Honor killing. देश की राजधनी दिल्ली उत्तरी इलाके में बुराड़ी नाम बस्ती बसी हुई है, जिस में ज्यादातर ऐसे लोग रहते हैं, जो दिल्ली से बाहर के हैं और सस्ते मकान के चक्कर में यहां रहते हैं. इन की माली हालत ठीकठाक है, पर झूठी शान की खातिर ये अपनों का कत्ल करने की वारदात को भी अंजाम दे देते हैं. मतलब, नाक का सवाल इन के लिए सब से ऊपर है. इस में बड़ेबूढ़े ही नहीं, बल्कि नौजवान भी बराबरी से हिस्सा लेते हैं, तभी तो अपनी चचेरी बहन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए 26 साल के अविनाश से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उस ने कई अहम राज खोले.
मामला कुछ यों है कि मरने वाली 17 साल की नाबालिग लड़की मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी. वहां उस का एक लड़के से प्रेम संबंध था और वह उस लड़के के साथ 2 बार घर से जा चुकी थी. लड़की के परिवार वाले इस रिश्ते से नाखुश थे और लड़की सुधर जाएगी, यह सोच कर उन्होंने उसे दिल्ली भेजने का फैसला किया.
उस लड़की का नाम रोशनी था जो 13 अगस्त को बिहार से दिल्ली आई थी. पुलिस के मुताबिक, दिल्ली आने के बाद भी उस ने अपने प्रेमी से मेलजोल बनाए रखा और उसे दिल्ली बुलाने की बात कर रही थी. इस बात से अविनाश नाराज था. उस ने रोशनी को समझाया था कि अपने प्रेमी से दूरी बना कर रखे, पर वह नहीं मानी. इस के बाद अविनाश ने रोशनी का खून करने की साजिश रची.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपित अविनाश ने रोशनी की हत्या की योजना पहले ही बना ली थी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए बाकायदा 1,500 रुपए का सूटकेस भी खरीदा था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अविनाश ने रविवार, 16 अगस्त की सुबह वह सूटकेस खरीदा था और उसे अपने एक दोस्त की बुराड़ी में बनी दुकान में रख दिया था. इस के बाद वह बहाना बना कर अपनी चचेरी बहन को अपने साथ दुकान पर ले गया था.
हत्या करने से पहले अविनाश ने पहले अपने दोस्त को किसी बहाने से घर भेज दिया. दोस्त के जाने के बाद आरोपित ने दुकान के अंदर ही गला दबा कर अपनी चचेरी बहन की हत्या कर दी. इस के बाद लाश को सूटकेस में रखा और अजीत विहार इलाके में ले जा कर झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. Honor killing




