Latest Bollywood Updates: अमृता राव का अंधविश्वास

Latest Bollywood Updates: ‘इश्कविश्क’ और ‘विवाह’ के अलावा और भी अच्छी फिल्में करने वाली खूबसूरत हीरोइन अमृता राव का फिल्म कैरियर ज्यादा हिट नहीं रहा है. पर हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने यह कहते हुए सब को चौंका दिया कि उन पर किसी ने काला जादू किया था. जब उन्होंने यह सुना था तो वे भी दंग रह गई थीं. ऐक्ट्रैस ने कहा कि उन की 3 फिल्में भी बंद हो गई थीं.

अमृता राव ने उस इंटरव्यू में आगे दावा किया कि एक बार वे अपने गुरुजी से मिली थीं. उन्होंने उस समय तो आर्शीवाद दिया, लेकिन 1-2 दिन बाद उन की मां से कहा कि उन की बेटी पर किसी ने काला जादू और वशीकरण किया है.

अमृता राव यह बात सुन कर चौंक गई थीं और उन्होंने कहा, ‘मैं वशीकरण जैसी बात पर अपनी लाइफ में कभी भरोसा नहीं करती, अगर यह बात मेरे गुरु के अलावा किसी और ने बोली होती.’

मानुषी छिल्लर पर साधा निशाना

मानुषी छिल्लर ने ‘मिस वर्ल्ड 2017’ का खिताब जीता था. इस के बाद उन्होंने साल 2022 में अक्षय कुमार की फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ से हिंदी फिल्मों में डैब्यू किया था. फिर उन की 2 और फिल्में ‘मालिक’ और ‘तेहरान’ भी रिलीज हुई थीं, जबकि इस से पहले वे ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘द ग्रेट इंडियन फैमिली’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी थीं. पर इन में से एक भी फिल्म नहीं चल पाई, तो उन पर फ्लौप हीरोइन का ठप्पा लग गया.

अब मानुषी छिल्लर ने दलजीत दोसांझ के एक म्यूजिक वीडियो ‘कुफर’ में काम किया है, जिस के बाद सोशल मीडिया पर यह कहा जा रहा है कि अब वे इन्हीं के लायक रह गई हैं. इस में सचाई भी है, क्योंकि मानुषी छिल्लर को अब ज्यादा फिल्में नहीं मिल रही हैं और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में जमे रहने के लिए ऐसे छोटेमोटे प्रोजैक्ट करने से कोई बात नहीं बनेगी.

एपी ढिल्लों का खुलासा

पंजाबी गायक एपी ढिल्लों का गाना ‘ब्राउन मुंडे’ जेनजी में काफी मशहूर हुआ था और आज भी डीजे पर खूब बजता है. अभी हाल ही में एपी ढिल्लों ने खुलासा किया कि वे एक बार अपने बौलीवुड डैब्यू के करीब आ गए थे. एक फिल्म के लिए वे गाना गाने के लिए फाइनल हो चुके थे. इस गाने की डील में इंडस्ट्री के 2 सब से बड़े लोग थे. हालांकि, यह डील आखिरी समय पर टूट गई, क्योंकि एपी ढिल्लों ने इस गाने के औनरशिप राइट मांगे थे, जिसे मेकर्स ने नहीं माना.

इस के बाद अपने एक इंटरव्यू में एपी ढिल्लों ने बताया, ‘मैं एक ऐसी इंडस्ट्री का हिस्सा नहीं बनना चाहता, जो कलाकारों और उन की कला का पैसों के फायदे के लिए शोषण करती है.’

शरवरी वाघ को मिला सूरज बड़जात्या का साथ

महाराष्ट्र की लड़की शरवरी वाघ वैसे तो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में काफी समय से हैं, पर उन्हें ज्यादातर परदे के पीछे ही काम करते देखा गया है. पर अब वे जल्द ही सूरज बड़जात्या की नई फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ रोमांस करती दिखाई देंगी.

इस फिल्म का नाम अभी फाइनल नहीं हुआ है, पर यह एकदम सूरज बड़जात्या स्टाइल फिल्म होगी, जिसे पूरा परिवार एकसाथ बैठ कर देख सकेगा. वैसे, शरवरी वाघ बहुत जल्द फिल्म ‘अल्फा’ में भी दिखाई देंगी, जिस में वे आलिया भट्ट और बौबी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. Latest Bollywood Updates

Bollywood Latest Updates: रिया चक्रवर्ती का बुरा हाल

Bollywood Latest Updates, रिया चक्रवर्ती का बुरा हाल

रिया चक्रवर्ती का नाम सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े केस में सामने आया था और वे जेल भी गई थीं. लेकिन अब रिया इस केस से बरी हो गई हैं और उन पर कोई आरोप साबित नहीं हुआ. पर तब से ले कर आज तक उन का फिल्म कैरियर जहां का तहां रह गया है. साथ ही, उन के भाई शोविक का कैरियर भी ठप हो गया.

