⚲

Tejas Dev : कभी टीचर, तो कभी सीए बनना चाहा

Tejas Dev. सोशल मीडिया की दुनिया, औनलाइन लोकप्रियता की चाह और उस के मनोवैज्ञानिक असर को रोचक ढंग से सिनेमा के परदे पर उतारने वाली हिंदी सोशल साइकोलौजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओए चिल मार’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही है. इस फिल्म के हीरो तेजस देव (Tejas Dev) ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों पर असर डाला है.

थिएटर से एक्टिंग की बारीकियां सीख कर फिल्मों तक पहुंचे तेजस देव की यह पहली फिल्म है, लेकिन सिनेमा के परदे पर उन का आत्मविश्वास और सहज एक्टिंग कहीं से भी एक नए कलाकार का अहसास नहीं होने देते.

अपनी पहली ही फिल्म से पहचान बनाने वाले तेजस देव अब दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी कदम रख रहे हैं. एक्टिंग के प्रति उन के जुनून, थिएटर से सिनेमा तक के सफर और भविष्य की योजनाओं को जानने के लिए उन से हुई बातचीत की गई. पेश हैं, उसी के खास अंश :

आप ने एक्टिंग को कैरियर बनाने का फैसला कब लिया था?

बचपन से अब तक मेरी इच्छाएं बदलती रही हैं. एक समय वह था, जब मैं टीचर बनना चाहता था. फिर डाक्टर व पायलट बनने की बात सोची. उधर मेरे मातापिता भी पढ़ाई पर ज्यादा जोर दे रहे थे.

हाई स्कूल के बाद कौमर्स

कालेज में मेरा एडमिशन हो गया. तब यह बात दिमाग में आई थी कि डिगरी ले कर किसी कंपनी में अकाउंटैंट की नौकरी मिल जाएगी. कालेज की पढ़ाई करतेकरते मैं ने चार्टड अकाउंटैंट या सीएस बनने के बारे में सोचा.

लेकिन कालेज में मेरी दोस्ती उन सहपाठियों के संग हो गई जो थिएटर से जुड़े हुए थे. एक बार मेरे दोस्तों ने मुझे  कालेज के ही एक नाटक में एक्टिंग करने का मौका दिया. उस मौके से मेरी सोच ही बदल गई.

फिर मैं थिएटर में दिलचस्पी लेने लगा, जबकि मेरे मातापिता तो मुझे अच्छी एजुकेशन लेते देखना चाहते थे. तो मैं ने ग्रेजुएशन पूरी की. फिर मुझे एक बहुत अच्छी नौकरी भी मिल गई. लेकिन मुझे कुछ न कुछ कमी महसूस हो रही थी, इसलिए नौकरी करते हुए बचे हुए समय में मैं थिएटर की ट्रेनिंग भी लेता रहा.

कुछ महीने बाद मैं ने अपने पिताजी को समझाया कि नौकरी करने में मुझे मजा नहीं आ रहा है. मैं एक्टिंग करना चाहता हूं.

एक दिन मेरे पिताजी ने मुझे इस शर्त पर एक्टिंग जगत में कूदने की इजाजत दी कि मेरे पास सिर्फ 2 साल का समय है. अगर 2 साल में मैं कुछ नहीं हो सका, तो सबकुछ भूल कर नौकरी करनी पड़ेगी. फिर मैं अभिनव कला केंद्र से जुड़ गया, जहां प्रशांत श्रीवास्तव सर से मुझे बहुतकुछ सीखने को मिला.

आडिशन देने में तो रिजैक्शन भी होते हैं?

जी हां, शुरुआत के 10-12 आडिशन बहुत खराब हुए. आडिशन खत्म होते ही मुझे बता दिया जाता था कि मैं फिट नहीं हूं. मैं निराश हो गया और घर पर बैठ गया. इस के बाद मैं ने भाषा और संवाद अदायगी पर काम किया.

प्रशांत सर ने मुझे सिखाया कि एक कलाकार के तौर पर मुझे किस तरह खुद को खोलना चाहिए. किस तरह दूसरों के सामने प्रजैंट करना चाहिए.

पूरे 3 महीने बाद नई उर्जा के साथ मैं ने दोबारा आडिशन देना शुरू किया. सच कहूं तो मुझे याद भी नहीं है कि मैं ने कितने आडिशन दिए हैं.

आप को अपनी पहली फिल्म ‘ओए चिल मार’ कैसे मिली?

मुझे एक दिन फिल्म डायरैक्टर नितिन रोकड़े का फोन नंबर मिला, तो मैं ने उन को मैसेज भेजा कि मैं उन से मिलना चाहता हूं. उन्होंने मुझे अपने औफिस में बुलाया. वहां उन्होंने मुझ से तकरीबन आधे घंटे तक बातचीत की.

इस मुलाकात के एक हफ्ते बाद नितिन सर के औफिस से फोन आया कि वे मुझ से मिलना चाहते हैं. मैं उन के औफिस गया तो उन्होंने कहा कि वे मेरा एक लाइव आडिशन लेना चाहते हैं. मैं ने आडिशन दिया.

इस के एक हफ्ते के बाद फिर से नितिन सर के औफिस से फोन आया और मैं उन से मिलने पहुंचा. तब नितिन सर ने मुझे बताया कि वे एक साइकोलौजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओए चिल मार’ बनाने जा रहे हैं, जिस में गुड्डू दुबे के लीड किरदार के लिए मुझे लेना चाहते हैं.

तो यह माना जाए कि फिल्म में ब्रेक मिल रहा था, इसलिए आप ने ‘ओए चिल मार’ कर ली?

इस फिल्म से भी पहले मुझे 2-3 फिल्मों के औफर मिले थे. पर मुझे उन फिल्मों के किरदार और स्क्रिप्ट पसंद ही नहीं आई थी, इसलिए मैं ने नहीं किया था.

फिल्म ‘ओए चिल मार’ का वह सीन बताएं, जिस ने आप की निजी जिंदगी का कोई वाकिआ याद दिलाया हो?

फिल्म में एक फाइटिंग सीन है. उस सीन में गुड्डू का एक गुंडे से झगड़ा हो जाता है. उस सीन में फाइटिंग के दौरान सामने वाले लड़के को मेरा जोर से हाथ लग गया.

सैट पर वह चुप रहा. सीन फिल्माए जाने के बाद वह एक असिस्टैंट डायरैक्टर को ले कर चुपचाप अस्पताल चला गया, क्योंकि उस की पसली में बहुत तेज दर्द हो रहा था.

मुझे पता चला तो मैं भी अस्पताल गया. मुझे यह सब जान कर बहुत बुरा लगा. मुझे अंदर से यह अहसास हुआ कि एक कलाकार के तौर पर यह मेरी गलती है. उस दिन मेरी समझ में आया कि एक फिल्म बनाना महज कारोबार नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की तरह मिल कर काम करना होता है.

अब आगे आप किस तरह के किरदार निभाना पसंद करेंगे?

मुझे एक्शन करना, रोमांटिक किरदार निभाना पसंद है. मुझे कौमेडी करना भी पसंद है. लेकिन मेरा मानना है कि किरदार तो कहानी और स्क्रिप्ट के मुताबिक तय होते हैं.

हिंदी फिल्मों में आप किस कलाकार के फैन हैं?

मैं सनी देओल और शाहरुख खान का मुरीद हूं. सनी देओल का एक्शन और शाहरुख खान का सैंस औफ ह्यूमर कमाल का है.

क्या आप कोई दूसरी नई फिल्म कर रहे हैं?

जी हां, मैं दक्षिण भारत की एक बड़े बजट की फिल्म कर रहा हूं. लेकिन इस फिल्म को ले कर अभी ज्यादा जानकारी नहीं दे सकता. Tejas Dev

Bhojpuri Celebrity Interview: किरदार बनावटी-न हो अनूप अरोरा

Bhojpuri Celebrity Interview: भोजपुरी सिनेमा के शानदार और संजीदा एक्टरों में शुमार अनूप अरोरा ने अपनी एक्टिंग से एक अलग पहचान बनाई है. उन्होंने अब तक सैकड़ों फिल्मों में अलगअलग किस्म के किरदार निभा कर यह साबित किया है कि वे केवल एक एक्टर नहीं हैं, बल्कि एक्टिंग के प्रति समर्पित कलाकार हैं.  अदाकारी के प्रति उन का जुनून और अनुशासन ही उन्हें भीड़ से अलग बनाता है. 7वें सरस सलिल भोजपुरी सिने अवार्ड्स शो के दौरान उन से बातचीत हुई. पेश हैं, उस के खास अंश :

इतने
लंबे समय तक भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में टिके रहना, आप इसे कैसे देखते हैं?
यह एक लगातार चलने वाला सफर है. यहां हर दिन खुद को साबित करना पड़ता है, वरना लोग बहुत जल्दी भूल जाते हैं.

भोजपुरी सिनेमा की मौजूदा दशा और दिशा को आप कैसे देखते हैं?
आज हमारे पास प्लेटफार्म और पहुंच दोनों हैं, लेकिन कंटैंट की सोच कमजोर हो रही है. हमें अच्छे कंटैंट से जुड़ना होगा. भोजपुरी में कम बजट में भी दमदार फिल्में बन सकती हैं. भोजपुरी सिनेमा के कुछ ऐसे चेहरे हैं, जो दर्शकों के दिल और दिमाग में बसते हैं. उन्हीं चुनिंदा लोगों में आप का नाम शामिल है.

आप इस उपलब्धि को कैसे देखते हैं?
मेरे लिए यह किसी अवार्ड से कम नहीं है. दर्शकों के दिल और दिमाग में जगह बनाना बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी है और खुशी भी. मैं ने हमेशा कोशिश की है कि जो भी किरदार करूं, उस में सच्चाई हो, बनावटीपन न हो. कलाकार वही होता है जिसे लोग स्वीकार करें.

अगर आप को किसी फिल्म में पूरी तरह लीड रोल चुनने का मौका मिले, तो आप किस तरह की कहानी और किरदार को चुनेंगे?
हर कलाकार के अंदर कहीं न कहीं एक सपना होता है कि वह ऐसा किरदार निभाए जो दर्शकों के दिल में लंबे समय तक जिंदा रहे. अगर लीड रोल चुनने का मौका मिले, तो मैं ऐसी कहानी करना चाहूंगा, जो समाज से जुड़ी हो, जिस में मनोरंजन के साथसाथ एक मजबूत संदेश भी हो. किरदार की बात करूं तो मैं एक आम इनसान की असाधारण कहानी निभाना चाहूंगा, जो हालात से लड़ कर अपनी पहचान बनाता है. ऐसा रोल जिस में इमोशन, एक्शन और ग्रे शेड्स तीनों हों.                             

कौमेडियन को अलग पहचान मिले – रोहित सिंह ‘मटरू’
भोजपुरी फिल्मों में जब भी परदे पर हंसी की फुहार छूटती है, तो अकसर उस के पीछे किसी कौमेडियन की मेहनत छिपी होती है. लेकिन सच्चाई यह भी है कि कौमेडियन को अकसर उतना सम्मान नहीं मिलता जितना किसी हीरो या विलेन को मिलता है.
भोजपुरी फिल्मों के चर्चित हास्य कलाकार रोहित सिंह ‘मटरू’ इस सच्चाई को खुल कर स्वीकार करते हैं. अपनी देशी शैली, सहज संवाद और सटीक कौमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसाने वाले ‘मटरू’ से पटना में हुई मुलाकात में हुई लंबी बातचीत में उन्होंने न सिर्फ अपने संघर्षों की कहानी सुनाई, बल्कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की कई अनकही बातों पर भी बेबाक राय रखी. पेश हैं, उसी के खास अंश :

आप की पहचान आज एक कौमेडियन के रूप में बन रही है. लेकिन इस की शुरुआत कैसे हुई?
सच कहूं तो मैं ने कभी प्लान कर के कौमेडियन बनने का फैसला नहीं किया था. बचपन से ही मेरी आदत थी कि माहौल गंभीर हो जाए तो मैं कोई मजाक कर देता था. परिवार वाले कहते थे कि तुम जहां जाते हो, वहां हंसी का माहौल बन जाता है. धीरेधीरे लगा कि अगर यही काम लोगों को खुशी देता है, तो इसे ही अपना रास्ता क्यों न बनाया जाए. बस, वही आदत आज मेरा पेशा बन गई. अकसर कहा जाता है कि

भोजपुरी फिल्मों में कौमेडियन को सिर्फ हलके मनोरंजन के लिए रखा जाता है. आप क्या सोचते हैं?
यह बात काफी हद तक सच है. कई फिल्में ऐसी होती हैं जहां कौमेडियन को सिर्फ 2-3 सीन दे कर कहा जाता है कि बस लोगों को हंसा देना. लेकिन कौमेडी करना इतना आसान नहीं है. एक कौमेडियन पूरी फिल्म का मूड बदल सकता है. अगर कहानी में सही तरीके से कौमेडी जोड़ी जाए, तो फिल्म और भी मजबूत हो सकती है.

आप की कौमिक टाइमिंग की काफी तारीफ होती है. इस का राज क्या है?
कौमेडी में सब से जरूरी चीज टाइमिंग है. अगर संवाद एक सैकंड पहले या बाद में बोल दिया, तो पूरा मजाक खराब हो सकता है. मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि सीन को महसूस करूं. जब कलाकार सीन को जीता है, तब ही असली कौमेडी निकलती है.
आप को सरस सलिल भोजपुरी सिने अवार्ड्स जैसे मंच पर सम्मान मिलता है तो आप को कैसा लगता है?
अवार्ड मिलना हर कलाकार का सपना होता है. अगर ऐसा सम्मान मिलता है तो निश्चित रूप से खुशी होती है. लेकिन सच कहूं तो जब कोई दर्शक मिल कर कहता है कि आप की वजह से हम हंसे, तो वह मेरे लिए किसी भी ट्रौफी से बड़ा पुरस्कार होता है.

आने वाले समय में आप का सपना क्या है?
मैं चाहता हूं कि भोजपुरी फिल्मों में कौमेडी को अलग पहचान मिले. हमारे यहां इतने अच्छे कौमेडियन हैं, लेकिन उन्हें सही मौके नहीं मिलते. अगर उन्हें अच्छे किरदार और मजबूत कहानी मिले, तो भोजपुरी कौमेडी पूरे देश में लोकप्रिय हो सकती है. आज की जिंदगी में तनाव बहुत बढ़ गया है. अगर मेरी कौमेडी से किसी के चेहरे पर दो मिनट की मुसकान आ जाती है, तो लगता है कि मेरा मकसद कामयाब हो गया है.                        

Film: रवि गोसाईं-अदाकारी का अलहदा सफर

Film: गुल आप अपनी शुरुआती जिंदगी के बारे में बताइए. मैं मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला हूं. मेरी पढ़ाई लिखाई जैसे स्कूलकालेज सबकुछ दिल्ली से ही हुआ. मेरे मातापिता पंजाब से थे, लेकिन आज अगर पहचान की बात करूं, तो मैं खुद को पूरी तरह मुंबई का मानता हूं. यही शहर है जहां मैं ने अपने सपनों को जिया और उन्हें पूरा होते देखा.


आप की एक्टिंग और डांस की शुरुआत कैसे हुई?
बचपन से ही मुझे एक्टिंग और डांस का बेहद शौक था. पहले मैं ने प्रोफैशनल डांसिंग शुरू की और साथसाथ थिएटर वर्कशौप्स करने लगा. इसी दौरान नुक्कड़ नाटक किए, जिस से एक्टिंग की समझ और जमीन से जुड़ाव मिला.

आप को मुंबई आने का पहला बड़ा ब्रेक कैसे मिला?
मेरे कालेज के एक सीनियर दोस्त थे, जो डायरैक्टर गिरीश मलिक के साथ काम कर रहे थे. वे एक टीवी शो में लीड रोल कर रहे थे और उसी शो के लिए एक और किरदार कास्ट होना बाकी था. उन्होंने मेरा नाम डायरैक्टर साहब को दिया और मुझे मुंबई बुलाया गया. वह शो था ‘परवरिश’, जो जी टीवी पर आया और जिस में किरण कुमार मेरे पिता के रोल में थे.


आप का फिल्म की दुनिया में आगे का सफर कैसा रहा?
इस के बाद मैं केतन मेहता के असिस्टैंट प्रशांत नारायणन के साथ पृथ्वी थिएटर में एक्टिंग वर्कशौप्स करने लगा. उन्हीं के जरीए मुझे फिल्म ‘ओह डार्लिंग, ये है इंडिया’ में काम मिला. फिर मेरी जिंदगी का एक बेहद अहम मोड़ आया, जब मेरा दोस्त भूपिंदर, जो उस वक्त मेरा फ्लैटमेट भी था, ने मुझे गुलजार साहब की फिल्म ‘माचिस’ के बारे में बताया और उन से मुलाकात तय कराई. पहली ही मीटिंग में गुलजार साहब ने मुझे पसंद कर लिया. उन के साथ काम करना हर एक्टर का सपना होता है और मेरा सपना अचानक सच हो गया.


सीरियल ‘परवरिश’ के बाद टीवी में आप का सफर कैसे आगे बढ़ा?
फिल्म ‘माचिस’ के बाद जब मैं अलगअलग डायरैक्टर्स से मिलने लगा, तो संजीव भट्टाचार्य और रवि राय के पास अकसर जाता था. एक दिन मुझे संजीव भट्टाचार्य का फोन आया और उन्होंने कहा, ‘अब तो तुम्हारी फिल्म इतनी बड़ी हिट हो गई है, क्या अब भी मेरे साथ टीवी में काम करोगे?’ मैं ने बिना सोचे ‘हां’ कर दी.
मैं ‘अमानत’ सीरियल में ‘चंदर’ का रोल करना चाहता था, लेकिन संजीव भट्टाचार्य ने कहा, ‘वह रोल तो कोई भी कर सकता है, लेकिन ‘निगोड़े’ के लिए मुझे एक मंझा हुआ, पुख्ता एक्टर चाहिए. इस किरदार में बहुत शेड्स हैं, जैसे यह हंसाता भी है, रुलाता भी है.’उस एक लाइन ने मुझे क्लीन बोल्ड कर दिया और वही किरदार मेरे लिए यादगार बन गया.


फिल्म ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ आप के लिए क्यों खास थी?
‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ मेरी जिंदगी की बेहद अहम फिल्म है. भले ही मेरा एक बड़ा सीन छोटा हो गया था, लेकिन किरदार बहुत असरदार था. सब से बड़ी बात यह रही कि मुझे फिल्म के पोस्टर में जगह मिली. प्रीमियर शो के दौरान मेरा कटआउट अमिताभ बच्चन साहब के साथ लगा हुआ था. वह पल मेरे लिए यादगार था. और जब फिल्म सुपरहिट हो जाए, तो फायदा तो होता ही है.


आप की महेश भट्ट के साथ जुड़ने की कहानी काफी चर्चित है. क्या था वह किस्सा?
हां, यह बिलकुल सच है. महेश सर अकसर नए एक्टर्स को सीधे फोन कर लेते हैं. एक पंजाबी फिल्म ‘शेरा क्रैक’ के लिए गिरीश धमीजा के कहने पर उन्होंने मुझे चुना और खुद फोन किया. मैं उस समय सो रहा था. नींद में ही बोला, ‘कौन है यार, सो रहा हूं…’ उधर से आवाज आई, ‘मैं महेश भट्ट बोल रहा हूं. जब तुम सो रहे थे, तुम्हारी किस्मत जाग रही थी. उठ कर औफिस आ जाना.’ फोन रखते ही 5 मिनट बाद मुझे होश आया और मैं दौड़ पड़ा उन से मिलने… और मुझे ‘शेरा क्रैक’ मिल गई.


आप का ‘द गांधी मर्डर केस’ फिल्म में इंटरनैशनल एक्टर्स के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
उस फिल्म में मुझे हौलीवुड के शानदार कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला, जिन में स्टीफन लैंग भी शामिल थे. साथ ही, ओम पुरी के साथ तकरीबन एक महीना बिताने का मौका मिला.


फिलहाल आप किन प्रोजैक्ट्स पर काम कर रहे हैं?
हाल ही में ‘मेहंदी वाला घर’ और ‘मेघा बरसेंगे’ सीरियल खत्म हुए हैं. इस के बाद वर्टिकल शोज की
एक लाइन सी लग गई है… अब तक मैं 6 सीरीज कर चुका हूं.इस समय मैं सन टीवी के बेहद हिट शो ‘नंदिनी पार्ट 2 (राजनंदिनी)’ की शूटिंग कर रहा हूं, जो अप्रैल महीने तक वडोदरा में चलेगी. इस में मैं भास्कर का मेन नैगेटिव किरदार निभा रहा हूं. एक ऐसा इनसान, जो 2 अलगअलग रूपों में जी रहा है.


सोशल मीडिया को आप कैसे देखते हैं?
अगर सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल किया जाए, तो यह बहुत पौजिटिव टूल है, लेकिन इस की एक लिमिट तय होनी चाहिए वरना यह समय भी खराब कर सकता है. आज इस के अच्छे और बुरे दोनों तरह के असर देखने को मिलते हैं.                                            

फिल्मों में बनाना चाहती हूं कैरियर, पर Casting Couch से डरती हूं

Casting Couch: अगर आप भी अपनी समस्या भेजना चाहते हैं, तो इस लेख को अंत तक जरूर पढ़ें.

सवाल –

मैं 26 साल की लड़की हूं और चंड़ीगढ़ की रहने वाली हूं. मुझे बचपन से ही मौडलिंग का शौक है जिस के चलते मैं ने अपने स्कूल और कालेज के फैशन शो में कई बार हिस्सा लिया है. मैं दिखने में काफी सुंदर हूं और डेली जिम जाने की वजह से मेरा फिगर भी काफी अच्छा है. मैं मुंबई जा कर ऐक्टिंग के लिए ट्राई करना चाहती हूं और इस के लिए मेरे घर वाले भी मुझे काफी सपोर्ट करते हैं. मुझे डर बस एक बात का है कि बाकी बहुत सी ऐक्ट्रैसेस की तरह कहीं मुझे भी कास्टिंग काउच जैसी चीजों का सामना न करना पड़े. मैं अपने ऐक्टिंग कैरियर के लिए अपनी इज्जत को दांव पर नहीं लगाना चाहती और मुंबई में अकेले अगर किसी ने कुछ गलत किया या मेरा फायदा उठाने की कोशिश की तो मैं किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं रहूंगी. मुझे क्या करना चाहिए?

जवाब –

आप की सोच काफी अच्छी है और मुझे काफी पसंद आया कि आप अपने कैरियर के लिए अपनी इज्जत को दांव पर नहीं लगाना चाहती हैं, क्योंकि मैं ने कई बार ऐसा देखा है कि कई लड़कियां इस फील्ड में ब्रेक पाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाती हैं. आप को मुंबई जा कर ऐक्टिंग कैरियर बनाना है तो आप को कुछ बातों का खास खयाल रखना चाहिए.

सब से पहले तो आप को औडिशन देते समय या कहीं भी सब को यह नहीं बताना है कि आप मुंबई में बिलकुल अकेली रहती हैं. आप को हमेशा यह जाहिर करना है कि आप अपनी फैमिली के साथ ही रहती हैं जिस से कि कोई आप का फायदा उठाने से पहले सोचेगा. दूसरी बात, आप को उस जगह औडिशन देने नहीं जाना है जहां आप को कोई अकेले बुलाए या यह कहे कि आप को औडिशन देने या किसी से मिलने होटल में जाना है. आप को हमेशा वहां जाना है जहां आप को लगे कि और भी लोग हैं आप के साथ. रात में कहीं भी जाने से बचिएगा.

इस के बाद अगर कोई आप को कहे कि आप को बहुत बड़े प्रोड्यूसर की फिल्म मिल सकती है जिस के बदले आप को अपने जिस्म को दांव पर लगाना पड़ेगा तो ऐसे में आप को बोल्ड अंदाज में बिलकुल मना कर देना है. आपको सिर्फ और सिर्फ अपनी स्किल्स की बदौलत ही कामयाबी के रास्ते पर जाना है. और हां, जल्द ही निराश बिलकुल नहीं होना है, क्योंकि सीधे रास्ते चल कर कामयाबी पाने में कुछ समय जरूर लग सकता है.

व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या इस नम्बर पर 8588843415 भेजें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें