Honor Killing:  उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार का दावा इतना ज्यादा खोखला होता जा रहा है कि ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ का नारा अपना रंग फीका करता जा रहा है. जब बेटियां ही नहीं बच रही हैं, तो क्या खाक पढ़ेंगी. उन के अपने ही उन की जान के दुश्मन बने हुए हैं.

वैसे तो आगरा में ताजमहल होने से से इसे प्रेम की नगरी भी कहा जाता है, पर अब यहां झूठी शान के नाम पर बेटियों की हत्या के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ऐसे ही एक मामले ने सितंबर के शुरू में लोगों को डर के मारे थर्रा दिया. वहां के थाना एकता क्षेत्र के पचगाई खेड़ा में गुरुवार, 3 सितंबर को एक बार फिर औनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया.

हुआ यों की 17 साल की एक किशोरी की गांव के ही एक लड़के से दोस्ती थी. मंगलवार, 1 सितंबर की शाम को वह बिना बताए घर से चली गई थी और रात के तकरीबन 1 बजे वापस लौटी. इसी दौरान पिता चंद्रवीर को उस की लड़के के साथ दोस्ती होने की जानकारी हो गई.

बताया जा रहा है कि इस के बाद से चंद्रवीर अपनी बेटी से नाराज था. 3 सितंबर को वह किशोरी घर में अकेली थी. उस का भाई लवकुश, जो गुरुग्राम में नौकरी करता है, दोपहर में वहां चला गया था, जबकि मां रजनी किसी काम से घर से बाहर गई थी.

इसी दौरान बेटी को अकेले घर में देख कर पिता चंद्रवीर का पारा चढ़ गया और उस ने अपनी बेटी पर हमला कर दिया. आरोप है कि बांक (गन्ना छीलने का औजार) से पहले उस के सिर पर वार किया और फिर गला काट दिया.

इतना ही नहीं, हत्या के बाद चंद्रवीर ने खुद पुलिस को वारदात की जानकारी दी और बाद में बताया कि घर की इज्जत मिट्टी में न मिल जाए, इसलिए उस ने अपनी बेटी को मार डाला.

इस से पहले आगरा के ही जैतपुर थाना क्षेत्र में परिवार की मरजी के खिलाफ आईटीबीपी जवान से कोर्टमैरिज करने वाली 22 साल की अंकिता शर्मा की हत्या का मामला सामने आया था, जिस में आरोपी पिता बेटी की शादी से नाराज था और उस ने बेटी का गला घोंट दिया था.

इसी तरह आगरा के बासौनी क्षेत्र में दिल्ली की 18 साल की एक लड़की की औनर किलिंग का मामला सामने आया था, जिस में पुलिस जांच में आरोप लगा था कि उस लड़की के प्रेम संबंध और पेट से होने की जानकारी के बाद उस के पिता ने उसे आगरा ला कर चंबल नदी में डुबो कर मार दिया था. Honor Killing

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...