maurya.भोजपुरी सिनेमा में हीरो, विलेन और दूसरे किरदारों की चर्चा तो खूब होती है, लेकिन परदे पर कलाकारों को किस रूप में पेश किया जाए, उन के कपड़े किरदार और कहानी को कैसे उभारें, इस की जिम्मेदारी कौस्ट्यूम डिजाइनर की होती है.
किसी फिल्म में पहनावा सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि कहानी कहने का एक अहम जरीया भी है. ज्यादातर भोजपुरी फिल्मों में कौस्ट्यूम डिजाइनिंग की जिम्मेदारी विद्या मौर्या संभालती हैं. उन्हें भोजपुरी सिनेमा के कौस्ट्यूम और फैशन डिजाइनिंग क्षेत्र में कई बार ‘सरस सलिल भोजपुरी सिने अवार्ड्स’ शो में ‘बैस्ट कौस्ट्यूम डिजाइनर’ के अवार्ड से नवाजा जा चुका है.
अयोध्या में भोजपुरी फिल्म ‘सफेद साड़ी का दर्द’ के सैट पर विद्या मौर्या से मुलाकात हुई, तो उन के काम, कौस्ट्यूम डिजाइनिंग के अनुभव, भोजपुरी फिल्मों में बदलते फैशन और महिला तकनीशियनों के लिए फिल्म इंडस्ट्री में मौजूदा अवसरों पर लंबी बातचीत हुई. पेश हैं, उसी के खास अंश :
भोजपुरी सिनेमा में हीरोहीरोइन की कौस्ट्यूम कितना बड़ा रोल निभाती है?
कौस्ट्यूम फिल्म के हर किरदार में जान डाल देती है. कई बार कलाकार की एंट्री से पहले ही उस का लुक दर्शकों को बता देता है कि परदे पर कुछ खास होने वाला है.
आप के लिए कपड़े डिजाइन करना ज्यादा जरूरी है या स्टार के नखरे संभालना?
कपड़े डिजाइन करना मेरा काम है और स्टार के नखरे संभालना मेरे काम का एक्स्ट्रा पैकेज. लेकिन कलाकार खुश रहेगा, तभी वह कैमरे के सामने पूरे कौन्फिडैंस से काम करेगा.
अगर किसी कलाकार का ड्रैसिंग सैंस आप को बिलकुल पसंद न आए, तो मुंह पर बोल देती हैं या मन ही मन सोचती हैं कि यह क्या पहन लिया है?
मन में तो कभीकभी भोजपुरी वाला डायलौग आ ही जाता है कि ‘ई का पहिन लिहले बानी’. लेकिन प्रोफैशनल तरीके से समझाती हूं
कि कौन सा लुक स्क्रीन पर बेहतर लगेगा. आखिर मेरा काम सिर्फ कपड़ा पहनाना नहीं, कलाकार को खूबसूरत और किरदार के मुताबिक दिखाना भी है.
कोई ऐसा मौका आया है, जब आप ने जो ड्रैस सोची थी, कलाकार ने उसे देखते ही कहा हो कि न बाबा, यह हम से न होगा?
कौस्ट्यूम की दुनिया में ऐसा होना कोई बड़ी बात नहीं है. डिजाइनर की सोच और कलाकार की पसंद हमेशा एकजैसी नहीं होती. ऐसे समय में बातचीत कर के बीच का रास्ता निकालना पड़ता है, ताकि लुक भी अच्छा रहे और कलाकार सहज भी महसूस करे.
भोजपुरी फिल्मों में साड़ी, लहंगा, सूट और वैस्टर्न ड्रैस… इन में से किस आउटफिट में हीरोइन सब से ज्यादा खूबसूरत लगती है?
खूबसूरती किसी एक कपड़े की मोहताज नहीं है. साड़ी में देशी नजाकत है, लहंगे में रौयल अंदाज, सूट में सादगी और वैस्टर्न ड्रैस में मौडर्न लुक. असली बात है कि कौन सा आउटफिट किस कलाकार और किरदार पर जंचता है.
भोजपुरी फिल्मों के पारंपरिक लुक में साड़ी की अहमियत आज भी उतनी ही है या फैशन बदल चुका है?
साड़ी की अहमियत आज भी है और आगे भी रहेगी. फैशन बदलता रहता है, लेकिन साड़ी की अपनी पहचान है. बस उस के डिजाइन, ड्रैपिंग और स्टाइल में समय के साथ बदलाव आ रहा है.
परदे पर जो कपड़े हीरोइन पहनती हैं, क्या असल जिंदगी में भी उन की पसंद वैसी ही होती है?
परदे पर कलाकार अपने किरदार के हिसाब से कपड़े पहनते हैं, जबकि असल जिंदगी में उन की पसंद आराम, दिनचर्या और निजी स्टाइल पर निर्भर करती है. जो लुक कैमरे पर शानदार लगता है, वह जरूरी नहीं कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी उतना सुविधाजनक हो.
भोजपुरी फिल्मों में दर्शकों की पसंद और फैशन ट्रैंड में टकराव हो, तो आप किसे प्राथमिकता देती हैं? ट्रैंड को, कहानी को या दर्शकों की पसंद को?
मेरी पहली प्राथमिकता कहानी और किरदार है. ट्रैंड और दर्शकों की पसंद भी खास हैं, लेकिन अगर कपड़े किरदार की जरूरत से मेल नहीं खाते, तो सिर्फ फैशन के लिए उन्हें चुनना सही नहीं होगा.
अगर आप को किसी भोजपुरी फिल्म की हीरोइन का पूरा लुक बदलने की आजादी मिले, तो आप पारंपरिक भोजपुरी महिला का लुक चुनेंगी या मौडर्न फैशन वाला?
मैं दोनों का खूबसूरत मेल तैयार करना चाहूंगी. भोजपुरी की पहचान भी बनी रहे और आज की लड़की का आत्मविश्वास भी नजर आए. ऐसा लुक हो, जिसे देख कर लगे कि यह अपनी मिट्टी से जुड़ा हुआ है, लेकिन सोच में मौडर्न है.
कभी ऐसा हुआ कि शूटिंग शुरू होने वाली हो और ऐन वक्त पर हीरो या हीरोइन को ड्रैस पसंद न आई हो? फिर आप ने क्या किया?
उस समय घबराने से काम नहीं चलता. पहले यह देखती हूं कि ड्रैस में क्या बदलाव किया जा सकता है. कभी एक्सैसरीज बदल कर, कभी फिटिंग सुधार कर और कभी स्टाइलिंग में थोड़ा बदलाव कर के लुक तैयार किया जा सकता है. फिल्म की शूटिंग में कौस्ट्यूम डिजाइनर को हमेशा प्लान बी तैयार रखना चाहिए.
शूटिंग के दौरान कौस्ट्यूम खराब हो जाए, फट जाए या गलत ड्रैस सैट पर पहुंच जाए, तो उस समय डिजाइनर के दिमाग में क्या चलता है?
सब से पहले दिमाग में यही आता है कि अब इसे जल्दी ठीक कैसे किया जाए. शूटिंग में समय बहुत कीमती होता है. इसलिए अतिरिक्त सेफ्टी पिन, सूईधागा, जरूरी एक्सैसरीज और वैकल्पिक कौस्ट्यूम रखना समझादारी है. डिजाइनर को सिर्फ फैशन नहीं, इमर्जैंसी मैनेजमैंट भी आना चाहिए.
सोशल मीडिया पर कलाकारों के कपड़ों को ले कर खूब टिप्पणियां होती हैं. क्या कौस्ट्यूम डिजाइनर को भी इन तारीफों और आलोचनाओं का उतना ही सामना करना पड़ता है?
बिलकुल, क्योंकि परदे पर दिखने वाला लुक पूरी टीम की मेहनत का हिस्सा है. तारीफ मिले तो खुशी होती है और आलोचना मिले तो यह समझने का मौका मिलता है कि कहां सुधार किया जा सकता है. हां, हर टिप्पणी को दिल पर लेना भी ठीक नहीं है, क्योंकि फैशन में हर किसी की पसंद अलग होती है.
क्या कभी ऐसा हुआ कि ड्रैस की तारीफ हीरोइन को मिली हो, लेकिन उस के पीछे की पूरी मेहनत आप की रही हो? उस समय कैसा लगता है?
ऐसा हो तो खुशी भी होती है और मन में आता है कि हमारी मेहनत भी याद रखी जाए. लेकिन फिल्म का काम टीमवर्क है. जब दर्शकों को पूरा लुक पसंद आता है, तो डिजाइनर के लिए वही सब से बड़ी बात है. हां, परदे के पीछे काम करने वालों को भी पहचान मिले, तो और अच्छा लगेगा.
भोजपुरी सिनेमा के कौस्ट्यूम में ऐसा कौन सा बदलाव लाना चाहेंगी, जिस से उस की पहचान पूरे देश में बने?
मैं चाहूंगी कि भोजपुरी के पारंपरिक पहनावे को आधुनिक फैशन के साथ जोड़ा जाए. स्थानीय बुनाई, क्षेत्रीय कढ़ाई, गमछा, पारंपरिक आभूषण और हमारी संस्कृति के रंगों को नए अंदाज में पेश किया जाए. भोजपुरी कौस्ट्यूम ऐसा हो कि उसे देख कर लोग सिर्फ फैशन नहीं, हमारी संस्कृति को भी पहचानें.
नई लड़कियां कौस्ट्यूम डिजाइनिंग में कैरियर बनाना चाहती हैं. उन्हें ग्लैमर के पीछे की मेहनत के बारे में आप क्या बताना चाहेंगी?
मैं उन से कहूंगी कि इस क्षेत्र में सिर्फ अच्छे कपड़े पहनने या फैशन की जानकारी होने से काम नहीं चलता. आप को रंगों की समझ, सिलाई, फैब्रिक, फिटिंग, बजट मैनेजमैंट, टीमवर्क और समय की पाबंदी सीखनी होगी. शूटिंग के दौरान कई बार लंबे समय तक काम करना पड़ता है. अगर आप के अंदर क्रिएटिविटी, सब्र और सीखने की इच्छा है, तो यह एक अच्छा कैरियर बन सकता है.




