Awareness. मैट्रो के हर स्टेशन पर चूंकि लोगों के पास कोई न कोई सामान होने के चलते किसी न किसी एंट्री पौइंट पर अफरातफरी सी रहती है, तो ऐसा हो सकता है कि किसी का बैग आदि कोई गलती से उठा कर चला जाए. तो फिर क्या किया जाए?

सब से पहले तो घबराइए मत और किसी भी मैट्रो स्टाफ को बताइए. जैसे अगले स्टेशन पर उतरते ही स्टेशन कंट्रोलर या सीआईएसएफ स्टाफ के पास जा कर उन्हें बता दीजिए कि ‘मेरा बैग मैट्रो में छूट गया और गलती से किसी ने मेरा उठा लिया’.

इस के बाद अमूमन, वे लोग सीसीटीवी चैक करेंगे और अनाउंसमैंट करवा देंगे. इस के अलावा डीएमआरसी की हैल्पलाइन पर फोन कर के या शिकायत दर्ज करा सकते हैं. डीएमआरसी के हैल्पलाइन नंबर 155370 पर संपर्क कर सकते हैं. डीएमआरसी ऐप पर भी ‘लौस्ट एंड फाउंड’ में कंप्लेन डाल सकते हैं.

इस तरह की शिकायत में आप बैग कैसा था यह बताएं जैसे रंग, ब्रांड, अंदर क्या था. और जिस स्टेशन पर गलती हुई वह स्टेशन, समय और मैट्रो लाइन का नाम जरूर बताएं.

अगर दूसरे का बैग आप के पास आ गया है तो उसे मत खोलो. उसे भी उसी स्टेशन के लौस्ट एंड फाउंड काउंटर पर जमा कर दें. इस के बाद सीआईएसएफ वाले उस बैग के मालिक को ढूंढ़ लेंगे और साथ में आप का बैग भी मैच हो जाएगा.

इस तरह की गलती से बचने के लिए यह करें :

* एंट्री पौइंट पर मशीन के भीतर रखने के बाद भी अपने बैग पर नजर रखें.

* मशीन से अपना सामान बाहर आने पर ध्यान से उसे उठाएं. बैग आदि का रंग और वजन भी दिमाग में रखें.

* ऐसा कम ही होता है, पर अगर आप ने किसी पैसेंजर का कोई सामान धोखे से उठा लिया है और आप को पता नहीं है कि उस में क्या है तो यह उस पैसेंजर पर निर्भर करता है कि वह कोई गलत जानकारी सीआईएसएफ वालों को न दे. अगर वह कह देगा कि उस के बैग में कोई कीमती सामान था तो इस का कोई प्रूफ आप के पास नहीं होगा कि वह सच बोल रहा है या नहीं. ऐसे मामले में दिक्कत हो सकती है.  Awareness

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...