संजना पांडेय के फिल्म सैट पर लगी आग
भोजपुरी फिल्म एक्ट्रैस संजना पांडेय की नई फिल्म ‘भूतनी का बदला’ के सैट पर आग लग गई. इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के बदलापुर, जौनपुर में चल रही थी. बताया जा रहा है कि फिल्म के एक सीन में आग का इस्तेमाल किया जाना था और इसी दौरान अचानक आग बेकाबू हो कर संजना पांडेय की ओर फैल गई.
हालांकि, शूटिंग यूनिट के सदस्यों ने तत्काल पानी डाल कर आग बु?ाई और संजना पांडेय को समय रहते महफूज बाहर निकाल लिया गया.
सोशल मीडिया की नई सनसनी तान्या
आज की भागतीदौड़ती सोशल मीडिया की जिंदगी में कब कौन नैशनल क्रश बन जाए, कह नहीं सकते. फिलहाल, 27 साल की बिहारी बाला तान्या मिश्रा की तसवीरें सोशल मीडिया पर खूब सर्कुलेट हो रही हैं और इंटरनैट की दुनिया उन्हें देश का नया ‘नैशनल क्रश’ बता रही है.
बिहार के गया की रहने वाली तान्या मिश्रा के इंस्टाग्राम पर 1.2 मिलियन फौलोअर्स हैं. लोगों ने उन्हें ‘गजनवी’ और ‘चेज’ जैसी फिल्मों, ‘चिडि़या उड़’ वैब सीरीज में जरूर देखा होगा. वे जल्द ही एक नए म्यूजिक वीडियो ‘सफर मोहब्बत का’ में भी नजर आने वाली हैं.
अक्षय खन्ना ने खरीदा करोड़ों का घर
विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना काफी कम फिल्में करते हैं, पर अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीत लेते हैं. हिंदी फिल्म ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट में रहमान डकैत का किरदार निभा कर उन्होंने इस फिल्म के हीरो रणवीर सिंह को भी कड़ी टक्कर दी थी.
खबर है कि 51 साल के अक्षय खन्ना ने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में 33.26 करोड़ रुपए में एक नया आलीशान अपार्टमैंट खरीदा है. ऐसा माना जाता है कि मुंबई के पौश इलाकों जैसे जुहू, मालाबार वगैरह में उन की कई महंगी प्रोपर्टीज हैं, जिन की अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपए से ज्यादा है.
यामी गौतम ने छोड़ा घर
‘धुरंधर’ फिल्म के डायरैक्टर आदित्य धर की पत्नी और फिल्म हीरोइन यामी गौतम ने अपना घर छोड़ने का फैसला किया है. खबर आई है कि दोनों पतिपत्नी ने मुंबई छोड़ कर हिमाचल प्रदेश में बसने का मन बना लिया है. वे वहां 25 एकड़ में फैले एक 100 साल पुराने घर में रहेंगे, जो यामी ने शादी से ठीक पहले खरीदा था.
यामी गौतम ने हाल ही में फिल्म ‘आर्टिकल 370’ के लिए बैस्ट एक्ट्रैस का नैशनल अवार्ड जीता, वहीं आदित्य धर को भी इस फिल्म के लिए बतौर प्रोड्यूसर नैशनल अवार्ड मिला.




