Cricket: 7 फरवरी, 2026 से शुरू हुआ आईसीसी ट्वैंटी20 वर्ल्ड कप प्रतियोगिता का यह 10वां एडिशन था और साल 2024 के एडिशन की तरह इस बार भी टी20 वर्ल्ड कप में 20 देशों ने हिस्सा लिया था, जिसे भारत और श्रीलंका दोनों देशों ने मिल कर होस्ट किया था.

पर शुरू होने से पहले ही यह वर्ल्ड कप विवादों में घिर गया था. भारत के पड़ोसी देश बंगलादेश को इस टी20 वर्ल्ड कप से हटा दिया गया था और उस की जगह स्कौटलैंड को शामिल किया गया था, क्योंकि बंगलादेश के क्रिकेट बोर्ड ने भारत और बंगलादेश के बीच की सियासी खटास के चलते आईसीसी से अपने मैच श्रीलंका में ट्रासंफर करने के लिए कहा था. उन्होंने भारत में सिक्योरिटी खतरे को इस कार्यक्रम में बदलाव की खास वजह बताया था. पर आईसीसी की जांच में पाया गया कि उन्हें ऐसा कोई खतरा नहीं है और जिद पर अड़े बंगलादेश को वर्ल्ड कप से ही बाहर कर दिया गया.

इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने बंगलादेश के समर्थन में कूटनीतिक रुख अपनाया और पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि उन की टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी. हालांकि, उन्होंने बाकी मैचों में खेलने पर सहमति जताई, लेकिन भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के अपने फैसले पर वे शुरू में अडिग दिखे, पर जब आईसीसी का दबाव पड़ा तो उन्होंने श्रीलंका में भारत के साथ अपना मैच खेला और उसे हारे भी.

सोशल मीडिया में बवाल

वैसे, इस बार का टी20 वर्ल्ड कप खेल के मैदान से ज्यादा सोशल मीडिया पर खेला गया. जब से पाकिस्तान की टीम बाहर हुई थी, तब से सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी शुरू हुई कि आईसीसी के चेयरमैन जय शाह ने क्रिकेट को बरबाद कर दिया है, क्योंकि अब भारत के मुताबिक पिच बनाई जाती है, जहां दूसरी टीमें आराम से हार जाती हैं या फिर वे पैसे दे कर दूसरी टीमों को खरीद लेते हैं. पाकिस्तान के बहुत से पुराने क्रिकेटर इस बात को ज्यादा हवा दे रहे थे.

ऐसा कहने की वजह यह थी कि भारत ने फाइनल में जगह बनाने के लिए पहले वैस्टइंडीज और बाद में इंगलैंड की टीम को हरा दिया था, जबकि ये दोनों टीमें बड़ी मजबूत मानी जा रही थीं. दूसरी तरफ फाइनल में न्यूजीलैंड की टीम थी, जो अपनी जबरदस्त फार्म में दिखाई दे रही थी.

फाइनल मुकाबले का रोमांच

रविवार, 8 मार्च, 2026 की शाम को भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले के लिए आमनेसामने थीं. जब टौस न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, तो लगा कि जिस तरह की बल्लेबाजी न्यूजीलैंड की है, तो भारत को कम से कम 200 रन बनाने होंगे, क्योंकि न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बड़ी बेरहमी से बल्लेबाजी करते हैं. उस के ओपनर शुरू के ओवरों में ही दूसरी टीम के गेंदबाजों की कमर तोड़ देते हैं.

पर ऐसा हो नहीं पाया, क्योंकि इस टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा कर इतिहास रच दिया. भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड की टीम महज 159 रन पर आउट हो गई.

भारत के लिए अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़े. इतना ही नहीं, भारत के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में महज 15 रन दे कर 4 विकेट लिए और प्लेयर औफ द मैच चुने गए, जबकि संजू सैमसन प्लेयर औफ द टूर्नामैंट चुने गए.

भारत के लिए संजू सैमसन ने 46 गेंद पर 89 रन बनाए, अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद पर 52 रन जोड़े, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंद पर 54 रन अपने खाते में डाले. 15वें ओवर के बाद भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज थोड़ा लड़खड़ाए, पर बाद में शिवम दुबे महज 8 गेंद पर 26 रन बना कर नाबाद रहे.

बाद में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम के लिए टिम सीफर्ट ने 26 गेंद पर 52 रन बनाए. मिचेल सैंटनर ने 35 गेंद पर 43 रन जड़े. डेरिल मिचेल ने 17 रन बनाए. फिन एलन ने 9, जिमी नीशम में 8, लौकी फर्ग्यूसन ने नाबाद 6, ग्लेन फिलिप्स ने 5, मार्क चैपमैन और जैकब डफी ने 3-3 रन बनाए. रचिन रविंद्र 1 और मैट हेनरी बगैर खाता खोले आउट हुए. इस तरह यह मुकाबला एकतरफा रहा और भारत ने मैच आसानी से जीत लिया.

अवार्ड और कितनी प्राइज मनी

इस वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में प्लेयर औफ द मैच का खिताब भारत के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मिला, जबकि प्लेयर औफ द टूर्नामैंट भारत के ही बल्लेबाज संजू सैमसन रहे. सब से ज्यादा 14 विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए, जबकि सब से ज्यादा 383 रन पाकिस्तान के बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने बनाए.

चैंपियन बनने पर भारत को तकरीबन 27.48 करोड़ रुपए मिले. रनरअप न्यूजीलैंड को तकरीबन 14.65 करोड़ रुपए का अवार्ड दिया गया. सैमीफाइनल में हारने वाली टीमें दक्षिण अफ्रीका और इंगलैंड थीं. हरेक को तकरीबन 7.24 करोड़ की रकम हासिल हुई. सुपर 8 स्टेज में पहुंचने वाली टीमों को तकरीबन 3.48 करोड़ रुपए (हर टीम को), जबकि ग्रुप स्टेज में बाहर होने वाली टीमों को तकरीबन 2.29 करोड़ रुपए (हर टीम को) मिले. Cricket

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...