Tejas Dev. सोशल मीडिया की दुनिया, औनलाइन लोकप्रियता की चाह और उस के मनोवैज्ञानिक असर को रोचक ढंग से सिनेमा के परदे पर उतारने वाली हिंदी सोशल साइकोलौजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओए चिल मार’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही है. इस फिल्म के हीरो तेजस देव (Tejas Dev) ने अपनी एक्टिंग से दर्शकों पर असर डाला है.

थिएटर से एक्टिंग की बारीकियां सीख कर फिल्मों तक पहुंचे तेजस देव की यह पहली फिल्म है, लेकिन सिनेमा के परदे पर उन का आत्मविश्वास और सहज एक्टिंग कहीं से भी एक नए कलाकार का अहसास नहीं होने देते.

अपनी पहली ही फिल्म से पहचान बनाने वाले तेजस देव अब दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी कदम रख रहे हैं. एक्टिंग के प्रति उन के जुनून, थिएटर से सिनेमा तक के सफर और भविष्य की योजनाओं को जानने के लिए उन से हुई बातचीत की गई. पेश हैं, उसी के खास अंश :

आप ने एक्टिंग को कैरियर बनाने का फैसला कब लिया था?

बचपन से अब तक मेरी इच्छाएं बदलती रही हैं. एक समय वह था, जब मैं टीचर बनना चाहता था. फिर डाक्टर व पायलट बनने की बात सोची. उधर मेरे मातापिता भी पढ़ाई पर ज्यादा जोर दे रहे थे.

हाई स्कूल के बाद कौमर्स

कालेज में मेरा एडमिशन हो गया. तब यह बात दिमाग में आई थी कि डिगरी ले कर किसी कंपनी में अकाउंटैंट की नौकरी मिल जाएगी. कालेज की पढ़ाई करतेकरते मैं ने चार्टड अकाउंटैंट या सीएस बनने के बारे में सोचा.

लेकिन कालेज में मेरी दोस्ती उन सहपाठियों के संग हो गई जो थिएटर से जुड़े हुए थे. एक बार मेरे दोस्तों ने मुझे  कालेज के ही एक नाटक में एक्टिंग करने का मौका दिया. उस मौके से मेरी सोच ही बदल गई.

फिर मैं थिएटर में दिलचस्पी लेने लगा, जबकि मेरे मातापिता तो मुझे अच्छी एजुकेशन लेते देखना चाहते थे. तो मैं ने ग्रेजुएशन पूरी की. फिर मुझे एक बहुत अच्छी नौकरी भी मिल गई. लेकिन मुझे कुछ न कुछ कमी महसूस हो रही थी, इसलिए नौकरी करते हुए बचे हुए समय में मैं थिएटर की ट्रेनिंग भी लेता रहा.

कुछ महीने बाद मैं ने अपने पिताजी को समझाया कि नौकरी करने में मुझे मजा नहीं आ रहा है. मैं एक्टिंग करना चाहता हूं.

एक दिन मेरे पिताजी ने मुझे इस शर्त पर एक्टिंग जगत में कूदने की इजाजत दी कि मेरे पास सिर्फ 2 साल का समय है. अगर 2 साल में मैं कुछ नहीं हो सका, तो सबकुछ भूल कर नौकरी करनी पड़ेगी. फिर मैं अभिनव कला केंद्र से जुड़ गया, जहां प्रशांत श्रीवास्तव सर से मुझे बहुतकुछ सीखने को मिला.

आडिशन देने में तो रिजैक्शन भी होते हैं?

जी हां, शुरुआत के 10-12 आडिशन बहुत खराब हुए. आडिशन खत्म होते ही मुझे बता दिया जाता था कि मैं फिट नहीं हूं. मैं निराश हो गया और घर पर बैठ गया. इस के बाद मैं ने भाषा और संवाद अदायगी पर काम किया.

