Stand-up Comedy. पिछले कुछ समय से भारत में स्टैंडअप कौमेडियनों की बाढ़ सी आ गई है. एक बड़े कमरे में कुछ लोग बैठे होते हैं, उन के सामने कोई माइक लिए खड़ा होता है जो उन्हें हंसाने के पैसे वसूलता है. चूंकि अब सोशल मीडिया लोगों की जिंदगी पर बहुत ज्यादा हावी हो गया है, तो स्टैंडअप कौमेडियन और उस की टीम उस शो के कुछ वीडियो क्लिप वायरल कर देते हैं, ताकि बाकी लोगों को भी पता चल सके कि हंसने की असली जगह तो यहां है.

ऐसे ही एक स्टैंडअप कौमेडियन हैं प्रणीत मोरे, जिन के एक शो में हिमांशु जांगड़ा नाम के एक नौजवान ने कुछ ऐसा बोल दिया, जिस से सोशल मीडिया पर उस की इतनी ज्यादा छीछालेदर हुई कि नौकरी तक चली गई.

क्या है मामला

यह जून, 2026 का सब से बड़ा स्टैंडअप कौमेडी विवाद था. स्टैंडअप कौमेडियन प्रणीत मोरे के लाइव शो में एक दर्शक हिमांशु जांगड़ा ने अपना डेटिंग किस्सा सुनाया था, जिस उस ने एक लड़की को 370 रुपए की बिरयानी खिलाई थी. इस के बाद उस ने ऐसी बात की, जिसे बड़ी तादाद में लोगों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और गलत सोच का उदाहरण बताया.

हिमांशु जांगड़ा का कहना था कि अगर उस ने लड़की को 370 रुपए की बिरयानी खिलाई है, तो बदले में कुछ तो मिलना चाहिए. यहां हिमांशु का मतलब लड़की से मौजमस्ती कर के अपने किए गए खर्च की वसूली करना था. कौमेडियन प्रणीत मोरे भी कोई एतराज जताने के बजाय हंस दिया. लेकिन जब यह वीडियो वायरल हुआ तो बवाल मच गया.

हिमांशु जांगड़ा ने जो भी कमैंट किया था उसे डींग हांकना कहते हैं. माइक हाथ में आते ही उस ने जैसे बात का बतंगड़ बना दिया. चूंकि लोग ठहाके लगा रहे थे तो उस का हौसला बढ़ता गया और वह बकैती करता चला गया.

पर हिमांशु जांगड़ा की यह सोच कि लड़की पर 370 रुपए खर्च कर के उस के साथ सैक्स किया या दूसरी तरह का कोई फेवर लिया जा सकता है, उसी पर भारी पड़ गई. लोगों को लगा कि यह तो किसी का कंसैंट खरीदना जैसी बात हुई. लिहाजा, लोग भड़क गए कि यह सोच खतरनाक है.

यही 370 रुपए की बिरयानी हिमांशु जांगड़ा की जिंदगी का मजा किरकिरा कर गई. उसे नौकरी से निकाल दिया था. सोशल मीडिया पर थूथू हुई सो अलग.

चौतरफा ट्रोलिंग के बाद हिमांशु जांगड़ा ने इंस्टाग्राम पर माफीनामा जारी किया और कहा कि ‘भविष्य में ज्यादा सतर्क रहेंगे’. बाद में इंस्टाग्राम बंद भी कर दिया.

ऐसे बहुत से मामले हैं जब किसी स्टैंडअप कौमेडी शो में मजाक के नाम पर बड़ी वाहियात बातें बोल दी जाती हैं. बहुत बार तो स्टैंडअप कौमेडियन दर्शकों को ही रोस्ट कर देता है, जहां फूहड़ता अपनी हद पर होती है.

सवाल उठता है कि फूहड़ स्टैंडअप कौमेडी देखने लोग क्यों जाते हैं? यहां फूहड़ता का मतलब है गालीगलौज, सैक्स जोक्स, बौडी शेमिंग, डबल मीनिंग. इस के बाद भी ऐसे शो हाउसफुल रहते हैं. क्यों?

हर इनसान के अंदर गिल्टी प्लेजर को एन्जौय की फितरत होती है. ऐसी बातें जो लोग पब्लिक में कभी बोल नहीं सकते. ऐसे शो में स्टैंडअप कौमेडियन वह सब बोल देता है जो लोग सोचते तो हैं, पर बोल नहीं पाते. समूह में बैठ कर उन्हें गाली सुनना आदि भी यही गिल्टी प्लेजर देता है.

ह्यूमन साइकोलौजी के नजरिए

सम झे तो इसे कैथार्सिस कहते हैं यानी खुद का शुद्धिकरण करना. मन में जो गलीज भाव दबा हुआ या फिर गुस्सा और फ्रस्ट्रेशन का भाव है वह हंसी में निकल जाता है.

जब हम अकेले में कोई टैबू तोड़ने की कोशिश करते हैं तो वह मजा नहीं मिलता जो भीड़ के आगे बकैती करने में मिलता है. कहते भी हैं न कि मना की हुई चीज को ही करने का ज्यादा मन करता है. इसी तरह सैक्स, पीरियड, कंडोम जैसे शब्दों की बात घर में नहीं होती, क्योंकि स्कूल में इन के बारे में खुले मन से नहीं पढ़ाया जाता है.

लेकिन स्टेज पर कोई स्टैंडअप कौमेडियन ऐसे मुद्दों पर खुल कर बोल देता है तो लगता कि जैसे हम ही समाज से ‘विद्रोह’ कर रहे हैं. जब हम भीड़ का हिस्सा बन जाते हैं और सामूहिक तौर पर हंसते हैं तो मन में एक भाव रहता है कि ‘मैं अकेला नहीं हूं जो ऐसा सोचता है’.

पर क्या इस तरह की बातें वाकई हमारा मनोरंजन करती हैं? शायद नहीं. सच तो यह है कि ऐसे शो सपनों का ऐसा संसार हैं, जहां लोगों को लगता है कि वे अपने मन की कर रहे हैं और कोई माई का लाल उन्हें ऐसा करने से नहीं रोक सकता.

पर असल में यह कुछकुछ वैसा ही है जैसे कोई कहे कि गंदे नाले पर पुल बना होने के बावजूद वह उसे तैर कर ही पार करेगा. फूहड़ स्टैंडअप कौमेडी शो गंदे नाले जैसी सड़ांध अपने भीतर समेटे रहते हैं, जहां आप का शुद्धिकरण होना कोरा भरम है.

इस का सब से बड़ा खतरा तो यह है कि जिस कौमेडी को हम थैरेपी मान लेते हैं, उस से हमारी समस्या का हल नहीं होता, हां कुछ पलों के लिए हम उन्हें भूल जाते हैं.

लिहाजा, स्टैंडअप कौमेडियन को भी सोचना चाहिए कि उस की दी हुई हंसी से किसी की इज्जत के साथ खिलवाड़ तो नहीं हो रहा है? Stand-up Comedy

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...