Short Story. न चाहते हुए भी गणपत थाने में पहुंच गया. थानेदार फाइल देख रहा था, इसलिए वह धीरे से बोला, ‘‘थानेदार साहब.’’ थानेदार उस की तरफ देख कर बोला, ‘‘कहिए?’’

‘‘रपट लिख लो.’’ ‘‘किस के खिलाफ?’’ ‘‘पंडित ब्रजमोहन शर्मा के खिलाफ.’’

‘‘क्या किया है उन्होंने, जो उन के खिलाफ रपट लिखाने आ गया?’’

‘‘मुझे गालियां दे कर जातिसूचक शब्दों से अपमान किया,’’ गणपत ने वैसा ही कह दिया, जैसा उसे कहा गया था.

दरअसल, भवानीराम ने उसे जबरदस्ती भेजा था. वह आना तो नहीं चाहता था, पर पंडित ब्रजमोहन शर्मा और उस के बीच ब्याज को ले कर झगड़ा था. वह ब्याज पर पैसा देता था, बदले में कोई रकम गिरवी रखता था.

ऐसे में जब गणपत के पिता की मौत हुई, तब बिरादरी के कहने पर उस ने मृत्युभोज दिया था. उसी का ब्याज अब तक चुकाता रहा. वह हर महीने ब्याज जमा करता था.

एक महीने इसी बात को ले कर झगड़ा हो गया था. यह झगड़ा भवानीराम ने सुन लिया था. तब वह एक तरफ ले जा कर बोला, ‘गणपत, तेरे पास ऐसा ब्रह्मास्त्र है कि तू ब्रजमोहन शर्मा को जेल की हवा खिला सकता है.’ ‘कैसे?’ गणपत ने पूछा.

‘तू निचली जाति का है और सरकार ने ऐसी जाति वालों को यह हक दे रखा है कि कोई ऊंची जाति का आदमी तुम्हारी जाति को ले कर गाली दे, तब थाने में उस के खिलाफ रिपोर्ट लिख सकते हो.’

‘मगर पंडितजी को मैं ने कोई गाली नहीं दी.’

‘गाली नहीं दी तो क्या हुआ, लिखा देना जातिसूचक शब्दों से गाली दी. तुम्हारी सुनवाई पहले होगी. उसे ब्याज छोड़ना पड़ेगा. पंडित तुम्हारे पैरों में गिड़गिड़ाएगा,’ इस तरह भवानीराम ने उस के भीतर यह सारी बात बैठा दी. वह भी बहकावे में आ गया.

‘‘ऐ, कहां खो गया,’’ थानेदार उसे झिंझोड़ते हुए बोला, तब वह अतीत से वर्तमान में आया. थानेदार बोला, ‘‘मगर इस कानून में 2 लोगों की गवाही लगती है. गवाह लाए हो?’’ ‘‘गवाह तो नहीं लाया.’’

‘‘तब फिर क्यों पंडित ब्रजमोहन शर्मा के खिलाफ झूठी रपट लिखाने आ गए?’’ थानेदार ने डांट कर कहा.

‘‘जब 2 गवाह मिल जाएं, तब चले आना. कानूनकायदा तो जानता नहीं और आ गया रपट लिखाने.’’

थानेदार की ऐसी डांट सुन वह जाने लगा, तब थानेदार ने उसे रोकते हुए कहा, ‘‘अच्छा रुक.’’

गणपत थानेदार को देखने लगा कि अब ये क्या कहेंगे. थानेदार बोला, ‘‘हम रपट भी लिख लेंगे और 2 गवाह भी ढूंढ़ लेंगे, मगर हमारी एक शर्त है.’’

‘‘कौन सी?’’ गणपत का मुरझाया चेहरा खुशी से खिल उठा. ‘‘तुझे 20 हजार रुपए खर्च करने पड़ेंगे,’’ थानेदार ने कहा.

20 हजार का नाम सुन गणपत का माथा ठनक गया. वह बोला, ‘‘मैं तो गरीब आदमी हूं साहब, इतना पैसा मैं नहीं दे सकता.’’

‘‘ला कर नहीं दे सकता, तो थाने में रपट लिखाने क्यों आ गया? कंगाल कहीं का. पैसे ले कर आ. हम लिख देंगे और ऐसी लिखेंगे कि वह उम्रभर जेल में सड़ेगा. क्या नाम बताया उस का… ब्रजमोहन शर्मा.’’

‘‘मगर साहब, मुझे रपट नहीं लिखानी है,’’ कह कर वह जाने लगा.

‘‘जरा ठहर,’’ थानेदार ने उसे फिर रोकते हुए कहा. थानेदार ने अपने चेहरे का रंग बदला, फिर बोला, ‘‘फिर भी मैं तुम्हारी रपट लिख सकता हूं.’’

‘‘मगर साहब, मेरे पास इतना पैसा नहीं है देने को.’’ ‘‘यह कैसे समझ बैठा कि हर काम पैसे से होता है. मगर मैं ने बिना पैसों की भी एक तरकीब सोची है.’’

‘‘कौन सी?’’ गणपत का मुरझाया चेहरा फिर खिल उठा.

‘‘बस उस आदमी के खिलाफ अर्जी लिख कर दे, बाकी सब मैं देख लूंगा.’’

‘‘मगर साहब गवाह?’’ ‘‘यह सब मुझ पर छोड़… मैं ब्रजमोहन शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करता हूं. मैं भी निचली जाति का हूं. इसलिए तेरा पक्ष ले रहा हूं.

‘‘चल, लिख अर्जी. मैं जो बोलूं, वह लिख… एक दलित को जातिसूचक शब्दों से गाली दी,’’ कह कर थानेदार ने 2-4 मोटीमोटी गालियां दे कर गणपत को अपने पक्ष में कर लिया.

पुलिस उसे कागज ला कर देता है. थानेदार उस से मनचाही अर्जी लिखवा लेता है. थानेदार अर्जी ले कर पढ़ता रहा, फिर उस का चेहरा खुशी से खिल उठा. बोला, ‘‘अब देखना, ब्रजमोहन शर्मा जेल की हवा खाएगा… उस का घमंड उतर जाएगा.’’

‘‘जेल की हवा खानी चाहिए.’’

‘‘अरे, जेल की हवा तो खाएगा ही, याद रखेगा उम्रभर. जातिसूचक शब्दों से अपमान करना कितना महंगा पड़ा. उलटा समझौता करने के लिए वह तेरे पास आएगा. जा, अब समझ तेरा काम हो गया,’’ कह कर थानेदार ने उसे भरोसा दिलाया.

खुश हो कर गणपत तो चला गया. थानेदार का चेहरा दोगुने उत्साह से खुश हो रहा था. उस के पास एक ऐसा हथियार है, उस से पंडित ब्रजमोहन शर्मा खुद ब खुद मर जाएगा.

थानेदार ने एक पुलिस वाले को ब्रजमोहन शर्मा को बुलाने भेज दिया. जब वह थाने आया, तो थानेदार बोला, ‘‘तुम्हीं ब्रजमोहन शर्मा हो?’’ ‘‘हां सर, मुझे क्यों याद किया?’’

‘‘उस गणपत को तुम ने गाली दी या नहीं.’’ ‘‘मगर सर, मैं ने तो उसे कुछ भी नहीं कहा.’’

‘‘कुछ नहीं कहा, तब उस ने तुम्हारे खिलाफ रपट क्यों लिखाई? क्यों उस को गाली दी? क्यों जातिसूचक शब्दों से उस का अपमान किया? तुम जैसे ऊंची जाति वालों के दिमाग सड़ गए हैं, जो दलितों को परेशान करते रहते हो,’’ थानेदार बोले जा रहा था, मगर इस समय पंडित ब्रजमोहन शर्मा चुप थे.

वह खुद नहीं समझ पा रहे थे कि गणपत को उन्होंने ऐसा क्या कह दिया, जो वह यहां आ कर रपट लिखा गया.

थानेदार फिर गरजता हुआ बोला, ‘‘अब क्या सोच रहे हो? जेल जाना है या मामले को यहीं खत्म करना है. अब भी मामला आप के हाथ में है. फिर यह अजाक्स थाने का ऐसा मुकदमा है, इस में बिना जेल जाए अग्रिम जमानत भी नहीं मिलती है.

‘‘अभी मामला मेरे हाथ में है. बोलो, क्या चाहते हो? काररवाई करूं, या… इसलिए आप की सहमति जरूरी है.’’

‘‘सर, यह मामला यहीं रफादफा कर दीजिए,’’ ब्रजमोहन शर्मा बोले. ‘‘मगर जनाब, इस की फीस लगती है,’’ थानेदार बोला.

‘‘कितनी चाहिए.’’ ‘‘30 हजार रुपए,’’ जैसे ही थानेदार ने यह बात बताई, ब्रजमोहन शर्मा नीचे से ऊपर तक सिहर उठे. बोले, ‘‘यह फीस कम नहीं हो सकती?’’

‘‘भाई, यह तो मैं ने कम से कम बताई है. सोच लो, इस में भलाई तुम्हारी है. मरना तो तुम ऊंची जाति वालों को ही है. क्योंकि आजकल सरकार ने इन दलितों के लिए कानून बना कर हम जैसे ऊंची जाति वालों को खत्म कर दिया है,’’ थानेदार ने अपनी बात कह दी.

ब्रजमोहन शर्मा पुलिस को अच्छी तरह जानते हैं. निर्दोष को जेल भिजवा देते हैं, कातिल को बचा लेते हैं. फिर इन के चंगुल में एक बार आदमी फंस गया, तो फिर ताउम्र निकल नहीं सकता है.

फिर हरिजन प्रकोष्ठ का कानून ऐसा बना हुआ है कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस वालों को भी झुकना पड़ता है, इसलिए उन्होंने फौरन 30 हजार रुपए थानेदार को दे दिए.

थानेदार ने वे नोट जेब में रखे, फिर अर्जी देते हुए बोले, ‘‘लो, यह गणपत की अर्जी पढ़ो और फाड़ कर इसे रद्दी की टोकरी में फेंक दो.’’

ब्रजमोहन शर्मा ने अर्जी पढ़ी. कई बार चेहरे का रंग चढ़ाउतरा, फिर फाड़ कर रद्दी की टोकरी में फेंक दी.

फिर उठ कर ब्रजमोहन शर्मा ने थानेदार से हाथ मिलाया और बाहर निकल गए. मन ही मन सोचा, इस देश में कई लुटेरे हैं, मगर उन सब में पुलिस सभ्य तरीके से लूटती है. Short Story

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...