Humor. हम तेजी से किसी विकास की ओर बढ़ रहे हों या नहीं, पर हर किस्म की चोरियों के विकास की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं. जहां चार पैसे दिखते हैं, वहां ईमानदार से ईमानदार का ईमान भी डोल ही जाता है. लाख रोकने की नाकाम कोशिशों के बावजूद भी अलगअलग क्षेत्रों में चोरियों की बढ़ती लगातार उम्मीदों को देखते हुए अब चंदा एंड चढ़ावा चोरी के क्षेत्र में भी उम्मीदें तेजी से बढ़ रही हैं.
ऐसे में चोरी के इस क्षेत्र में भी ट्रेंड लोगों की मांग लगातार महसूस की जाने लगी है. अब चोरी के क्षेत्र में नौकरी के साथसाथ स्टार्टअप शुरू करने की भी अच्छी नहीं, बहुत अच्छी उम्मीदें हैं. ऐसे में जिस के पास इस क्षेत्र की सही तालीम और स्किल होगा, वही भयमुक्त चंदा एंड चढ़ावा चोरी के क्षेत्र में कामयाब हो पाएगा, क्योंकि अन्य क्षेत्रों की तरह चंदा एंड चढ़ावा चोरी के क्षेत्र में भी चोरी की नईनई तकनीकों की जरूरत महसूस की जाने लगी है.
इसी नवाचारी और संस्कारी विचार को केंद्र में रखते हुए व्यावसायिक ग्रुप औफ कालेजेस साल 2026 के लिए शैक्षणिक कार्यक्रमों के तहत 3 साल का डिप्लोमा इन चंदा एंड चढ़ावा चोरी मैनेजमैंट को अपने सिलेबस में शामिल करने का ऐलान करता है. यह सिलेबस विद्यार्थियों को नई तकनीक के जमाने मे चंदा एंड चढ़ावा चोरी की बदलती जरूरतों के मुताबिक तैयार करने की संस्थान की सोच को दिखाता है.
ए ग्रेड स्वायत संस्थान के रूप
में हमारे कालेज ने शुरू से ही अपने व्यावसायिक ढांचे को एक इंडस्ट्री के रूप में विकसित किया है. हमारे संस्थान से निकले थर्ड डिवीजन वाले छात्र ने भी अपने अपने क्षेत्र में अपनी कला के एक से एक कीर्तिमान बनाए हैं.
हमारा संस्थान एकलौता ऐसा संस्थान है जिस ने आधुनिक समय में चंदा एंड चढ़ावा चोरी के बाद उस के भक्तों पर पड़ते बुरे की स्टडी करने के बाद डिप्लोमा इन चढ़ावा एंड चंदा चोरी मैंनेजमैंट शुरू करने का सब से पहले फैसला लिया है.
हम अपने संस्थान से हर डिगरी डिप्लोमा करने वाले की तरह इस डिप्लोमा करने वालों को भी
100 फीसदी नहीं, बल्कि 101 फीसदी भरोसा दिलाते हैं कि हमारे संस्थान से चंदा एंड चढ़ावा चोरी मैनेजमैंट में डिप्लोमा करने के बाद वह कहीं भी चंदा एंड चढ़ावा चोरी करते बदनाम नहीं होगा. हर जगह उस का बस, नाम ही नाम होगा. वह हर जगह जनता के चढ़ावे एंड चंदे चोरी का प्रबंधन कुशलता से करने में माहिर होगा.
हमें पूरा विश्वास है कि हमारे संस्थान से इस विषय में डिप्लोमा कर निकले होनहार हर किस्म के दान, चढ़ावे में दान, चढ़ावे की चोरी का सही प्रबंधन करने में दक्ष हो कर हमारे संस्थान का नाम उज्ज्वल करेंगे और चंदे एंड चढ़ावे की चोरी होने के बाद भी भक्तों का अटूट विश्वास चंदा एंड चढ़ावे के सफल मैनेजमैंट में बनाए रखने में पूरी तरह समर्थ होंगे.
हे हमारे स्टे होल्डरो, इस डिप्लोमा का मकसद चढ़ावा, चंदा चोरी का केवल वर्तमान की चंदा एंड चढ़ावा चोरी की जरूरी कमियों को कुशलता से छिपाना ही नहीं होगा, बल्कि भविष्य की चंदा एंड चढ़ावा चोरी की चुनौतियों को भी कामयाबी से दबाना, छिपाना होगा ताकि भक्तों में अपने द्वारा चढ़ाए चढ़ावे, दिए दान को ले कर किसी भी तरह की रंचभर भी शक पैदा न हो और उन की बढ़ चढ़ कर चंदा एंड चढ़ावा चढ़ाने के प्रति एकदूसरे से अधिक आस्था बनी रहे.
हम तो यह भी सोच रहे हैं कि भविष्य में हमारे हर कार्यक्रम में इस डिप्लोमा के पाठ्यक्रम का समावेश हो ताकि हमारे संस्थान से निकलने वाला हर विद्यार्थी चोरी के ज्ञान, उस की अनुकूलन क्षमता और तकनीकी दक्षता से परिपूर्ण हो.
हम जान गए हैं कि चंदा एंड चढ़ावे की चोरी को ले कर होहल्ला तबतब पड़ता है जबजब चंदा एंड चढ़ावे में चोरी की रकम का सही इंतजाम और बंटवारा नहीं हो पाता. इस के लिए हम ने चंदा एंड चढ़ावा चोरी मैनेजमैंट के डिप्लोमा के मजबूत सिलेबस को तरह तैयार किया है कि हर डिप्लोमाधारी चंदा एंड चढ़ावा उद्योग की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक अपनेआप को तैयार कर सके.
इस कार्यक्रम में हम ने चंदा एंड चढ़ावा चोरी के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पाठ्यक्रम को चंदा एंड चढ़ावा चोरी के उन माहिरों के कुशन निर्देशन में तैयार किया करवाया है जिन की इस क्षेत्र में महारत हासिल है और वे एक बार भी जनता की तो जनता की, जनता के आराध्य की नजरों में भी नहीं आ पाए हैं.
इस कार्यक्रम के प्रैक्टिकल करवाने के लिए हम ने उन अल्ट्रा मौडर्न और लेटैस्ट जगहों से करार किया है जहां चंदा एंड चढ़ावा चोरी को रोकने के लिए शासन, प्रशासन द्वारा एक से एक पुख्ता इंतजाम किए हैं, बावजूद उस के वहां मजे से चंदे एंड चढ़ावे की चोरी होती रहती है. पर किसी को आज तक पता नहीं लग पाया.
इस का मतलब यह है कि वहां जा कर हमारे संस्थान से चंदा एंड चढ़ावा चोरी मैनेजमैंट में डिप्लोमा करने वाले छात्र व्यावहारिक रूप से यह सीख पाएंगे कि किस तरह से सब की नजरें उन पर गड़ी होने के बाद भी बिना किसी की नजर में आए बिना कामयाबी के साथ चंदा एंड चढ़ावा चोरी को अंजाम दिया जा सकता है.
एक खुशखबरी और… निकट भविष्य में हमारा लीडिंग संस्थान इस विषय में बैचलर, मास्टर और पीएचडी शुरू कराने को भी कमर कस रहा है.




