Hindi Kahani. एक अधेड़ आदमी ट्रेन में सफर कर रहा था. उस के आसपास कई औरतें बैठी हुई थीं. वह ट्रेन लोकल थी, इसलिए छोटेछोटे स्टेशनों पर भी रुक रही थी. जब भीड़ बढ़ जाती तो उस अधेड़ आदमी का हाथ गलत काम के लिए हरकत में आ जाता. कभी नींद के बहाने तो कभी ऐसे ही वह औरतों को छू देता था.
एक स्टेशन पर उस अधेड़ के आसपास की सीटें खाली हो गईं, लेकिन थोड़ी ही देर में लड़कियों का एक दल आ गया. जहां भी जगह मिली, लड़कियां बैठने लगीं. वे खिलाड़ी लग रही थीं और शायद कहीं खेलने जा रही थीं. ट्रेन आगे बढ़ रही थी और वे लड़कियां खिलखिला रही थीं.
वह अधेड़ अपने काले चश्मे के अंदर से उन्हें घूर रहा था. उस के पास एक काफी स्मार्ट लड़की बैठी थी. उस लड़की के बगल में एक पहलवान किस्म की उस की सहेली कविता बैठी थी, जो मर्दों की तरह बातें कर रही थी.
अपनी आदत के मुताबिक, अधेड़ दोबारा उस स्मार्ट लड़की से सटने लगा. उस ने अपना हाथ लड़की की जांघ पर रखा और फिर ‘सौरी’ कह कर हटा लिया. इस के बाद भी वह छेड़छाड़ की लगातार कोशिश कर रहा था. अचानक कविता का ध्यान अधेड़ की हरकतों की ओर गया. वह बड़े ध्यान से उस की कारगुजारी देखने लगी. कुछ देर बाद उस ने जगह बदल ली. अब वह अधेड़ के पास बैठ गई.
एक स्टेशन पर भीड़ बढ़ी. कई ग्वाले दूध के डब्बे ले कर चढ़ आए. लोगों का ध्यान बंटा तो अधेड़ का हाथ दोबारा हरकत में आ गया. कभी हाथ कविता की जांघ पर पड़ता तो कभी कंधे पर. लेकिन कुछ देर बाद वह अधेड़ वहां से उठ गया और कुछ दूर सिंगल वाली सीट पर जा कर बैठ गया.
अरे, यह क्या? दर्द से उस के आंसू निकल आए थे. उस ने चश्मा उतार कर रूमाल से आंसू पोंछे. उस की हरकतें कविता देख कर मंदमंद मुसकरा रही थी. अधेड़ भी एक बेचारे की तरह कविता को देख रहा था.
बाकी किसी को कुछ पता नहीं था कि उन दोनों के बीच क्या हुआ. किसी का ध्यान भी उस ओर नहीं था, क्योंकि कोई शोरशराबा नहीं हुआ था.
अधेड़ बारबार अपनी जांघ सहला रहा था. वह खुद से सवाल कर रहा था, ‘क्या कोई देख रहा है? यह लड़की कौन है? क्या इसे पता चल गया था? अब कभी नहीं करूंगा ऐसा…’कुछ देर बाद वह अधेड़ उठा और दूर जा कर बैठ गया. अब उसे वह पहलवान टाइप की लड़की कविता नहीं दिखाई दे रही थी. वह मन ही मन उसे कोस रहा था. अब भी वह कुछ औरतों के पासही बैठा था, लेकिन उस का हाथ कहीं और नहीं, अपनी जांघ पर ही था. वह धोती के ऊपर से अपनी जांघ सहलारहा था,
जैसे बहुत दर्द हो रहा हो.कुछ देर बाद कविता अपनी सीट से उठी और उस अधेड़ की खोज में निकल पड़ी. एक सीट पर दुबका वह अधेड़ उसे दिखाई पड़ गया कविता ने मुसकरा कर मजाकभरे लहजे में उस अधेड़ से धीरे से पूछा, ‘‘क्या हुआ अंकल?’’ अधेड़ कुछ नहीं बोला. उस ने नजरें झुका लीं. कविता भी आगे कुछ नहीं बोली और वह अपनी सीट पर लौट आई. वह अब भी मंदमंद मुसकरा रही थी.
कुछ देर बाद उन लड़कियों का स्टेशन आ गया. ट्रेन रुकी तो वे सब जल्दीजल्दी उतरने लगीं.
कविता उतरते समय अधेड़ से बोली, ‘‘बाय अंकल. जांघ में हल्दीप्याज गरम कर के लगा लीजिएगा.’’
कविता ट्रेन से उतर गई तो अधेड़ ने राहत की सांस ली. अभी इस सवाल का जवाब बाकी है कि अधेड़ ने अपनी सीट क्यों छोड़ी और पहलवान टाइप लड़की कविता ने उस का क्यों मजाक उड़ाया?
कविता ने फुरसत के पलों में खिलखिलाते हुए अपनी सहेलियों को बताया, ‘‘आज ट्रेन में बहुत मजा
आया. एक मनचले बुढ़ऊ को जम कर मजा चखाया.’’
‘‘कब? किसी को कुछ पता नहीं चला?’’ सहेलियों में से एक ने पूछा.‘‘हां. चुपचाप मजा चखाया. वह गोल्डी को छेड़ रहा था. मेरी नजर पड़ी तो मुझे बहुत गुस्सा आया. मैं उसे डांट भी सकती थी, लेकिन उस के पास बैठ कर चुपचाप उस की जांघ पर बोरा सिलने वाले इस सूए के पिछले भाग को इतनी जोर से चुभाया कि उस के आंसू निकल आए.‘‘पोल खुलने के डर से वह कुछ कह भी नहीं सका. पूरा दर्द सह गया. असली मर्द होगा तो दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेगा.’’
लड़कियां खूब जोर से हंसीं. गोल्डी बोली मुझे भी बहुत गुस्सा आ रहा था, लेकिन मैं कुछ बोली नहीं, पर तुम ने उसे सबक सिखा ही दिया.’’ ‘‘हां. मैं यह सूआ लिए रहती हूं और नुकीले भाग से नहीं, पीछे के हिस्से से
ही मनचलों की चीख निकाल लेती हूं. यह मेरा कारगर हथियार है. खून नहीं निकलता, लेकिन जान निकाल लेता है. इस सूए से मेरे पिता तेंदूपत्ते से भरे बोरे सिला करते थे. काम ऐसा करो कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे,’’
कविता ने कहा.बाकी लड़कियां उस की तारीफ कर रही थीं. सुरेखा ने कहा, ‘‘बढि़या रहा सबक सिखाने का तुम्हारा तरीका. ये अधेड़ और बूढ़े लोग भी शर्मनाक काम करते हैं. अपनी मर्यादा भूल जाते हैं.’’




