⚲

Story : नया मोड़

Story. कालेज में खुद को हीरो समझने वाला पवन नशे  लत लगा बैठा और बाद में अपनी शादीशुदा जिंदगी को भी बरबाद कर दिया. पर क्या उस की पत्नी मिली को ऐसी जिंदगी मंजूर थी?

आज मौसम बेहद बेचैनी भरा था. मिली ने परदा हटाया तो खिड़की के रास्ते कुछ हलकी सी ठंडक कमरे में भर गई. पवन चुपचाप बिस्तर पर लेटा हुआ था. वह हिलते हुए परदे को गौर से देख रहा था. मिली ने उस का माथा छुआ. पवन को हलकी सी सिहरन हुई.

मिली ने पवन को थर्मस से आधा गिलास कुनकुना पानी पीने को दिया. पानी पी कर पवन को काफी सुकून मिला, ‘‘मिली, तुम्हारे पास पैसे खत्म हो गए हैं न…’’ वह जरा सा अटक कर बोला.

‘‘कोई बात नहीं पवन. मैं कुछ कोशिश करती हूं. कल ही मैं ने अचार के और्डर वाले 2 डब्बे तैयार कर के भेजे हैं. फिक्र मत करो. उस के भी रुपए मिलने ही वाले हैं,’’ मिली ने उसे दिलासा दिया.

पवन ने आंखें बंद कर लीं. नशे की लत ने उसे शारीरिक रूप से बेहद कमजोर कर दिया था. वह अपनेआप से कहने लगा, ‘‘काश, मुझ  में जरा भी दम होता तो रोज मजदूरी ही कर लेता… कुछ रुपया आ जाता…’’ पर अब पछताए होत क्या जब चिडि़या चुग गई खेत. वह खुद को फटकारने लगा.

पवन ने अपना शरीर खुद खराब किया था. उस की आंखों के आगे उस का पूरा अतीत चित्र बन कर हाजिर हो गया था. 18 साल का पवन जब कालेज में कौमर्स की पढ़ाई कर रहा था. तब उस का चुस्तदुरुस्त और गठीला बदन जवान लड़कियों को अपनी तरफ खींच लिया करता था. इस तरह पवन को यह लगने लगा कि एक वही अकेला हीरो है इस कालेज का, बाकी सब उस के आगे फीके हैं.

लेकिन पवन ने गंभीरता से कभी सोचा ही नहीं कि तन और मन दोनों में संतुलन चाहिए. अपने चाहने वालों की भीड़ में गुम रहने लगा उस का मन तो वह मौजमस्ती और मनोरंजन में ही रमा रहता था. 3 साल के भीतर वह एक फिसड्डी छात्र साबित हो चुका था.

मगर छात्र संघ के अध्यक्ष ने पवन को अपनी राजनीति का शिकार बना लिया. बाजार में उगाही करने के लिए वह पवन को ही साथ में ले जाता था. महंगी गाड़ी और बौडीगार्ड के साथ बैठ कर पवन को फिर से भरम में जीने की आदत सी लग गई. वह जम कर सिगरेट और शराब पिया करता था.

3 भाइयों में सब से छोटा था पवन. उस के भोलेपन पर सभी को रहम आता था. उसे हर गलती की माफी मिल जाया करती थी.

लेकिन पवन की सतही बातें, उस का खराब लोगों में उठनाबैठना जगजाहिर हो रहा था, इसलिए पवन के दोनों भाई धीरेधीरे उसे कमतर समझने लगे.

पवन से दोनों भाई इतने कटने लगे कि पवन ने जब अपनी प्रेमिका मिली से ब्याह किया तो आशीर्वाद देने उस के मातापिता ही आए. औलाद तो आखिर औलाद ही होती है.

पवन की हालत पर तरस खा कर मातापिता ने उस का घरसंसार संवारने में मदद भी की, मगर 2-3 साल में मातापिता भी तंग आ गए.

एक दिन बड़ा भाई पवन के नशे की लत से परेशान हो कर मातापिता को अपने साथ आस्ट्रेलिया ले गया. कुछ समय बाद छोटे भाई का परिवार भी आस्ट्रेलिया चला गया. पवन और मिली यहीं रह गए.

पेट भरने के लिए कुछ तो करना ही था. मिली के समझाने पर पवन ने कुछ समय एक फैक्टरी में गार्ड की नौकरी की, मगर वहां भी उस का वही हाल था. लापरवाही, आलस, शराब पीना, सिगरेट फूंकना.

