Films:

इमरान हाशमी को बनाया निशाना

हिंदुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं के नाम पर हरिद्वार में हीरो इमरान हाशमी की नई फिल्म के सैट पर बवाल काटा गया.

सैट पर एक सीन का शूट चल रहा था, जिस में ‘कैफे एंड बार’ का बोर्ड लगा था और इसी पर बवाल मच गया. कुछ हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने इस बात का पता चलते ही सैट पर पहुंच कर जोरदार विरोध करना शुरू कर दिया कि धार्मिक नगरी हरिद्वार में ‘बार’ शब्द का क्यों इस्तेमाल किया गया.

इस विरोध के समय इमरान हाशमी के साथ एक्टर अपारशक्ति खुराना भी मौजूद थे, जो फिल्म में एक अहम रोल अदा कर रहे हैं.

***

अब बेटी की बारी

रोनित रौय और रोहित रौय दोनों भाइयों ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है. रोहित रौय तो ‘स्वाभिमान’ टीवी सीरियल से घरघर में छा गए थे. उन्होंने ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘काबिल’ जैसी फिल्मों में भी काम किया था. अब उन की बेटी कियारा बोस रौय हिंदी फिल्म ‘ऐसी दीवानगी’ से डैब्यू करने जा रही हैं, जिस में साजिद नाडियाडवाला का बेटा सुभान बतौर हीरो दिखाई देगा.

कियारा की मां मानसी जोशी रौय मशहूर गुजराती एक्टर, नाटककार और डायरैक्टर अरविंद जोशी की बेटी हैं. इतना ही नहीं, अरविंद जोशी एक्टर शरमन जोशी के भी पिता हैं, जिस से रिश्ते में शरमन जोशी कियारा के मामा लगे. शरमन जोशी ने फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ में काम किया था.

***

कास्टिंग काउच की शिकार

खूबसूरत अदाकारा फरहाना भट्ट ने ‘लैला मजनू’ और ‘सिंघम अगेन’ जैसी फिल्मों में काम किया है. वे टीवी शो ‘बिग बौस 19’ में भी नजर आई थीं. पर अब उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे वे कास्टिंग काउच का शिकार होतेहोते बची थीं.

इस इंटरव्यू में फरहाना भट्ट ने बताया कि अपने कैरियर के शुरुआती दिनों में एक महिला ने हिंदी फिल्म में काम दिलाने का झांसा दे कर मुंबई बुलाया था, फिर उन्हें एक डायरैक्टर के घर ले जाया गया. जहां उन से कहा गया कि फिल्म पाने के करार के तहत उन्हें उस डायरैक्टर के फार्महाउस पर एक हफ्ता रहना होगा.

इस बात से फरहाना भट्ट डर गई थीं और उन्होंने उस कमरे में रखा फूलदान यह सोच कर हाथ में उठा लिया था कि कहीं कुछ जबरदस्ती हुई तो वे सामने वाले पर हमला कर देंगी.

***

दीया ने मर्दों को सुनाई

हिंदी फिल्मों की खूबसूरत अदाकारा दीया मिर्जा ने आबोहवा को खराब करने का जिम्मेदार मर्दों को माना है. एक पौडकास्ट में दिए इंटरव्यू में दीया मिर्जा ने कहा, ‘‘हां, मर्दों ने ही क्लाइमेट चेंज को बढ़ावा दिया है और आज हमारी दुनिया में जो उथलपुथल मची है और लोग हर जगह जो मुसीबतें ?ोल रहे हैं, उस के लिए वे पूरी तरह से जिम्मेदार हैं.’’

दीया मिर्जा की इस बात को कई यूजर्स ने पाखंड बताया. उन का कहना था कि अमीर सैलिब्रिटीज आम लोगों को जलवायु परिवर्तन के बारे में उपदेश देने के हालात में नहीं हैं, क्योंकि उन की अपनी आलीशान लाइफस्टाइल से कहीं ज्यादा कार्बन फुटप्रिंट बनता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...