Hindi Short Story. भगेला को कंपकंपी छूट रही थी. सहमा सा वह कुछ बोल भी तो नहीं रहा था. एक कोढ़ी किस तरह हर तरफ से बेइज्जती बरदाश्त करने के बाद एकदम अकेला हो कर यहां दस्तक देता है, इसे बाबू कई सालों से देख रहा था.
उस ने भगेला को चुप देख कर पूछा, ‘‘कहिए, क्या काम है?’’ भगेला की आंखें डबडबा गईं. उस ने अपने दोनों हाथ बाबू के सामने करते हुए कहा, ‘‘खुद देख लीजिए.’’
बाबू ने भगेला को बैठने के लिए कहते हुए समझाया, ‘‘मैं तो एक बाबू हूं. आप अपना नाम बताइए. पहले रजिस्टर में सब लिख लेता हूं, फिर डाक्टर साहब को दिखा देंगे. भरती करने को कहेंगे, तो भरती कर लेंगे.’’
‘‘भरती करवा दीजिए साहब, नहीं तो आत्महत्या कर लूंगा,’’ कहते हुए भगेला रोने लगा.
बाबू ने समझाबुझा कर उस को संभाला. सुबकता हुआ भगेला सामने स्टूल पर बैठ गया. बाबू ने नाम, पता और पिता का नाम पूछने के बाद पूछा, ‘‘और पत्नी?’’
भगेला से इस सवाल का जवाब देते नहीं बना. बाबू ने दोबारा पूछा, तो भगेला ने कहा, ‘‘शादी नहीं हुई थी साहब. हम दोनों ईंटों के भट्ठे पर काम करते थे. गंगाबाई नाम था उस का.’’
‘गंगाबाई’ नाम सुन कर बाबू थोड़ा चौंका. उस ने भगेला को वहीं बैठा दिया. फिर खुद उठ कर अस्पताल के पीछे सेविकाओं के लिए बने क्वार्टरों तक चला गया. वहां गंगाबाई नर्स की पोशाक पहन अस्पताल निकलने को तैयार मिली.
बाबू ने कहा, ‘‘गंगाबाई, एक मरीज आया है. वह एक गंगाबाई की बात करता है. तुम्हारी कहानी कुछकुछ मैं जानता हूं. कहीं वह तुम्हारा ही भगेला तो नहीं है?’’
‘‘मेरा भगेला…?’’ ‘‘कोढ़ का मरीज है. यहीं तो… और कहां जाता?’’
गंगाबाई भाग कर अस्पताल आई. वह भगेला के सामने हांफती हुई खड़ी हो गई.
भगेला गंगाबाई को देख कर हक्काबक्का रह गया.
गंगाबाई ने गुमसुम खड़े भगेला से पूछा, ‘‘आप कब आए?’’ भगेला की आंखें डबडबा आईं.
उसे चुप देख कर गंगाबाई ने फिर कहा, ‘‘चलिए घर, यहीं है अस्पताल के पीछे.’’
अब भगेला से रहा न गया. उस ने सुबकते हुए कहा, ‘‘मैं पापी हूं गंगाबाई, तुम मुझे माफ मत करो.’’
भगेला को चुप कराते हुए गंगाबाई ने कहा, ‘‘जो गलती आप से हुई, वह नासमझी के कारण हुई. मैं भला जान कर भी वही गलती क्यों करूं? घर चलिए, अस्पताल में भरती होने की जरूरत नहीं है.’’
बाबू ने भी समझाया, तो भगेला गंगाबाई के साथ चला गया.
भगेला जब घर के अंदर गया, तो एकडेढ़ बरस के हंसतेखेलते बच्चे को देख कर चुप न रह सका. पूछा, ‘‘गंगा, क्या यह हमारा बेटा है?’’ ‘‘हां.’’
भगेला दूर से उसे देख कर खुश होता रहा. गंगाबाई समझ गई कि वह आज भी यही समझता है कि कोढ़ छूत की बीमारी है, इसीलिए बच्चे को गोद में ले कर प्यार करने से डर रहा है?
गंगा ने कहा, ‘‘अपने बेटे को दूर से ही देखते रहोगे या गोद में भी बैठाओगे?’’
भगेला ने दुखी आवाज में कहा, ‘‘गंगा, मुझे उंगलियों में छूत की बीमारी हो गई है. बच्चे को छुऊंगा, तो उसे भी…’’
गंगा ने हंसते हुए कहा, ‘‘आप इसी गलतफहमी के कारण मुझ से दूर भाग गए और आज बेटे को करीब पा कर भी गले से लगा नहीं पा रहे हैं. छोडि़ए यह गलतफहमी.’’
‘‘गलतफहमी कैसी गंगा?’’ ‘‘यही कि यह छूत की बीमारी नहीं है और पुश्तैनी भी नहीं है.’’
‘‘तो फिर तुम्हारे बाद मुझे कैसे हो गई?’’ ‘‘इसलिए कि वहां और भी लोगों को हुआ है. यह रोग एक छोटे कीड़े से फैलता है. यह रोग हवा, पानी की गंदगी और कीड़ों से ईंटभट्ठे में जाने कितने लोग इस बीमारी के असर में हैं. मगर आप ने देखा होगा कि बाप को हुआ, मगर बेटे को नहीं हुआ. पत्नी को हुआ, पर पति को नहीं.’’
‘‘मुझे तो सचमुच भरम हो गया था कि मैं ने तुम्हें ठुकराया, इसलिए यह बीमारी मुझे भी हो गई.’’
‘‘फिर आप गलत कह रहे हैं, यह ठुकराने से नहीं कीड़े से होती है,’’ कहते हुए गंगा चाय बनाने चली गई और जाने से पहले डरे हुए भगेला की गोद में बेटे को बैठा गई.
भगेला बेटे को गोद में ले कर काफी देर तक झुलाता रहा और खुश होता रहा, मगर उसे हाथ लगाने से अब भी डर रहा था.
गंगा चाय ले कर सामने आ खड़ी हुई. उसे हंसी आ गई कि भगेला अब भी हाथों को बच्चे से दूर रख रहा है.
गंगा ने कई बार महसूस किया था कि कोढ़ तन से ज्यादा मन का रोग है. उस ने हंसी दबाते हुए कहा, ‘‘चलो, चाय पी लो, बेटे को बाद में खिलाना.’’
भगेला ने चाय का प्याला गंगा से ले लिया. वह नजर नीची कर के चाय सुड़कने लगा.
थोड़ी देर सुस्ताने के बाद गंगा ने कहा, ‘‘चलो, तुम्हारी जांच करवा देते हैं.’’
भगेला ने भरी नजर से गंगा को देखा, फिर धीमी आवाज में कहा, ‘‘गंगा, तुम्हारा दिल बहुत बड़ा है.’’
वह आगे कुछ न कह सका. गंगा जान गई कि भगेला शर्मिंदगी से उबर नहीं पाया है. उस ने कहा, ‘‘छोड़ो पुरानी यादों को… चलो, तुम्हें डाक्टर से मिलवाती हूं.’’
भगेला ने कहा, ‘‘पर यह तो बता दो कि घर छोड़ने के बाद तुम्हारे साथ क्या हुआ.’’
‘‘अभी बताऊं?’’ ‘‘हां, अभी बताओ. मैं भरे मन से डाक्टर के पास नहीं जाना चाहता. डाक्टर तन का इलाज कर सकता है, मन की तकलीफ नहीं हर सकता.’’
गंगा ने हंसते हुए कहा, ‘‘देखो, तुम ने पहली बार जब मुझ से कहा कि कोढ़ एक छूत की बीमारी है, तभी मैं जान गई थी कि तुम मुझ से किनारा करना चाहते हो.
‘‘जब एक महीने बाद तुम ईंटभट्ठे से अचानक रातोंरात मुझे छोड़ कर भाग गए, तब लोगों से पता चला कि तुम बहुत दिनों से मुझ से छुटकारा पाना चाहते थे. उस समय मेरे पेट में यही भागीरथ था.’’
‘‘अच्छा,’’ कहते हुए भगेला ने पास में बैठे अपने बेटे को पहली बार उठा कर चूम लिया.
‘‘अब चलें? बाकी बातें बाद में,’’ गंगा ने कहा.
भगेला ने उठते हुए कहा, ‘‘चलो, मगर आते ही बाकी बातें बता देना.’’
‘‘ठीक है चलो,’’ कहते हुए दोनों अपने बच्चे को ले कर चल पड़े.
बीमारी तो अभी शुरू ही हुई थी. डाक्टर और तमाम लोग जान गए थे कि गंगा का वही घरवाला रोगी हो कर लौट आया है, जिस ने गंगा को बीच मंझधार में अकेला छोड़ दिया था. सब उस से मिलना चाहते थे. उन्होंने भगेला के लौट आने की खुशी का इजहार किया.
डाक्टर ने कहा, ‘‘बहुत शुरुआती दौर है. दवाओं से आप 6 महीने में बिलकुल ठीक हो जाएंगे. मातम मनाने जैसी कोई बात नहीं है.’’
डाक्टर की बात से भगेला की आंखें चमकने लगीं. दोनों अस्पताल से घर की ओर लौट रहे थे कि गंगा की सहेली निर्मला मिल गई. उस ने भगेला को पहचानते हुए कहा, ‘‘भगेड़ जीजा हैं क्या?’’
भगेला शरमा गया. गंगा ने हंसते हुए जानपहचान करवाई. फिर उस ने निर्मला को भी साथ चलने को कहा, तो उस ने चुहल करते हुए कहा, ‘‘बहुत दिनों के बाद जुगजोड़ी का मिलन हुआ है. दालभात में मैं मूसलचंद नहीं बनना चाहती.’’
गंगा ने उसे हाथ से पकड़ कर खींचते हुए कहा, ‘‘दालभात में चटनी की जरूरत भी होती है, चल तो.’’
निर्मला भी गंगा के कहने पर उस के घर चली आई. भगेला ने बैठते हुए गंगा से कहा, ‘‘लो भई, सुना डालो.’’
गंगा ने कहा, ‘‘निर्मला, तू ही पंडवानी गागा कर बता कि यहां आने पर मेरे साथ क्या कुछ हुआ. तुम्हारे जीजा को बड़ी उतावली है.’’
निर्मला बोली, ‘‘न, पंडवानी पंथी की शैली जीजा भी जानते हैं, मैं तो दो लफ्जों में कहना चाहती हूं कि दीदी तुम महान हो.’’
भगेला पानीपानी हो गया. गंगा ने टोकते हुए कहा, ‘‘चुप रह निर्मला, मजाक मत कर, वरना…’’
‘‘जीजा, असली मर्द तो गंगा है. क्याक्या नहीं सहा इस बेचारी ने.’’
‘‘मानता हूं बाई, मगर खुलासा तो बताओ?’’
‘‘खुलासा तो आप दीदी से कर लेना, मैं थोड़ा ही बताऊंगी. हां, तो जब आप दीदी की बीमारी के डर से इन्हें छोड़ कर भाग गए, तो हफ्तेभर बाद इधरउधर से भटकती हुई दीदी इस आश्रम में आईं. बीमार बन कर आई थीं, मगर बीमारों का इलाज बन कर यहीं रह रही हैं.
‘‘जीजा, जब गंगा दीदी आई थीं, तो पेट में भागीरथ था. यहां भरती तो हो गईं. यह है कोढ़ का दवाखाना… जचकी अस्पताल तो है नहीं. जब कुछ दिन बीते और पता लगा कि गंगा दीदी के पेट में बच्चा है, तो हड़कंप मच गया.
‘‘कुष्ठ रोगी को भगा नहीं सकते थे और गर्भवती औरत को भरती नहीं कर सकते थे. दोनों तरफ से परेशानी थी. मगर जीत हुई इनसानियत की.
‘‘बड़े डाक्टर ने साफ कह दिया कि गंगा यहीं रहेगी और यहीं बच्चा होगा. बस, उस के बाद तो सब ठीक हो गया. बाकी किस्सा आप रात को समझ लेना,’’ कह कर निर्मला वहां से चली गई.
‘‘बड़ी हंसोड़ है निर्मला,’’ कहते हुए गंगा ने पानी ला कर भगेला को दिया. भगेला का इलाज उसी दिन शुरू हो गया.
भगेला ने कहा, ‘‘मैं उम्रभर शर्मिंदा तो रहूंगा, मगर इस गर्व को महसूस भी करूंगा कि तुम्हारा साथ और प्यार भी मैं ने पाया. तन का इलाज तो कहीं भी हो जाता, मगर तुम्हारे पास चले आने से मन का रोग भी अब दूर हो गया और यही सब से ज्यादा जरूरी था.’’ Hindi Short Story