प्रशांत सर ने मुझे सिखाया कि एक कलाकार के तौर पर मुझे किस तरह खुद को खोलना चाहिए. किस तरह दूसरों के सामने प्रजैंट करना चाहिए.

पूरे 3 महीने बाद नई उर्जा के साथ मैं ने दोबारा आडिशन देना शुरू किया. सच कहूं तो मुझे याद भी नहीं है कि मैं ने कितने आडिशन दिए हैं.

आप को अपनी पहली फिल्म ‘ओए चिल मार’ कैसे मिली?

मुझे एक दिन फिल्म डायरैक्टर नितिन रोकड़े का फोन नंबर मिला, तो मैं ने उन को मैसेज भेजा कि मैं उन से मिलना चाहता हूं. उन्होंने मुझे अपने औफिस में बुलाया. वहां उन्होंने मुझ से तकरीबन आधे घंटे तक बातचीत की.

इस मुलाकात के एक हफ्ते बाद नितिन सर के औफिस से फोन आया कि वे मुझ से मिलना चाहते हैं. मैं उन के औफिस गया तो उन्होंने कहा कि वे मेरा एक लाइव आडिशन लेना चाहते हैं. मैं ने आडिशन दिया.

इस के एक हफ्ते के बाद फिर से नितिन सर के औफिस से फोन आया और मैं उन से मिलने पहुंचा. तब नितिन सर ने मुझे बताया कि वे एक साइकोलौजिकल थ्रिलर फिल्म ‘ओए चिल मार’ बनाने जा रहे हैं, जिस में गुड्डू दुबे के लीड किरदार के लिए मुझे लेना चाहते हैं.

तो यह माना जाए कि फिल्म में ब्रेक मिल रहा था, इसलिए आप ने ‘ओए चिल मार’ कर ली?

इस फिल्म से भी पहले मुझे 2-3 फिल्मों के औफर मिले थे. पर मुझे उन फिल्मों के किरदार और स्क्रिप्ट पसंद ही नहीं आई थी, इसलिए मैं ने नहीं किया था.

फिल्म ‘ओए चिल मार’ का वह सीन बताएं, जिस ने आप की निजी जिंदगी का कोई वाकिआ याद दिलाया हो?

फिल्म में एक फाइटिंग सीन है. उस सीन में गुड्डू का एक गुंडे से झगड़ा हो जाता है. उस सीन में फाइटिंग के दौरान सामने वाले लड़के को मेरा जोर से हाथ लग गया.

सैट पर वह चुप रहा. सीन फिल्माए जाने के बाद वह एक असिस्टैंट डायरैक्टर को ले कर चुपचाप अस्पताल चला गया, क्योंकि उस की पसली में बहुत तेज दर्द हो रहा था.

मुझे पता चला तो मैं भी अस्पताल गया. मुझे यह सब जान कर बहुत बुरा लगा. मुझे अंदर से यह अहसास हुआ कि एक कलाकार के तौर पर यह मेरी गलती है. उस दिन मेरी समझ में आया कि एक फिल्म बनाना महज कारोबार नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार की तरह मिल कर काम करना होता है.

अब आगे आप किस तरह के किरदार निभाना पसंद करेंगे?

मुझे एक्शन करना, रोमांटिक किरदार निभाना पसंद है. मुझे कौमेडी करना भी पसंद है. लेकिन मेरा मानना है कि किरदार तो कहानी और स्क्रिप्ट के मुताबिक तय होते हैं.

हिंदी फिल्मों में आप किस कलाकार के फैन हैं?

मैं सनी देओल और शाहरुख खान का मुरीद हूं. सनी देओल का एक्शन और शाहरुख खान का सैंस औफ ह्यूमर कमाल का है.

क्या आप कोई दूसरी नई फिल्म कर रहे हैं?

जी हां, मैं दक्षिण भारत की एक बड़े बजट की फिल्म कर रहा हूं. लेकिन इस फिल्म को ले कर अभी ज्यादा जानकारी नहीं दे सकता. Tejas Dev

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...