मिली बेचारी को भी कुछ आताजाता नहीं था. वह अपने पीहर मदद मांगने गई. वहां तो खुद हालात अच्छे नहीं थे. उस की भाभी अचार, मुरब्बा, पापड़ वगैरह बना कर बेचती थीं. उन की देखादेखी मिली ने भी वही काम पकड़ लिया था.

मिली की कमाई ठीकठाक हो रही थी लेकिन अचानक एक दिन पवन की तबीयत काफी खराब हो गई. तेज बुखार, बदनदर्द और उलटी आदि होने लगीं. अस्पताल ले जाना पड़ गया. जरूरी जाचें वगैरह करवानी पड़ीं.

रिपोर्ट आई कि पवन का लिवर कमजोर हो गया था. 7 दिन तक अस्पताल में इलाज के बाद पवन को छुट्टी दे दी गई थी. अब वह घर पर चुपचाप लेटा रहता. बिस्तर और तकिया उस के साथी थे.

दवाओं का खर्च आ रहा था, इसलिए मिली ने अखबार का विज्ञापन देख कर एक फैशन हाउस में  रिसैप्शनिस्ट और एक स्कूल में आया की नौकरी के लिए आवेदन कर दिया.

मिली को कितना तनाव था यह बस वही जानती थी. इस तनाव में वह एकदम सुस्त और पस्त सी हो चली थी. 1-2 दिन बाद स्कूल से इंटरव्यू के लिए फोन से बुलावा आ गया. वह स्कूल पहुंची. चपरासी ने उसे दफ्तर में जाने को कहा.

वह हैडमास्टर के दफ्तर में जाने लगी. कुछ हिचक सी हो रही थी, इसीलिए उस ने एक पल ठहर कर मन ही मन खुद को भरोसा दिलाया.

‘‘भीतर आओ मिली,’’ किसी जानीपहचानी सी आवाज ने मिली को पुकारा.

मिली चौंक गई. वह अंदर दाखिल हुई. उस की सहपाठी मीना ने उसे पुकारा था. मिली हैरत में पड़ गई.

मीना, जिस को मिली एक साधारण और कमबुद्धि मानती थी, आज वह इतने अच्छे और बड़े पद पर है. उसे तिनका मानने वाली यह मिली उसी के स्कूल में आया बनने के लिए तैयार है. समय का ऐसा खेल देख कर मिली का तनबदन संकोच से कांपने लगा.

‘‘आओ, बैठो मिली. आराम से बैठो,’’ उसे सहूलियत से बैठने को कह कर मीना ने उसे खुद एक गिलास पानी दिया.

मिली फफक कर रोने लगी. वह बोली, ‘‘मीना, देखो न, केवल 5 साल में क्या से क्या हो गया है. मेरी हालत देखो न. पवन के संग फंस कर मैं कहीं की भी न रही. लेकिन मजबूर हो गई हूं. पीहर में भी हालात ठीक नहीं हैं. पवन के दोनों भाई उस से तंग आ गए हैं. मुझे तुम देख ही रही हो.

‘‘न जाने कैसी अंधी हो गई थी. पवन का डीलडौल देख कर सोचती थी कि किसी फिल्मी हीरो से शादी कर रही हूं. मगर यह हीरो तो बस दिखने का हीरा था, असल में तो यह कांच ही निकला. मुझे नौकरी दे दो. पवन बीमार है. दवा में बहुत रुपया लग रहा है,’’ सुबकती हुई मिली मिली से गुजारिश करने लगी.

मीना ने मिली के लिए चाय मंगवा दी थी. आज मीना ने और किसी को भी इंटरव्यू के लिए नहीं बुलाया था, इसलिए वह मिली के साथ एकदम तसल्ली से बातचीत कर रही थी.

मीना ने मिली से कहा कि वह उसे नर्सरी के बच्चों के साथ रहने की नौकरी दे रही है. मिली को एक बाल मनोवैज्ञानिक यानी विशेषज्ञ की सहायक बन कर काम करना है. काम शुरू होने से पहले मिली का 10 दिन का प्रशिक्षण होगा. उस के बाद उसे सब काम समझ आ जाएगा. मिली की हैल्प के लिए 2 आया हमेशा साथ रहेंगी.

मिली गौर से सुन रही थी, ‘‘मैं तो पानी देने वाली, हुक्म बजाने वाली आया का काम मांगने आई थी, पर तुम मुझे कोई बड़ा काम दे रही हो,’’ वह मीना के सामने हाथ जोड़ने लगी.

‘‘अरे मिली, तुम घबराओ मत. बस मेहनत करती रहो. तुम होनहार हो. बहुत तरक्की कर सकती हो. खुद पर भरोसा रखो. तुम काबिल हो.’’

मीना ने मिली से इतनी बढि़या बात कही कि मिली की आंखों में खुशी की चमक आ गई. उस ने फार्म भर दिया और आज पहले दिन का प्रशिक्षण भी लिया. साढ़े 3 घंटे के प्रशिक्षण के बाद उसे नकद 600 रुपए दिए गए.

मिली को ऐसा लगा मानो उस की लौटरी खुल गई हो. वह दवा और फल ले कर घर आई. पवन भी अच्छी किताबें पढ़ रहा था. मिली आई तो वह हंस कर बोला, ‘‘मिली, इस किताब में पता है क्या लिखा है. इनसान खराब से खराब नशा भी पूरी तरह छोड़ कर सेहतमंद बन सकता है, बस आत्मविश्वास और अनुशासन की जरूरत है.’’

‘‘जरूर पवन, एक दिन तुम हीरा बन कर चमकने लगोगे,’’ कह कर मिली ने उसे गले लगा लिया. परदे से हो कर फिर हवा भीतर आई थी. इस हवा में ताजगी थी. जैसे कुदरत भी उन दोनों की हौसलाअफजाई कर रही थी. Story

– पूनम पांडे

Drug Addiction: ड्रग्स खरीदने पर पैसे नहीं दे पाया तो वे मेरी बाइक उठा कर ले गए

Drug Addiction: अगर आप भी अपनी समस्या भेजना चाहते हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें.

सवाल-

मेरी उम्र 19 साल है और मैं पंजाब के पटियाला शहर का रहने वाला हूं. हाल ही में मैं ने कालेज में एडमिशन लिया है और आगे की पढ़ाई कर रहा हूं. मेरे कुछ दोस्त कभीकभार ड्रग्स लेते हैं, तो उन्होंने मुझे भी एक बार ट्राई करने को कहा. मैं ने जब ट्राई किया तो मुझे काफी मजा आया और मुझे पता ही नहीं चला कि कब मुझे इस की आदत लग गई. मैं ने इस के चलते घर से पैसे चुराने भी शुरू कर दिए. हाल ही में मैं ने किसी से ड्रग्स खरीदी, लेकिन समय पर पैसे न देने की वजह से वह मेरी बाइक उठा कर ले गया. ऐसे में न मैं अब पुलिस के पास जा पा रहा हूं और न ही अपने घर वालों को बता पा रहा हूं. फिलहाल मैं ने अपने घर में यह बता रखा है कि मेरी बाइक किसी दोस्त के पास है. मेरे पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि उस शख्स को पैसे दे कर अपनी बाइक छुड़ा लूं. मुझे क्या करना चाहिए?

जवाब –

आप की बातें सुन कर ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि आप बुरी संगत में फंस चुके हैं, जिस से निकल पाना आप के लिए मुश्किल होता जा रहा है. आप खुद सोचिए कि ऐसे समय में आप के वे दोस्त भी साथ नहीं दे रहे होंगे, जिन्होंने आप को पहली बार ड्रग्स करना सिखाया होगा.

किसी भी तरह का नशा हमारी सेहत के लिए तो खतरनाक होता ही है, बल्कि वह हमारे पैसों और परिवार को भी बरबाद कर देता है. आप के पास एक औप्शन है कि आप सारी बात अपने घर वालों को बता दीजिए कि आप ड्रग्स के जंजाल में फंस गए हैं, जिस वजह से आप की बाइक वह लोग उठा कर ले गए. आप के घर वाले आप की इस समय मदद कर देंगे, लेकिन उस के लिए आप को उन से वादा करना होगा कि आज के बाद किसी भी तरह का नशा नहीं करेंगे.

याद रखिए, बुरी लत लगाने के लिए आप के सभी दोस्त आप के आसपास होंगे, लेकिन जब आप किसी मुसीबत में फंस जाएंगे, तो सिर्फ घर वाले ही होते हैं जो आप को उस मुसीबत से छुड़ा सकते हैं. अगर आप अपने साथसाथ आपने जैसे बाकी लोगों को भी इस से छुटकारा दिलाना चाहते हैं, तो पुलिस में जा कर उस शख्स के खिलाफ शिकायत कीजिए, जो ड्रग्स बेच रहा है.

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या इस नम्बर पर 8588843415 भेजें. Drug Addiction

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें