Love Story in Hindi. वनस्थली विद्यापीठ की छात्राएं हाईस्कूल का इम्तिहान देने जयपुर आई थीं. देश के कई इलाकों से वनस्थली पढ़ने आईं खूबसूरत, गठीले बदन और अच्छे नैननक्श वाली 15-16 बरस की लड़कियां.

महल्ले के मनचलों की भीड़ सी लग गई हवेली के सामने. बगल की गली और सामने के मंदिर की छतरियों से लड़के ताकाझांकी करने लगे. सब की निगाहें पुरोहितजी की हवेली पर थीं.

निडर यह सब अपने 4 मंजिला मकान से देख रहा था. उसे लड़कों की बेजा हरकतें अच्छी नहीं लग रही थीं, पर वह अकेला करता भी क्या?

थोड़ी देर बाद जब एक लड़की हवेली से निकल कर बाहर जा रही थी, लड़कों की नजरें उस पर पड़ीं और वे अपने शिकार पर ऐसे टूटे जैसे भूखे भेडि़ए हों.

अब निडर से देखा नहीं गया और वह उन्हें छत से ही दुत्कारनेधिक्कारने लगा. लड़कों ने लड़की को छेड़ते हुए उस के कपड़े फाड़ दिए, तो निडर छत से रास्ते में कूद पड़ा. उस के पैर की हड्डी टूट गई, लेकिन गरम खून होने से वह उठा और उस ने उन लड़कों की ऐसी मरम्मत की कि वे जान बचा कर गलियों में भाग निकले.

तभी कुछ लोगों ने निडर को संभाला और उसे पास के पहलवान के यहां ले गए. पहलवान ने हड्डी को सीधा कर के खपच्ची और कपड़े से पैर को बांध दिया.

तकरीबन ढाई महीने तक निडर पलंग पर लेटा रहा और उन्हीं बातों को सोचता रहा. उसे पैर की पट्टी और मालिश के लिए हर रोज पहलवान के यहां ले जाया जाता. एक दिन पैर की हड्डी टूटने की खबर पहलवान की बेटी निशा ने भी सुनी, तो वह ऐसी निडरता से काफी प्रभावित हुई.

निशा निडर की बहिनों की सहेली थी और जब भी घर में आती, अपनी सहेलियों से बोलबतिया कर चली जाती. पहलवान ने मुसलिम होते हुए भी अपनी बेटी को हिंदू नाम देना पसंद किया था और परिवार में सारे कामकाज हिंदू तौरतरीकों से ही हुआ करते थे. वह एक ऐसा जमाना था, जब हिंदूमुसलिम दोनों भारतीयता के रंग में रंगे थे.

एक दिन निशा ने निडर से पूछ ही लिया, ‘‘तुम ने उस लड़की के लिए उन लड़कों को पीटा, उस समय तुम्हें कैसा लगा था? तुम्हारे मन में क्या चल रहा था, जब वे सब उस लड़की के साथ बेजा हरकतें कर रहे थे?’’

निडर ने बताया, ‘‘मैं किसी लड़की के साथ बेजा हरकतें पसंद नहीं करता, भले ही वह मेरी कुछ न हो. वह है तो लड़की, किसी की बहिन और बेटी, फिर उस की हिफाजत तो होनी ही चाहिए.

‘‘लेकिन हिफाजत तो और तरीके से भी हो सकती थी, ऊपर से कूद कर ही क्यों? यह बात तो पैर की हड्डी टूटने तक रही, कहीं तुम्हारी जान चली जाती तब?’’

‘‘क्या होता? किसी की हिफाजत के लिए जान गंवाना भी वैसे हालात में बुरा नहीं था निशा.’’ ‘‘और उस लड़की की जगह अगर मैं होती तो?’’ निशा ने निडर के मन को कुरेदते हुए पूछा.

‘‘तब भी मैं वैसा ही करता, जैसा मैं ने किया था. लेकिन तुम यह सब क्यों पूछ रही हो?’’ निडर ने कहा.

‘‘यों ही,’’ निशा ने बात को नया रुख देते हुए कहा, ‘‘मैं ने अपने प्रति तुम्हारे मन की थाह लेनी चाही है.’’

कुछ दिनों बाद निडर के यहां किसी काम से निशा आई थी. वह सीढि़यां चढ़ रही थी और निडर सीढि़यों से उतर रहा था, तभी एक कोने के अंधेरे में दोनों की टक्कर हो गई और निशा गिर पड़ी.

निडर ने उसे उठाते हुए कहा, ‘‘अरे निशा, माफ करना. मेरा तुम से टकराने का कोई इरादा नहीं था. अंधेरा था और टक्कर हो गई.’’

निशा हैरानी से निडर का चेहरा देखती रही और फिर ऊपर की सीढ़ी चढ़ते हुए बोली, ‘‘कभीकभी ऐसा भी होता है.’’

फिर न जाने क्या हुआ, निशा कई दिनों तक निडर के घर नहीं आई. निडर भी हड्डी के जुड़ जाने के बाद पहलवान के घर नहीं गया. कुछ दिनों बाद उसे मालूम हुआ कि पहलवान की बेटी निशा की कहीं सगाई होने को है. यह सोच कर कि वह काफी दिनों से मिली नहीं, निडर सहज मन से निशा के घर गया.

निडर ने देखा, निशा कुछ सहेलियों से घिरी बैठी थी. उस ने निशा को पुकारते हुए अपनी खुशी जताई, ‘‘तो सगाई होने को है हमारी निशा की. इस से बड़ी खुशी और क्या हो सकती है?’’ लेकिन निशा का उदास चेहरा पढ़ा, तो उसे अच्छा नहीं लगा.

निशा की एक सहेली ने कहा, ‘‘सगाई होगी, ब्याहगौना भी, लेकिन यह है कि न जाने कहां खोई रहती है, कुछ बोलतीबतियाती ही नहीं.’’

‘‘सोच रही होगी कि शादी के बाद मायका छूट जाएगा,’’ निडर ने कहा.

‘‘खुशी कैसे हो, जब आपा मेरी मरजी के खिलाफ मेरी सगाई एक मुसलिम लड़के से करना चाहती हैं,’’ निशा ने बुदबुदाते होंठ से मन की बात कही, ‘‘मैं अपने लिए किसी हिंदू लड़के को पसंद करती हूं.’’

‘‘और तुम्हारे अब्बा?’’ निडर ने पूछा, ‘‘तुम्हारे बारे में अब्बा भी तो कुछ सोचते होंगे?’’

‘‘अब्बा तो खुद हिंदू लड़के को चाहते हैं मेरे लिए, लेकिन वह हिम्मत नहीं बटोर पा रहे लड़के के मातापिता से कुछ कहने की.’’

‘‘यह गुत्थी तो सुलझ सकती है, किसी को बीच में रखने से. तुम जिस लड़के को पसंद करती हो या चाहती हो, खुद उस से बात कर के देख लो.’’

‘‘सोचती हूं, मैं ने उस से कुछ कहा और उस ने नहीं माना, तो बात बिगड़ जाएगी.’’

‘‘और नहीं कहोगी, तब कौन सी बात रह जाएगी?’’

‘‘तो सुनो निडर, मैं जिस लड़के को पसंद करती हूं और उसे अब्बा भी चाहते हैं, वह कोई और नहीं, तुम हो.’’

‘‘मैं… लेकिन मुझ में ऐसा क्या देखा तुम ने?’’

‘‘मैं तुम्हारे साथ ही महफूज रह सकूंगी,’’ निशा ने निडर के पास आते हुए कहा.

निडर ने निशा की आंखों में आंखें डालते हुए कहा, ‘‘मैं नहीं समझता था कि तुम मुझे इतना पसंद करती हो.’’

निशा के पिता भी यह सब सुन रहे थे. उन की आंखें खुशी से भर आईं. Love Story in Hindi

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...