Sports. बिहार से ताल्लुक रखने वाले महज 15 साल के ‘बबलू’ (कुछ पाकिस्तानी खिलाडि़यों द्वारा प्यार से दिया गया नाम) यानी वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन से तमाम क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया. नएपुराने क्रिकेट खिलाडि़यों ने भी इस बच्चे की जम कर तारीफ की. हो भी क्यों न, वैभव सूर्यवंशी ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से यह आईपीएल जो अपने नाम कर लिया था. उन्होंने मौजूदा आईपीएल में अपनी टीम राजस्थान रौयल्स के लिए कुलमिला कर 776 रन बनाए और वह भी 237 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ.
इतना ही नहीं, वैभव सूर्यवंशी ने इस दौरान 72 छक्के लगाए और वैस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल के एक आईपीएल सीजन में सब से ज्यादा छक्के लगाने का रिकौर्ड अपने नाम किया. क्रिस गेल ने एक सीजन में 59 छक्के लगाए थे.
यही वजह है कि भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे सचिन तेंदुलकर ने छोटे फौर्मैट वाले क्रिकेट की सनसनी बन चुके वैभव सूर्यवंशी को ‘वाकई बेहद खास’ बताया और कहा कि किसी को भी उस के (वैभव) स्वाभाविक खेल स्टाइल के साथ छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए.
इस आईपीएल में वैभव सूर्यवंशी को जो 5 खिताब मिले, वे इस तरह हैं :
‘इलैक्ट्रिक सुपर स्ट्राइकर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में सब से अच्छी स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करते हुए यह अवार्ड अपने नाम किया. इस अवार्ड के लिए उन्हीं बल्लेबाजों को शौर्ट लिस्ट किया गया था, जिन्होंने कम से कम 7 मैच खेले और 100 गेंदों का सामना किया. वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में 237.30 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. वैभव को इनाम के तौर पर टाटा सियारा कार दी गई.
‘सब से ज्यादा छक्कों के लिए अवार्ड’. वैभव सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में
72 छक्के जड़े और आईपीएल के एक सीजन में सब से ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बने. इस सीजन में सब से ज्यादा छक्के लगाने के लिए उन्हें 10 लाख रुपए की प्राइज मनी मिली. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने 43 छक्के लगाए. वहीं रौयल चैलेंजर्स बैंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने 41 छक्के लगाए.
‘इमर्जिंग प्लेयर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी को ‘इमर्जिंग प्लेयर औफ द सीजन’ भी चुना गया. इस अवार्ड के लिए उन्हीं खिलाडि़यों को शौर्ट लिस्ट किया गया था, जिन का जन्म 1 अप्रैल, 2000 के बाद हुआ हो, जिन्होंने इस सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मैच खेले हों और जिन्होंने अब तक इंटरनैशनल क्रिकेट नहीं खेला हो.
‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर औफ द सीजन’. वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 का सब से बड़ा व्यक्तिगत सम्मान भी मिला. उन्होंने ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर औफ द सीजन’ अवार्ड जीता. वैभव के कुल 436.5 पौइंट्स रहे. वहीं गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा दूसरे नंबर पर रहे. इस अवार्ड के तहत वैभव को
15 लाख रुपए मिले.
‘औरेंज कैप’. वैभव सूर्यवंशी ने 776 रन बना कर आईपीएल 2026 में औरेंज कैप भी अपने नाम की. उन के बाद गुजरात टाइटन्स के स्टार खिलाडि़यों शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) रहे. औरेंज कैप के साथसाथ वैभव को सब से ज्यादा रन बनाने के लिए 10 लाख रुपए की प्राइज मनी भी मिली.




