‘‘ओ के, ओके, वेरी गुड शाट.’’ ‘‘मैडम, शाट ओके हो चुका है.’’

‘‘हं, अं, ओह…’ लहरों से अठखेलियां करते अपने हाथों पर नम्रता राय को मजबूरन ब्रेक लगाना पड़ा. वह तो भूल ही चुकी थी कि वह एक कठपुतली मात्र है, जिसे डाइरेक्टर के इशारों पर नाचनाभर है.

उस ने आसपास नजर दौड़ाई. साथ अठखेलियां करती जूनियर कलाकार बहुत पहले ही रुक कर सावधान की मुद्रा में आ गई थीं, बस एक वही कहीं खो गई थी.

अपने असाधारण होने के मुखौटे को भूल कर वह एक साधारण अल्हड़ नवयुवती बन गई थी. उस ने फौरन अपने असाधारण होने का मुखौटा चढ़ाया और धूप में रखी एक कुरसी की ओर बढ़ गई. गीले बाल झटकते हुए उस के हाथ ‘आंटी’ शब्द सुन कर रुक गए.

‘मैडम’ की पुकार सुनने वाले उस के कानों ने इस पुकार को अनसुना कर दिया. लेकिन जब दोबारा वही शब्द आंटी गूंजा, तो उस ने तमक कर सिर उठाया. एक 5-6 साल का बच्चा मुग्ध भाव से उसे निहार रहा था.

‘‘क्या है?’’ नम्रता राय ने रूखेपन से पूछा. ‘‘आंटी, आप पानी में खेलती हुई बहुत अच्छी लग रही थीं, पर…’’

‘‘पर क्या?’’ नम्रता राय अपनी उत्सुकता रोक नहीं पाई. ‘‘आप अगर थोड़ा और खुल कर हंसती न, तो और अच्छी लगतीं,’’  कहते हुए वह हंसने लगा. नम्रता राय के होंठों पर मुसकान तैर गई.

‘‘मुन्नू, तू यहां क्या कर रहा है? चल उधर. हट यहां से. इधर कैसे आ पहुंचा?’’

‘‘मैडम, इस ने आप को परेशान तो नहीं किया?’’ स्पाट ब्वाय सुमेर अपने बेटे मुन्नू को हड़काने लगा, तो नम्रता राय को अपनी पोजीशन का खयाल आया. उस ने तुरंत होंठों पर तैरती मुसकान को फेंका और अपना हीरोइन का मुखौटा चढ़ा लिया.

एक बार तो दिल किया कि स्पाट ब्वाय से शिकायत करे कि मुन्नू उसे आंटी कह कर पुकार रहा था, पर फिर उसे अपनी पर्सनैलिटी का खयाल आया. भला, ऐसे छोटे लोगों के क्या मुंह लगना?

‘‘हुं… तुम्हारा बेटा है?’’   ‘‘हां मैडम, बहुत शैतान है. जरूर आप को परेशान कर रहा होगा.’’

‘‘नहीं, जाने दो. बच्चा है. मेकअपमैन को भेज दो,’’ मुन्नू की ओर से हिकारत से मुंह घुमा कर वह फिर से अपनी जुल्फें संवारने लगी.

दूसरे दिन शाट ओके होते ही उस ने गर्व से अपने बालों को झटका, तो नजरें भीड़ में खड़े मुन्नू से टकरा गईं. मुन्नू ने आंखों के इशारे से शाट के प्रति अपनी नापसंदगी दिखाई, तो नम्रता राय की त्योरियां चढ़ गईं. पर फिर कुछ सोच कर उस ने डाइरेक्टर को फिर से शूट करने के लिए कहा.

‘‘लेकिन मैडम, शाट तो ओके हो गया है?’’ ‘‘मैं ने कहा न कि एक बार और.’’

‘‘ठीक है, जैसी आप की मरजी,’’ डाइरेक्टर ने हैरानी से फिर शूट किया.

शाट दे कर नम्रता राय की आंखें खुद ही मुन्नू की ओर उठ गईं. आंखों में तारीफ के भाव ला कर मुन्नू ने गरदन हिला दी, तो नम्रता राय खिल उठी. पर फिर तुरंत गंभीरता का मुखौटा चढ़ा कर मेकअपरूम की ओर चल दी. मुन्नू भी पीछेपीछे पहुंच गया.

‘‘आंटी…’’ ‘‘हुं?’’ ‘‘चना जोर गरम,’’ मुन्नू ने पुडि़या आगे बढ़ाते हुए कहा.

2 चने उठाते हुए अपनी फिगर के बारे में सोचते हुए नम्रता का दिल एकबारगी तो कांपा, पर पलक झपकते ही पुडि़या खाली हो गई थी. चना खाने की तलब और बढ़ गई थी.

‘‘कल मैं 2 पुडि़या लाऊंगा.’’ ‘‘नहीं, 4…’’ कहते हुए नम्रता राय ने मुन्नू को अपनी गोदी में बैठा लिया और प्यार करने लगी. अनजाने ही नम्रता का मुखौटा उतर गया था.

2 दिनों से मुन्नू शूटिंग वाली जगह पर नहीं आ रहा था. शाट दे कर नम्रता राय ने उम्मीद भरी नजर भीड़ पर डाली, पर निराशा ही हाथ लगी.

‘‘कट, मैडम, शायद आप की तबीयत ठीक नहीं है. शाट ओके नहीं हो पा रहा है.’’ ‘‘हां, सिर में कुछ दर्द हो रहा है.’’

‘‘कोई बात नहीं मैडम, कल शूट कर लेंगे… पैकअप करो… मैडम, आप चलिए, आराम कीजिए… जल्दीजल्दी, सब लाइट्स हटाओ.’’ ‘‘सुनो… हां, तुम स्पाट ब्वाय, क्या नाम है तुम्हारा?’’

‘‘सुमेर.’’ ‘‘मुन्नू कहां है? आजकल नजर नहीं आता?’’ ‘‘उसे बहुत तेज बुखार है मैडम.’’

‘‘ओह, फिर तो स्कूल भी नहीं जा रहा होगा.’’ ‘‘स्कूल… हम गरीबों के बच्चों की तकदीर में स्कूल जाना नहीं लिखा होता मैडम.’’

‘‘क्या? मुन्नू स्कूल नहीं जाता. बिना पढ़ेलिखे उस का क्या कैरियर बनेगा?’’

‘‘अब यह कैरियर वगैरह मैं नहीं जानता मैडम. हां, रोज यहां आएगा, शूटिंग देखेगा, तो मेरे जैसा स्पाट ब्वाय जरूर बन जाएगा.’’ ‘‘नहीं, नहीं, तुम उसे स्कूल भेजो.’’

‘‘मैडम, इतना पैसा आएगा कहां से?’’ स्पाट ब्वाय बोला. ‘‘मैं दूंगी. यह लो. पहले तुम उस का इलाज कराओ और जब वह ठीक हो जाए, तो स्कूल भेजना… थोड़ी तबीयत संभल जाए, तो कल उसे ले आना?’’

‘‘देखता हूं मैडम. अभी जा कर दवादारू करता हूं. सुबह तो बेहोश पड़ा था. बेहोशी में जाने क्या आंटीआंटी बड़बड़ा रहा था.’’

‘‘क्या? वह मुझे पुकार रहा था?’’ ‘‘आप? आंटी…’’ ‘‘हां, मुन्नू मुझे आंटी कह कर बुलाता है. मैं अभी तुम्हारे साथ चलती हूं. कहां है तुम्हारा घर?’’

‘‘ज… जी, घर तो पास ही है, पर आप?’’

सुमेर की बात को अनसुना करते हुए नम्रता राय उसे गाड़ी में ले कर बैठ गई.

नम्रता राय जैसी हीरोइन गरीब की झोंपड़ी में आ जाए, तो बिजली तो कड़कनी ही थी. एक बच्चे के मोह में हीरोइन नम्रता राय एक स्पाट ब्वाय के घर चली गई. यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई.

अगले दिन अखबार की सुर्खियां पढ़ती कामिनी राय का चेहरा गुस्से से तमतमा उठा. उन्होंने फौरन अपनी बेटी नम्रता को बुलवाया.

‘‘यह सब क्या है?’’ अखबार मेज पर पटकते हुए वह चिल्लाईं, ‘‘शर्म नहीं आई तुम्हें ऐसी जलील हरकत करते हुए?’’

नम्रता राय का खून खौल उठा. वह बोली, ‘‘अगर इस की जगह मेरी किसी सुपरस्टार से रोमांस की खबर छपी होती, तो आप बड़े चटकारे ले कर पढ़तीं. क्योंकि वह पब्लिसिटी स्टंट होता. उस से मेरी मार्केट वैल्यू बढ़ जाती. लेकिन इस घटना से शायद मेरी मार्केट वैल्यू कम हो गई है. क्योंकि कुछ पल के लिए हीरोइन का मुखौटा उतार कर मैं एक साधारण इनसान जो बन गई थी.

‘‘मेरे अंदर की ममता और करुणा आम जनता के सामने उजागर जो हो गई. वे अब मुझे एक आम औरत समझेंगे, जिस में दया, सहानुभूति जैसे औरतों के गुण हैं. इसी बात के लिए शर्म आनी चाहिए न मुझे?

‘‘अरे, शर्म तो आप को आनी चाहिए. कैसी मां हैं आप? जब बेटी के चरित्र पर कीचड़ उछलता है, तब आप खुश होती हैं और जब वह एक अच्छी इनसान बन कर दिखाती है, तो आप अपमानित महसूस करती हैं?

‘‘यह भी कोई जिंदगी है? घर में आप के इशारों पर, शूटिंग में डाइरेक्टर के इशारों पर… तीसरी किसी जगह तो मैं जा ही नहीं सकती. खुली हवा में एक भरपूर सांस लेने के लिए तरस गई हूं मैं.

‘‘मेरा भी दिल करता है कि एक आम इनसान की तरह घूमूं, फिरूं. चाटपकौड़ी खाऊं, दोस्तों से गपें लड़ाऊं, फिल्म देखूं. पर कहां? कुछ भी तो नहीं है मेरे नसीब में. पैसे कमाने की मशीन भर बन कर रह गई हूं.

‘‘यह मुखौटा ही अब मेरा चेहरा बन गया है. डर लगता है अगर इसे हटाया, तो पीछे कुछ नजर नहीं आएगा.’’

‘‘पागल हो गई है बेटी तू. ज्यादा काम ने तेरी सोचनेसमझने की ताकत छीन ली है. मैं सामंतजी से बात करती हूं कि तुझे कुछ दिन के लिए कहीं दूर आउटडोर लोकेशन पर ले जाएं. हवापानी बदलने से तेरा मन बहल जाएगा,’’ कामिनी मोबाइल पर नंबर मिलाने लगीं, तो नम्रता राय ने ठंडी सांस भरी.

‘‘इस से ज्यादा आप सोच भी नहीं सकतीं. मैं काम करतेकरते बेहोश भी हो जाऊं, तो भी आप मुझे कभी काम छोड़ने के लिए नहीं कहेंगी. मैं सोने का अंडा देने वाली मुरगी जो ठहरी,’’ बुदबुदाते हुए नम्रता गहरी सोच में डूब गई.

‘क्या दुनिया में कोई भी ऐसा नहीं, जो मेरी दौलत से नहीं, बल्कि मुझ से प्यार करता हो?’

मुन्नू का खयाल आते ही उस के चेहरे पर हंसी खिल उठी. वह शूटिंग के लिए चली गई. कार रुकते ही स्कूल यूनीफार्म में उछलताकूदता मुन्नू सामने आ गया.

‘‘अरे वाह मुन्नू, तुम तो इस यूनीफार्म में बड़े स्मार्ट लग रहे हो. स्कूल में अच्छा लग रहा है न?’’

‘‘हां जी, ठीक है. पर यह टाई और यह बेल्ट बहुत चुभती है,’’ मुन्नू दोनों हाथों से बेल्ट ढीली करने लगा, तो नम्रता राय की हंसी छूट गई.

‘‘तुम बिलकुल मेरी तरह हो मुन्नू. मुझे भी यह मेकअप, महंगे कपड़े सबकुछ बोझ लगते हैं. दिल करता है बस अपनी घिसी हुई जींस पहन कर लेटी रहूं या तुम्हारे संग खेलती रहूं,’ प्यार से उस ने मुन्नू के गाल थपथपा दिए.

‘‘आंटी, मैं ने सुना है कि आप एक महीने के लिए बाहर जा रही हैं?’’ ‘‘किस ने कहा?’’

‘‘अभी डाइरेक्टर साहब किसी को फोन पर बता रहे थे.’’ ‘‘ओह, तो ममा की बात को गंभीरता से ले कर उन्होंने प्रोग्राम बना ही डाला… ममा का रूतबा है ही ऐसा. मैं ही कहां उन के सामने जबान खोल पाती हूं. आज ही जाने कैसे इतना बोल गई?’’

‘‘आंटी, आप सचमुच चली जाएंगी?’’ मुन्नू के चेहरे की मासूमियत ने नम्रता राय को अंदर तक भिगो दिया.

‘‘ये बच्चे भी… कुदरत का एक अद्भुत करिश्मा ही तो हैं. कितने भोले, कितने निश्छल, कितने नादान. गीली माटी के लौंदे की तरह. जिस सांचे में चाहो, ढाल लो,’’ अपनी आंटी को गहरी सोच में डूबा देख मुन्नू घबरा गया.

‘‘आप मेरी चिंता मत करो आंटी. मैं आप के बगैर रह लूंगा. मुझे मालूम है, बड़े लोगों को काम के सिलसिले में लंबे समय तक बाहर रहना पड़ता है. पापा भी कई बार महीनों के लिए बाहर चले जाते हैं. लेकिन मैं मम्मी को बिलकुल परेशान नहीं करता. पर आंटी… मुझे आप की याद बहुत आएगी,’’ बोलतेबोलते मुन्नू की आंखों आंसू आ गए.

‘‘धत पगले, मैं तो तुम्हें बहुत समझदार समझती थी. तुम तो लड़कियों की तरह आंसू बहाने लगे. चलो हंसो… हंसो,’’ नम्रता राय ने मुन्नू को जोर से गुदगुदी की, तो वह खिलखिला कर हंस पड़ा.

प्यार के बंधन भी कितने अजीब होते हैं, कई बार बरसों संग रह लेने पर भी जुड़ाव महसूस नहीं होता और कई बार कुछ पलों की मुलाकात ही जन्मजन्मांतर का बंधन लगने लगती है.

महीनेभर की शूटिंग के लिए पोर्टब्लेयर जाते समय नम्रता राय के दिल में एक ही कसक थी. मुन्नू से इतने समय तक दूर रहने की कसक. प्लेन की छोटी से खिड़की से वह तब तक मुन्नू को हाथ हिलाती रही, जब तक कि मुन्नू के छोटेछोटे हाथ बिलकुल छोटे और फिर गायब न हो गए.

पोर्टब्लेयर का सागर का असीम शांति समेटे लोगों के स्वागत में बिछा हुआ था. घने पेड़ों की हरियाली, मंदमंद बहती हवा, लहरों की सरसराहट और चारों ओर छाई खामोशी साधारण इनसान को भी कवि बनाने के लिए पर्याप्त थी. शूटिंग वाली जगह से बहुत दूर समुद्र तट पर टहलती निकल गई नम्रता राय को हर एक कदम उठाने से पहले सोचना पड़ रहा था कि कहीं इस की आहट से किसी सोते हुए पक्षी की नींद न उड़ जाए.

‘लोग पता नहीं क्यों इसे कालापानी कहते हैं? लहरों से खेलते दिनकर की सुनहरी रश्मियां मुझे तो किसी जलपरी की अठखेलियों का एहसास दिला रही हैं. कहां मायावी मुंबई नगरी और कहां यह कुदरत का अद्भुत सौंदर्य. दिल चाहता है कि हमेशा के लिए यहीं बस जाऊं…’’

‘‘मैडम, शाट तैयार है,’’ की पुकार ने नम्रता राय के आगे बढ़ते कदम पीछे की ओर मोड़ दिए. इस के साथ ही विचारों का कारवां भी जमीन पर आ गया.

सागरतट पर घोड़ा दौड़ाने का सीन था. घुड़सवारी तो नम्रता राय का प्रिय शगल था. अभ्यस्त हाथों ने लगाम कसी और कुछ ही देर में घोड़ा हवा से बातें करने लगा. तभी एक 5-6 साल का बालक जाने कहां से भागता हुआ घोड़े के सामने आ गया.

‘मुन्नू’ चीख मारते हुए नम्रता राय ने जोर से घोड़े की लगाम खींची, तो घोड़ा लड़खड़ा कर वहीं गिर पड़ा. नम्रता राय के हाथपांव और सिर में गंभीर चोटें आईं. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर अजेय किसी गंभीर मरीज को देख रहे थे.

‘डाक्टर साहब, पहले आप इन्हें देख लीजिए. मशहूर हीरोइन नम्रता राय घोड़े से गिर कर घायल हो गई हैं. वीआईपी पेशेंट.’ डाइरेक्टर सामंत अस्पताल में घुसते ही बोल उठे.

डाक्टर अजेय ने उन्हें घूरा. फिर धीरे से कहा, ‘‘उधर लिटा दीजिए. अभी देखता हूं.’’

‘‘डाक्टर साहब, आप समझ नहीं रहे हैं. इन्हें कुछ हो गया तो… आप पहले इन्हें देखिए. वेरी इम्पोटेंट परसन.’’

‘‘एस्क्यूज मी मिस्टर… मेडिसन की भाषा में वीआईपी वह होता है, जिस की चोट ज्यादा गंभीर हो. मैं इस समय एक गंभीर रूप से घायल मरीज को देख रहा हूं. मुझे डिस्टर्ब न करें.’’ दर्द से कराहती नम्रता राय अंदर तक यह सुन कर हिल गई.

इस डाक्टर की हिमाकत तो देखो. अभी मुंबई में होती, तो डाक्टरों की लाइन लग जाती. मुझे देखने के लिए, ‘‘मन ही मन भुनभुनाती नम्रता राय डाक्टर को गुस्से से देख ही रही थी कि वह उस के पास आ गया.

‘‘ज्यादा गुस्सा सेहत के लिए अच्छा नहीं होता मैडम. हा… हा… हा… हम डाक्टर नब्ज देख कर मरीज के दिल और दिमाग दोनों का हाल जान लेते हैं.’’

‘‘मरहमपट्टी करते हुए डाक्टर ने कहा कि कोई अंदरूनी चोट नहीं है. आराम कीजिए, जल्द ही अच्छी हो जाओगी.’’

कुछ दिनों बाद भी नम्रता राय को फिर तनाव में देख कर डाक्टर अजेय उस के पास आए. ‘अं… उस घोड़े के क्या हाल हैं मैडम? उस बेचारे को भी किसी पशु डाक्टर को दिखाया या नहीं?’’ न चाहते हुए भी नम्रता राय के चेहरे पर मुसकराहट लौट जाती है.

‘‘आप मुसकराती हुई बहुत अच्छी लगती हैं. जानती हैं, मुसकराने में हमारे शरीर की मांसपेशियां इतना नहीं खिंचती, जितना कि गुस्सा करने में.’’

‘‘आप क्या हर चीज को मेडीकल तौरतरीके से ही देखते और नापते हैं? मूवी का शौक है आप को? कभी सिनेमाहाल गए हैं?’’

‘‘अं… दिमाग पर जोर डालते हुए. बरसों पहले एक फिल्म देखी थी, दिलवाले दुलहनियां ले जाएंगे. उस के बाद कभी सिनेमाहाल का रुख नहीं किया.’’

‘‘क्यूं? कोई दुलहनिया ले आए क्या?’’

‘‘अरे कहां? हम डाक्टरों के लिए तो हमारा पेशा ही हमारी दुलहन है. दिनरात मरीजों से जूझता, दवाइयों से गंधाता पति कौन लड़की पसंद करेगी?’’ कहते हुए डाक्टर अजेय ने नम्रता राय की आंखों में गहराई से झांका, तो वह सकपका गई मानो कोई चोरी करते पकड़ी गई हो.

समय के अंतराल के साथसाथ नम्रता राय की चोटें ठीक होने लगी थीं. लेकिन वह नहीं चाहती थी कि घाव इतनी जल्दी भर जाए, क्योंकि घावों को सहलाने वाले हाथ अनजाने ही धीरेधीरे दिल को सहलाने लगे थे. आराम के नाम पर नम्रता राय तो शूटिंग से फारिग हो चुकी थी. लेकिन डाक्टर अजेय के कमरे के बाहर इंतजार करती मनीजों की लंबी कतार उस के नीरस दिन को और लंबा कर देती. फिर मिलने के रूमानी पल पलक झपकते गुजर जाते.

‘‘अजेय, कुछ दिनों बाद मेरी शूटिंग खत्म हो जाएगी. फिर?’’ ‘‘फिर क्या? तुम मुंबई लौट जाओगी.’’

‘‘और तुम?’’ ‘‘मैं यहीं अपनी प्रैक्टिस करता रहूंगा.’’

‘‘तुम मेरे साथ मुंबई चलो. वहां मैं तुम्हारे लिए एक बड़ा सा अस्पताल बनवा दूंगी.’’ ‘‘यदि मैं तुम से कहूं कि तुम सबकुछ छोड़ कर यहीं रह जाओ, तो…’’

‘‘मैं यहां कैसे रह सकती हूं? मेरा फिल्मी कैरियर अभी ऊंचाइयों पर है.’’

‘‘फिल्मी कैरियर बहुत छोटा होता है नम्रता. 2, 3, 4 या फिर 5 सालों में जब तुम्हारा यौवन ढलने लगेगा, तुम्हारा कैरियर भी ढलान पर आ जाएगा. इस जमीनी हकीकत से तुम भी वाकिफ हो. जब तुम्हारा उस फिल्म इंडस्ट्री से दिल उकता जाए, मेरे पास चले आना. ये बांहें हमेशा तुम्हारे इंतजार में फैली रहेंगी.’’

‘‘क्या मेरी खुशी के लिए तुम मुंबई चल कर नहीं बस सकते?’’

‘‘मुझे इमोशनली ब्लैकमेल करने की कोशिश मत करो नम्रता. मैं मजबूर हूं. यह छोटा सा शहर और यह छोटा सा क्लिनिक यही मेरी खुशी है. मैं तुम्हें यहां बसने के लिए मजबूर नहीं करूंगा. हां, दिल में ख्वाहिश जरूर जन्म लेने लगी है कि हम यहां अपना छोटा सा आशियाना बनाएं.

‘‘पर तुम चिंता मत करो. मैं अपनी इच्छा तुम पर नहीं लादूंगा. सच तो यह है कि मुझ से मीलों दूर रहते हुए भी अगर तुम खुश हो, तो मैं भी खुश हूं. मैं तुम्हें सिर्फ खुश देखना चाहता हूं. जब भी तुम्हें मेरी जरूरत महसूस हो, चली आना. मेरे घर और मेरे दिल के दरवाजे तुम्हारे लिए खुले हैं. इन में अब किसी और का आना नामुमकिन है.’’ अपने वादे के जवाब में अजेय को मात्र सिसकियां ही सुनाई दीं.

मुंबई लौटे नम्रता राय को काफी दिन हो गए थे. उसे नजदीक से जानने वाले उसे देख कर ही बता सकते थे कि मात्र उस का शरीर ही मुंबई पहुंचा है, दिल वह कहीं छोड़ आई है. ममा को वह सबकुछ बता चुकी थी. ममा ने चिल्लाचिल्ला कर आसमान सिर पर उठा लिया था.

‘‘वह तुझ से नहीं, तेरे पैसे से प्यार करता है. तभी तो कह रहा है 4-5 साल और कमा लो. फिर सारी कमाई ले कर मेरे पास आ जाना. मेरी रानी बिटिया, मैं तेरे बिना कैसे रहूंगी? इतनी दूर मत जा. मैं यहीं तेरे लिए अच्छा सा घरजमाई ढूंढ़ दूंगी. चिल्लाहट घडि़याली आंसुओ में तबदील हो गई थी. नम्रता ने यह सुन कर मुंह फेर लिया.

शाट दे कर नम्रता राय आराम कुरसी पर निढाल सी लेट गई. मुन्नू इतने दिनों से उस का उखड़ा हुआ मूड देख कर परेशान था. आज वह उसे हंसाने के लिए जो कर का मुखौटा लगा कर आया था और तरहतरह से ऐक्टिंग कर उसे हंसाने की कोशिश कर रहा था. लेकिन नम्रता राय तो अपने ही खयालों में खोई हुई थी.

‘‘कहीं ममा सच तो नहीं कह रहीं? अजेय मुझ से नहीं मेरे पैसों से प्यार करता हो. लेकिन वह तो मुझे अभी इसी क्षण अपनाने को तैयार है. 4-5 साल काम करने की बात तो उस ने मेरी इच्छा को ध्यान में रखते हुए कही थी. फिर फिल्मी कैरियर का क्या भरोसा? कल को अगर एकसाथ 4 फिल्में पिट जाएं, तो 4-5 साल क्या मेरा तो इस साल के अंत में ही बालीवुड से पत्ता साफ हो जाए. अजेय को तो अनुमान ही नहीं है कि मैं कितनी बड़ी हीरोइन हूं और कितना कमाती हूं. अगर लालची होता, तो मेरा इतना अच्छा प्रस्ताव क्यों ठुकराता?’’

‘‘आंटी, मैं आप को कब से हंसाने की कोशिश कर रहा हूं और आप ध्यान ही नहीं दे रही हैं,’’ मुन्नू ठुनकने लगा था. ‘‘ओह, सारी सारी,’’ नम्रता राय ने कान पकड़ने का नाटक किया और मुखौटा उतार कर अपने चेहरे पर लगा लिया.

‘‘कैसी लग रही हूं?’’ ‘‘एकदम फनी,’’ मुन्नू खुश हो कर ताली बजाने लगा.

‘‘अच्छा मुन्नू, यह बताओ अगर मैं हमेशा के लिए तुम ने दूर रहने चली जाऊं, तो तुम्हें कैसा लगेगा?’’

‘‘हमेशा के लिए? क्यों? आप की क्या शादी हो रही है?’’ मुन्नू ने शरारत से पूछा.

‘‘अरे वाह, तुम ने तो एकदम सही अनुमान लगाया. तो मुन्नू राजा, मैं अगर शादी कर के अपने दूल्हे के संग कहीं दूर बस जाऊं, तो तुम्हें दुख तो नहीं होगा?’’

‘‘अगर आप मुझ से मीलों दूर रहते हुए भी खुश रहेंगी, तो मैं भी हमेशा खुश रहूंगा. मैं आप को बस हमेशा खुश देखना चाहता हूं.’’

‘‘यही… बिलकुल ये ही शब्द तो अजेय ने कहे थे. एक सच्चा प्यार करने वाला इनसान ही ऐसी बात कह सकता है. इस का मतलब अजेय का प्यार भी उतना ही निश्छल और सच्चा है, जितना कि मुन्नू का.’’

‘‘मैडम, अगला शाट तैयार है.’’ ‘‘डाइरेक्टर साहब, आप जल्दी से जल्दी अपनी फिल्मी पूरी कर लें और हां, मैं अब कोई नई फिल्म साइन नहीं कर रही.’’

डाइरेक्टर कुछ न समझ पाते हुए बगलें झांकने लगा. ‘‘मैं अपने मुखौटे की कैद से हमेशाहमेशा के लिए आजाद होने जा रही हूं.’’ खुशी से चिल्ला कर भागते हुए नम्रता राय ने मुखौटा उतार कर हवा में उछाल दिया. मुन्नू उसे पकड़ने के लिए लपका. Hindi Kahani

-संगीता माथुर

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...