रिया चक्रवर्ती ने एक इंटरव्यू में कहा, ‘‘जब हम उस ट्रैजिडी से गुजर रहे थे, तो हम दोनों ने अपना कैरियर खो दिया था. मुझे ऐक्टिंग का काम मिलना बंद हो गया था. ‘कैट’ में शोविक के 96 परसैंटाइल आए थे. लेकिन यह भी उसी समय हुआ था, जब वह अरैस्ट हुआ था. उस का एमबीए कैरियर और फ्यूचर की प्लानिंग भी खत्म हो चुकी थी.

‘‘इस के बाद उस के लिए काम मिलना बहुत मुश्किल था. कुछ समय के लिए हमें समझ ही नहीं आ रहा था कि जिंदगी कहां जा रही है.’’

अब रिया चक्रवर्ती ने अपना पहला क्लोदिंग (कपड़ों का) स्टोर खोला है, जिस का नाम उन्होंने ‘चैप्टर 2’ रखा है.

विशाल जेठवा ने बयां किया दर्द

हिंदी फिल्म ‘मर्दानी 2’ में रानी मुखर्जी की नाक में दम करने वाले विलेन विशाल जेठवा अब फिल्म ‘होमबाउंड’ में ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे. इस फिल्म को कान फिल्म फैस्टिवल में दिखाया गया था, जहां 9 मिनट तक लोगों ने खड़े हो कर तालियां बजाई थीं.

विशाल जेठवा ने बताया कि वे कान फिल्म फैस्टिवल में जाने से डर रहे थे, क्योंकि वे बहुत गरीब परिवार से आते हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया, ‘‘मैं एक कामवाली बाई का बेटा हूं. मेरी मां ने लोगों के घर पर झाड़ूपोंछा किया है. वे एक सुपरमार्केट में सैनेटरी पैड बेचती थीं. मेरे पिता नारियल पानी बेचते थे. मैं ने यह सब देखा है.’’

विशाल जेठवा ने यह भी बताया कि फिल्म ‘होमबाउंड’ में उन का निभाया गया किरदार उन से काफी हद तक मिलताजुलता है, क्योंकि वे एक गरीब परिवार से आते हैं.

जब सोनम कपूर को सरेआम छेड़ा

सोनम कपूर ने अपने ऐक्टिंग कैरियर की शुरुआत साल 2007 में आई फिल्म ‘सावरिया’ से की थी. उन्होंने ‘रांझणा’, ‘भाग मिल्खा भाग’, ‘संजू’, ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘नीरजा’, ‘वीरे दी वैडिंग’ जैसी फिल्मों में दर्शकों को खूब ऐंटरटेन किया.

हाल ही में एक इंटरव्यू में सोनम कपूर ने बताया कि बचपन में उन के साथ ऐसा हादसा हुआ था, जो उन के लिए काफी डरावना था.

सोनम कपूर ने आगे बताया, ‘‘मैं अपने दोस्तों के साथ गैटी गैलेक्सी थिएटर में रवीना टंडन और अक्षय कुमार की फिल्म देखने गई थी. उस वक्त मेरी उम्र कुछ 13-14 साल होगी. हम सभी लड़कियां समोसा खरीदने गईं. ऐसे में कोई आदमी पीछे से आया और उस ने मेरे ब्रैस्ट दबोच लिए. ऐसा होने पर मैं कांप गई. मैं पूरी तरह से अंदर से हिल गई. मैं बस रोने लगी.’’

मुजम्मिल इब्राहिम का सनसनीखेज दावा

ऐक्टर मुजम्मिल इब्राहिम ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि उन्होंने हीरोइन दीपिका पादुकोण को मुंबई में उन के शुरुआती दिनों में 2 साल तक डेट किया था.

मुजम्मिल इब्राहिम ने एक पौडकास्ट पर दीपिका पादुकोण के बारे में बताया, ‘‘हम ने मौडलिंग के दिनों में डेट किया था. उस ने मुझे ‘ग्लैडरैग्स’, ‘परदेसिया’ और ऐसी ही दूसरी फिल्मों में देखा था और वह मुझे बहुत पसंद करती थी.

‘‘मैं उस समय एक स्टार था, वह नहीं थी. वह एक मौडल थी, लेकिन मैं पहले ही एक ऐक्टर बन चुका था. हम दोनों उस समय बहुत छोटे थे और जब हम शहर में बारिश के दौरान आटोरिकशा में घूमते थे, तो यह बहुत अच्छा लगता था.’’

मुजम्मिल इब्राहिम ने साल 2007 में हिंदी फिल्म ‘धोखा’ से अपना ऐक्टिंग डैब्यू किया था.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें